slndigital.in

रोटरी क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, प्रतिभाओं का किया सम्मान

2 weeks ago

रोटरी क्लब टोंक, डिस्ट्रिक्ट 3056 की सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को डाइट रोड स्थित एक निजी स्कूल में हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ एजाजी सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं बोर्ड सदस्यों ने पद एवं सेवा की शपथ ली। वक्ताओं ने रोटरी क्लब के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाते हुए समाज को रचनात्मक दिशा देने का आह्वान किया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, चिकित्सा को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन दीपक सुखाड़िया रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. केसी शर्मा ने की। रोटेरियन केआर खान ने क्लब की ओर से किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। मोइनुद्दीन निजाम, रोटरी क्लब बनास के बादल साहू, अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ एजाजी, सचिव बीएल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन शिवानी सिंह ने किया। कवयित्री ममता जाट ने अपनी गजल से नवाजा। सत्र 2026-27 के लिए मोहम्मद यूसुफ एजाजी को अध्यक्ष, बीएल वर्मा को सचिव, अशोक कक्कड़ एवं मोहम्मद उमर अंसारी को उपाध्यक्ष तथा रविन्द्र जैन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मोइन निजाम को क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर और अरविंद विजय को क्लब ट्रेनर की जिम्मेदारी दी गई है। शैलेन्द्र गर्ग संयुक्त सचिव तथा ब्रिज मोहन बंसल सार्जेंट एट आर्म्स होंगे। आगामी सत्र में पौधरोपण, निशुल्क चिकित्सा शिविर, जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य जांच और प्याऊ संचालन जैसे सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। समारोह में क्लब के सदस्य और कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।