slndigital.in

विवाह का झांसा देकर 1.91 लाख रुपए ऐंठने का मामला, लुटेरी दुल्हन समेत 3 गिरफ्तार

1 month ago

 विवाह का झांसा देकर 1.91 लाख रुपए ऐंठने का मामला, लुटेरी दुल्हन समेत 3 गिरफ्तार

डूंगरपुर। शादी करवाने के नाम पर गुजरात के एक युवक से रुपए ऐंठने और फिर रास्ते में डराकर युवती को ले जाने के मामले में डूंगरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार गुजरात के गांधीनगर जिले के डभोडा थाना क्षेत्र निवासी पिजेश पटेल (36) की शादी की बातचीत कमलेश नामक व्यक्ति के माध्यम से शुरू हुई थी। कमलेश ने युवक को एक युवती का फोटो दिखाया और शादी करवाने का भरोसा दिलाकर उसे डूंगरपुर बुलाया।

26 अगस्त को पिजेश अपने परिवार के साथ डूंगरपुर पहुंचा, जहां मोतली मोड़ से कमलेश और अमित उन्हें टाड़ी ओबरी गांव स्थित फूला नामक व्यक्ति के घर ले गए। यहां पीनल, उसकी बहन यमुना, मां, भाई अमित, पिता और दलाल कमलेश की मौजूदगी में शादी को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि शादी के लिए 2 लाख रुपए की मांग की गई। बातचीत के बाद 1 लाख 71 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक 31 अगस्त को पिजेश ने पीनल, उसके भाई अमित और दलाल कमलेश को 1 लाख 71 हजार रुपए नकद दिए, जबकि कमलेश ने अलग से 5 हजार रुपए लिए। इसके बाद पीनल और उसकी बहन यमुना को पिजेश की गाड़ी में बैठाकर डूंगरपुर कोर्ट ले जाने की बात कही गई।

आरोप है कि रास्ते में करीब दो किलोमीटर आगे बिना नंबर की बोलेरो में सवार एक व्यक्ति लट्ठ लेकर उतरा और पिजेश को डराया-धमकाया। इसके बाद पीनल और यमुना खुद बोलेरो में बैठ गईं और बोलेरो वहां से रवाना हो गई। पिजेश ने कमलेश से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद मिला।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि कमलेश, पीनल, यमुना, उसके पिता लालशंकर, अमित और अन्य लोगों ने साजिश के तहत शादी का झांसा देकर उससे कुल करीब 1 लाख 91 हजार रुपए हड़प लिए।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए डूंगरपुर पुलिस ने प्रकरण संख्या 160/2026 धारा 318(4), 316(2), 61(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई और तकनीकी सहायता एवं मुखबिर तंत्र की मदद से टाड़ी ओबरी, बोलादरा, पालदेवल, बारों का शेर, पालवड़ा, टेंकरवाड़ा तलैया और बिछीवाड़ा सहित कई स्थानों पर तलाश की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित (25) निवासी बारों का शेर, लालशंकर (52) निवासी पालवड़ा फला जोहियाला और दुल्हन बनी पीनल (23) निवासी टेंकरवाड़ा को डिटेन किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान तीनों ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Click here to Read More
Previous Article
कोटा में आज 3 से 4 घंटे तक बिजली कटौती:रोड नंबर 5, 6, 7, गोमती सर्कल, हरियाली किसान मार्केट में रहेगा पावर कट
Next Article
मुझे दास बनाकर रख लेना भगवान तुम अपने चरणों में....मानस मंडल के हुए 800 पाठ

Related Rajasthan Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment