slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

सुंदलक स्टेशन के पास रेलवे फाटक संख्या-34 आज बंद:ओवरहॉलिंग के कारण सुबह 9 से शाम 5 बजे तक नहीं होगा आवागमन

बारां के सुंदलक स्टेशन के पास रेलवे फाटक संख्या 34 आज 8 घंटे के लिए बंद है। फाटक पर ओवरहॉलिंग का काम होगा। यह फाटक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। रेलवे के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि सुरक्षा के लिए फाटक पर यह काम जरूरी है। फाटक बंद रहने के दौरान वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है। वे बारां-मांगरोल बायपास रोड पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 36 (नलका फाटक) से आ-जा सकेंगे। इस फाटक के पास रीको औद्योगिक क्षेत्र है, जिससे ट्रकों और दूसरे वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। इससे वाहन चालकों को आज दिनभर परेशानी हो सकती है और उन्हें लंबा घूमकर आना-जाना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने चालकों से वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने और सहयोग करने की अपील की है।

दुकानदारी की आड़ में नशा तस्करी, 2 गिरफ्तार:जमीन में ड्रम और गायों के छप्पर में छिपा रखा था 58 किलो डोडा-पोस्त

बाड़मेर ANTF टीम ने मादक-पदार्थ के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने धनाऊ और सदर थाना इलाके में दबिश देकर 58 किलो डोडा-पोस्त जब्त किया। बाड़मेर गादान में आरोपी ने डोडा-पोस्त जमीन के नीचे ड्रम में छिपाकर रखे थे, जबकि भुणिया गांव में डोडा-पोस्त चूरा गायों के छप्पर में चारे के कट्टों के बीच छिपाया हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुनाफे के लालच में किराणा दुकान के साथ डोडा-पोस्त की फुटकर बिक्री करने लगे थे। जमीन खोदकर निकाले दो ड्रम ANTF टीम को सूचना मिली थी कि बाड़मेर गादान निवासी कानाराम ने अपनी रहवासी ढाणी के पीछे खेत में भारी मात्रा में डोडा-पोस्त जमीन में छिपाकर रखा है। टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संयुक्त रूप से कानाराम के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कानाराम निवासी बाड़मेर गादान बताया। जमीन ताजा खुदी मिली, रेत के नीचे दबे थे ड्रम स्थानीय पुलिस ने ढाणी के पीछे तलाशी ली तो चारदीवारी के पास जमीन ताजा खुदी हुई मिली। संदेह होने पर फावड़े से जमीन खोदी गई। रेत के नीचे दो ड्रम दबे मिले, जिनमें डोडा-पोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने 35.450 किलो डोडा-पोस्त चूरा बरामद किया। इस मामले में कानाराम पुत्र मदाराम उर्फ मदनलाल निवासी बाड़मेर गादान, पुलिस थाना सदर को गिरफ्तार किया गया। गायों के छप्पर में चारे के कट्टों के बीच छिपाए थे कट्टे दूसरी कार्रवाई धनाऊ थाना इलाके में हुई। ANTF को सूचना मिली थी कि कायम का तला, भुणिया निवासी पोकरराम के घर के आगे बने गायों के छप्पर में डोडा-पोस्त छिपाकर रखा गया है। पुख्ता सूचना पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के पास बने गायों के छप्पर में एक व्यक्ति बैठा मिला। नाम पूछने पर उसने अपना नाम पोकराराम बताया। गायों के छप्पर की तलाशी लेने पर चारे के कट्टों के बीच डोडा-पोस्त से भरे दो कट्टे छिपे मिले। पुलिस ने 22.540 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया। आरोपी पोकराराम उर्फ पुखराज पुत्र उदाराम निवासी कायम का तला भुणिया, धनाऊ को गिरफ्तार किया गया। किराणा दुकान के साथ शुरू किया डोडा-पोस्त बेचना टीम की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किराणा की दुकान चलाता था। इसी दौरान उसकी पहचान एक तस्कर से हुई। अधिक मुनाफे के लालच में उसने डोडा-पोस्त की फुटकर बिक्री शुरू कर दी। धीरे-धीरे वह दुकानदारी के साथ नशे के अवैध कारोबार में शामिल हो गया।

उदयपुर निगम की 14 अक्टूबर को होगी पहली बोर्ड बैठक:पेयजल संकट पर बनेगा एक्शन प्लान, वार्डों की समस्याओं पर होगा मंथन

उदयपुर नगर निगम के नए बोर्ड की पहली बड़ी बैठक 14 अक्टूबर को होगी। महापौर पारस सिंघवी की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में शहर के सभी 80 पार्षद शामिल होंगे। इस अहम बैठक शहर के विकास कार्यों और आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं पर मुख्य रूप से चर्चा की जाएगी। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है। सुबह 11 बजे यह निगम के हॉल में बैठक होगी। निगम के तमाम बड़े अधिकारी और कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे। सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को इस मंच पर रख सकेंगे। त्योहारों की तैयारियों पर रहेगा खास फोकस साल के बड़े त्योहार जैसे दशहरा और दीपावली नजदीक हैं, इसलिए बैठक में मेलों के आयोजन और उनकी व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा होगी। मेले की तैयारियों को लेकर पार्षदों से सुझाव मांगे जाएंगे ताकि शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो। स्वच्छता अभियान और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी बैठक में प्रमुखता दी जाएगी। पार्षदों को यह बताया जाएगा कि वे अपने वार्डों में जनता को स्वच्छता के प्रति कैसे जागरूक करें और शहर को सुंदर बनाने में नागरिकों की भागीदारी कैसे तय की जाए। पेयजल संकट और वार्डों की समस्याओं पर भी होगी बात त्योहारों के अलावा शहर में पेयजल संकट और अन्य बुनियादी समस्याओं पर भी गंभीर मंथन होगा। कई वार्डों में पानी की किल्लत और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर पार्षद अपनी बात रख सकते हैं। नए पार्षदों को शहर के विकास का विजन समझाने के लिए भी यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बढ़ाई जा रही हैं मीटिंग हॉल की कुर्सियां नगर निगम का बोर्ड बड़ा होने के कारण मौजूदा मीटिंग हॉल छोटा पड़ रहा है। निगम में पार्षदों की संख्या 70 से बढ़कर 80 हो चुकी है। वहीं, बैठक के दौरान अधिकारी, कर्मचारी और मीडियाकर्मियों को मिलाकर लोगों की संख्या 100 से ऊपर पहुंच जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए निगम ने मीटिंग हॉल में बैठने की क्षमता बढ़ाने का फैसला किया है। हॉल में डाइस के सामने और पीछे एक्स्ट्रा कुर्सियां लगाने के लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। अब हॉल की क्षमता 70-75 लोगों से बढ़ाकर 110 लोगों तक की जा रही है, जिससे सभी को बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी।

कोटा अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में बाघिन ‘महक’ की बढ़ाई निगरानी:स्वास्थ्य जांच में सभी पैरामीटर सामान्य मिले, 23 साल उम्र को लेकर डाइट प्लान बदला

कोटा के अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क की करीब 23 साल की बाघिन ‘महक’ के स्वास्थ्य को लेकर वन विभाग ने विशेष निगरानी शुरू की है। बढ़ती उम्र को देखते हुए बाघिन की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति का नियमित मूल्यांकन करने के लिए समिति गठित की गई है। समिति का गठन CCF मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, कोटा डॉ. टी. मोहनराज ने किया है। समिति में सहायक वन संरक्षक अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क पंकज मीणा, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व डॉ. अखिलेश कुमार पांडे और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी बायोलॉजिकल पार्क कोटा डॉ. त्रिलोक गोचर शामिल हैं। बाघिन की स्वास्थ्य जांच की समिति के सदस्यों ने अभेड़ा पार्क पहुंचकर बाघिन महक का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण और निरीक्षण किया। इस दौरान उसकी श्वसन दर सहित अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक पैरामीटर की जांच की गई। वन विभाग के अनुसार जांच में सभी प्रमुख पैरामीटर उसकी उम्र के अनुरूप सामान्य सीमा में पाए गए। वर्तमान परीक्षण के आधार पर महक की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति संतोषजनक बताई गई है। ज्यादा उम्र होने पर डाइट प्लान बदला बाघिन की ज्यादा उम्र और शारीरिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उसके आहार में जरूरी बदलाव किए गए हैं। इसमें पोषक सप्लीमेंट्स भी शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही उसके आवास क्षेत्र में भी आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं, ताकि उसे उम्र के अनुरूप आरामदायक और अनुकूल वातावरण मिल सके। वन विभाग के अनुसार महक के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी जारी रहेगी। समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण कर उसकी जरूरत के अनुसार उपचार, पोषण और प्रबंधन संबंधी उपाय किए जाएंगे।

गांवों की सरकार के लिए आज से नामांकन:13 अक्टूबर तक भरे जाएंगे फॉर्म; पहले चरण में चार पंचायत समतियों में चुनाव

पंचायत राज आम चुनाव 2026 के तहत बीकानेर जिला परिषद के 41 सदस्यों और पहले चरण में चार पंचायत समितियों के 60 सदस्यों के चुनाव के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही लोकसूचना जारी कर नाम निर्देशन पत्र लेने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। नामांकन 8 से 13 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जिला परिषद के वार्ड के हिसाब से तय किए स्थान जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 14 तक के नामांकन अतिरिक्त जिला कलक्टर न्यायालय परिसर में जमा होंगे। वार्ड 15 से 28 तक के नामांकन बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन और वार्ड 29 से 41 तक के नामांकन विकास प्राधिकरण के पुराने भवन में लिए जाएंगे। पहले चरण में चार पंचायत समतियों में चुनाव पहले चरण में खाजूवाला, रुणिया, पूगल और छत्तरगढ़ पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए चुनाव होंगे। खाजूवाला के नामांकन उपखंड अधिकारी कार्यालय खाजूवाला, रुणिया के बीकानेर स्थित कृषि अधिकारी कार्यालय के हॉल नंबर-1, पूगल के उपखंड अधिकारी कार्यालय पूगल और छत्तरगढ़ के उपखंड अधिकारी कार्यालय छत्तरगढ़ में जमा होंगे। 14 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। इसके बाद 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।

नरेश मीणा बोले- बीजेपी में नहीं जाऊंगा, रविंद्र भाटी साथी:दोबारा थप्पड़कांड जैसी आशंका पर बोले- मैं गांधीवादी, फिर देखते हैं क्या होता है

दो साल पहले विधानसभा उपचुनाव के दौरान एसडीएम को थप्पड़ मारकर सुर्खियों में आए नरेश मीणा नंगे पांव पदयात्रा पर थे। मुद्दा था- किसानों को डीएपी यूरिया खाद मिलने में आने वाली परेशानी का। हालांकि मांगों पर सहमति के बाद जयपुर कूच के लिए निकले नरेश मीणा ने बुधवार रात आंदोलन वापस ले लिया। लेकिन ये सिर्फ किसान आंदोलन था या 2028 के चुनावों की तैयारी? तीसरे मोर्चे को लेकर क्या प्लान है? रविंद्र भाटी EWS सरलीकरण की यात्रा…भाजपा-कांग्रेस को लेकर रणनीति जैसे कई सवाल भास्कर ने उनसे पूछे। ये भी पूछा कि अगर फिर भी 2024 के थप्पड़कांड जैसी परिस्थिति बनती है तो नरेश मीणा क्या करेंगे? पढ़िए पूरा इंटरव्यू… भास्कर : आपने कहा कि किसानों को 1,350 रुपए प्रति कट्टा डीएपी बिना अटैचमेंट के नहीं मिल रहा। टोंक कलेक्टर टीना डाबी कह रही हैं 2 हजार टन और आने वाला है, कमी नहीं है। सच क्या है? नरेश मीणा : ये बात तो बारां कलेक्टर ने भी कही है, लेकिन वहां भी इस मामले में जाम लगा। इसी नाराजगी में मैंने जयपुर कूच किया था। उन्होंने एक लिमिट बना रखी है कि 5 ही कट्‌टे देंगे। कल पता लगा कि 5 से घटाकर 2 कट्‌टे कर दिए, यानी आपके पास पर्याप्त खाद नहीं है। उनियारा से निकला तो कई किसान मिले। बाेले- अब खाद आने लगा है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या अटैचमेंट की है। इसमें खाद के बैग के साथ एक्स्ट्रा आइटम खरीदने पड़ते हैं। जो डीएपी का कट्‌टा 1350 का है, 2200-2300 रुपए तक पड़ता है। ये अटैचमेंट कहां से आ रहा है, कौन दे रहा है, किसके अंडर में है, यह एक हजारों करोड़ का बड़ा घपला है। टोंक कलेक्टर टीना डाबी से निवेदन करूंगा कि वो अधिकारियों को फील्ड में उतारें। पर्याप्त खाद है तो किसान लाइनों में क्याें खड़े हैं। भास्कर : टीना डाबी से मोबाइल पर हुई बातचीत का वीडियो क्यों बनाया और इसे वायरल क्यों किया? नरेश मीणा : उनका कॉल आया, तब मैंने उन्हें कहा था- मैडम मैं इसको ओपन स्पीकर पर ले रहा हूं। और इसके बाद उनसे लगतार मेरी जो भी बात हुई, वो सब सामने है। उन्होंने जिस तरह किसानों के हित में बात की, उसे लोगों ने सराहा। भास्कर : कांग्रेस से बगावत, निर्दलीय लड़ाई और अब भाजपा-कांग्रेस दोनों पर हमला…क्या पॉलिटिकल प्लान हैं? नरेश मीणा : मैं कभी बीजेपी में नहीं जा सकता। दूसरा मेरा ये भी मन है कि राजस्थान में तीसरा मोर्चा मजबूती से आए। कमी है तो ये कि तीसरे मोर्चे की सोच रखने वाले लोग अभी तक एक मंच पर नहीं आ पा रहे हैं। तीसरे मोर्चे का उदाहरण अभी बारां में है। वहां निकाय चुनाव में जनता ने बीजेपी-कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया। आप ने जीत हासिल की। भास्कर : रविंद्र भाटी EWS सरलीकरण की यात्रा निकाल रहे हैं। आप दोनों निर्दलीय हैं, ये संयोग है या तीसरे मोर्चे की दौड़ शुरू हो गई है? नरेश मीणा : रविंद्र भाटी हमारे साथी हैं। खुशी होती है कि मेरा एक साथी उधर लड़ाई लड़ रहा है। रविंद्र भाटी स्टूडेंट पॉलिटिक्स से हैं। इन्होंने छात्र जीवन भी प्रोटेस्ट और आंदोलनों में निकाला है। राजस्थान के टॉप क्लास नेता स्टूडेंट पॉलिटिक्स से निकले, लेकिन उन छात्र संघ चुनावों को ही बंद कर दिया गया है। क्योंकि नेता परिवारवाद को आगे बढ़ना चाहते हैं। भास्कर : जेल से निकलते ही तीन जिलों के 8 विधानसभा क्षेत्रों में तीसरे मोर्चे से पंचायत चुनाव लड़ने का ऐलान किया। यह किसान आंदोलन है या 2028 से पहले राजनीतिक जमीन बनाने की तैयारी? नरेश मीणा : मेरा अब तक का जीवन ही आंदोलन में निकला है। 42 मुकदमे लगे हैं। मुझे फर्क नहीं पड़ता कब चुनाव हैं? जो किसान सड़कों पर, लाइनों में खड़े हैं…वो लाठियां खा रहे हैं और मैं वोट मांगू, ये मुझे शोभा नहीं देता। चुनाव बाद में हैं। मुझे पहले किसानों की लड़ाई लड़नी है। भास्कर : पहले एससी-एसटी कोर्ट ने आपकी जमानत रद्द की थी, अब फिर से राहत मिली है, इस पर क्या कहेंगे? नरेश मीणा : जिस तरह से राजस्थान सरकार और पुलिस मेरे मामले में कोर्ट के सामने गई है, वो गलत है। इसमें माननीय कोर्ट गलत नहीं हैं। कोर्ट तो न्याय ही कर रहा है, पर ये पुलिस कार्रवाई ही तो अजीब है। मैंने तो एक थप्पड़ ही तो मारा था। इसमें महज एक राजकार्य में बाधा व मारपीट का साधारण सा मामला, लेकिन मुझ पर जानलेवा हमले की धारा लगाई। एक दिन में जमानत होनी थी, उस तरह के मामले में मैंने 8 महीने जेल काटी। भास्कर : चुनाव के दौरान आपने एसडीएम को थप्पड़ मार दिया। दोबारा ऐसी परिस्थिति बनी तो क्या नरेश मीणा फिर आपा खो देंगे? नरेश मीणा : अब हम गांधीवादी तरीके से काम कर रहे हैं। माननीय कोर्ट का भी ऑर्डर है कि किसी भी तरह से कोई कानून हाथ में नहीं लें तो ज्यादातर तो अपने आपको बचाने का ही प्रयास करूंगा, और फिर देखते हैं क्या होता है। भास्कर : पहले आप शोषित और वंचित तबके की बात करते थे, अब 36 कौम की…ये बदलाव क्यों और कैसे आया? नरेश मीणा : हाड़ौती में एक समय में ब्राह्मण और राजपूत के हाथ में कमान थी। मजबूत स्थिति में थे। मेरा मानना है, वो जब तक थे तब तक वहां पर कॉमर्शियल पॉलिटिक्स नहीं थी। ललित किशोर चतुर्वेदी, रघुवीर सिंह कौशल, बृजराज सिंह और भरत सिंह कुंदनपुर… ये लोग ईमानदार थे। अभी जो वहां पॉलिटिक्स हो रही है, वो पूरी कॉमर्शियल है। बजरी पर कब्जा नेताओं का। गिट्टी पर कब्जा नेताओं का। कोई रोड बनेगा तो उसके ठेके नेताओं के। मैं इसके खिलाफ काम कर रहा हूं। इनके खिलाफ लड़ रहा हूं और इसकी कीमत भी चुका रहा हूं। हत्या-रेप केस में मैंने तीन-तीन महीने में जमानतें होती देखी हैं और मैं 8 महीने सिर्फ एक थप्पड़ के मामले में जेल में रहता हूं। बारां में आज तक 6 जिला प्रमुख बने। तीन बार सामान्य सीट आई है, लेकिन ब्राह्मण एक बार भी जिला प्रमुख नहीं बना। ऐसे में हम वहां लोगों के लिए काम करने वाले और एक बहुत अच्छे व्यक्ति संदीप शर्मा को जिला प्रमुख का चेहरा बना कर चुनाव लड़वा रहे हैं। बाकी प्रधान की जो सीटें हैं, उसमें भी हमारा मन है कि हम सभी समाजों को बराबर-बराबर मौका दें। तीसरे मोर्चे में सबकी हिस्सेदारी बराबर है। भास्कर : आप भाजपा में नहीं जाने की बात कहते हैं। कांग्रेस में वापसी का दरवाजा बंद है या सौदेबाजी के लिए खुला है? नरेश मीणा : सौदेबाजी तो क्या है इसमें? हमें लगेगा कि थर्ड मोर्चे के माध्यम से नई राजनीति पैदा कर सकते हैं तो पहला प्रयास तो वही रहेगा। लेकिन मेरी इच्छा है कि कांग्रेस में हमें सम्मान मिले। हम चाहते हैं कि टिकट दे रहे हों तो हमें भी तौल लें कि उसमें कितना दम है और हममें कितना? जितना हम लोग दे सकते हैं, तो उसका कुछ हमें भी मिले।

कोटा में आज 6 घंटे तक होगी बिजली कटौती:भदाना, रोटेदा,रेलवे कॉलोनी, सोगरिया, चोपड़ा फार्म नेहरू नगर इलाकों में रहेगा शटडाउन

कोटा में राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम की ओर से गुरुवार को अपने 132 केवी गोपाल मिल जीएसएस व उससे निकलने वाली एचटी लाइनों की मरम्मत करेगा। इसके लिए प्रसारण निगम की ओर से 4 से 6 घंटे का शटडाउन लिया गया है। प्रसारण निगम के 132 केवी जीएसएस से बिजली नहीं मिलने के कारण केईडीएल के 33 केवी जीएसएस भी बंद रहेंगे तथा रेलवे स्टेशन व पटरी पार क्षेत्र की कई कॉलोनियों में बिजली बंद रहेगी। इस दौरान अन्य स्थानों पर केईडीएल की ओर से विद्युत लाइनों के रखरखाव के कारण भी बिजली बंद रहेगी। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। मेंटेनेंस पूरा होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। इन इलाकों में की जाएगी बिजली कटौती सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक: (प्रसारण निगम शटडाउन) शुवाम विहार, रोटेदा गांव, भदाना गांव, नया गांव, हरिजन बस्ती रेलवे कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी, पूनम कॉलोनी, क्रेजी स्कूल के पास का क्षेत्र, दुर्गा नगर, गुजराती मोहल्ला, भट्ट नगर, सोगरिया, मधु नगर सोगरिया रोड, रंजीत कॉलोनी, नॉर्थ एक्स टाउन शिप सोगरिया, सोगरिया पेट्रोल पंप, पंचायत भवन, छोटा सोगरिया, जेपी कॉलोनी, श्मशान रोड, बापू कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी, कैलाशपुरी, गणेशपुरा, संजय नगर, हुसैनी नगर, चौपड़ा फार्म, तेल घर, नेहरू नगर, गोपाल मिल कॉलोनी की 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक: (प्रसारण निगम शटडाउन) डडवाड़ा, नेहरू नगर हरिजन बस्ती, संजय नगर, लाल कोठी, सब्जी मंडी मार्केट, मस्जिद गली, माचिस फैक्ट्री, मानसिंह फार्म, महाराष्ट्रीयन समाज, भगत सिंह कॉलोनी, गणपति टावर, भीमगंजमंडी के थाने के पीछे , गोपाल मिल जीएसएस क्षेत्र के सामने, प्रताप कॉलोनी, महावीर कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, जगदंबा कॉलोनी, तापड़िया फार्म, सरस्वती कॉलोनी, भगत सिंह कच्ची बस्ती, आदर्श नगर, श्रीराम कॉलोनी, रिद्धि सिद्धि कॉलोनी, भदाना, द्वारकापुरी , गणेश विहार, सिद्धि विनायक, आइस फैक्ट्री भदाना, श्रीनाथ विला रंगपुर रोड, किशना विहार, पंचवटी नगर, गुरुधाम कॉलोनी, रोटेदा रोड, शारदा विहार इलाकों में 6 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक:शक्ति नगर और आसपास का क्षेत्र की 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक: किशोरपुरा थाना व किशोरपुरा थाना क्वाटर्स की 3 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक: किशोरपुरा, बजरंग बस्ती, आरपीएस पंप हाउस, एचडीएफसी बैंक, होटल चंदीराम के पास, एलआईसी बिल्डिंग के आसपास, गुमानपुरा थाना, पोस्ट आॅफिस के पास गुमानपुरा, शकुंतला अपार्टमेंट, छावनी मैन रोड , गोबरिया बावड़ी, पत्रकार परिसर, दीनदयाल नगर, महावीर नगर प्रथम इलाकों की 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। दोपहर 3 बजे से शाम 6बजे तक: किशोरपुरा इलाके की 3 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक: बॉम्बे योजना, अपना घर योजना, जेके नगर, उद्योग नगर थाना, लुहारिया बस्ती इलाकों की चार घंटे बिजली कटौती जाएगी। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक:कोटड़ी क्षेत्र, कोटड़ी सब्जी मंडी, फकीरों की मस्जिद, हनुमान मंदिर ,जनता डेयरी, कोटड़ी चौराहा के आसपास की 3:30 घंटे बिजली कटौती की जाएगी।

