slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

पिकअप की टक्कर से महिला की मौत

गांव न्यांगल छोटी में पिकअप की टक्कर से बाइक पर सवार 53 वर्षीय महिला की मौत हो गई। एएसआई राजकुमार के अनुसार नरेश कुमार पुत्र सुरेश कुमार जाट निवासी न्यांगल छोटी ने रिपोर्ट दी कि वह रविवार शाम 7 बजे मां संतोष के साथ बाइक पर सवार होकर खेत से घर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप के चालक ने बाइक के टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। विक्रम व अजय ने उनको हॉस्पिटल पहुंचाया।

जमीन नहीं देने पर अड़े किसान, कल SDM कार्यालय घेराव की चेतावनी

यमुना जल समझौते के तहत हांसियावास डैम निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का धरना प्रदर्शन 26वें दिन भी जारी रहा। तांबाखेड़ी में चल धरने में किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आठ गांवों की उपजाऊ भूमि अधिग्रहण नहीं करने की मांग दोहराई। किसान नेता मीना देवी धानोठी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसान किसी भी स्थिति में आठ गांवों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहित नहीं होने देंगे। किसान नेता महेंद्र सिंह सहारण ने कहा कि सरकार को किसानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखते हुए किसानों की एकजुटता बनाए रखना जरूरी है। धरने में राजेश बुरा, लोकराम भादू और भरत सिंह पूनिया ने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान किया। कामरेड बलवंत पूनिया तांबाखेड़ी ने आंदोलन की आगामी रूपरेखा बताते हुए कहा कि संघर्ष को और व्यापक किया जाएगा। दलीप सिंह राजपूत ने भी विचार व्यक्त किए। किसान नेता महेंद्र सिंह ने बताया कि 16 सितंबर को एसडीएम राजगढ़ कार्यालय या सिद्धमुख तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

तारागढ़ी गणेश मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1 किमी लंबी कतार में लगे श्रद्धालु

चूरू देपालसर गांव के प्राचीन तारागढ़ी गणेश मंदिर में सोमवार को गणेश चतुर्थी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा, जिसमें चूरू शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से पहुंचे करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने प्रथम पूज्य गणेशजी के दरबार में हाजिरी लगाई। भक्तों में ऐसा उत्साह दिखा कि मंदिर परिसर से बाहर तक करीब एक किमी लंबी कतारें लग गई। मेले में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और आयोजकों ने विशेष प्रबंध किए थे। गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष बहादुरसिंह फगेड़िया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं और पुरुषों के प्रवेश हेतु अलग-अलग बैरिकेड्स लगाए गए। भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए बड़े वाहनों को देपालसर की सीमा के बाहर ही रोक दिया गया। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात रहा मेले में चूरू के अलावा रतननगर, रतनगढ़, मेघसर, श्यामपुरा और बिसाऊ सहित गांवों और ढाणियों से लोग पहुंचे। मेले का मुख्य आकर्षण भगवान गणेश को अर्पित किया गया विशाल प्रसाद रहा। पुजारी सुनील गोस्वामी ने बताया कि सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। इसी समय गणेश सेवा समिति की ओर से तैयार किए गए 1151 किलो केसरिया लड्डू का पहला भोग लगाया गया। इससे पूर्व मंगलवार रात हुए जागरण कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। चूरू. देपालसर के तारागढ़ी गणेश मंदिर में भरे मेले में उमड़े श्रद्धालु

भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु, शोभायात्रा के साथ हुई गणेश महोत्सव की शुरुआत

गो सेवा प्रभात फेरी कीर्तन मंडल की ओर से आयोजित चतुर्थ गणेश महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को शोभायात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते हुए गणपति बप्पा के जयकारे लगाते चल रहे थे। जैन हॉस्पिटल के पास डॉ. विनोद अग्रवाल, डॉ. उर्मिल अग्रवाल, डॉ. रामकुमार घोटड़, डॉ. जय लखटकिया, डॉ. सुलोचना लखटकिया आदि ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। घंटाघर के पास बैंक चेयरमैन राहुल पारीक, पवन मोहता, राजू टाटा सहित व्यापारियों ने स्वागत किया। महोत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएागा। कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इधर सिद्धमुख में गुरु गोरखनाथ विनायक सेवा समिति की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। गुरु गोरखनाथ मंदिर से रवाना हुई हुए समिति पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश चतुर्थी पर सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत बालाजी मंदिर के पास जागरण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। आयोजन में विनायक सेवा समिति अध्यक्ष लालचंद छींपा, अमन छींपा, विनोद चनानी, शिव कुमार सोनी, अमित चनानी आदि मौजूद रहे।

आरसेटी में सीसीटीवी कैमरा का निशुल्क प्रशिक्षण 18 से

भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान गांधी कॉलोनी जैसलमेर की ओर से ग्रामीण बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए 18 सितंबर से निशुल्क प्रशिक्षण शुरू होगा। इसमें सीसीटीवी कैमरा, सिक्योरिटी अलार्म एवं स्मोक डिटेक्टर की स्थापना, संचालन व सर्विसिंग का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। जिससे युवा रोजगार व स्वरोजगार से जुड़ सकें। इच्छुक अभ्यर्थी 17 सितंबर तक संस्थान में आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास तथा आयु 18 से 50 वर्ष निर्धारित है।

सादुलशहर एसएचओ और विधायक पीएसओ के खिलाफ विभागीय जांच

सादुलशहर एसएचओ मलकीयत सिंह तथा विधायक गुरवीर बराड़ के पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड गुरसेवक सिंह के खिलाफ विभागीय जांच हो रही है। इनके खिलाफ आरोपों की जांच के लिए रायसिंहनगर सेक्टर प्रभारी एएसपी नीलम चौधरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। एसपी हरीशंकर यादव ने बताया कि 11 सितंबर को दोपहर 3 बजे के करीब सादुलशहर के वार्ड नंबर पांच में प्रत्याशी मनीषा खीचड़ के पति, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप खीचड़ के साथ बदसलूकी के आरोप हैं। एसएचओ मलकीयत सिंह पर आरोप हैं कि उन्होंने भीड़ को जानबूझकर बूथ के अंदर आने दिया ताकि प्रदीप खीचड़ के साथ मारपीट की जा सके। पीएसओ पर आरोप हैं कि वे विधायक के साथ ड्यूटी की बजाय बूथ पर पहुंचे। वे मारपीट में शामिल हुए। इस संबंध में विभिन्न मीडिया समूहों की ओर से की गई वीडियो रिकॉर्डिंग, खुद पुलिस की ओर से की गई रिकॉर्डिंग को भी जांच अधिकारी जांच में शामिल कर रही हैं। चुनाव आचार संहिता समाप्त होने पर विभागीय जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व चेयरमैन प्रदीप खीचड़ के आरोप हैं कि एसएचओ विधायक के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। इस घटना को अंजाम दिलवाने में उनकी भूमिका संदिग्ध है। इसलिए उन्हें तथा पीएसओ को निलंबित किया जाए।

टिफिन लौटाने की बात पर विवाद दुकान भाइयों को पीट किया घायल

श्रीगंगानगर विनोबा मार्केट में टिफिन वापस लौटाने की मामूली सी बात पर इतना विवाद हुआ कि दुकानदार भाइयों की दो बार पिटाई कर सिर फोड़ दिए। घटना 13 सितंबर को दोपहर से लेकर शाम तक हुई। पीड़ित को आरोपियों ने अस्पताल तक में नहीं घुसने दिया। पुलिस साथ गई तब घायलों का उपचार करवाया जा सका। इसके बाद आरोपियों पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाल तेजवंत सिंह बराड़ ने मामले की जांच एएसआई सतीश चौहान को सौंपी है। आरोपियों को राउंडअप किया गया है। पुलिस को दिए परिवाद में विनोबा मार्केट में बर्तन हाउस की दुकान चलाने वाले सक्षम धूड़िया ने बताया कि वह 13 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे दुर्गा मंदिर के पास स्थित अपने शालीमार बर्तन भंडार पर बैठा था। इसी दौरान आरोपी अनिल चौधरी और बिल्ला दुकान पर आए।दोनों टिफिन वापस लौटाने की बात को लेकर विवाद करने लगे। पीड़ित के अनुसार उसने टिफिन वापस करने से मना किया तो आरोपियों ने उसके और उसके भाई कशिश धूड़िया के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। अनिल चौधरी और बिल्ला सहित 15-20 अन्य लोगों ने दुकान में घुसकर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। पीड़ित के चेहरे और मुंह पर धारदार हथियार से चोट मारी गई, जबकि भाई के सिर पर ईंट से वार किया गया। आरोपियों पर गल्ले से नकदी निकालकर ले जाने के भी आरोप हैं। पीड़ित सक्षम ने बताया कि जब आरोपी वारदात कर रहे थे, तब उसने पुलिस को 100 नंबर पर कॉल करके सूचना दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में जाकर उपचार लेने को कहा। इस पर पीड़ित कार लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। वहां आरोपी अपने कई साथियों के साथ पहले से मौजूद थे। वहां आरोपियों ने फिर से हम पर हमला कर मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया और थाने ले गई।

अध्यक्षीय पदों के लिए आज से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया, 21 को मतदान

प्रदेश के 309 निकायों में प्रथम व द्वितीय चरण में 9 व 11 सितंबर को मतदान के बाद सोमवार को सभी निकायों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। अध्यक्षीय पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होगी। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 16 सितंबर तक भरे जा सकेंगे। 18 सितंबर को नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा। उसी दिन मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की जाएगी। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए पूरी चुनावी प्रक्रिया 22 सितंबर को एक ही दिन में संपन्न होगी। इसके तहत सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। 11 बजे तक नामांकन होगा। 11:30 बजे संवीक्षा होगी। दोपहर 2:00 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 2:30 से 5:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

भाजपा ने निर्दलीयों सहित 40 पार्षदों के समर्थन का दावा किया, दावड़ा, मूंदड़ा और मय्यर दौड़ में

नगरपरिषद चुनाव में भाजपा को सभापति बनाने में निर्दलीयों का सहारा तो लेना पड़ेगा लेकिन ज्यादा मारामारी नहीं रहेगी। भाजपा बहुमत से महज तीन कदम ही दूर है। भाजपा में विधायक जयदीप बिहाणी का खेमा हावी रहा। अशोक चांडक की दबाव की रणनीति ज्यादा कारगर नहीं रही। सोमवार को घोषित चुनाव परिणामों में 65 वार्डों में भाजपा 30, कांग्रेस 17 और निर्दलीय 19 वार्डों में विजयी हुए। भाजपा में विधायक जयदीप बिहाणी के खेमे ने सोमवार रात तक पार्टी के 28 और 12 निर्दलीयों सहित पार्टी के 40 पार्षदों का बहुमत जुटाने का दावा किया। अब अशोक चांडक व मुकेश शाह का खेमा कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर विधायक खेमे में सेंधमारी की तैयारियां कर रहा है। भाजपा ने बीकानेर के समीप एक रिजोर्ट में पार्षदों की बाड़ेबंदी की है। सोमवार को चुनाव परिणाम के बाद निर्दलीय निर्वाचित पार्षद भी बाड़ेबंदी में पहुंच गए। कांग्रेस ने भी 14 पार्षदों को बाड़ेबंदी में लिया है। अशोक चांडक और मुकेश शाह की बाड़ेबंदी में 7 पार्षद हैं। चांडक, शाह और कांग्रेस संपर्क में हैं। आज बैठक में सभापति प्रत्याशी के नाम पर चर्चा, विधायक से नजदीकियां व जातिगत समीकरणों से दावड़ा मजबूत: बीकानेर में चल रही विधायक खेमे की बाड़ेबंदी में रविवार को पार्टी प्रत्याशी व निर्दलीय सहित 55 प्रत्याशी थे। चुनाव परिणाम के बाद हारे हुए प्रत्याशी लौट आए। नव निर्वाचित निर्दलीय प्रत्याशी बाड़ेबंदी में पहुंच गए हैं। मंगलवार को बाड़ेबंदी में शामिल पार्षदों की बैठक होगी। इसमें सभापति के नाम पर चर्चा कर सहमति बनाई जाएगी। भाजपा नेताओं के अनुसार जिस दावेदार के नाम पर पार्षदों की ज्यादा संख्या सहमत होगी, उसका प्रस्ताव प्रदेश भाजपा को भेजा जाएगा। सभापति पद के लिए तीन पार्षदों के नाम पर विचार हो रहा है। इसमें वार्ड नंबर 55 से निर्वाचित संजय मूंदड़ा, वार्ड नंबर 58 के अजय दावड़ा और वार्ड नंबर 21 से निर्वाचित डॉ. भरतपाल मय्यर का नाम शामिल है। विधायक जयदीप बिहाणी माहेश्वरी समुदाय के हैं। भाजपा जातिगत समीकरण संतुलित करने के लिए पंजाबी व अरोड़ा समुदाय को प्रतिनिधित्व देने के लिए सभापति बनाएगी। अजय दावड़ा पूर्व में उपसभापति रहे हैं। कांग्रेस विरोधी पारिवारिक पृष्ठभूमि, पंजाबी अरोड़ा समुदाय से होने और विधायक बिहाणी से नजदीकी की वजह से अजय दावड़ा की दावेदारी मजबूत है। अशोक चांडक के खेमे से नजदीकियों की वजह से संजय मूंदड़ा के नाम पर अड़चन है। विधायक जयदीप बिहाणी के नेतृत्व में भाजपा ने बीकानेर में पार्षदों को रखा है। यहां पार्टी सहित 40 पार्षदों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। विधायक जयदीप बिहाणी के अनुसार हमारे पास बहुमत है। सभापति बनाने के लिए 3 पार्षद ही और चाहिए। इससे कहीं ज्यादा हमारे पास हैं। मंगलवार तक कुछ और पार्षद भी आ जाएंगे। बिहाणी का दावा है कि प्रचंड बहुमत से भाजपा बोर्ड बनाएगी। पार्षद जिस पर सहमत होंगे, वो ही सभापति पद का प्रत्याशी होगा। चांडक व शाह खेमा: 7 पार्षदों का साथ, कांग्रेस की रणनीति का इंतजार: अशोक चांडक खेमे के पास फिलहाल दो भाजपाई सहित पांच पार्षद हैं। मुकेश शाह के समर्थित दोनों प्रत्याशी हार गए। अब शाह खेमे में दो निर्दलीय पार्षद हैं। चांडक व शाह इन पार्षदों के समर्थन से कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर प्रेशर पॉलिटिक्स करने की प्लानिंग में लगे हुए हैं। इस प्लानिंग में कांग्रेस के साथ मिलकर विधायक खेमे में सेंधमारी करने की रणनीति बनाई जा रही है। रणनीति कितनी कारगर होगी, ये कांग्रेस के रुख पर निर्भर करेगा। कांग्रेस: 17 में से 14 पार्षद बाड़ेबंदी में, प्रमुख दावेदार हारे: कांग्रेस की टिकट पर जीते 17 पार्षदों में से 14 पार्टी की बाड़ेबंदी में है। चांडक खेमे का समर्थन लेकर भाजपा के ​िखलाफ उम्मीदवार उतारने की रणनीति बन रही है। सभापति पद के प्रमुख दावेदार शिवदयाल गुप्ता व जगदीश झोरड़ हार गए। अन्य दावेदार अनूपसिंह बाजवा फिलहाल कांग्रेस की बाड़ेबंदी से बाहर हैं। कांग्रेस के ​पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी के अनुसार निर्दलीयों का समर्थन लेकर भाजपा के खिलाफ प्रत्याशी उतारने पर विचार हो रहा है। इस पर प्रदेश आलाकमान का निर्णय अंतिम होगा।

वार्ड चार में 6 और 48 में दो मतों से हारी भाजपा रिकाउंटिंग भी करवाई लेकिन रिजल्ट नहीं बदले

नगरपरिषद के पार्षद पदों के लिए मतगणना में वार्ड नंबर चार और 48 में भाजपा को कांग्रेस से बेहद नजदीकी हार का सामना करना पड़ा। हालांिक दोनों वार्डों में बीजेपी की ओर से रिकाउंटिंग भी करवाई गई, लेकिन परिणाम नहीं बदले। प्रशासन ने दूसरी बार की गई मतगणना की वीडियोग्राफी भी करवाई। वार्ड चार से कांग्रेस की प्रत्याशी कर्मजीत कौर को 661 वोट मिले जबकि बीजेपी उम्मीदवार मीना कुमारी को 655 वोट आए। इस वार्ड में आप की प्रत्याशी रजनदीप कौर को महज 106 वोट मिले जबकि निर्दलीय रेखा को आप की प्रत्याशी से ज्यादा 135 वोट आए। यहां 24 लोगों ने नोटा को वोट किया। कांग्रेस उम्मीदवार को 6 वोटों से विजयी घोषित किया। इसी तरह वार्ड 48 में कांग्रेस उम्मीदवार राम रतन घोड़ेला को 646 वोट पड़े जबकि बीजेपी उम्मीदवार एडवोकेट रजत स्वामी को 644 वोट मिले। यहां निर्दलीय प्रत्याशी सौरभ को 596 मत आए। नोटा को 25 लोगों ने वोट किया। भाजपा की ओर से वार्ड नंबर चार और 48 में अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए रिकाउंटिंग की अर्जी सहायक निर्वाचन अधिकारी को दी गई। सभी 65 वार्डों के परिणाम घोषित किए जाने के बाद इन दोनों वार्डों की मतगणना को दोबारा करवाया गया। हालांकि इससे कोई फायदा नहीं हुआ और चुनाव परिणाम पहले वाला ही रहा।

शिव मंदिर विनोबा बस्ती में 5 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू, 18 को निकलेगी विसर्जन यात्रा

विनोबा बस्ती स्थित शिव मंदिर में सोमवार को गणपति सहस्त्रार्चन के साथ पांच दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पार्क में गजानन की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के एक हजार नामों का जाप किया एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। पुजारी शंकर गुर्जर गौड़ ने बताया कि दूर्वा से किए गए सहस्त्रार्चन से विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं। महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 8 बजे पूजा होगी। शाम 4:30 से 6:30 बजे तक कीर्तन होगा। शाम 5:30 बजे भोग-आरती होगी। पांचों दिन श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लंगर-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। वहीं, 18 सितंबर को शाम 5:30 बजे मंदिर से गणपति विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद बप्पा को 101 किलो लड्डुओं का महाभोग लगेगा व प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन में सलोनी, दीपिका, ज्योति, अनीता सहित अन्य सेवादार सहयोग कर रहे हैं।

तपस्या से जीवन में आता है निखार: महासाध्वी

पर्युषण महापर्व के तहत अग्रसेन नगर स्थित एसएस जैन सभा भवन में धर्मसभा हुई। इसमें महासाध्वी डॉ. शिवप्रज्ञा ने कहा कि तपस्या से जीवन में निखार आता है। उन्होंने क्षमा को वीरों का आभूषण बताया और मन से वैमनस्य दूर करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में टांटिया यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन डॉ. मोहित टांटिया मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने अठाई तप करने पर तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष मुदित जैन बोरड़ का अभिनंदन किया और युवाओं में सद्‌संस्कारों की जरूरत बताई। सभा अध्यक्ष नरेश भोला और मंत्री विमल कोटेचा भी मौजूद रहे। मंगलवार सुबह 8:30 बजे संवत्सरी पर विशेष प्रवचन होंगे।

राधा माधव शिव हनुमान मंदिर में गजानन का मनमोहक शृंगार, 2100 लड्डुओं का भोग लगाया

यूआईटी के सामने शंकर कॉलोनी तृतीय स्थित राधा माधव शिव हनुमान मंदिर में गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा का विशेष पूजन और मनमोहक शृंगार किया गया। मुख्य पुजारी पं. शम्भू दयाल शास्त्री ने बताया कि सुबह महिलाओं ने दो घंटे तक भजन-कीर्तन कर गजानन का गुणगान किया। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ भगवान गणेश को मेहंदी व दूर्वा की मालाएं अर्पित की। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। गजानन को 2100 लड्डुओं और फलों की सवामणी का विशेष भोग लगाया गया। अंत में महाआरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में लड्डुओं और फलों का प्रसाद वितरित किया गया।

जिला स्तरीय प्रति. की तैयारी, एडीईओ ने बढ़ाया उत्साह

गांव के रिछपाल हैंडबॉल स्टेडियम में इन दिनों सुबह-शाम खेल का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए सैकड़ों खिलाड़ी दोनों सत्रों में मैदान में उतरकर पूरे दमखम और अनुशासन के साथ अभ्यास में जुटे हैं। सायंकालीन अभ्यास सत्र के दौरान अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (श्रीगंगानगर) ने स्टेडियम का दौरा कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहकर खेल और पढ़ाई में संतुलन बनाने की सीख दी, जिससे वे जीवन में बेहतर मुकाम हासिल कर सकें। ​पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक प्रेम स्वामी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता नजदीक होने के कारण दोनों सत्रों में विशेष प्रशिक्षण सत्र चलाए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। ​इस मौके पर जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष इकबाल सिंह, राजेश गोदारा, घनश्याम भादू, राजेन्द्र थौरी, रविंद्र भाभू, अशोक कुमार, सुखचैन सिंह, कुलदीप, जितेंद्र स्वामी, इन्द्राज, इन्द्रसेन जांगू सहित कई खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। स्टेडियम में व्यवस्थाओं का अवलोकन करते ग्रामीण।

पुरानी आबादी के युवक से मारपीट, करवाया मुकदमा

मीरा चौक से मौसम विभाग रोड पर ओवरब्रिज के पास एक युवक से मारपीट कर घायल कर दिया गया। वारदात 12 सितंबर शाम की है। पीड़ित युवक की मां की ओर से जवाहरनगर थाने में परिवाद देकर मामला दर्ज करवाया गया है। इसमें कई युवकों पर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित युवक का मंगलवार को जिला अस्पताल से मेडिकल करवाया जाएगा। श्रीगंगानगर। जिले में सोमवार को तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में मापा गया सबसे अधिक तापमान रहा। दूसरे नंबर पर राजस्थान के ही पश्चिमी जिले बाड़मेर और जैसलमेर रहे जिनमें अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री एक जैसा ही रहा। श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री मापा गया। सोमवार को दिन में हल्के बादल दिखाई दिए लेकिन बरसात नहीं कर पाए। हवा एक किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली, इससे गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए।