slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

खिलाड़ियों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा:नई दिल्ली में होने वाली SGFI प्रतियोगिता के लिए 24 खिलाड़ियों को चयन

डीडवाना के पंडित बच्छराज व्यास आदर्श विद्या मंदिर में तीन दिवसीय अखिल भारतीय और क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को खत्म हो गई। इसमें बास्केटबॉल, बैडमिंटन और लॉन टेनिस के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। समापन समारोह में राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह, विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के खेल संयोजक सत्यनारायण मिश्रा, व्यवसायी रणछोड़ मलावत, समाजसेवी संजय सोनी और डॉक्टर चंद्र प्रकाश पारीक अतिथि के तौर पर मौजूद थे। स्कूल समिति के व्यवस्थापक कमल मोट ने अतिथियों का स्वागत किया। स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश कुमार सारस्वत ने प्रतियोगिता के नतीजे बताए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। लॉन टेनिस टीम के 12 लड़के और 12 लड़कियों समेत कुल 24 खिलाड़ियों को नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय SGFI प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। ये खिलाड़ी राजस्थान क्षेत्र की तरफ से खेलेंगे। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सच्चा खिलाड़ी हार-जीत की परवाह किए बिना खेल भावना को सबसे ऊपर रखता है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, लीडरशिप, टीम भावना और मुश्किल हालात से लड़ने का जज्बा आता है। कार्यक्रम के आखिर में राजूराम पारीक ने अतिथियों, खेल प्रेमियों, आयोजकों और सभी सहयोगियों का आभार जताया। राष्ट्रीय गीत के साथ तीन दिवसीय खेल उत्सव का समापन हो गया।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:इंस्टाग्राम चैट करने पर पत्नी के चाकू घोंपा,खुद ट्रेन के आगे कूदा; पत्नी-3 बेटियों का हत्यारा गिरफ्तार; मेहंदी लेने उमड़ी भीड़

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बूंदी से है। यहां घर में पति-पत्नी के शव मिले। पत्नी फंदे से लटकी हुई थी, जबकि पति के दोनों हाथ की नसें कटी हुई थीं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. पत्नी और 3 बेटियों के हत्यारे को पकड़ा जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर भागे राहुल झा (45) को सीकर के रींगस इलाके से पकड़ लिया। सूत्र के मुताबिक, आरोपी जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने पहुंचा था। खर्चे के रुपए खत्म होने पर रींगस पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें 2. छुट्टी पर आए सेना के जवान को आया हार्ट अटैक बाड़मेर जिले बेरीवाला सागणा गांव में छुट्टी पर घर आए सेना के हवलदार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। खाना खाने के बाद उनके सीने में दर्द होने लगा। परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह जनवरी 2027 में रिटायर होने वाले थे। पूरी खबर पढ़ें 3. बाड़ेबंदी में प्रत्याशियों ने क्रिकेट खेला, महिलाओं ने व्रत रखा प्रदेशभर में भाजपा-कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है। अलवर नगर निगम के कांग्रेस प्रत्याशी रिसोर्ट में बाड़ेबंदी में क्रिकेट खेलते नजर आए। बांसवाड़ा कांग्रेस की महिला प्रत्याशियों ने कुंभलगढ़ (राजसमंद) में बाड़ेबंदी में हरितालिका तीज पर व्रत रखा और पूजा की। पूरी खबर पढ़ें 4. पति-पत्नी ने किया सुसाइड, फंदे से लटकी मिली महिला बूंदी शहर में पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया। घर के कमरे में पति-पत्नी के शव मिले। पत्नी फंदे से लटकी हुई थी, जबकि पति का शव फर्श पर पड़ा था। उसके दोनों हाथ की नसें कटी हुई थीं। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस गेट तोड़कर अंदर घुसी और सबूत जुटाए। पूरी खबर पढ़ें 5. थाने में ठेकेदार से रिश्वत लेते SHO गिरफ्तार जयपुर ACB की टीम ने सांभरलेक थानाधिकारी को थाने में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने सड़क निर्माण का काम नहीं रोकने की एवज में ठेकेदार से रिश्वत मांगी थी। रिश्वत राशि नहीं देने पर साइट पर लगी गाड़ियों और कर्मचारियों को परेशान कर रहा था। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचला अलवर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार नाले की 5 फीट ऊंची दीवार से टकराई, जिससे दीवार टूट गई। एक युवक उछलकर नाले में गिर गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते तीनों की हत्या की गई। पूरी खबर पढ़ें 7. इंस्टाग्राम चैट देखकर पत्नी पर चाकू से किया हमला भरतपुर जिले के बयाना थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर चैट करने से नाराज पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर जमा हो गए तो पति भाग गया। 5 किलोमीटर दूर जाकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। पूरी खबर पढ़ें 8. रामदेवरा में 642वां भादवा मेला जैसलमेर के रामदेवरा में रविवार को 642वें भादवा मेले का शुभारंभ हुआ। सुबह 3 बजे ब्रह्ममुहूर्त में बाबा रामदेव की समाधि पर मंगला आरती हुई। सुबह 8 बजे स्वर्ण मुकुट धारण कराने के साथ मेले की शुरुआत की गई। 26 सितंबर तक चलने वाले मेले में करीब 50 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में मेहंदी लेने उमड़ी भीड़ जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारा के मौके पर मेहंदी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंदिर में चढ़ाई जाने वाली मेहंदी को लेकर दावा किया गया कि इसे लगाने से कुंवारे लड़के-लड़कियों की शादी हो जाती है। इसके बाद अलग-अलग शहरों से लोग शनिवार रात से ही मंदिर पहुंचने लगे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. राजस्थान के 309 निकायों का रिजल्ट कल राजस्थान के 309 शहरी निकायों के 10 हजार 167 वार्ड के लिए दो फेज में हुए चुनावों का रिजल्ट कल आएगा। इसमें 38 हजार 889 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला होगा। सोमवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और दोपहर तक सभी के नतीजे आ जाएंगे। ​पूरी खबर पढ़ें

कैम्प में 400 से ज्यादा लोगों उठाया फायदा:निम्बी कलां में शिविर में उमड़े ग्रामीण, मुफ्त दवाइयां भी दी

डीडवाना के निम्बी कलां में रविवार को एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसका मकसद ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना था। इस एक दिवसीय शिविर में 400 से ज्यादा ग्रामीणों ने अपनी जांच करवाई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह ली। शिविर में अलग-अलग बीमारियों से जुड़े मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। डॉक्टरों ने मरीजों को उनकी बीमारी के हिसाब से इलाज, दवाएं और जरूरी सावधानियों के बारे में बताया। जिन मरीजों को जरूरत थी, उन्हें मुफ्त दवाइयां भी दी गईं। इसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन तेतरवाल, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. राजन महला, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप शिवरान और सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. हसन व डॉ. हुसैन ने मरीजों की जांच की। उन्होंने जरूरी मेडिकल सलाह भी दी। इस शिविर का आयोजन भामाशाह मुंशी खां ने करवाया था। आयोजक मुंशी खां ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं पहुंचाने के लिए भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।

शिक्षक संघ सियाराम की 3 उपशाखाओं में चुनाव हुए:पावटा, कोटपूतली और बानसूर में नई कार्यकारिणी गठित, पदाधिकारियों ने ली शपथ

कोटपूतली-बहरोड़ जिले की राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम की तीन उपशाखाओं में सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव पूरे हुए। ये चुनाव प्रांतीय चुनाव अधिकारी लक्ष्मीनारायण स्वामी, सहायक चुनाव अधिकारी सुरेश चंद्र यादव और राकेश अग्रवाल की देखरेख में हुए। उपशाखाओं में नियुक्त चुनाव अधिकारियों ने भी इसमें सहयोग किया। पावटा उपशाखा में अमीचंद स्वामी बने अध्यक्ष पावटा उपशाखा में अमीचंद स्वामी अध्यक्ष चुने गए। रामसिंह यादव को मंत्री, बलबीर मीणा को कोषाध्यक्ष और रजनीबाला योगी को महिला मंत्री बनाया गया। सोणाराम स्वामी कार्यकारी अध्यक्ष निर्वाचित हुए। कोटपूतली उपशाखा में संदीप कुमार जांगिड़ अध्यक्ष चुने गए कोटपूतली उपशाखा में संदीप कुमार जांगिड़ अध्यक्ष बने। श्यामसुंदर गुर्जर कार्यकारी अध्यक्ष, रजनीकांत शर्मा मंत्री, अनूप शर्मा कोषाध्यक्ष और अनिता मीणा महिला मंत्री चुनी गईं। बानसूर उपशाखा में चंद्रकांत सैनी को मिली कमान बानसूर उपशाखा में चंद्रकांत सैनी अध्यक्ष चुने गए। लोकेश शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष, ख्यालीराम मीणा मंत्री, सतीश कुमार मीणा कोषाध्यक्ष और संतोष सोनी महिला मंत्री निर्वाचित हुईं। 18-19 सितंबर को पावटा में होगा जिला सम्मेलन तीनों उपशाखाओं की नई कार्यकारिणियों को चुनाव अधिकारियों ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान 18 और 19 सितंबर को होने वाले जिला स्तरीय सम्मेलन के आयोजन पर भी चर्चा की गई। यह सम्मेलन पावटा ब्लॉक में आयोजित करने का फैसला लिया गया।

प्रभावी प्रार्थना सभा और हमारा विद्यालय, हमारा तीर्थ पर कार्यशाला:सिरोही में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने किया आयोजन

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) जिला सिरोही ने "प्रभावी प्रार्थना सभा" और "हमारा विद्यालय, हमारा तीर्थ" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला आदर्श विद्या मंदिर राम झरोखा, सिरोही में हुई। जिलामंत्री डूंगर सिंह देवड़ा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पूरे राजस्थान में इन विषयों पर एक दिन की कार्यशाला होनी थी। इसी के तहत सिरोही में आदर्श विद्या मंदिर राम झरोखा में यह कार्यशाला हुई। कार्यशाला में "प्रभावी प्रार्थना सभा" विषय पर परबत सिंह देवड़ा ने शिक्षकों को बताया कि विद्यालय में प्रार्थना सभा को कैसे प्रभावी और रुचिकर बनाया जा सकता है। उन्होंने इस पर विस्तार से चर्चा की और रूपरेखा बताई। दूसरे विषय "हमारा विद्यालय, हमारा तीर्थ" पर लक्ष्मी नारायण खंडेलवाल ने अपनी बात रखी। उन्होंने शिक्षकों को बताया कि विद्यालय को एक तीर्थ के रूप में कैसे तैयार किया जा सकता है और इसमें शिक्षक की क्या महत्वपूर्ण भूमिका है। इस मौके पर सेवानिवृत्ति प्रकोष्ठ सदस्य कानाराम प्रजापति, जिलाध्यक्ष नारायण लाल पुरोहित, जिला संगठन मंत्री विजय प्रकाश गौतम, अरविंद परमार, विनोद सरेल, गणपत राजपुरोहित, भरत सिंह राव, हिंदूराम, भरत रावल, महेश चंद्र व्यास, अनिल कुमार, खंगार सिंह राठौड़ और आनंद सिंह देवड़ा मौजूद रहे।

बाड़मेर में 243 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कल:नगर परिषद और नगर पालिका में चार-चार राउंड से होगी काउंटिंग

बाड़मेर नगर निकाय चुनाव की मतगणना सोमवार को सुबह 8 बजे पीजी कॉलेज में शुरू होगी। इसमें बाड़मेर नगर परिषद के 179 और चौहटन नगर पालिका के 64 प्रत्याशियों का सियासी भविष्य तय होगा। काउंटिंग को लेकर बीजेपी-कांग्रेस ने तैयारी पूरी कर ली है। इधर प्रशासन ने पीजी कॉलेज में सुरक्षा के साथ कांउटिंग की तैयारी पूरी कर ली है। बाड़मेर नगर परिषद 14 टेबल और चौहटन नगर पालिका में 5 टेबलों पर चार राउंड होंगे। ऐसा बताया जा रहा है कि 10-11 बजे तक सभी रिजल्ट आ जाएंगे। दरअसल, बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डो में 179 प्रत्याशी और चौहटन नगर पालिका में 64 प्रत्याशी का सियासी भविष्य तय होगा। दो चरणों में हुई वोटिंग के बाद सोमवार को पीजी कॉलेज बाड़मेर में काउंटिग की जाएगी। चार राउंड में होगी मतगणना बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डो के लिए 14 टेंबल लगाई है। वहीं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डो के लिए 5 टेबल लगाई गई है। दोनों नगर निकाय में चार राउंड होंगे। इसके साथ ही रिजल्ट की घोषणा हो जाएगी। बाड़मेर नगर परिषद में 81.57 प्रतिशत और चौहटन नगर पालिका में 85.27 प्रतिशत वोटिंग हुई है। सोमवार को सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम रवींद्र कुमार ने बताया- नगर निकाय निर्वाचन की मतगणना के लिए समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। समस्त मतदान कार्मिकों को पूर्ण तैयारी के साथ सुबह 6.30 बजे तक मतगणना केंद्र में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना केंद्र पर अधिकृत प्रवेश पत्र धारी को ही प्रवेश दिया जाएगा। काउंटिंग एजेंट को भी बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। काउंटिंग के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी विशेष उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया- मतगणना के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी। राजकीय महाविद्यालय के मैन गेट से से मतगणना संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक प्रवेश कर सकेंगे। जबकि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं एजेंट भारतीय खाद्य निगम के सामने से वाहनों की पार्किग एवं मतगणना स्थल के लिए एंट्री कर सकेंगे। हॉट सीट पर रहेगी सबकी नजर - विधायक के वार्ड 16 में मुकाबला बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी के गृह वार्ड 16 में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने पूर्व पार्षद उषा के पिता किशोर कुमार को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पदमाराम को मैदान में उतारा है। इससे पहले इनके परिवार से चुनाव हार चुके हैं। वहीं RLP से सुआ देवी और निर्दलीय शिवरतन भी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड में टूटी सड़कें, पेयजल की किल्लत और सफाई व्यवस्था प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं। वार्ड 34 में पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष की साख वार्ड 34 को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल और पूर्व नेता प्रतिपक्ष पृथ्वीराज चांडक का प्रभाव वाला वार्ड माना जाता है। महिला सीट होने के कारण चांडक ने अपनी पत्नी अर्चना चांडक को भाजपा से प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने उर्मिला को टिकट दिया है। इस वार्ड में अब तक केवल एक बार कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव जीता है। पूर्व विधायक मेवाराम जैन के सामने 2 सीटें निकालने की चुनौती पूर्व विधायक मेवाराम जैन का वोट वार्ड 54 में है, जबकि उनका निवास वार्ड 2 में है। ऐसे में इन दोनों वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों को जिताना उनके लिए चुनौती है। वार्ड 54 में कांग्रेस ने युवा प्रत्याशी जिज्ञासा जैन को मैदान में उतारा है। भाजपा ने पूर्व पार्षद निर्मला को दोबारा मौका दिया है। वहीं निर्दलीय सायर कंवर और बहीदा रहमान भी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 48 में माली और पालीवाल की साख दांव पर वार्ड 48 में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। यहां पूर्व यूथ कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष और PCC सदस्य ठाकराराम माली के साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और वार्ड प्रभारी दिलीप पालीवाल की साख भी दांव पर है। माली ने अपने चचेरे भाई पारस परमार को कांग्रेस से टिकट दिलाया है, जबकि भाजपा ने खीमराज जांगिड़ को प्रत्याशी बनाया है। निर्दलीय मूलाराम चौधरी भी मैदान में हैं। यह बाड़मेर नगर परिषद में उम्मीदवार

गणेश चतुर्थी पर जालोर शहर में निकलेगी शोभायात्रा:सनातन महोत्सव समिति की बैठक हुई, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर सनातन महोत्सव समिति की ओर से भैरूनाथ अखाड़े के संत शेरनाथ महाराज के सान्निध्य में आमंत्रण पत्रिका का विमोचन किया गया। इसके साथ ही बैठक आयोजित कर 14 सितंबर को निकाली जाने वाली शोभायात्रा का रूट तय करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। दरअसल, सोमवार को जालोर में गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। इसको लेकर जालोर में भैरूनाथ अखाड़े के संतों और सनातन महोत्सव समिति की ओर से आमंत्रण पत्रिका का विमोचन किया गया। इससे पूर्व शहर की जालंधरनाथ धर्मशाला में भैरूनाथ अखाड़े के शेरनाथ महाराज के सान्निध्य में बैठक हुई। सनातन महोत्सव समिति के संयोजक अंबालाल व्यास ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैठक में शोभायात्रा की व्यवस्थाओं, मार्ग, श्रद्धालुओं की सहभागिता, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई। इस दौरान पोकरमल दाधीच, ओटाराम सोलंकी, मनीष गुप्ता, हीरालाल कंसारा, भोमाराम प्रजापत, आनंद कुमार सहित बड़ी संख्या में सनातन धर्मप्रेमी एवं समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह रहेगा शोभायात्रा का मार्ग गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर, सोमवार को सुबह 7 बजे शोभायात्रा तिलक द्वार स्थित भारत माता चौक से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा भारत माता चौक से रवाना होकर हरिदेव जोशी सर्किल, पंचायत समिति, बड़ी पोल, घांचियों की पिलानी, सुभाष मार्केट, सांड बाव, माणक चौक, सदर बाजार, गणेश चौक, गांधी चौक, सूरज पोल एवं अस्पताल चौराहा होते हुए फिर से तिलक द्वार स्थित रामदेवजी मंदिर पहुंचेगी। रामदेवजी मंदिर पहुंचने के बाद महाआरती एवं प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शोभायात्रा का समापन होगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर शोभायात्रा में सहभागी बनने और आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।

गोगामेड़ी में मंदिर की दुकान में घुसकर हमला:10-12 हमलावरों ने लाठी-डंडों से बरसाए, 3 लोग घायल; पुलिस ने केस दर्ज किया

हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी स्थित गोगाजी मंदिर की एक दुकान में घुसकर 10 से 12 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक रसीदपुर माफी, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले योगराज (37) अभी गोगामेड़ी स्थित गोगाजी मंदिर की दुकान में रहते हैं। योगराज ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 12 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे वह अपने साथी नरेश और असलम पुत्र आमीन के साथ दुकान में था। तभी करीब 10 से 12 अज्ञात लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर जबरदस्ती दुकान में घुस आए। रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों में महेंद्र पुत्र शंकर और बंटी भी शामिल थे। आरोपियों ने आते ही योगराज, नरेश और असलम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में योगराज के हाथ पर चोट लगी। नरेश के जबड़े पर सीधा वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। वहीं, असलम के सिर पर लाठी लगने से सिर फट गया। इलाज के दौरान उसके सिर में चार टांके लगाए गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। घायलों का प्राथमिक उपचार और मेडिकल जांच कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक चेतराम को सौंपी है।

जिला परिषद सदस्य और प्रधानों की लॉटरी 17 को निकेलगी:उदयपुर में लॉटरी से तय होगा आरक्षण; पंचायत समिति सदस्यों की लॉटरी

पंचायती राज संस्थाओं के आगामी निर्वाचन के लिए वार्डों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया 17 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार उदयपुर में होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया- ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग राजस्थान सरकार के निर्देशों के क्रम में जिले में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया निर्धारित की गई है। यहां जिला परिषद के सभी वार्डों की, प्रधान पद की और पंचायत समिति सदस्यों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया- 17 सितंबर को सवेरे 11 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन संबंधी आरक्षण की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।

बकाया मांगने पर लाइट फिटिंग कर्मचारी का सिर फोड़ा:लोहे के कापे से किया हमला, 5 टांके आए

हनुमानगढ़ में बकाया पैसे मांगने पर एक लाइट फिटिंग कर्मचारी पर लोहे के कापे से हमला किया गया। इस हमले में कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे 5 टांके लगे। संगरिया थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर 21, ढाबां निवासी राजेंद्र (30) पुत्र लीलूराम वाल्मीकि ने बताया कि वह लाइट फिटिंग का काम करता है। उसे गुरप्यार सिंह उर्फ गौरा पुत्र मलकीत सिंह से लाइट फिटिंग के पैसे लेने थे। गुरप्यार सिंह करीब दो महीने से भुगतान टाल रहा था। दो माह से भुगतान नहीं करने का आरोप राजेंद्र के अनुसार 11 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे वह अमरसिंह बेनीवाल की ढाणी में काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जब वह ढाबां स्टेशन मोड़ के पास पहुंचा, तो गुरप्यार सिंह उर्फ गौरा और सुखपाल पुत्र करणी अपनी बाइक पर आए। दोनों ने राजेंद्र की बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रोक लिया। उन्होंने राजेंद्र के साथ गाली-गलौज की और कहा कि आज उसका हिसाब चुकता कर देते हैं। इसके बाद, गुरप्यार सिंह उर्फ गौरा ने जान से मारने की नियत से राजेंद्र के सिर पर लोहे के कापे से वार कर दिया। इससे उसके सिर में गहरी चोट लगी और खून बहने लगा। शोर सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों को देखकर दोनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल राजेंद्र को संगरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसके सिर में 5 टांके लगाए गए। पुलिस ने राजेंद्र की रिपोर्ट और चोटों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद को सौंपी गई है।

घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से मारपीट, गहने-नकदी लूटे:परिवार के कई सदस्य घायल, सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

हनुमानगढ़ के रावतसर में एक बुजुर्ग महिला और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर सोने के गहने और नकदी छीन ली। पुलिस ने सात नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रावतसर के वार्ड नंबर 7 निवासी मोहिनी देवी (70) पत्नी बलराम सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर की शाम करीब 5:15 बजे वह अपनी पोतियों लक्ष्मी, प्रियंका, सीताराम, सपना, किरण और कमला सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर बैठी थीं। इसी दौरान रेशमा पत्नी पप्पू ओड, अजय पुत्र पप्पू ओड, ममता पुत्री पप्पू ओड, पूजा पत्नी विजय ओड, रवि पुत्र बलवंतराम ओड, रेखा पत्नी बंशी ओड और रेशमा पत्नी जग्गु ओड एक साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने मोहिनी देवी और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने विरोध किया, तो आरोपियों ने थप्पड़, मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। परिवार के सदस्य बचने के लिए घर के अंदर गए, तो आरोपी उनके पीछे घर में घुस गए और वहां भी मारपीट की। इस दौरान मोहिनी देवी के मुंह और पैरों पर, जबकि लक्ष्मी की गर्दन पर चोटें आईं। मोहिनी देवी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान रेशमा पत्नी पप्पू ओड ने कमला के कान की सोने की झुमकी, बंटी का मोबाइल फोन, मोहिनी देवी की सोने की बाली और एक सोने का आभूषण जबरदस्ती छीन लिया। रवि और मंगतू ने सीताराम की सोने की अंगूठी और जेब में रखे 10 हजार रुपए नकद निकाल लिए। पीड़िता ने बताया कि यह विवाद पुरानी रंजिश के कारण हुआ है, जिसका संबंध सीताराम से दुकान खाली करवाने से है। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने परिवार को धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

उदयपुर में 220 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल:सुबह 8 बजे से मतगणना,हर राउंड में 5 वार्डों का आएगा रिजल्ट ; जुलूस-आतिशबाजी पर रोक

उदयपुर नगर निगम सहित जिले की पांच नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित होंगे। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होगी। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को पूरी कर लिया है। नगर निगम उदयपुर की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में होगी। नगर निगम उदयपुर की मतगणना 5 काउंटिंग रूम में होगी। प्रत्येक में अधिकतम 8 टेबल लगाई गई हैं। निगम क्षेत्र की मतगणना के कुल 16 राउंड होंगे। प्रत्येक राउंड में 5 वार्डों के परिणाम जारी किए जाएंगे। उदयपुर नगर निगम में 80 वार्डों के लिए 220 उम्मीदवार मैदान में है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि नगरपालिका भींडर की मतगणना भैरव राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भींडर, वल्लभनगर की पंचायत समिति कार्यालय वल्लभनगर, फतहनगर-सनवाड़ की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सनवाड़, कानोड की पं. उदय जैन महाविद्यालय कानोड़ और नगरपालिका मावली की गणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मावली में होगी। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा मतगणना स्थल पर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मतगणना को लेकर व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। मतगणना स्थल पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। गणना स्थल पर अधिकृत पास धारक को ही प्रवेश दिया जाएगा, अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। इसके अलावा गणना केंद्र पर मोबाइल लेना भी पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। 190 वार्डों के लिए 521 प्रत्याशी आजमा रहे भाग्य जिले में उदयपुर नगर निगम सहित 5 नगरपालिकाओं में कुल 190 वार्डों के लिए 521 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। उदयपुर नगर निगम में 80 वार्डों के लिए 220 प्रत्याशी, कानोड़ में 20 वार्डों के लिए 52, भींडर में 25 वार्डों के लिए 58, मावली में 20 वार्डों में 59 प्रत्याशी, फतहनगर-सनवाड़ में 25 वार्डों में 65 और वल्लभनगर में 20 वार्डों के लिए 67 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। विजय जुलूस, आतिशबाजी एवं उत्तेजक नारेबाजी पर प्रतिबंध नगर निकाय आम चुनाव-2026 की मतगणना के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालना, जुलूस के रूप में भीड़ एकत्रित करना, वाहनों के काफिले निकालना, पटाखे एवं आतिशबाजी करना और उत्तेजक नारेबाजी करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उदयपुर नगर निगम चुनाव की ये खबरें भी पढ़े…. उदयपुर-26 से 35 साल के वोटर्स ने बंपर मतदान किया:कुल वोटिंग में पुरुष आगे रहे; नए मतदाताओं में कम दिखा क्रेज 17-साल पहले वोटिंग 11% बढ़ी तो कांग्रेस की सीटें बढ़ी:उदयपुर नगर निकाय में सरकार बनाने के लिए दोनों प्रमुख दलों की धड़कनें बढ़ीं भाजपा उम्मीदवारों को होटल से दो बसों में ले गए:उदयपुर में वोटिंग के बाद भाजपा की बाड़ेबंदी, बैठक में सभी से लिया फीडबैक उदयपुर में कांग्रेस की महिला उम्मीदवार के साथ मारपीट:मिनी पाकिस्तान वाले बयान पर भाजपा विधायक को रोका; उदयपुर में 69.78% वोट पड़े

डूंगरपुर में 12 घंटे में कई बार बदला मौसम:कभी छाए बादल, कभी हुई बूंदाबांदी तो कभी खिली धूप; उमस से मिली राहत

डूंगरपुर शहर में रविवार को मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा। करीब 12 घंटे के दौरान आसमान में कई बार बादल छाए, हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई, तो कुछ देर बाद धूप भी खिल उठी। इस बदलाव से लोगों को उमस से राहत मिली और किसानों के चेहरे पर भी खुशी दिखी। सुबह करीब 6 बजे दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई। इसके बाद हल्की बारिश हुई। कुछ देर बाद मौसम साफ हुआ और धूप निकल आई। दोपहर में एक बार फिर आसमान में बादल छा गए और रिमझिम बारिश व बूंदाबांदी होती रही। हालांकि, कुछ ही देर बाद बादल छंट गए और मौसम फिर साफ हो गया। शाम होते-होते मौसम ने फिर से रुख बदला। आसमान काले घने बादलों से घिर गया और बारिश शुरू हो गई। दिनभर कभी धूप तो कभी बारिश का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग ने रविवार को डूंगरपुर शहर में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। हल्की बारिश और रिमझिम से तापमान में भी राहत मिली। किसानों को इस बारिश से मामूली राहत मिली है। खेतों में खड़ी फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि रिमझिम बारिश से फसलों को नया जीवन मिला है, लेकिन अच्छी बरसात नहीं होने से अब भी तालाब और बांध खाली पड़े हैं।

आचार संहिता के कारण डीग मेले में नहीं हुए कार्यक्रम:कुश्ती-दंगल नहीं होने से भीड़ घटी, जल महलों में फव्वारे देखने पहुंचे देसी-विदेशी पर्यटक

डीग शहर में लगे श्री जवाहर प्रदर्शनी एवं ब्रज यात्रा मेले में इस बार भीड़ कम रही। नगरीय निकाय चुनावों की आचार संहिता के कारण कुश्ती-दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं हो पाए। हालांकि, जल महलों में रंगीन फव्वारे देखने के लिए देसी और विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचे। शाम के समय जल महलों में रंग-बिरंगे फव्वारों का नजारा बेहद आकर्षक था। रोशनी के बीच पानी की अलग-अलग रंगों में बदलती धाराओं ने जल महलों की सुंदरता बढ़ा दी। पर्यटकों ने इन रंगीन फव्वारों को अपने कैमरों में भी कैद किया। इस बार कम भीड़ नजर आई हर साल श्री जवाहर प्रदर्शनी एवं ब्रज यात्रा मेले में कुश्ती-दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होते हैं। इन्हें देखने के लिए आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग डीग आते हैं। मेले में दुकानें, मनोरंजन के साधन और अन्य गतिविधियां भी लोगों को आकर्षित करती हैं। इस बार आचार संहिता लागू होने के कारण ये प्रमुख आयोजन नहीं हुए। इन कार्यक्रमों के नहीं होने का असर मेले में आने वाली भीड़ पर साफ दिखा। आमतौर पर जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे, वहां इस बार कम भीड़ नजर आई। रंगीन फव्वारे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे इसके बावजूद, जल महलों में लगे रंगीन फव्वारे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। फव्वारों की रंगीन रोशनी और जल महलों की ऐतिहासिक खूबसूरती का मिलन देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। शाम ढलते ही जल महलों के आसपास पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई। देसी पर्यटकों के साथ विदेशी पर्यटकों ने भी इन फव्वारों का खूब आनंद लिया। कार्यक्रम नहीं होने से मेले का रंग पड़ा फीका स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले की पहचान कुश्ती-दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी जुड़ी हुई है। इस बार आचार संहिता के कारण इन कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होने से मेले में पहले जैसी रौनक नजर नहीं आई। दुकानदारों और मेले से जुड़े लोगों को भी इस बार कम भीड़ के कारण निराशा का सामना करना पड़ा। ऐसे में जल महलों में रंगीन फव्वारों के आयोजन ने मेले की रौनक को कुछ हद तक बनाए रखा, लेकिन कुश्ती-दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अभाव में इस बार जवाहर मेले का रंग फीका ही नजर आया।

सवाई माधोपुर नगर परिषद के 60 वार्डों का रिजल्ट कल:ईवीएम में बंद 231 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

सवाई माधोपुर नगर परिषद चुनाव की सबसे बड़ी राजनीतिक घड़ी सोमवार को आएगी। पांच दिन पहले ईवीएम में बंद हुए 231 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला अब मतगणना के साथ होगा। सुबह 8 बजे जैसे ही ईवीएम खुलनी शुरू होगी, वैसे ही शहर की राजनीति में हलचल तेज हो जाएगी। हर राउंड के साथ तस्वीर बदलती जाएगी और किस दल को बढ़त मिल रही है, इस पर सबकी नजर रहेगी। राजनीतिक दलों के साथ आम लोगों की दिलचस्पी भी इस बार पहले से ज्यादा है, क्योंकि कई वार्डों में मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है। ऐसे में सुबह करीब 11.00-11.30 बजे तक नगर परिषद के बोर्ड की तस्वीर काफी हद तक साफ होने की संभावना है, जबकि दोपहर तक सभी 60 वार्डों के परिणाम सामने आ जाएंगे। शहर में सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड नंबर 18,19, 31,33, 55 और 56 को लेकर है। इन वार्डों में मुकाबले को लेकर मतदान के दिन से ही अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और अब सबकी नजर सिर्फ मतगणना पर टिकी है। भाजपा-कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी सवाई माधोपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में 65.37% मतदान हुआ था। अब मतगणना से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी रणनीति तैयार कर ली है। दोनों दलों ने 60-60 वार्डों के लिए अपने काउंटिंग एजेंट नियुक्त कर दिए हैं और सभी के पास भी जारी हो चुके हैं। भाजपा ने अपने सभी एजेंटों को सोमवार सुबह 6 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं। वहां से सभी एक साथ मतगणना केंद्र जाएंगे ताकि कोई एजेंट देर से नहीं पहुंचे। कांग्रेस ने भी इसी तरह सभी वार्डों के लिए एजेंट तय कर दिए हैं। दोनों दलों का पूरा फोकस हर टेबल और हर राउंड की गिनती पर रहेगा। जैसे-जैसे परिणाम सामने आएंगे, पार्टी कार्यालयों पर भी नेताओं और समर्थकों की भीड़ बढ़ती जाएगी। इस बार कई वार्डों में जीत-हार का अंतर बहुत कम रहने की संभावना जताई जा रही है, इसलिए हर वोट पर नजर रहेगी। 14 टेबल पर चलेगी गिनती नगर परिषद के सभी 60 वार्डों की मतगणना महात्मा गांधी गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्ष संख्या-14 में होगी। पूरे शहर की मतगणना एक ही कक्ष में कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और इसे 12 राउंड में पूरा किया जाएगा। प्रशासन का अनुमान है कि शुरुआती औपचारिकताओं और बीच में होने वाले छोटे ब्रेक को मिलाकर दोपहर करीब 12 बजे तक सभी 60 वार्डों के परिणाम घोषित हो जाएंगे। 97 ईवीएम कड़ी सुरक्षा में शहर के 60 वार्डों में कुल 97 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम साहू नगर स्कूल में बनाए गए स्ट्रॉग रूम में जमा कराई गई थीं। तब से लेकर मतगणना तक वहां चौबीसों घंटे सशस्त्र जवान तैनात रहे। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई। सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध रखे गए। मतगणना शुरू होने तक ईवीएम पूरी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रहेंगी। मोबाइल रहेगा पूरी तरह बंद उपखंड अधिकारी मांगीलाल ने बताया- मतगणना केंद्र पर सिर्फ अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता, काउंटिंग एजेंट, अधिकृत अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए पहले ही पास जारी किए जा चुके हैं। किसी भी प्रत्याशी, एजेंट, निर्वाचन अभिकर्ता या अन्य पासधारी व्यक्ति को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। जिले के छह निकायों के नतीजे भी आज नगर निकाय चुनाव दो चरणों में हुए थे। सवाई माधोपुर, खंडार और बौंली में 9 सितंबर को मतदान हुआ था, जबकि गंगापुर सिटी, वजीरपुर, बामनवास में 11 सितंबर को वोट डाले गए थे।अब सोमवार को जिले के छह निकायों की मतगणना उनके-अपने मुख्यालयों पर एक साथ होगी। चित्तौड़गढ़ में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके है।