slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

डूंगरपुर में यादव समाज ने मनाई बाबा रामदेव जयंती:शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली, मंदिर में विधि-विधान के साथ किया ध्वजारोहण

डूंगरपुर में यादव समाज ने रविवार को बाबा रामदेव की जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण किया गया। शहर के बाबा रामदेव मंदिर से शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा कानरा पोल, अस्पताल मार्ग, माणक चौक और दर्जीवाड़ा से होते हुए अंबेडकर कॉलोनी स्थित मंदिर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते हुए बाबा रामदेव के जयकारे लगा रहे थे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में समाज के लोग और श्रद्धालु शामिल हुए। शहर में घूमने के बाद शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंची, जहां परंपरा के अनुसार ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान मंदिर में कई धार्मिक कार्यक्रम भी हुए। जयंती को लेकर समाज के लोगों में काफी उत्साह दिखा। यादव समाज के अध्यक्ष दलजी यादव ने बताया कि बाबा रामदेव की जयंती पर समाज की ओर से हर साल कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

चूरू आदर्श विद्या मंदिर ने जीता राज्य स्तरीय बैडमिंटन खिताब:जोधपुर को हराया, अब दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम

चूरू आदर्श विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने डीडवाना में हुई राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फाइनल मुकाबले में जोधपुर की टीम को हराकर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में चूरू के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही अच्छा तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल दिखाया। फाइनल में भी खिलाड़ियों ने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया और जोधपुर को मात दी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर चूरू के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। ये खिलाड़ी अब दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और अपना खेल कौशल दिखाएंगे। चूरू की विजेता टीम में अशोक, गौरव शर्मा, भव्य सैनी, फिरोज बिंदा और गौरव सैनी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी शटल स्टार्स बैडमिंटन अकादमी चूरू के कोच सौरभ स्वामी के मार्गदर्शन में नियमित रूप से बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने भी खुशी जताई है। चूरू के इन युवा खिलाड़ियों की राज्य स्तरीय सफलता ने जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल बना दिया है। अब खिलाड़ी दिल्ली में बेहतर प्रदर्शन कर चूरू और राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।

मचकुंड में डूब रही दो महिलाओं को कॉन्स्टेबल ने बचाया:चौकी इंचार्ज और लोगों ने पाइप से बाहर निकाला, अधिकारियों ने पीठ थपथपाई

धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड में रविवार को पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और हिम्मत से दो महिलाओं की जान बच गई। मचकुंड चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल पप्पू राम ने महिलाओं को डूबता देख तुरंत पानी में छलांग लगा दी। चौकी इंचार्ज हेड कॉन्स्टेबल राजेश सिंह और वहां मौजूद लोगों ने लोहे के पाइप की मदद से कॉन्स्टेबल और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद की रहने वाली वैजयंती (30) पत्नी रामनरेश और रामदेवी (26) पत्नी जयराम मचकुंड में नहा रही थीं। नहाते समय वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। महिलाओं को डूबता देख मचकुंड चौकी के कॉन्स्टेबल पप्पू राम तुरंत पानी में कूद गए। उन्होंने दोनों को संभालने की कोशिश की। इसी बीच, चौकी इंचार्ज हेड कॉन्स्टेबल राजेश सिंह और वहां मौजूद लोगों ने लोहे के पाइप पानी में डाले। इनकी मदद से कॉन्स्टेबल और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के समय सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव भी मचकुंड मेले की व्यवस्थाएं देखने मौके पर मौजूद थे। पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और कॉन्स्टेबल पप्पू राम की बहादुरी देखकर सीओ सिटी और कोतवाल रामकिशन यादव ने चौकी स्टाफ की तारीफ की। कोतवाल रामकिशन यादव ने मचकुंड में नहाने आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग तय और सुरक्षित जगह पर ही नहाएं और गहरे पानी में जाने से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है।

वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के तहत 400 यात्री रवाना:डूंगरपुर और बांसवाड़ा से रामेश्वरम के लिए स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत डूंगरपुर रेलवे स्टेशन से 400 यात्रियों का जत्था रामेश्वरम तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ। देवस्थान विभाग की सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 400 यात्री हैं। इनमें 300 यात्री बांसवाड़ा जिले से और 100 यात्री डूंगरपुर जिले से शामिल हैं। यह धार्मिक यात्रा डूंगरपुर से शुरू होकर 20 सितंबर को समाप्त होगी। 20 सितंबर की सुबह 8:30 बजे ट्रेन वापस डूंगरपुर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को रामेश्वरम धाम के साथ-साथ आसपास के प्रमुख धार्मिक और दर्शनीय स्थलों जैसे धनुषकोडी के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रियों के लिए सुबह की चाय-नाश्ता, दोपहर का भोजन और शाम के खाने की पूरी व्यवस्था तय शेड्यूल के अनुसार की गई है। वरिष्ठ नागरिकों की सेहत का ध्यान रखने के लिए एक मेडिकल टीम भी साथ गई है। इस टीम में एक डॉक्टर और दो नर्सिंग कर्मी शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था संभालने के लिए हर कोच में दो अनुदेशक (गाइड/केयरटेकर) नियुक्त किए गए हैं। ये कर्मचारी पूरी यात्रा के दौरान बुजुर्गों की देखभाल करेंगे।

बेटी ने घर में की चोरी, प्रेमी को दिए गहने-नकदी:3 आरोपी गिरफ्तार, पड़ोसी के घर भी चांदी के जेवर और कैश चुराए

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने हनुमानपुरा गांव में 7-8 अगस्त की रात हुई नकबजनी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 2 आरोपियों को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के राहोरी से पकड़ा गया, जबकि 1 महिला आरोपी को हनुमानपुरा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक घर की बेटी रेखा ने ही अपने घर से जेवरात और नकदी चोरी कर अपने प्रेमी सचिन मीणा को दिए थे। 8 अगस्त को हनुमानपुरा निवासी लालाराम रैगर और रामचंद्र मेघवाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7-8 अगस्त की रात चोर उनके घरों से सोने-चांदी के जेवरात, करीब 3.55 लाख रुपए नकद और दूसरा सामान चुरा ले गए। चितावा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। महाराष्ट्र में प्रेमी समेत 2 आरोपी पकड़े घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके से तकनीकी सबूत जुटाए। सीसीटीवी फुटेज, बीटीएस और सीडीआर के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच में सचिन सोहन मीणा की भूमिका सामने आई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना के बाद महाराष्ट्र के अहमदनगर चले गए हैं। इसके बाद टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी सबूतों के आधार पर सचिन सोहन मीणा (23) और वीरेंद्र उर्फ गोलू मीणा (20) दोनों निवासी पचार, थाना दांतारामगढ़, जिला सीकर को राहोरी, अहमदनगर से पकड़ा। रेखा (22) को हनुमानपुरा से गिरफ्तार किया गया। इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोस्ती पुलिस के अनुसार सचिन मीणा की रेखा से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोप है कि सचिन ने रेखा पर अपने घर से जेवरात और नकदी चोरी कर उसे देने का दबाव बनाया। इसके बाद रेखा ने 30 जून से अलग-अलग समय पर अपने घर से सोने का टेवटा, सोने का बिस्कुट, चेन, सोने की कंठी, दो सोने की अंगूठियां और करीब 3.50 लाख रुपए नकद निकालकर सचिन को दे दिए। दोस्त के साथ पहुंचा प्रेमी इसके बाद 7-8 अगस्त की रात चोरी की घटना का रूप देने की योजना बनाई गई। पुलिस के अनुसार, सचिन और विरेन्द्र हनुमानपुरा पहुंचे और रेखा के पड़ोसी रामचंद्र के मकान का जंगला तोड़कर अंदर घुसे। वहां से चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की गई। वहीं रेखा ने अपने घर में बक्सों और अलमारी के कपड़े बाहर बिखेर दिए, ताकि उसके घर में भी चोरी होने का संदेह हो। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर चोरी किए गए माल की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। महिला आरोपी रेखा को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

भाटेलाई पुरोहितान में सोलर प्लांट से 6 इनवर्टर चोरी:40 लाख रुपए कीमत; दो महीने में दूसरी बार हुई वारदात

जोधपुर ग्रामीण के भाटेलाई पुरोहितान स्थित एक सोलर प्लांट से चोरों ने करीब 40 लाख रुपए कीमत के 6 इनवर्टर चुरा लिए। यह घटना 12 सितंबर की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच हुई। सूचना मिलने पर बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर मामला दर्ज किया। प्लांट मालिक भंवरसिंह पुत्र तुलछसिंह राजपुरोहित (53) ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि सुराणी सरहद स्थित प्लॉट नंबर 1 पर मेरा सोलर प्लांट है। चोरों ने शनिवार तड़के 6 इनवर्टर चुरा लिए। एक इनवर्टर की कीमत करीब 6.06 लाख रुपए है। इनवर्टर, अन्य सामान और लेबर के नुकसान को मिलाकर करीब 40 लाख रुपए की चोरी हुई है। दो महीने पहले 7.5 किलोमीटर वायर हुए थे चोरी पीड़ित भंवरसिंह ने बताया- इससे पहले 16 जुलाई को भी इसी प्लांट से करीब 7.5 किलोमीटर लंबी केबल चोरी हो गई थी। इससे 10.41 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। उस समय भी बालेसर थाने में मामला दर्ज कराया गया था, लेकिन पुलिस अब तक न तो चोरों का पता लगा पाई और न ही माल बरामद कर सकी। बालेसर थाना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थानाधिकारी भंवराराम विश्नोई को दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।

निरंकारी महिला संत समागम में गूंजा प्रेम-भक्ति का संदेश:बहनों ने संभाली व्यवस्थाएं; सशक्तिकरण पर भी जोर दिया

चूरू में संत निरंकारी मिशन जोन 19-ए की तरफ से रविवार को निरंकारी महिला संत समागम हुआ। यह आयोजन संत निरंकारी भवन चूरू में किया गया। इसमें चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नीमकाथाना समेत आसपास के जिलों से महात्माओं और बहनों ने हिस्सा लिया। संत समागम में सतगुरु की महिमा का गुणगान किया गया। अमृतसर से आईं प्रचारक बहन प्रीति ने समागम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्मज्ञान मिलने के बाद हर प्राणी में परमात्मा का नूर दिखने लगता है। उन्होंने चूरमा का उदाहरण देते हुए समझाया कि जैसे रोटी, चीनी और घी को मिलाकर चूरमा बनाने के बाद उन्हें अलग करना मुश्किल होता है, वैसे ही निराकार परमात्मा को जानने के बाद हर प्राणी में उसी परमात्मा का नूर दिखाई देता है। बहन प्रीति ने बताया कि जीवन में मुश्किल हालात आते रहते हैं, लेकिन भक्त उन्हें परमात्मा का प्रसाद मानकर स्वीकार करते हैं। संत समस्याओं को समाधान में बदलने की ताकत रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रिश्तों को प्यार से निभाना, गुरु की आज्ञा मानना और हर संत का आदर करना ब्रह्मज्ञानी का फर्ज है। उन्होंने बाबा गुरु वचन सिंह, बाबा हरदेव सिंह, बाबा अवतार सिंह, माता बुधवंती और राजमाता के जीवन से जुड़े उदाहरणों से संगत को संदेश दिया। जोनल इंचार्ज शिव भगवान बजाज ने महिला संत समागम में आए श्रद्धालुओं का आभार माना। इस मौके पर उषा बजाज, पूनम मियानी और इमरती ने चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया। अमृतसर से आईं बहन पूनम बत्रा और आशु अरोड़ा ने भी अपने विचार रखे।

धौलपुर में 2 सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत:ट्रेलर ने बाइक सवार को रौंदा, एंबुलेंस पलटने से ड्राइवर की जान गई; 4 घायल अस्पताल में भर्ती

धौलपुर जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहला हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के सागरपाड़ा स्थित चंबल पुल के पास हुआ। आगरा से ग्वालियर जा रहे तीन बाइक सवारों को पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में मोती कटरा निवासी देव (20) पुत्र मोहन बाबू की मौत हो गई। वहीं, कृष्णा (18) पुत्र पप्पू और कान्हा (23) पुत्र किशन घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देव अपने साथ कृष्णा और कान्हा को बाइक पर लेकर ग्वालियर जा रहा था। चंबल पुल के पास तीनों चंबल नदी देखने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। दूसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास हुआ। इस हादसे में निजी एंबुलेंस ड्राइवर शंकर कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस में सवार दो वर्षीय बच्ची मधु और उसके पिता दशरथ (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बसई नवाब थाना क्षेत्र के बरीपुरा गांव निवासी दशरथ अपनी दो वर्षीय बेटी मधु को इलाज के लिए जयपुर लेकर जा रहा था। बच्ची को धौलपुर के निजी अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया था। इसके बाद वे निजी एंबुलेंस से जयपुर के लिए रवाना हुए। एंबुलेंस ओडेला निवासी शंकर कश्यप चला रहा था। चांदपुर गांव के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। ड्राइवर ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ड्राइवर शंकर कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मधु और उसके पिता दशरथ घायल हो गए।

ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत:रामदेवरा से दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा, मौके पर तोड़ा दम

बूंदी के देईखेड़ा थाना इलाके में कोटा-दौसा मेगा हाईवे पर कोटाखुर्द के पास शनिवार देर रात एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहा था। इस घटना के बाद परिजनों और अन्य तीर्थयात्रियों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के समझाने के बाद देर रात करीब 11 बजे जाम खुलवाया गया। रविवार सुबह देईखेड़ा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ट्रक ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, भाई-भांजा हुए घायल देईखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के गुना जिले के बालाखेड़ा निवासी 31 साल का नवल सिंह बंजारा अपने भाई मोहन और भांजे के साथ एक ही बाइक से रामदेवरा से वापस आ रहा था। लाखेरी की ओर से आ रहे गेहूं से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नवल सिंह की मौके पर ही जान चली गई। मोहन और उसका भांजा दूर जा गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। हाईवे पर 2 घंटे तक चला प्रदर्शन घटना की सूचना मिलते ही देईखेड़ा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। लेकिन, नाराज परिजनों और तीर्थयात्रियों ने शव पुलिस को देने से मना कर दिया। करीब 2 घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मेगा हाईवे पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप रहा। ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया देर रात करीब 11 बजे इंद्रगढ़ तहसीलदार रामभरोस मीणा, लाखेरी नायब तहसीलदार जगदीश शर्मा, देईखेड़ा थानाधिकारी रामभरोसी मीणा, लबान सरपंच बुद्धि प्रकाश मीणा और समाजसेवी नरेंद्र मीणा, गोविंद मीणा, रामावतार की मौजूदगी में लोगों को समझाया गया। इसके बाद शव को देईखेड़ा अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया और हाईवे पर यातायात फिर से शुरू किया गया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। थानाधिकारी रामभरोसी मीणा ने बताया कि ट्रक कोटा जिले के इटावा क्षेत्र से गेहूं भरकर उदयपुर जा रहा था। ड्राइवर विक्रम को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मॉर्च्युरी के अभाव में खाली वार्ड में रखना पड़ा शव देईखेड़ा राजकीय सामुदयिक अस्पताल में मॉर्च्युरी नहीं होने से शव को खाली वार्ड में रखकर पुलिस को रातभर अपनी निगरानी में रखना पड़ा। सरपंच बुद्धिप्रकाश मीणा ने बताया कि अस्पताल में एक्सप्रेस मेगा दिल्ली मुम्बई रेल चम्बल व मेज नदी क्षेत्र में कई हादसों में मृतकों के शव देईखेड़ा अस्पताल लाते है, लेकिन मॉर्च्युरी के अभाव क्षतिग्रस्त शव को सुरक्षित रखने में जद्दोजहद करनी पड़ती है

पीलीबंगा में मजदूर के पुराने मकान की छत ढही:सामान मलबे में दबा, परिवार खुले आसमान के नीचे; मदद की गुहार

हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा शहर में एक मजदूर परिवार पर अचानक संकट आ गया है। वार्ड नंबर 04 में वाल्मीकि पार्क के पास रहने वाले मजदूर पंकज नायक के पुराने मकान की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जान का नुकसान टल गया। हालांकि, कमरे में रखा राशन, कपड़े, बर्तन और रोजमर्रा की पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर पूरी तरह नष्ट हो गई है। छत ढहने के बाद पंकज, उनकी पत्नी सीमा और बच्चे सिर छिपाने की जगह से भी वंचित हो गए हैं। पूरा परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। मजदूरी से गुजारा करने वाले इस परिवार के सामने न सिर्फ घर का संकट है, बल्कि दो वक्त की रोटी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मलबे में दबे सामान के साथ परिवार की जरूरी चीजें भी खत्म हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान काफी पुराना और कमजोर हो चुका था। अचानक छत गिरने से आसपास के लोग घबरा गए। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। अच्छी बात रही कि उस समय परिवार के सदस्य कमरे के अंदर नहीं थे, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था। पीड़ित परिवार और इलाके के नागरिकों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और भामाशाहों से जल्दी आर्थिक मदद मांगी है। उन्होंने घर बनाने और तुरंत राहत का सामान देने की मांग की है, ताकि परिवार को कम से कम सिर छिपाने की जगह और खाने-पीने का इंतजाम मिल सके।

महाराणा प्रताप रिड़खला ने जीता उद्घाटन मैच:सोमासी टीम को हराया, चूरू में ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आगाज

चूरू के भालेरी रोड स्थित होटल सोमासी में रविवार को ओपन कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाजपा नेता विक्रम सिंह कोटवाद ने इसका शुभारंभ किया। शुभारंभ के मौके पर विक्रम सिंह कोटवाद ने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को हार-जीत पर ध्यान नहीं देकर अपने खेल कौशल पर ध्यान देना चाहिए। इससे उन्हें निश्चित सफलता मिलेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच महाराणा प्रताप रिड़खला और सोमासी गांव की टीम के बीच खेला गया। इसमें महाराणा प्रताप रिड़खला की टीम ने सोमासी की टीम को हराया। इस जीत के साथ महाराणा प्रताप रिड़खला की टीम अगले दौर में पहुंच गई। इस मौके पर रणजीत कड़वासरा, रामचंद्र पूनिया, नवलसिंह राठौड़, नरेंद्रसिंह दांदू, दौलतराम भांभू, अजित मेघवाल, प्रदीप सिंह, राजपाल सिंह, परसाराम पूनिया, पवन पूनिया, सहीराम पूनिया, देवीलाल ढूकिया, विद्याधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, दिनेश पूनिया, कपिल बुरड़क, लालसिंह भालेरी, रामनिवास खीचड़, नरेश कुल्हरी, जगदीश शर्मा, इंद्राज नायक, सांवरमल स्वामी और मुकेश सूंडा सहित कई लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आयोजक मनोज सिंह सोमासी ने बताया कि विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

पांचना नदी में कूदकर बुजुर्ग ने किया सुसाइड:लोगों ने मदद से पुलिस ने निकाला बाहर, कारणों का नहीं हुआ खुलासा

करौली में पांचना नदी में एक बुजुर्ग कूद गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से वृद्ध को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हरीचरण (57) के रूप में हुई है। वह गंगापुर सिटी के काजीपाड़ा का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार वृद्ध के नदी में कूदने की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने हरीचरण को मृत बताया। इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दे दी है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग के नदी में कूदने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ परिवार और वहां मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है।

जयपुर-मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, 3500KG मेहंदी खत्म:रील में दावा-मेहंदी लगाने से कुंवारों की होती है शादी, दिल्ली-चंडीगढ़ समेत कई शहरों से पहुंचे लोग

जयपुर के मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारा पर रविवार को मेहंदी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अचानक भीड़ बढ़ने से कई जगह धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके चलते महाराष्ट्र की एक महिला श्रद्धालु बेहोश हो गई। वहीं शाम 7 बजे के करीब मंदिर प्रशासन की ओर से मेहंदी खत्म होने का एनाउंसमेंट कर दिया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से लोगों को घर जाने की अपील की गई। तीन घंटे में 3500 किलो मेहंदी खत्म हो गई। मेहंदी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार रील शेयर होने के बाद दिल्ली, चंडीगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, पुणे, इंदौर, भोपाल और आगरा सहित कई शहरों से लोग जयपुर पहुंचे। इनमें कुछ लोग अपने बेटे-बेटी के लिए तो कुछ बहन के लिए मेहंदी लेने आए थे। कई लोग शनिवार रात को ही जयपुर पहुंच गए थे। सोशल मीडिया पर शेयर रील्स में दावा किया गया कि यहां की मेहंदी लगाने से कुंवारे लड़के-लड़कियों की शादी हो जाती है। इससे जयपुर के साथ देश के अलग-अलग शहरों से लोग शनिवार रात से ही मंदिर पहुंचने लगे। मेहंदी का वितरण शाम 7 बजे से होना था, लेकिन भीड़ बढ़ने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसे शाम 5 बजे से शुरू करने की घोषणा कर दी। दिन चढ़ने के साथ मंदिर के बाहर और आसपास भीड़ बढ़ती चली गई। स्थिति यह रही कि गणेश चतुर्थी की तरह भीड़ सिंजारा के लिए नजर आई। इसके चलते गणेश चतुर्थी के लिए होने वाला ट्रैफिक डायवर्जन भी एक दिन पहले से शुरू कर दिया गया। मंदिर के बाहर तख्तेशाही रोड और जेएलएन मार्ग तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई हैं। पहले देखें PHOTOS दूसरे शहरों से आए लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल मेहंदी लेने दूसरे शहरों से आए लोगों ने कहा- भीड़ के हिसाब से पुलिस की व्यवस्था कम नजर आई। आगरा से आए दीपक ने कहा- यहां की मेहंदी लेने से शादी हो जाती है। इसी वजह से यहां आया था। यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही। न लाइन समझ में आ रही है और न ही यह बताया जा रहा है कि मेहंदी कहां से मिलेगी।

निकाय चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप तेज:भाजपा और कांग्रेस ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन

करौली में नगर निकाय चुनाव के बीच भाजपा और कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने कुछ प्रत्याशियों पर दबाव बनाने, स्टांप और खाली चेक लिए जाने तथा संभावित विजयी प्रत्याशियों को कथित रूप से अपने साथ ले जाने की शिकायत करते हुए एडीएम को ज्ञापन सौंपा। वहीं कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समर्थित प्रत्याशियों और उनके परिजनों पर दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने और शिकायतों की जांच की मांग की है। भाजपा ने लगाए दबाव के आरोप भाजपा की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ पार्षद प्रत्याशियों से दबावपूर्वक हस्ताक्षरित स्टांप, खाली चेक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लिए गए हैं। प्रत्याशियों और उनके परिजनों को कथित रूप से डराने-धमकाने की शिकायत भी की गई। भाजपा ने आरोप लगाया कि संभावित रूप से विजयी होने वाले कुछ प्रत्याशियों को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाकर जिले से बाहर रखने और उनके मोबाइल फोन अपने पास रखने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने सभी प्रत्याशियों की स्वतंत्र और सुरक्षित स्थिति का सत्यापन कराने की मांग की। मतगणना तक सुरक्षा की मांग भाजपा ने मतगणना और सभापति चुनाव तक निर्वाचित पार्षदों को किसी भी प्रकार के दबाव, भय, प्रलोभन या राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की मांग की। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के नाम एडीएम को सौंपे ज्ञापन में पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार कुछ स्थानों पर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों द्वारा कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रत्याशियों और उनके परिजनों पर दबाव बनाने, डराने-धमकाने तथा कथित रूप से जबरन साथ ले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग कांग्रेस ने संबंधित क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, पुलिस वाहनों के जीपीएस रिकॉर्ड, लॉगबुक, ड्यूटी चार्ट, प्रत्याशियों से संबंधित कार्रवाई के रिकॉर्ड और मतदान केंद्रवार टर्नआउट रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की। साथ ही सभापति और उपसभापति चुनाव में बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप रोकने की मांग की गई। दोनों पक्षों ने निष्पक्ष जांच मांगी कांग्रेस का ज्ञापन जिला अध्यक्ष एवं विधायक घनश्याम महर, सांसद भजनलाल जाटव और पूर्व विधायक लाखन सिंह मीना की अगुवाई में सौंपा गया। इस दौरान भूपेंद्र भारद्वाज, सुनील सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने भी एडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी शिकायतें रखीं। दोनों पक्षों ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने की मांग की है।

पत्नी और 3 बेटियों के हत्यारे को पकड़ा:जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने गया; कर्ज में डूबे होने के कारण उठाया कदम

जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर भागे राहुल झा (45) को पुलिस ने पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी को सीकर के रींगस इलाके से पकड़ा गया है। करधनी थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची। शनिवार को ही आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। सूत्र के मुताबिक, आरोपी जयपुर से भागकर खाटूश्याम जी के दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद एक होटल में रूम ले लिया। खर्चे के रुपए नहीं होने पर होटल में अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की। होटल वाले ने अंगूठी के बदले 500 रुपए देने से भी मना कर दिया। इसके बाद होटल छोड़कर वह रींगस पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मुंह पर कपड़ा बांधकर घूम रहा था आरोपी पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा है। पुलिस की स्पेशल टीम को रींगस के पास आरोपी के घूमने की सूचना मिली थी। रींगस के होटल के पास बैठकर स्पेशल टीम आरोपी का इंतजार कर रही थी। कुछ देर बाद आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधकर होटल से निकला तो टीम ने पहचान कर उसको पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि बचने के लिए वह अपना चेहरा छुपाकर घूम रहा था। बेहोशी में पत्थर से सिर कुचला पुलिस को शुक्रवार को सुबह 10 बजे महिला और 3 बेटियों की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के खून से लथपथ शव मिले थे। गीता की बॉडी मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिली थी, जबकि तीन बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर पर दो कमरों में मिले थे। पुलिस को राहुल के खून से सने कपड़े मिले थे। उसका मोबाइल भी घर पर मिला, जो स्विच ऑफ था। खूने से सने कपड़े बदले सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने कर्ज में डूबे होने के चलते ऐसा कदम उठाया। माना जा रहा है कि प्लान के तहत उसने पत्नी और तीनों बेटियों को खाने में जहर मिलाकर खिला दिया। सुबह जल्दी उठकर आरोपी ने पत्नी और बेटियों को चेक किया। आरोपी का शक था कि जहर देने के बाद भी पत्नी-बेटियां बच जाएंगी। ऐसे में वह घर के बाहर रखी डेढ़ फीट की करीब 10 किलो की सीमेंट पट्टी उठाकर लाया और बेहोशी की हालत में तीनों बेटियों और पत्नी के सिर-चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खून से सने कपड़े बदल लिए। पुलिस की जांच में सामने आया कि, राहुल ने सुबह 7 बजे दूध वाले से दूध लिया और बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा (85) को चाय बनाकर पिलाई थी। इसके बाद पिता को बाहर जाने की बात कहकर फरार हो गया। इसके बाद से ही पुलिस टीमें CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। ------------ ये खबर भी पढ़ें… जयपुर-पत्थर से सिर कुचलकर पत्नी और तीन बेटियों की हत्या:फिर पिता को चाय पिलाई और फरार हो गया, अलग-अलग कमरों में मिली लाश जयपुर के करधनी इलाके में गुरुवार देर रात पति ने पत्नी और 3 बेटियों की हत्या कर दी। चारों की सिर पर पत्थर और मुंह पर वार कर हत्या की गई है। फिर शुक्रवार सुबह बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर आरोपी फरार हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)