slndigital.in

अपना घर में मना नंदोत्सव, दही हांडी फोड़ी

1 month ago

भास्कर न्यूज | भरतपुर अपना घर सेवा समिति ने प्रभु प्रकल्प स्थित थियेटर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में नंदोत्सव मनाया । कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्ति एवं कृष्णमय रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न मनमोहक झांकियों एवं भजन-कीर्तन के साथ हुआ। कान्हा एवं ग्वाल-बालों के स्वरूप में सजे प्रभुजनों ने माखन-मिश्री के भोग का आनंद लिया। राधा-कृष्ण की विभिन्न झांकियों का गीत, संगीत एवं नृत्य के माध्यम से सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित सभी लोग भावविभोर हो गए। इस अवसर पर एक सुंदर नाटक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनके गोकुल पहुंचने तक की लीला का सचित्र एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया। नाटक में श्रीकृष्ण वासुदेव जी द्वारा उन्हें गोकुल पहुंचाए जाने की लीला का प्रभावी मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया तथा पूरे थियेटर परिसर में भक्तिमय वातावरण बन गया। कार्यक्रम के दौरान अपनाघर स्कूल के बच्चों द्वारा कैफेटेरिया में दही-हांडी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। दही-हांडी फोड़ते समय बच्चों एवं उपस्थितजनों ने जय श्रीकृष्ण के जयघोष किए। नंदोत्सव के अवसर पर भजन एवं कीर्तन की विभिन्न प्रस्तुतियां भी दी गईं। भजनों की मधुर धुनों पर सभी ने आनंदपूर्वक नृत्य किया और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति व्यक्त की। यशोदा की भूमिका में अपनाघर की संस्थापिका डॉ. माधुरी भारद्वाजने निभाई। कार्यक्रम के समापन पर कुसुमलता अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। समापन जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ हुआ।