slndigital.in

कलेक्टर ने की पंचायत चुनाव और डीएपी वितरण की समीक्षा:अधिकारियों को निर्देश- डीएपी वितरण में किसानों की सुविधा का रखें ध्यान; जिले में कहीं भी ट्यूबवेल खुला नहीं रहे

1 week ago

दौसा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने बुधवार को उपखंड अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक कर पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों, रबी सीजन के लिए डीएपी उर्वरक की वितरण व्यवस्था सहित कई बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी करने तथा किसानों को डीएपी उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूरी की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों से संबंधित तैयारियों, निर्वाचन सामग्री, कानून एवं व्यवस्था सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कमी नहीं रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव तैयारियों की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान करने तथा आवश्यक सूचनाओं एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। किसानों को डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश बैठक में कलेक्टर ने रबी सीजन में फसल बुवाई के लिए किसानों को आवश्यक डीएपी उर्वरक की उपलब्धता एवं फील्ड में वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुव्यवस्थित हो तथा वितरण स्थलों पर अनावश्यक भीड़ नहीं हो। इसके लिए किसानों को टोकन वितरित कर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कलेक्टर ने मंडावर, लालसोट, बांदीकुई, दौसा एवं सिकराय क्षेत्र में क्रय-विक्रय सहकारी समितियों के माध्यम से डीएपी वितरण व्यवस्था की संबंधित उपखंड अधिकारियों से विशेष रूप से समीक्षा की तथा आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। दुरुस्त करें पेयजल बंदोबस्त कलेक्टर ने खराब पड़े एवं खुले ट्यूबवेलों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी खराब पड़ा ट्यूबवेल खुला नहीं रहे। ऐसे ट्यूबवेलों को सुरक्षित तरीके से बंद करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना नहीं रहे। इस अवसर पर एडीएम अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के सीईओ बिरदीचंद गंगवाल, एसडीएम संजू मीणा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रामराज मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, कानून एवं व्यवस्था तथा ईवीएम संचालन की ट्रेनिंग पंचायत चुनाव के सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन के लिए बुधवार को पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दौसा में सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। ट्रेनिंग में पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों ने भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया एवं अपने दायित्वों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण प्रकोष्ठ एवं एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सेक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सेक्टर अधिकारियों को आवंटित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित कराने के साथ मतदान दलों के कार्य की निगरानी एवं आवश्यक सहयोग, मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कराने तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी होती है। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से प्राप्त करने तथा निर्वाचन के दौरान अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान प्रक्रिया, भयग्रस्त मतदाताओं की पहचान एवं उनकी सुरक्षा के उपाय, अपराध से संबंधित धाराओं तथा निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ईवीएम के संचालन एवं उससे संबंधित तकनीकी बारीकियों का भी गहन प्रशिक्षण दिया गया, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने पर सेक्टर अधिकारी आवश्यक स्तर पर कार्रवाई कर सकें। सहायक प्रभारी प्रशिक्षण प्रकोष्ठ डॉ. मदन लाल शर्मा एवं राजीव शर्मा ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों, निर्वाचन दायित्वों के बेहतर निर्वहन, जनसंवाद तथा लोक सेवकों के लिए लागू आचार संहिता के संबंध में जानकारी प्रदान की। बैजूपाड़ा एवं मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समितियों के लिए आरओ एवं एआरओ नियुक्ति में संशोधन दौसा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने आगामी पंचायतीराज चुनाव में पंचायत समितियों के सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों के लिए बैजूपाड़ा एवं मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समितियों में निर्वाचन अधिकारी (आरओ) एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) की नियुक्ति में संशोधन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत समिति बैजूपाड़ा के लिए सहायक कलक्टर बांदीकुई को रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार बैजूपाड़ा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा मनोहरपुर खेड़ला के लिए तहसीलदार महवा को रिटर्निंग अधिकारी एवं उप तहसीलदार खेड़ला बुजुर्ग को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं।
Click here to Read More
Previous Article
अजमेर जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए नामांकन शुरू:33 वार्ड के लिए चार एआरओ नियुक्त; 13 अक्टूबर तक होंगे नामांकन दाखिल
Next Article
किशनगढ़बास क्षेत्र में आज दो घंटे बिजली बंद रहेगी:220 केवी जीएसएस से जुड़े 33 केवी फीडरों का होगा रखरखाव, 9 क्षेत्र प्रभावित

Related Rajasthan Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment