slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

बांसवाड़ा में जहरीले बीजों से 7 बच्चों की तबीयत बिगड़ी:उल्टियां होने पर घबराए परिजन, गंभीर हालत में जिला हॉस्पिटल में भर्ती

बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के चनावला गांव में बुधवार रात खेल-खेल में 7 बच्चों ने रतनजोत के जहरीले बीज खा लिए। बीज निगलने के कुछ देर बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। लगातार उल्टियां होने पर बच्चों को स्थानीय हॉस्पिटल ले जाया गया। सभी को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। पहले बागीदौरा, फिर कलिंजरा अस्पताल ले गए सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी सातों बच्चों को नजदीकी बागीदौरा अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद भी बच्चों की हालत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों ने उन्हें कलिंजरा अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए बुधवार रात करीब 11:30 बजे बेहतर इलाज के लिए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजी अस्पताल) रेफर कर दिया। सभी बच्चे चनावला गांव के रहने वाले हादसे में रोनक, रितीका, लवयांश, कुंदन, चीकू, चंदू और रोशनी की तबीयत बिगड़ी है। सभी बच्चे चनावला गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं। एमजी अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। फिलहाल सभी बच्चों को अस्पताल के वार्ड में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। सभी बच्चों की हालत सामान्य है।

घसोला गांव में पंचायत चुनाव का बहिष्कार:ग्रामीण बोले-परिसीमन गलत; नगला बरताई पंचायत समिति में जोड़ने का विरोध

भरतपुर के सेवर पंचायत समिति क्षेत्र के घसोला गांव के ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनावों के बहिष्कार का किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक फायदे के लिए उनकी पंचायत का गलत तरीके से परिसीमन किया गया है। पहले घसोला गांव बहनेरा ग्राम पंचायत में था, लेकिन परिसीमन के दौरान बनी नई पंचायत समिति नगला बरताई में इसे जोड़ दिया गया। बहनेरा से नगला बरताई में जोड़ा गया गांव घसोला निवासी रामवीर ने बताया कि हाल ही में चुनाव के लिए परिसीमन किया गया था। इसमें उनकी पंचायत का परिसीमन कुछ लोगों ने राजनीतिक फायदे के लिए गलत तरीके से किया है। पहले उनका गांव बहनेरा ग्राम पंचायत में था, लेकिन अब उसे नई बनी पंचायत समिति नगला बरताई में जोड़ दिया गया है। पंचायत मुख्यालय गांव से करीब 7 किमी दूर ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत मुख्यालय नगला बरताई में कुल 1494 वोट हैं, जबकि घसोला गांव में करीब 2500 वोट हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस हिसाब से ज्यादा वोट वाले गांव को पंचायत मुख्यालय बनाया जाना चाहिए था। इसके अलावा नगला बरताई पंचायत समिति घसोला गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों ने परिसीमन को गलत बताते हुए इसके विरोध में पंचायती राज चुनावों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

सीकर‌ में दो डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान:कल से बदल सकता है मौसम, बादल छाने की संभावना

सीकर में आसमान साफ होने के कारण दिन-रात के तापमान में अंतर बढ़ रहा है। सीकर के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। आज तेज धूप निकली हुई है। आसमान साफ होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। तेज धूप की वजह से लोग दिन में गर्मी से परेशान हैं। सीकर में अगले 24 घंटे में आसमान में बादल छाने की संभावना है। सीकर में पिछले डेढ़ सप्ताह से मौसम ड्राई बना हुआ है। आज सुबह से सीकर जिले के उत्तरी इलाकों में हल्के बादल छाए हैं और उमस भी बनी हुई है। सीकर में इस साल मानसून के फर्स्ट और सेकंड फेज में अच्छी बारिश नहीं हुई। अगले 24 घंटे मौसम ड्राई रहेगा। बीती रात हवा चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है। आज सुबह से सीकर में गर्मी का असर तेज हैं। न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर जिला मुख्यालय पर आज बादलवाही कम होने से धूप में तेजी है और गर्मी बनी हुई है। इस कारण तापमान में लगातार बदलाव देखा जा रहा है।

चंबल नदी में डूबे भाई का शव मिला,बहन की तलाश:बालाजी के दर्शन के लिए आए थे दोनों, नहाते समय डूबने की आशंका

सवाई माधोपुर के खण्डार क्षेत्र में झरेल के बालाजी के पास चंबल नदी में बुधवार शाम भाई-बहन डूब गए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार सुबह टीम ने भाई का शव बरामद कर लिया, जबकि बहन की तलाश अभी जारी है। बालाजी के दर्शन करने आए थे भाई-बहन जानकारी के अनुसार, खण्डार क्षेत्र के बहरावंडा खुर्द निवासी गणपत (22) और उसकी बहन अंकिता (19) चंबल नदी में नहाते समय डूब गए। दोनों यहां झरेल के बालाजी के दर्शन करने आए थे। इसी दौरान हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और नदी में दोनों की तलाश शुरू की। अंधेरा होने पर रात में रोकना पड़ा सर्च ऑपरेशन सिविल डिफेंस की टीम ने बुधवार शाम देर तक नदी में दोनों भाई-बहन की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण रात में सर्च अभियान रोकना पड़ा। सुबह भाई का शव मिला, बहन की तलाश जारी गुरुवार सुबह सिविल डिफेंस टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान टीम को गणपत का शव नदी में मिला। टीम ने शव को पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद बहन अंकिता की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया। सिविल डिफेंस की टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भाई का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं बहन की तलाश जारी रहने से परिजन मौके पर मौजूद हैं। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … चंबल नदी में भाई-बहन के डूबने की आशंका: मंदिर में दर्शन के बाद नहाने गए थे; कपड़े-बैग और चप्पलें मिलीं सवाईमाधोपुर-कोटा की बॉर्डर पर चंबल नदी में बुधवार को भाई-बहन के डूबने की आशंका से हड़कंप मच गया। पूरी खबर पढ़िए

पंचायत चुनाव-गुढ़ागौड़जी में सबसे ज्यादा मतदाता:4000 वोटर्स वाली 107 ग्राम पंचायतें, बड़े इलाकों में मतदान करवाना चुतौनी

झुंझुनूं के उदयपुरवाटी पंचायत समिति की गुढ़ागौड़जी ग्राम पंचायत में 10,478 मतदाता और 29 वार्ड हैं। जिले में 4 हजार से ज्यादा मतदाताओं वाली 107 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन गुढ़ागौड़जी इन सभी में सबसे बड़ी है। ऐसे में यहां चुनाव कराना प्रत्याशियों के लिए जितनी बड़ी राजनीतिक परीक्षा है, उससे कहीं ज्यादा प्रशासन के लिए चुनाव प्रबंधन की चुनौती भी है। बड़े वोटर बेस का मतलब सिर्फ ज्यादा मतदाता नहीं है। यहां मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान दलों का प्रबंधन, मतपत्रों की तैयारी, नामों की जांच और मतदान प्रक्रिया को समय पर पूरा कराना भी चुनौतीपूर्ण होगा। खासकर उन पंचायतों में दबाव ज्यादा रहेगा, जहां मतदाताओं की संख्या 7-10 हजार के बीच पहुंच चुकी है। गुढ़ागौड़जी जैसी पंचायत में 10 हजार से ज्यादा मतदाताओं के कारण मतपत्रों की तैयारी, जांच और पैकिंग का काम सामान्य पंचायतों की तुलना में कई गुना बड़ा होगा। गुढ़ागौड़जी सबसे आगे, 10 हजार से ज्यादा वोटर जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में गुढ़ागौड़जी सबसे ऊपर है। यहां 10,478 मतदाता और 29 वार्ड हैं। इतने बड़े आंकड़े के कारण पंचायत चुनाव का सामान्य स्वरूप यहां काफी बदल जाता है। सरपंच के साथ वार्ड पंचों के चुनाव की पूरी प्रक्रिया को संभालना भी प्रशासन के लिए बड़ा काम होगा। इसके बाद जिले में जसरापुर में 8,656, इस्लामपुर में 8,343 और पौंख में 8,304 मतदाता हैं। यानी जिले की चार पंचायतों में ही मतदाताओं की संख्या 8 हजार से अधिक है। नामांकन के बाद सुबह देनी होगी मतदान की चुनौती सबसे बड़ी पंचायतों में यह चुनौती और गंभीर हो सकती है। नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद मतपत्र तैयार करने का काम शुरू होगा। यदि काम शाम तक शुरू होता है और अगले दिन सुबह मतदान है तो कर्मचारियों के पास तैयारी के लिए बेहद कम समय बचेगा। 7 हजार से ज्यादा वोटर वाली भी कई पंचायतें जिले के गोठड़ा में 7,692, बड़ागांव में 7,570, झाझड़ में 7,541, खिरोड़ में 7,398, बबाई में 7,290 और नुआं में 7,205 मतदाता हैं। जिले की 10 सबसे बड़ी ग्राम पंचायतें 4 हजार से ज्यादा वोटर वाली 107 पंचायतें पंचायत समिति के हिसाब से देखें तो गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में 17 ऐसी पंचायतें हैं। नवलगढ़ में 13, उदयपुरवाटी और गोठड़ा में 12-12, बबाई में 8, मंडावा, सिंघाना और खेतड़ी में 7-7, चिड़ावा में 6, झुंझुनूं और अलसीसर में 5-5 और सूरजगढ़ में 3 बड़ी पंचायतें हैं।

जोधपुर के आसमान में सूर्यकिरण विमानों ने बनाया तिरंगा:9 एयरक्राफ्ट दिखा रहे करतब, 5 सारंग हेलिकॉप्टर भी हवा में बनाएंगे फॉर्मेशन

जोधपुर में गुरुवार को वायुसेना दिवस पर एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के 9 हॉक-132 विमान हवा में कलाबाजियां दिखा रहे हैं। केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं से तिरंगा फॉर्मेशन बनाई। जोधपुर एयरबेस से ये विमान करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरते हुए आसमान में वर्टिकल क्लाइंब, इन्वर्टेड क्रॉसओवर बैरल रोल जैसी फॉर्मेशन बनाएंगे। वहीं, सारंग टीम के 5 एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर एक साथ हवा में थ्रिलिंग मूव्स और क्रॉसओवर दिखाएंगे। स्वदेशी फाइटर जेट तेजस का कोबरा मैन्यूवर और राफेल व सुखोई-30MKI की सोलो उड़ान भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। जोधपुर में चल रहे ‘तरंग शक्ति’ युद्धाभ्यास में शामिल भारत समेत अमेरिका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, श्रीलंका, बांग्लादेश और जर्मनी की एयरफोर्स के जवान भी इस एयर शो को देखने पहुंचे हैं। … एयर शो की पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

बीकानेर में डॉक्टर-कांग्रेस नेता से हॉस्पिटल में मारपीट:ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर हंगामा, लोगों ने किया बीच-बचाव

बीकानेर के रानी बाजार स्थित अपेक्स अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला मरीज की मौत पर बुधवार रात हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने ऑपरेशन करने वाले सीनियर डॉक्टर और कांग्रेस नेता डॉ. तनवीर मालावत के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर आक्रोशित लोगों को डॉक्टर के केबिन से बाहर निकाला। घटना की सूचना पर कोटगेट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक एफआईआर नहीं हुई है। एक दिन पहले हुआ था पथरी का ऑपरेशन मामला रानी बाजार स्थित अपेक्स हॉस्पिटल का है। यहां लूणकरनसर की रहने वाली रुकसाना बानो का 6 अक्टूबर को पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और बुधवार शाम उनकी मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजन ऑपरेशन करने वाले डॉ. तनवीर मालावत के पास पहुंचे और मारपीट करने लगे। पार्षद नवल पुरोहित सहित कई लोगों ने बीच-बचाव कर मारपीट कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद डॉक्टर को केबिन से बाहर निकाला गया। अस्पताल में अचानक हुए घटनाक्रम से अफरातफरी मच गई। अन्य मरीजों के परिजन भी मौके पर एकत्र हो गए। डॉ. मालावत बोले- ऑपरेशन के 24 घंटे बाद दर्द और घबराहट हुई डॉ. तनवीर मालावत ने बताया - रुकसाना के गॉल ब्लेडर में पथरी थी, जिसे ऑपरेशन कर बाहर निकाला गया था। ऑपरेशन के 24 घंटे बाद महिला ने दर्द और घबराहट की शिकायत की। वार्ड में डॉक्टर ने ईसीजी कर कार्डियोलॉजिस्ट को भेजी थी। इसके बाद इको किया गया। पल्स रेट ज्यादा आ रहा था, इसलिए उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। वहां अलग टीम होती है, जो उसकी देखरेख कर रही थी। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। डॉ. मालावत ने बताया - मरीज को चिरंजीवी योजना के तहत भर्ती किया गया था। बीकानेर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके हैं मालावत डॉ. तनवीर मालावत बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं। वे सर्जन हैं और खासकर पथरी व फिशर के ऑपरेशन के लिए पहचान रखते हैं। अपेक्स हॉस्पिटल की जगह पहले खुद का डॉ. तनवीर मालावत हॉस्पिटल चलाते थे।

कॉन्स्टेबल की मौत के विरोध में मोहनगढ़ बंद:थाने के सामने बैठे लोग; पत्नी-ससुराल वालों से परेशान होकर नहर में कूदा था

जैसलमेर के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में बाड़मेर के एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने इंदिरा गांधी नहर में कूदकर सुसाइड कर लिया था। घटना के विरोध में गुरुवार को मोहनगढ़ कस्बे में बाजार बंद है। 6 अक्टूबर को शव मिलने के बाद रात से परिजन मोहनगढ़ हॉस्पिटल में धरने पर बैठे हैं। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। गुरुवार सुबह मोहनगढ़ थाने के सामने टेंट लगाकर धरने पर बैठे ग्रामीण आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हैं। परिजनों और ग्रामीणों को पुलिस समझाने का प्रयास कर रही है। सिरोही के आबूरोड सदर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल अनिरुद्ध सिंह सोढा का शव मोहनगढ़ जीरो आरडी के पास नहर से बरामद किया गया था। सुसाइड से पहले अनिरुद्ध सिंह ने कार में वीडियो बनाया था। पत्नी, ससुर, साले और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर 5 साल से प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सिरोही में कॉन्स्टेबल पद पोस्टेड थे अनिरुद्ध सिंह अनिरुद्ध सिंह सोढा बाड़मेर की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले थे। सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे। जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके में इंदिरा गांधी नहर से (6 अक्टूबर) को उनका शव बरामद किया गया। सुसाइड से पहले वीडियो बनाया मौत से पहले अनिरुद्ध सिंह ने मोबाइल पर एक वीडियो बनाया था। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी, ससुर, साले और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर पिछले 5 साल से लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा - ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से वे मानसिक रूप से टूट गए थे और इसी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर परिजन मंगलवार को नहर से शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण रात से मोहनगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए। आरोपियों को गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक अनिरुद्ध सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली उनकी पत्नी और नामजद ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक न पोस्टमार्टम कराया जाएगा और न धरना खत्म किया जाएगा। घटना के विरोध में मोहनगढ़ में बाजार बंद परिजनों की नामजद रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों का गुस्सा बढ़ गया। न्याय की मांग और पीड़ित परिवार के समर्थन में मोहनगढ़ व्यापार मंडल ने गुरुवार को कस्बे में आधे दिन के पूर्ण बाजार बंद का ऐलान किया। गुरुवार सुबह से मुख्य बाजारों की दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी बाजार बंद का समर्थन करते हुए अपनी दुकानें बंद रखीं। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने थाने के आसपास भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया - आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें तैयार की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस परिजनों से भी पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाइश कर रही है, ताकि मौत के कारणों का खुलासा हो सके और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नाचना और पीटीएम थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों से समझाइश कर रहे हैं, जबकि नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … पत्नी से परेशान कॉन्स्टेबल ने नहर में कूदकर किया सुसाइड:वीडियो बनाकर बोला- मुझे कहा गया मर जा... ससुराल वाले मेरी मौत के जिम्मेदार जैसलमेर में कॉन्स्टेबल ने नहर में कूदकर सुसाइड कर लिया। कॉन्स्टेबल ने मरने से पहले वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा। पूरी खबर पढ़िए

चित्तौड़गढ़ में नवरात्र से पहले गरबा सीख रहे लोग:शहर में कई जगहों पर हो रही वर्कशॉप, गुजराती स्टेप्स का ट्रेंड

चित्तौड़गढ़ में नवरात्र शुरू होने से पहले गरबा और डांडिया का माहौल बनने लगा है। इस बार शहर में होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। यही वजह है कि नवरात्र शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग गरबा सीखने पहुंच रहे हैं। शहर के महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से निशुल्क गरबा वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यहां रोज शाम को गरबा की धुन पर अलग-अलग उम्र की महिलाएं और युवतियां अभ्यास कर रही हैं। आयोजकों का कहना है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग गरबा महोत्सव में हिस्सा लेते हैं। ऐसे में इस बार भी लोग पहले से तैयारी करना चाहते हैं, ताकि नवरात्र के दौरान बेहतर तरीके से गरबा कर सकें। गुजराती स्टेप्स सीखने पर सबसे ज्यादा जोर वर्कशॉप में सबसे ज्यादा ध्यान गुजराती हाथ गरबा और उसके अलग-अलग स्टेप्स पर दिया जा रहा है। प्रशिक्षक प्रतिभागियों को एक-एक स्टेप आसान तरीके से सिखा रहे हैं, ताकि पहली बार गरबा करने वाले लोग भी आसानी से सीख सकें। गरबा की ताल पर कदम मिलाने के साथ हाथों की मूवमेंट और समूह में एक साथ प्रस्तुति देने का भी अभ्यास कराया जा रहा है। नवरात्र में बेहतर प्रस्तुति देने के लिए कर रहे अभ्यास वर्कशॉप में शामिल होने वाले कई युवाओं का कहना है कि वे हर साल गरबा में हिस्सा लेते हैं, इसलिए इस बार भी पहले से तैयारी कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो पहली बार गरबा सीख रहे हैं। आयोजकों के अनुसार वर्कशॉप का उद्देश्य सिर्फ डांस सिखाना नहीं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस सांस्कृतिक आयोजन से जोड़ना भी है। गरबे की धुन पर थिरकेगा शहर अभी श्रीनाथ गार्डन में गरबा के स्टेप्स सीखे जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यही अभ्यास शहर के अलग-अलग गरबा पंडालों में नजर आएगा। नवरात्र के दौरान शाम होते ही चित्तौड़गढ़ में गरबा और डांडिया की रौनक दिखाई देगी। फिलहाल युवाओं और महिलाओं का उत्साह बता रहा है कि इस बार भी शहर में नवरात्र का पर्व सिर्फ पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गरबा और डांडिया के रंग में भी पूरी तरह नजर आएगा।

राजस्थान पंचायत चुनाव के पहले फेज के आज से नामांकन:16 जिला परिषद और 104 पंचायत समिति के सदस्यों के लिए प्रत्याशी भरेंगे पर्चा

राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों के पहले फेज के लिए आज सुबह 11 बजे से नामांकन शुरू हो रहे हैं। पहले फेज में 16 जिलों में जिला परिषद सदस्यों और 104 पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन होंगे। जिला परिषद सदस्यों के लिए जिला स्तर और पंचायत समिति​ मेंबर के लिए उपखंड स्तर पर नामांकन होंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर है। पंच और सरपंच के लिए 23 अक्टूबर से पहले फेज के नामांकन होंगे। हालांकि जिला निर्वाचन अधिकारी पंच-सरपंच चुनाव की अधिसूचना 8 अक्टूबर को ही जारी कर देंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य और प्रमुख-प्रधान का पिछला रिजल्ट… … पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अलवर में दिन में तेज धूप, रात को ठंडक:37 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान, 11 अक्टूबर से गिरेगा न्यूनतम टेंपरेचर

