slndigital.in

रामदेवरा में 642वां भादवा मेला शुरू:समाधि पर सोने का मुकुट धारण कराया, 150 पुजारी करवा रहे दर्शन, 600 सीसीटीवी से निगरानी

1 month ago

जैसलमेर के रामदेवरा में रविवार को (भादवा शुक्ल पक्ष की दूज पर) 642वें भादवा मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। सुबह 3 बजे ब्रह्ममुहूर्त में बाबा रामदेव की समाधि पर मंगला आरती हुई। सुबह 8 बजे स्वर्ण मुकुट धारण कराने के साथ मेले की शुरुआत की गई। 26 सितंबर तक चलने वाले मेले में करीब 50 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। मेले में राजस्थान के साथ गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, असम, बंगाल समेत अन्य राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। समाधि परिसर में आयोजित अभिषेक और पूजा-अर्चना में रामदेवरा गादीपति राव भोमसिंह तंवर, जैसलमेर कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे, मेलाधिकारी और एसडीएम हीरसिंह चारण, रामदेवरा प्रशासक समंदर सिंह, पोकरण तहसीलदार प्रीतम सिंह मौजूद थे भादवा मेले की प्रशासनिक तैयारियां 15 दिन पहले 29 अगस्त से चल रही थी, लेकिन धार्मिक दृष्टि से इसकी शुरुआत दूज से मानी जाती है। सबसे पहले देखिए मेले से जुड़े PHOTOS…. 3 शिफ्ट में 150 पुजारी करवा रहे श्रद्धालुओं को दर्शन समिति के व्यवस्थापक कमल छंगाणी ने बताया- मंदिर में 150 पुजारी 3 शिफ्ट में श्रद्धालुओं को दर्शन करवा रहे हैं। वर्तमान में बाबा रामदेव समाधि पर सुबह 3 बजे अभिषेक आरती, छोटी आरती सुबह 6 बजे, भोग आरती 8 बजे, शाम 7.30 बजे बड़ी आरती और रात 9 बजे मंगल आरती की जाती है। आज 5 लाख लोगों के दर्शन करने का अनुमान है। भादवा महीने में अब तक 30 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर लिए हैं। श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित किया गया है। मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखने का इंतजाम किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु बाबा की समाधि के दर्शन कर सकें। 1800 पुलिसकर्मी, 350 होमगार्ड, 620 सीसीटीवी से निगरानी एसपी अभिषेक शिवहरे- मेले में सुरक्षा के लिए समाधि समिति ने अपने स्तर पर भी व्यवस्था की है। समिति की ओर से मंदिर परिसर में 220 सीसीटीवी कैमरे लगाए है। साथ ही प्रशासन की ओर से 400 सीसीटीवी लगाए गए है। 200 होमगार्ड और 1800 पुलिसकर्मी लगाए है। इसके अलावा मंदिर समिति की तरफ से 150 निजी सुरक्षाकर्मी और 150 अतिरिक्त होमगार्ड मंदिर समिति की ओर से लगाए गए हैं। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की ओर से कतार व्यवस्था और भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया- मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। चिकित्सा, पेयजल, बिजली, सफाई, यातायात और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए दो कंट्रोल रूम बनाए कैमरे रामदेवरा की सभी मुख्य सड़कों, चौराहों, लाइनों के पास लगाए गए है। इसके लिए वीआईपी रोड पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से पुलिस और प्रशासन मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं मंदिर में लगे सीसीटीवी का कंट्रोल रूम मंदिर परिसर में ही बना हुआ है। पोकरण एसडीएम हीरसिंह चारण को मेलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। रामसरोवर तालाब पर मोटर बाइक के साथ एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। 7 सूचना केंद्रों पर 50 टीचर ड्यूटी दे रहे है। जो मेले में भटकने वाले लोगों को परिवार से मिलाने का काम कर रहे हैं। 9 जगह पार्किंग की व्यवस्था रामदेवरा मेले को लेकर पार्किंग का 72 लाख 75 हजार रुपए का टेंडर हुआ है। ये टेंडर बाड़मेर निवासी सुनील चौधरी के नाम पर हुआ है। पार्किंग के लिए रामदेवरा में 9 पॉइंट बनाए गए हैं। पार्किंग शुल्क के तौर पर बाइक, स्कूटी और थ्री व्हीलर टैक्सी से 30 रुपए, जीप, कार, ट्रैक्टर से 120 रुपए, मिनी बस और 21 सीट से बड़े वाहनों से 130 रुपए, ट्रक और बड़ी बसों से 200 रुपए पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है।
Click here to Read More
Previous Article
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर 30 करोड़ की हेरोइन बरामद:तस्करों ने ड्रोन से पांच किलो के 11 पैकेट गिराए, आधा किलो अफीम भी मिली
Next Article
अजमेर में रिटायर्ड डॉक्टर-टीचर से लूट की कोशिश,VIDEO:घर से 100 मीटर पहले बदमाशों ने चेन खींचने के लिए झपट्टा मारा; लोगों ने 1 को पकड़ा

Related Rajasthan Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment