slndigital.in

विवाहिता की मौत पर पीहर पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

2 weeks ago

रत्तीपुरा में विवाहिता की मौत के बाद उसके पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि दहेज को लेकर बेटी को आए दिन परेशान किया जाता था और 19 सितंबर को उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पीहर पक्ष को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में मृतका के पिता टीकम गुर्जर की रिपोर्ट पर कुडगांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। बालघाट थाना क्षेत्र के कंजौली निवासी टीकम गुर्जर ने रिपोर्ट में बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी रत्तीपुरा निवासी संदीप गुर्जर पुत्र हुकम सिंह से की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही सास बिमला, ससुर हुकम सिंह और पति संदीप बेटी को दहेज के लिए ताने देने लगे और मारपीट करने लगे। बेटी मायके आती तो परिजनों को ससुराल में होने वाली परेशानी बताती थी। इसके बाद पिता और उनकी पत्नी ने ससुराल पक्ष के लोगों से समझाइश भी की थी। पिता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 19 सितंबर को हुकम सिंह, संदीप, अमर सिंह, बिमला और शिमला ने बेटी के साथ मारपीट की। छोटी बेटी सपना ने मारपीट होते देखी। पिता का आरोप है कि इसके बाद बेटी की मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके पक्ष को इसकी सूचना नहीं दी और अंतिम संस्कार कर दिया। गांव के कुछ लोगों से जानकारी मिलने के बाद वे अन्य परिजनों के साथ ससुराल पहुंचे। रिपोर्ट में पिता ने आरोप लगाया कि वे अपनी छोटी बेटी सपना को साथ ले जाने लगे तो प्रेम सिंह पुत्र शौकल और अजय पुत्र धर्म सिंह ने उसे जबरन गाड़ी से उतार लिया। आरोप है कि सपना को साथ ले जाने की बात कहने पर प्रेम सिंह ने गाड़ी सहित आग लगाने की धमकी दी। पिता का यह भी आरोप है कि सपना को घटना के बारे में किसी को बताने पर जलाकर मारने की धमकी दी गई। इससे सपना डरी हुई है। पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी छोटी बेटी सपना को उनके साथ भेजने की मांग की है। परिजनों ने उच्चाधिकारियों से भी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।