slndigital.in

सवाई माधोपुर नगर परिषद के 60 वार्डों का रिजल्ट कल:ईवीएम में बंद 231 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

1 month ago

सवाई माधोपुर नगर परिषद चुनाव की सबसे बड़ी राजनीतिक घड़ी सोमवार को आएगी। पांच दिन पहले ईवीएम में बंद हुए 231 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला अब मतगणना के साथ होगा। सुबह 8 बजे जैसे ही ईवीएम खुलनी शुरू होगी, वैसे ही शहर की राजनीति में हलचल तेज हो जाएगी। हर राउंड के साथ तस्वीर बदलती जाएगी और किस दल को बढ़त मिल रही है, इस पर सबकी नजर रहेगी। राजनीतिक दलों के साथ आम लोगों की दिलचस्पी भी इस बार पहले से ज्यादा है, क्योंकि कई वार्डों में मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है। ऐसे में सुबह करीब 11.00-11.30 बजे तक नगर परिषद के बोर्ड की तस्वीर काफी हद तक साफ होने की संभावना है, जबकि दोपहर तक सभी 60 वार्डों के परिणाम सामने आ जाएंगे। शहर में सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड नंबर 18,19, 31,33, 55 और 56 को लेकर है। इन वार्डों में मुकाबले को लेकर मतदान के दिन से ही अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और अब सबकी नजर सिर्फ मतगणना पर टिकी है। भाजपा-कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी सवाई माधोपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में 65.37% मतदान हुआ था। अब मतगणना से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी रणनीति तैयार कर ली है। दोनों दलों ने 60-60 वार्डों के लिए अपने काउंटिंग एजेंट नियुक्त कर दिए हैं और सभी के पास भी जारी हो चुके हैं। भाजपा ने अपने सभी एजेंटों को सोमवार सुबह 6 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं। वहां से सभी एक साथ मतगणना केंद्र जाएंगे ताकि कोई एजेंट देर से नहीं पहुंचे। कांग्रेस ने भी इसी तरह सभी वार्डों के लिए एजेंट तय कर दिए हैं। दोनों दलों का पूरा फोकस हर टेबल और हर राउंड की गिनती पर रहेगा। जैसे-जैसे परिणाम सामने आएंगे, पार्टी कार्यालयों पर भी नेताओं और समर्थकों की भीड़ बढ़ती जाएगी। इस बार कई वार्डों में जीत-हार का अंतर बहुत कम रहने की संभावना जताई जा रही है, इसलिए हर वोट पर नजर रहेगी। 14 टेबल पर चलेगी गिनती नगर परिषद के सभी 60 वार्डों की मतगणना महात्मा गांधी गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्ष संख्या-14 में होगी। पूरे शहर की मतगणना एक ही कक्ष में कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और इसे 12 राउंड में पूरा किया जाएगा। प्रशासन का अनुमान है कि शुरुआती औपचारिकताओं और बीच में होने वाले छोटे ब्रेक को मिलाकर दोपहर करीब 12 बजे तक सभी 60 वार्डों के परिणाम घोषित हो जाएंगे। 97 ईवीएम कड़ी सुरक्षा में शहर के 60 वार्डों में कुल 97 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम साहू नगर स्कूल में बनाए गए स्ट्रॉग रूम में जमा कराई गई थीं। तब से लेकर मतगणना तक वहां चौबीसों घंटे सशस्त्र जवान तैनात रहे। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई। सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध रखे गए। मतगणना शुरू होने तक ईवीएम पूरी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रहेंगी। मोबाइल रहेगा पूरी तरह बंद उपखंड अधिकारी मांगीलाल ने बताया- मतगणना केंद्र पर सिर्फ अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता, काउंटिंग एजेंट, अधिकृत अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए पहले ही पास जारी किए जा चुके हैं। किसी भी प्रत्याशी, एजेंट, निर्वाचन अभिकर्ता या अन्य पासधारी व्यक्ति को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। जिले के छह निकायों के नतीजे भी आज नगर निकाय चुनाव दो चरणों में हुए थे। सवाई माधोपुर, खंडार और बौंली में 9 सितंबर को मतदान हुआ था, जबकि गंगापुर सिटी, वजीरपुर, बामनवास में 11 सितंबर को वोट डाले गए थे।अब सोमवार को जिले के छह निकायों की मतगणना उनके-अपने मुख्यालयों पर एक साथ होगी। चित्तौड़गढ़ में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके है।
Click here to Read More
Previous Article
आचार संहिता के कारण डीग मेले में नहीं हुए कार्यक्रम:कुश्ती-दंगल नहीं होने से भीड़ घटी, जल महलों में फव्वारे देखने पहुंचे देसी-विदेशी पर्यटक
Next Article
डूंगरपुर में यादव समाज ने मनाई बाबा रामदेव जयंती:शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली, मंदिर में विधि-विधान के साथ किया ध्वजारोहण

Related Rajasthan Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment