slndigital.in

70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

3 weeks ago

70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

डूंगरपुर। जिले में 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को विभिन्न केंद्रों पर हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में अंडर-17 वर्ग के क्रिकेट मुकाबले सीमलवाड़ा, शतरंज, तैराकी एवं लॉन टेनिस धंबोला, फुटबॉल बिछीवाड़ा, नेटबॉल आसपुर, कुश्ती, राइफल शूटिंग एवं हैंडबॉल साबला तथा टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं पादरा में प्रारंभ हुईं।

इधर अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ डूंगरपुर स्थित स्पोर्ट्स क्लब, सुभाष नगर मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनिया चौक के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईबीईओ विमल जी ने की, जबकि मुख्य अतिथि सीबीईओ निशा परमार रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में रितेश जोशी, विद्यालय की प्रधानाचार्य रचना चौबीसा एवं मुख्य निर्णायक राहुल भामावत उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में जिले के निजी एवं राजकीय विद्यालयों की 46 बालक और 36 बालिका टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन 270 छात्र एवं 170 छात्राओं ने खिलाड़ी के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।

उद्घाटन के बाद लीग मुकाबलों का दौर शुरू हुआ। सागवाड़ा के किड्स केयर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों तन्मय खटीक और मयूराज सिंह ने अपनी टीम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए माथुगामड़ा, डूंगरपुर की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। विद्यालय के टीम प्रभारी ललित उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने पहली बार प्रतियोगिता में भाग लिया है और पहली ही जीत से बच्चों का उत्साह बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी भी आवश्यक है। कड़े अभ्यास, आत्मविश्वास और टीम भावना के बल पर खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। वहीं विद्यालय की क्रिकेट टीम ने भी अपना पहला मुकाबला जीतकर शानदार शुरुआत की है।