अलवर में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रात के समय ठंडक बढ़ने लगी है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार रात भी शहर में लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा ठंडक महसूस हुई। भारतीय मौसम विभाग की अलवर के लिए जारी 7 दिन की रिपोर्ट में भी रात के तापमान में गिरावट के संकेत हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंडक और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 8 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 20 और अधिकतम 37 डिग्री रहने का अनुमान है। 9 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 22 और अधिकतम 37 डिग्री, जबकि 10 अक्टूबर को न्यूनतम 21 और अधिकतम 36 डिग्री रह सकता है। इसके बाद रात का तापमान और नीचे जाने का अनुमान है। 11 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम 36 डिग्री, जबकि 12 अक्टूबर को न्यूनतम 19 और अधिकतम 35 डिग्री रहने का अनुमान है। 13 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान फिर 22 डिग्री के आसपास रह सकता है। आईएमडी ने इस अवधि में कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। सुबह-शाम ठंडक, दोपहर में गर्मी का दोहरा असर अगले कुछ दिनों में मौसम का सबसे खास बदलाव दिन और रात के तापमान में अंतर के रूप में देखने को मिलेगा। सुबह जल्दी और रात में हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दोपहर में तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच रहने से गर्मी का असर बना रहेगा। यानी फिलहाल अलवर में पूरी तरह ठंड की शुरुआत नहीं हुई है, लेकिन मौसम धीरे-धीरे गर्मी से ठंड की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। राजस्थान में भी रात के तापमान में गिरावट के साथ गुलाबी सर्दी के संकेत मिलने लगे हैं। खेती के लिहाज से भी बदल रहा मौसम मौसम में यह बदलाव खेती के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। दिन का तापमान अभी ज्यादा है, लेकिन रात में तापमान गिरने से खेतों में मौसम का असर बदलने लगा है। रबी सीजन की तैयारियों के बीच आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहेगी। खासकर गेहूं, सरसों और चना जैसी रबी फसलों की बुवाई के समय तापमान और मिट्टी में नमी की स्थिति पर किसानों की नजर रहती है। मौसम में सामान्य ठंडक बढ़ने से रबी फसलों के अनुकूल परिस्थितियां बनने की दिशा में बदलाव शुरू हो सकता है। हालांकि फसल की बुवाई का सही समय स्थानीय कृषि सलाह और खेत की नमी की स्थिति के अनुसार तय करना बेहतर रहेगा।

मकान मालिक ने 15 साल की नाबालिग से किया रेप:किडनैप कर 3 दिन तक बंधक बनाया, अब जान से मारने की दी धमकी

सीकर जिले में 15 साल की नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। रेप करने वाला कोई और नहीं बल्कि मकान मालिक ही है। जिसने 3 दिन तक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर रेप किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। नाबालिग लड़की की मां ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 15 साल की नाबालिग लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि वह पिछले करीब 2 साल से सीकर जिले में एक किराए के मकान पर अपनी 15 साल की बेटी के साथ रहती है। हाल ही में उनका मकान मालिक उनकी बेटी को अपने साथ लेकर चला गया था। तीन दिन तक बंधक बनाकर रेप बेटी उसके चंगुल से बचकर आई। इसके बाद वह सहमी सी रही। इसके बाद जब मां ने उससे पूछा तो उसने बताया कि अंकल उसे अपने साथ लेकर गए और 3 दिन तक बंधक बनाकर एक जगह रेप किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अब पुलिस ने पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सहयोग करने वाले के खिलाफ भी केस दर्ज आरोपी मकान मालिक के एक साथी ने भी इस वारदात में उसका सहयोग किया। इसके खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच DYSP रैंक के ऑफिसर कर रहे हैं।

CBSE 10वीं-12वीं प्राइवेट स्टूडेंट्स के आवेदन आज से भरे जाएंगे:सामान्य फीस से 23 अक्टूबर लास्ट डेट; जानिए कितनी होगी फीस, क्या रहेगा डेट शेड्यूल

सीबीएसई की 2027 की मुख्य परीक्षा के लिए 10वी-12वीं के प्राइवेट स्टूडेंट्स के फॉर्म आज से भरे जाएंगे। 23 अक्टूबर फॉर्म जमा कराने की लास्ट डेट है। विभाग ने इसे लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। ज्यादा जानकारी के लिए सीबीएसई की वेबसाइट पर जाकर भी चेक किया जा सकता है। आवेदन शुल्क 320 रुपए प्रति सब्जेक्ट रखा गया है। नेपाल में 1100 रुपए प्रति सब्जेक्ट और विदेशों में 2200 रुपए प्रति सब्जेक्ट के हिसाब से फीस तय की गई है। सामान्य फीस के साथ 23 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। इसके बाद आवेदन करने वालों को एक्स्ट्रा फीस देनी पड़ेगी। 2 हजार रुपए लेट फीस के साथ 24 से 30 अक्टूबर तक समय मिलेगा। 12वीं के स्टूडेन्ट्स के लिए प्रैक्टिकल फीस 160 रुपए प्रति सब्जेक्ट होगी। नेपाल के लिए 175 व विदेश के लिए 375 रुपए फीस होगी। यहां देखिए पूरा शेड्यूल…. 10वीं के बारे में जानकारी के लिए करें क्लिक 12वीं के बारे में जानकारी के लिए करें क्लिक

अफीम के दूध के साथ तस्कर गिरफ्तार:बाइक में छिपाकर ले जा रहा था, सप्लाई करने से पहले पकड़ा

पाली जिले में सिरियारी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने 2.927 किलो अफीम के दूध के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक से मादक पदार्थ की सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से अफीम का दूध और बाइक जब्त की है। सूचना पर टीम ने बाइक सवार को रोका डीएसटी टीम के एएसआई राजेंद्रसिंह ने बताया - एक युवक के मादक पदार्थ लेकर जाने की सूचना मिली थी। इस पर टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार नजर आया तो टीम ने उसे रुकवाकर तलाशी ली। बाइक में छिपाकर ले जा रहा था अफीम का दूध तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 किलो 927 ग्राम अफीम का दूध मिला। वह इसे बाइक में छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने अफीम का दूध और बाइक जब्त कर ली। मामले में चित्तौड़गढ़ जिले के नारायणपुरा राशमी निवासी 33 साल के मीठूलाल पुत्र केसूलाल को गिरफ्तार किया गया।

पंचायत चुनाव के पहले चरण के नामांकन आज से:जिला परिषद के 25 वार्ड के लिए 3 आरओ लगाए, कांग्रेस-बीजेपी पैनल बनाने में जुटे

कोटा जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए आज 8 अक्टूबर को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन भरने का काम शुरू हो जाएगा। 13 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। पहले चरण में लाडपुरा, सांगोद, सुल्तानपुर व इटावा पंचायत समिति में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए 22 अक्टूबर को वोटिंग होगी। जबकि पंच/सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। पहले चरण में 4 पंचायत समितियां में 19 जिला परिषद सदस्य, 84 पंचायत समिति सदस्य, 163 सरपंच व 1441 वार्ड पंचों के लिए वोट डाले जाएंगे। इधर भाजपा और कांग्रेस ने बुधवार देर रात तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए। दोनों ही दल फिलहाल प्रत्याशियों के पैनल बनाने में जुटे है। नामांकन के लिए तीन आरओ नियुक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक रहेगी। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिन्ह का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी 21 अक्टूबर को होगी। प्रथम चरण में मतदान सांगोद पंचायत समिति सुल्तानपुर पंचायत समिति इटावा पंचायत समिति लाडपुरा पंचायत समिति