slndigital.in

सिद्धेश्वरी सिंह ने राज्य स्तरीय कराटे में जीता रजत पदक

6 days ago

सिद्धेश्वरी सिंह ने राज्य स्तरीय कराटे में जीता रजत पदक

डूंगरपुर। श्रीगंगानगर के सादुलशहर स्थित श्री तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय कराटे अंडर-17 कुमिते प्रतियोगिता 2026-27 में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए करीब 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग भार वर्गों में दमखम दिखाया।

प्रतियोगिता में डूंगरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए मूल रूप से बेडसा गांव की छात्रा सिद्धेश्वरी सिंह चौहान ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने -40 किलोग्राम भार वर्ग में सेमीफाइनल मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया और प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद सिद्धेश्वरी सिंह का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होने वाले ट्रायल में चयन हुआ है। ट्रायल में वह अपने प्रतिद्वंद्वी से दोबारा मुकाबला करेंगी। ट्रायल में चयन होने पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

सिद्धेश्वरी इससे पहले भी SGFI 2025 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ओपन नेशनल टूर्नामेंट में भी कांस्य पदक प्राप्त किया है।

उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं परिजनों ने खुशी जताते हुए सिद्धेश्वरी सिंह चौहान को बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए नियमित अभ्यास एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।