बीमा कंपनी ने क्लेम खारिज किया,अब देने होंगे 15 लाख:दिव्यांग स्कूटी सवार की नीलगाय से टकराकर हो गई थी मौत

स्कूटी से जा रहे दिव्यांग युवक के सामने अचानक नीलगाय आ गई, जिससे हादसे में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना बीमा के तहत क्लेम नहीं मिलने पर मृतक के माता-पिता ने जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद पेश किया था। आयोग ने बुधवार (7 अक्टूबर) को चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को मृतक के परिजन को 15 लाख रुपए देने के आदेश दिए हैं। कंपनी को यह राशि 45 दिन में देनी होगी। हादसा 24 दिसंबर 2023 को हुआ था और उपचार के दौरान अगले दिन रात करीब 9:30 बजे युवक की मौत हो गई थी। पढ़िए … क्या था पूरा मामला स्कूटी खरीदने के साथ ही करवाया था बीमा किलवा, सांचौर निवासी उकसिंह पुत्र मोडसिंह ने 25 अप्रैल 2023 को स्कूटी खरीदी। उसी दिन चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी से उसका बीमा कराया गया। पॉलिसी में वाहन मालिक और चालक का पीए कवर भी शामिल था। इसके तहत दुर्घटना में वाहन मालिक या चालक की मौत होने पर 15 लाख रुपए का बीमा लाभ तय था। अचानक नीलगाय के आने से हुआ था हादसा उकसिंह 24 दिसंबर 2023 को स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान अचानक रास्ते में नीलगाय आ गई, जिससे स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उकसिंह को गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान मौत, थाने में मामला दर्ज हादसे के बाद उकसिंह का इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान 25 दिसंबर 2023 की रात करीब 9:30 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में सांचौर थाने में मामला दर्ज किया गया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी हुई। मृतक के माता-पिता ने बीमा कंपनी से दुर्घटना बीमा राशि देने की मांग की। बीमा कंपनी की ओर से क्लेम का भुगतान नहीं होने पर मृतक के माता-पिता ने जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद पेश किया। 45 दिन में देनी होगी राशि आयोग के अध्यक्ष घनश्याम यादव और सदस्य निरंजन शर्मा ने चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को मृतक के परिजन को 15 लाख रुपए देने के आदेश दिए हैं। कंपनी को यह राशि 45 दिन में देनी होगी। साथ ही परिवाद दर्ज होने की तारीख से भुगतान तक 6% सालाना ब्याज और मानसिक प्रताड़ना व आर्थिक क्षति के 10 हजार तथा परिवाद खर्च के 10 हजार रुपए, यानी कुल 20 हजार रुपए अतिरिक्त देने होंगे। युवक ने स्कूटी खरीदने के दिन ही बीमा कराया था, जिसमें वाहन मालिक और चालक का 15 लाख रुपए का पीए कवर शामिल था।

अजमेर जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए नामांकन शुरू:33 वार्ड के लिए चार एआरओ नियुक्त; 13 अक्टूबर तक होंगे नामांकन दाखिल

पंचायतीराज चुनाव के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के आम चुनाव के लिए नामांकन आज से दाखिल किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की 13 अक्टूबर लास्ट डेट है। जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बताया- जिला परिषद चुनाव के लिए चार सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जहां नामांकन दाखिल होंगे। साथ ही मतदान दलों के प्रशिक्षण के लिए प्रभारी भी लगाए गए हैं। यहां होंगे इन वार्ड के नामांकन दाखिल… आपके गांव में कब होगी वोटिंग, कब आएंगे नतीजे, पढ़िए पूरा कार्यक्रम…. पिछले चुनाव तक अजमेर में 1 जिला परिषद थी। अब भी 1 परिषदों में चुनाव हो रहे हैं। लेकिन इस बार 33 सदस्य चुने जाएंगे। (इसमें 1 पंचायत समिति बड़ल्या नई बनी है) Topics: राजस्थान पंचायत चुनाव

किशनगढ़बास क्षेत्र में आज दो घंटे बिजली बंद रहेगी:220 केवी जीएसएस से जुड़े 33 केवी फीडरों का होगा रखरखाव, 9 क्षेत्र प्रभावित

किशनगढ़बास क्षेत्र में गुरुवार, 8 अक्टूबर को दो घंटे बिजली बंद रहेगी। जयपुर विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के सहायक अभियंता आनंद राव ने बताया कि जरूरी रखरखाव काम के कारण बिजली सप्लाई रोकी जाएगी। 220 केवी जीएसएस किशनगढ़बास से निकलने वाली 33 केवी लाइनों के रखरखाव के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान 33 केवी खानपुर फीडर और 33 केवी कोलगांव फीडर की बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इसके चलते कोलगांव 33/11 केवी जीएसएस, देवता जीएसएस, खानपुर जीएसएस और दोहडा जीएसएस से निकलने वाले सभी 11 केवी फीडरों पर भी असर पड़ेगा। बिजली कंपनी के अनुसार, शटडाउन के कारण खानपुर, घासोली, कोलगांव, दोहडा, मुसाखेड़ा, मोठुका, देवता, बम्बोरा और दोगड़ा समेत 9 क्षेत्रों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लेने को कहा है।

एक ही छत के नीचे मिलेंगे प्लॉट्स, बैंकिंग सॉल्यूशन:कोटा व जयपुर के कई फेमस डेवलपर्स और बैंक एक मंच पर जुटेंगे, पूरा होगा ड्रीम होम का सपना

एजुकेशन हब के रूप में विश्वविख्यात कोटा अब तेजी से देश के प्रमुख 'इन्वेस्टमेंट और रियल एस्टेट हब' के रूप में उभर रहा है। शहर में चल रही बड़े पैमाने की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, औद्योगिक विस्तार और आधुनिक अर्बन प्लानिंग के कारण कोटा की रियल एस्टेट सेक्टर में निरंतर वैल्यू एप्रिसिएशन और हाई-रिटर्न की मजबूत संभावनाएं बनी हैं। ​इसी निवेश और आवासीय मांग को एक ही छत के नीचे पूरा करने के लिए दैनिक भास्कर और शुभम ग्रुप द्वारा कोटा संभाग का सबसे बड़ा 'मेगा प्रॉपर्टी एक्सपो-26' झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में 10 से 11 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। विशेष शगुन डिस्काउंट मिलेगा ​इस दो दिवसीय एक्सपो में शहरवासियों की क्वालिटी होम सॉल्यूशन की डिमांड पूरी करने के लिए कोटा व जयपुर के कई नामचीन डेवलपर्स और बैंक एक मंच पर जुटेंगे। एक्सपो में ऑन-स्पॉट बुकिंग कराने वाले विजिटर्स को 1 लाख रुपए तक का विशेष शगुन डिस्काउंट प्रदान किया जाएगा। ​एक्सपो में विजिटर्स को अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार प्लॉट्स, फ्लैट्स, रो-हाउसेस और कमर्शियल स्पेस का चयन करने का मौका मिलेगा। ये होंगे मुख्य प्रायोजक शुभम ग्रुप हैं। टेक पार्टनर-रियल राजस्थान व सहयोगी - केजीवी इंफ्रा, पार्थ सारथी ग्रुप, आशीर्वाद हाउसिंग ग्रुप, आशीष ग्रुप, सनराइज ग्रुप, पार्श्वनाथ ग्रुप , विजन ग्रेैंड ग्रुप , पिंकवाल ग्रुप एवं वीआरबी ग्रुप हैं। बैंकिंग सपोर्ट के लिए बैंक ऑफ बडौदा , स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं एसबी फाइनेंस है | सोलर सॉल्यूशंस के लिए सनोवेटिव सोलर प्रालि मौजूद रहेंगे। डेवलपमेंट से बढ़ा कोटा में निवेशकों का रुझान नितेश अग्रवाल,डायरेक्टर,आशीष ग्रुप का कहना हैं एजुकेशन सिटी कोटा आज देश का हॉट प्रॉपर्टी डेस्टिनेशन बन गया है। बेहतर रिटर्न और डेवलपमेंट के कारण कोटा में देशभर के निवेशकों का रुझान बढ़ा है। कोटा में बाराँ रोड़ पर चल रही डेवलपमेंट परियोजनाएं, दिल्ली मुंबई इंडस्ट्री कॉरिडोर रोड नेटवर्किंग, रेलवे कनेक्टिविटी ने इस क्षेत्र को रहने और निवेश,दोनों के लिए बेहतरीन बना दिया है। आशीष ग्रुप शहरवासियो को वाजिब दरों पर अच्छी रेजिडेंशियल टाउनशिप उपलब्ध कराने के की दिशा में कार्य कर रहा है। हाईटेक होता रियल एस्टेट सेक्टर अभिषेक गोखरू जैन, सीईओ एवं फ़ाउंडर, रियल राजस्थान डॉट इन एंड किराये पर डॉट कॉम का कहना हैं दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित किया जा रहा प्रोपर्टी एक्सपो एक बहुत ही अच्छी पहल है | एक ही प्लेटफॉर्म पर शहरवासियों को शहर के प्रमुख बिल्डर्स के प्रोजेक्ट्स और ऑफ़र्स से संबंधित जानकारी मिलेगी। कोटा में रियल एस्टेट का बाजार काफी तेज़ी से ग्रो कर रहा है, साथ ही रियल एस्टेट सर्विस प्रोवाइडर पोर्टल ने लोगो के लिए प्रॉपर्टी खरीदना आसान कर दिया है| रियल राजस्थान भी इसी दिशा में कार्य कर रहा हैं और राजस्थान वासियों के लिए अच्छे रिटर्न एवं बेहतर लोकेशन वाली प्रॉपर्टी के चुनाव को आसान बना रहा। सरल लोन प्रक्रिया से आसान बना घर खरीदना कुमार अभिषेक श्रीवास्तव, सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा, कोटा का कहना हैं दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित किया जा रहा प्रोपर्टी एक्सपो एक बहुत ही अच्छी पहल है | एक ही प्लेटफॉर्म पर शहरवासियों को शहर के प्रमुख बिल्डर्स के प्रोजेक्ट्स और लोन से संबंधित जानकारी मिलेगी। कोटा में रियल एस्टेट का बाजार काफी तेज़ी से ग्रो कर रहा है,इस कारण हाउसिंग लोन भी आसान और सस्ते हो गए है। बैंक ऑफ बड़ौदा कम ब्याज दरों पर आसान शर्तों पर लोन उपलब्ध करा रही हैं।

'फसलें जल गईं, बच्चों की फीस के लिए पैसे नहीं':कमजोर मानसून से किसान परेशान; बोले- ट्रेन से पानी मंगवाना पड़ेगा, अकाल घोषित करे सरकार

राजस्थान में इस साल बारिश की कमी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पाली के जवाई बांध में 20% से भी कम पानी बचा है। वहीं जिले के 16 छोटे-बड़े बांध सूख गए हैं। लोगों का कहना है कि ट्रेन से पानी मंगवाना पड़ेगा। कमजोर मानसून के चलते किसान नेता पाली जिले में अकाल घोषित करने और खराब फसलों का मुआवजा देने की बात कर रहे हैं। दैनिक भास्कर की टीम पाली जिले के खेतों पर पहुंची तो किसानों ने अपना दर्द साझा किया। पढ़िए पाली से खेती पर ग्राउंड रिपोर्ट पाली जिले में सिंचाई की उम्मीद लगभग बांधों पर टिकी है। जिले के 16 बांध वर्तमान में सूखे पड़े हैं। जवाई बांध सहित 14 बांधों में 20 प्रतिशत से भी कम पानी बचा है। अगले मानसून तक जिलेवासियों को पेयजल उपलब्ध करवाना भी प्रशासन के लिए चुनौती हो सकता है। ऐसे में संभावना है कि पेयजल की कमी के चलते जोधपुर से ट्रेन से पानी मंगवाना पड़े। घर खर्च के पैसे नहीं, सब बर्बाद हो गया किसान सुगनादेवी बताती हैं- पूरा परिवार खेती का काम ही करता है। 5 बीघा में सब्जियां बोई थीं लेकिन बरसात नहीं होने से सब बर्बाद हो गईं । बरसात होती तो अच्छी फसल लेते, करीब ढाई लाख रुपए की आमदनी होती। जिससे घर खर्च से लेकर तारबंदी का काम करवाते लेकिन सब बर्बाद हो गया। बरसात नहीं होने से अब आगे भी फसल कैसे बोएं। आगे दीपावली का त्योहार भी इस बार फीका ही मनाना पड़ेगा। चारे के दाम बढ़ गए, पशुओं को कैसे खिलाएं किसान रूपाराम कीर बताते हैं कि बरसात नहीं होने से खेतों में बोई ज्यादातर फसलें खराब हो गईं । कुछ बची हुई हैं, उन्हें जंगली सूअर और नील गाय नुकसान न पहुंचा दे इसलिए रात को खेत में सोना पड़ता है। चारा खराब हो गया। घर में सात-आठ गाय-भैंसे है उन्हें क्या खिलाएं। चारे के दाम भी बढ़ गए। नुकसान काफी ज्यादा हुआ है इस बार। रबी की फसल बुवाई पर भी संकट कमजोर मानसून के चलते किसानों की खरीफ की फसल बर्बाद हो चुकी है। बांध, तालाबों और कुआं में भी पर्याप्त पानी नहीं है। ऐसे में किसानों के सामने रबी की फसल बुवाई का भी संकट है। कृषि विभाग ने साल 2026-27 के लिए जिले में महज 1 लाख 39 हजार 500 हेक्टेयर रबी फसल का प्रस्ताव रखा है। जो पिछले साल के रकबे 3 लाख 16 हजार 100 हेक्टेयर से एक लाख 76 हजार 600 हेक्टेयर कम है। यानि करीब 56 प्रतिशत कम है। यह आंकड़े किसानों के लिए काफी चिंताजनक है। अकाल घोषित करे सरकार किसान नेता गिरधारी सिंह मंडली बताते हैं- सोजत और जैतारण क्षेत्र को छोड़कर, जिले भर में 80 से 100 प्रतिशत नुकसान हुआ है। तिल, बाजरी, ज्वार, मूंग फसलें किसानों की बरसात के अभाव में जल गईं। उन्होंने खुद 50 बीघा में मूंग, तिल की बुवाई की थी,जो खराब हो गई। प्रशासन को तुरंत गिरदवारी करवाकर अकाल घोषित कर किसानों को फसल खराबे का मुआवजा देना चाहिए। कृषि विस्तार पाली के संयुक्त निदेशक प्रदीप छाजेड़ का कहना है कि इस बार मानसून कमजोर रहा। खरीफ की फसलों में खराबा हुआ है और रबी की फसल की बुवाई पर भी असर पड़ेगा। 300 बीघा में मूंग की फसल हुई खराब रोहट क्षेत्र के ढाबर गांव के रहने वाले बाबू सिंह बताते हैं- 300 बीघा खेत में मूंग की फसल की बुवाई की थी। बरसात की कमी से पूरी फसल खराब हो गई। लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आस-पास के गांवों के किसानों की फसल भी खराब हो गई है। इसे लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया था। ब्याज पर रुपए लेकर बोई थी फसल, सब बर्बाद हो गई रानी गांव के रहने वाले किसान हीरालाल सोलंकी बताते हैं कि ब्याज पर रुपए उधार लेकर उन्होंने 50 बीघा में मूंग की फसल बोई थी। लेकिन पर्याप्त बरसात नहीं होने से फसल जल गई। काफी नुकसान हुआ। ब्याज पर लिए रुपए भी चुकाने हैं। कुओं में भी पानी की कमी बाली के रहने वाले खेताराम सीरवी ने बताया- 15 बीघा में ज्वार मक्की, मूंग की फसल की बुवाई की थी। जो पर्याप्त बरसात नहीं होने से खराब हो गई। कुएं में भी अब पर्याप्त पानी नहीं बचा। ऐसे में आगे गेहूं फसल की बुवाई करना भी मुश्किल है। 3 दिन में एक बार आता है पानी चंद्रिक शर्मा कहती हैं कि अब पाली में 72 घंटे में एक बार पानी आता है। पहले 24 घंटे में आता था। इस बार बरसात बहुत कम हुई। ऐसे में जवाई बांध में भी जिलेवासियों की प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त पानी नहीं है। जो हालात हैं उन्हें देखकर लगता है कि इस बार कुड़ी जोधपुर से वॉटर ट्रेन मंगवानी पड़ सकती है। क्योंकि फरवरी-मार्च तक पानी की काफी किल्लत हो जाएगी।

पंचायत चुनाव में ऊंट-बैलगाड़ी से नहीं कर सकेंगे प्रचार:सरपंच को 1 और जिला परिषद उम्मीदवार को 3 वाहन की अनुमति, पढ़ें पूरे नियम

पंचायतीराज चुनाव में इस बार उम्मीदवार प्रचार के लिए तय संख्या से ज्यादा वाहनों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार जिला परिषद सदस्य उम्मीदवार अधिकतम 3, पंचायत समिति सदस्य 2 और सरपंच उम्मीदवार 1 वाहन प्रचार में इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रचार में लगाए जाने वाले वाहनों की जानकारी पहले रिटर्निंग ऑफिसर को देना जरूरी होगा। उम्मीदवार ऊंट या बैलगाड़ी से भी प्रचार नहीं कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने इन्हें कमर्शियल वाहनों की श्रेणी में माना है। ऐसे वाहनों का प्रचार में इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव खर्च की सीमा दोगुनी पंचायतीराज चुनाव में उम्मीदवारों की खर्च सीमा भी बढ़ाई गई है। अब सरपंच 1 लाख, पंचायत समिति सदस्य 1.5 लाख और जिला परिषद सदस्य 3 लाख रुपए तक चुनावी खर्च कर सकेंगे। पहले यह सीमा क्रमश: 50 हजार, 75 हजार और 1.5 लाख रुपए थी। सरपंच के लिए जमानत राशि 500 रुपए सामान्य वर्ग के सरपंच उम्मीदवार को 500 रुपए जमानत राशि जमा करनी होगी। वहीं महिला, एससी, एसटी और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए यह राशि 250 रुपए है। 8वीं-10वीं पास की अनिवार्यता नहीं सरपंच चुनाव लड़ने के लिए 8वीं या 10वीं पास होना जरूरी नहीं है। यह शैक्षणिक योग्यता की बाध्यता वर्ष 2019 में हटा दी गई थी। मौजूदा नियमों के अनुसार अन्य पात्रताएं पूरी करने वाला निरक्षर व्यक्ति भी सरपंच, वार्ड पंच या पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ सकता है। दो से ज्यादा संतान पर पुरानी रोक भी खत्म दो से अधिक संतान होने पर चुनाव लड़ने की पुरानी अयोग्यता भी अब लागू नहीं है। मार्च 2026 में विधानसभा से संशोधन विधेयक पारित होने और राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद यह प्रावधान समाप्त कर दिया गया।

पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के नामांकन आज से:उदयपुर जिले में 10 पंचायत समितियों में होंगे चुनाव, 284 ग्राम पंचायतें भी शामिल

उदयपुर में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण की अधिसूचना आज जारी होगी और उसी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। उदयपुर जिले में कुल 20 पंचायत समितियों की 590 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित हैं। पहले चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस चरण में 826 मतदान केंद्र रहेंगे। पहले चरण में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ शामिल हैं। प्रथम चरण में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, तीन बजे तक रहेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, गुरुवार, नाम वापसी की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर, गुरुवार अपराह्न तीन बजे तक, चुनाव चिह्न का आवंटन 15 अक्टूबर, गुरुवार, मतदान 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक तथा मतगणना 20 नवंबर शुक्रवार को होगी। उदयपुर जिले में प्रथम चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन 23 अक्टूबर को तथा मतदान एवं मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

अजमेर से लापता किशोर-युवती यूपी में मिले:पुलिस ने 10 शहरों में खंगाले ठिकाने, ऑपरेशन खुशी-11 में कार्रवाई, परिजन को सौंपा

अजमेर में गुमशुदा और अपहृत बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन खुशी-11’ के तहत कृष्णगंज थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लापता हुए एक किशोर और युवती को उत्तर प्रदेश से ढूंढ निकाला। दोनों की तलाश में पुलिस टीम ने राजस्थान से लेकर दिल्ली-एनसीआर और यूपी तक कई शहरों में संभावित ठिकाने खंगाले। तकनीकी स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस दोनों तक पहुंची। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। थानाप्रभारी अरविन्द सिंह चारण ने बताया कि एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ और सीओ उत्तर शिवम जोशी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने जयपुर, अलवर, भिवाड़ी, गुरुग्राम, नजफगढ़, बहादुरगढ़, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गाजीपुर सहित कई स्थानों पर तलाश की। केस-1: 16 साल का किशोर गाजियाबाद में मिला बलदेव नगर निवासी ने 22 मई 2025 को रिपोर्ट दी थी कि बलदेव नगर स्थित चंचल केयर होम में दाखिल 16 वर्षीय किशोर बिना बताए कहीं चला गया। मामले में अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। लगातार प्रयास और अलग-अलग स्थानों पर जांच के बाद पुलिस ने किशोर को यूपी के गाजियाबाद स्थित पसौंडा गांव से ढूंढ निकाला। केस-2: घर से निकली 20 साल की युवती नोएडा में मिली दूसरे मामले में वैशालीनगर की जनता कॉलोनी निवासी महिला ने 3 सितंबर को रिपोर्ट दी कि उनकी 20 वर्षीय बेटी 2 सितंबर की सुबह घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश के साथ तकनीकी और मैदानी स्तर पर जानकारी जुटाई। इसके बाद युवती को नोएडा सेक्टर-73 स्थित स्पेक्ट्रम मॉल के पास से दस्तयाब कर लिया गया। टीम ने इन इलाकों में की तलाश पुलिस टीम ने दोनों मामलों में जयपुर से लेकर अलवर, भिवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली, नजफगढ़, बहादुरगढ़, नोएडा, गाजियाबाद और गाजीपुर तक संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। टीम में हेड कांस्टेबल धर्मराज थौरी, कृपाकंवर, कांस्टेबल महेंद्र बिजारणियां, मनरूप विश्नोई और करतार नुवाद शामिल रहे।