slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

पायलट के जन्मदिन पर युवाओं ने 61 यूनिट रक्तदान किया:हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया

कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को छान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें 61 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया। यह शिविर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सऊद शहीदी के निर्देशानुसार लगाया गया। यह एस.डी. सोशल डेवलपमेन्ट फाउंडेशन के तत्वावधान और जिला परिषद सदस्य संपत महुआ के संयोजन में आयोजित हुआ। रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ब्लड डोनेट करने वाले युवाओं को हेलमेट वितरित कर सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रक्तदाताओं का सम्मान इसके साथ ही, सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देते हुए शिविर में आए लोगों को हेलमेट का वितरण भी किया गया, ताकि समाज में रक्तदान के साथ-साथ सडक़ सुरक्षा के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जा सके। समाज में सेवा और मानवता का संदेश आयोजकों और अतिथियों ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने में रक्तदाता का योगदान अमूल्य होता है। इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, परस्पर सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना है। ये मौजूद रहे कार्यक्रम में सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज फागणा, मुकेश सरपंच, राजवीर फागणा, रामनरेश, पूरण, रूपलाल, सुखराज, कमल महुआ, महादेव एवं द्वारका प्रसाद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

डूंगरपुर में भाजयुमो ने बाइक रैली से दिखाई चुनावी ताकत:40 वार्डों में घूमकर भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट, कांग्रेस का घर-घर प्रचार

डूंगरपुर में नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो गया है। भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव प्रचार में जुटे हैं। रविवार शाम भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शहर के सभी 40 वार्डों में बाइक रैली निकालकर अपनी चुनावी ताकत दिखाई। युवा कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर अलग-अलग रास्तों से वार्डों में पहुंचे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने की अपील की। इस रैली का नेतृत्व भाजयुमो जिला संयोजक जितेंद्र सिंह रत्नावाड़ा, सह संयोजक वीरेंद्र सिंह और पूर्व जिला अध्यक्ष जयेश लोधावरा ने किया। भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल रणोली और किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री बंशीलाल कटारा भी रैली में शामिल हुए। यह बाइक रैली नगर परिषद क्षेत्र के सभी 40 वार्डों से होकर गुजरी। युवा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर बाइक पर सवार थे। विभिन्न रास्तों पर भाजपा के समर्थन में नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की। चुनाव नजदीक आने के साथ ही डूंगरपुर शहर में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। भाजयुमो की इस बाइक रैली ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने घर-घर जाकर प्रचार किया और वोट मांगे।

991 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने गश्त के दौरान चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा के आरोपियों को दबोचा

हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने गश्त के दौरान दो तस्करों को 991 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। ये आरोपी चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करों को पकड़ने के लिए पूरे जिले के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत थाना हनुमानगढ़ टाउन के थानाधिकारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में एसआई सुशील कुमार की टीम गश्त पर थी। टीम ने डब्ल्यूएम माइनर के पास रोही लखूवाली हेड पर संदिग्ध गतिविधि देखी। चैकिंग के दौरान लादूराम (48) पुत्र घासीराम मेघवाल निवासी श्रीनगर, थाना बंगू, जिला चित्तौड़गढ़ और दुर्गा वैष्णव (28) पत्नी सुरेश चंद उर्फ सोनू वैष्णव निवासी राखी, थाना बनेड़ा, जिला भीलवाड़ा को पकड़ा गया। इनके पास से कुल 991 ग्राम अवैध अफीम मिली। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना हनुमानगढ़ टाउन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच एसआई ज्योति कर रही हैं। इस कार्रवाई में एसआई सुशील कुमार, हेड कॉन्स्टेबल सुनिता, कॉन्स्टेबल बलदेव सिंह, कप्तान सिंह और चालक कॉन्स्टेबल लेखराज शामिल थे। पुलिस चौकी लखूवाली हेड के प्रभारी एएसआई किशोरसिंह और उनके स्टाफ की भी इसमें खास भूमिका रही।

प्लॉट का पजेशन नही मिला, टंकी पर चढ़े लोग 6-लोग:पुलिस के आश्वासन के बाद रात 12 बजे टंकी से उतरें

श्री जगदीश धाम योजना के भूखंडधारकों की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी महिलाएं पुलिस के आश्वासन के बाद देर रात करीब 12 बजे नीचे उतर आईं। महिलाओं ने जमीन पर कब्जा नहीं मिलने और निर्माण कार्य के दौरान दबंगई किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। पुलिस ने उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन खत्म किया। टंकी पर चढ़े लोगों के साथ मौजूद दौलत और हरिओम ने बताया कि उन्होंने 1998 में श्री जगदीश धाम योजना के नाम से पट्टे लिए थे। अचरोल गृह निर्माण सहकारी समिति लिमिटेड ने इसी नाम से कॉलोनी काटी थी। उनका कहना है कि जिस जमीन पर कॉलोनी काटी गई, उसे लेकर विवाद था और यहां तालाब होने के कारण जमीन पर स्टे आ गया। इसी वजह से भूखंडधारक पजेशन नहीं ले सके। 2005 में स्टे के बावजूद रजिस्ट्री कराने का आरोप दौलत और हरिओम के अनुसार 2005 में केस करने के बाद जमीन पर स्टे आया था। इसके बावजूद उनका आरोप है कि 2005 में पुनीत कर्णावट ने इस जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। 2022 में जमीन से जुड़े मामले में फैसला आया। इसके बाद पुनीत कर्णावट ने जेडीए से अप्रूवल लेकर इसी जमीन पर दूसरी कॉलोनी काट दी। भूखंडधारकों का कहना है कि इस जमीन पर उनके पहले से ही भूखंड हैं। भूखंडधारकों के अनुसार जब उन्हें दूसरी कॉलोनी काटे जाने की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें अपने भूखंडों का पजेशन नहीं लेने दिया गया। उनका आरोप है कि अब पुलिस और दूसरे लोगों की ओर से उन्हें धमकाया जा रहा है। पुनीत कर्णावट से भी कई बार मुलाकात करने का दावा करते हुए उन्होंने डराने-धमकाने के आरोप लगाए। 206 भूखंडधारक, 13 को मिला पजेशन भूखंडधारकों के मुताबिक श्री जगदीश धाम योजना में कुल 206 भूखंडधारक हैं। इनमें से सिर्फ 13 लोगों को पजेशन मिला है। टंकी पर चढ़ी महिलाओं के भी इसी योजना में भूखंड हैं और वे लंबे समय से अपने भूखंडों का कब्जा मिलने का इंतजार कर रही हैं। प्रशासन के सामने रखी चार मांगें भूखंडधारकों ने मांग की कि डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट और गोविंद अग्रवाल को श्री जगदीश धाम योजना की जमीन पर काम करने से रोका जाए। योजना के निदेशक देशराज बैरवा और गौरी शंकर गुप्ता से भूखंडधारकों को तत्काल कब्जा दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा नहीं डालने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी गई। भूखंडधारकों ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पुलिस और आरोपी पक्ष के लोगों की ओर से किसी तरह की दबंगई नहीं की जाए। कर्णावट बोले- फर्जी पट्टों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप, 2025 में दर्ज हुई FIR पुनीत कर्णावट ने आरोप लगाया कि पानी की टंकी पर चढ़े लोगों को कुछ लोग फर्जी पट्टों के जरिए ब्लैकमेल कर धन ऐंठने के लिए उकसा रहे हैं। उन्होंने बताया- इस मामले में 12 जून 2025 को प्रताप नगर थाने में FIR कराई गई थी। पुलिस जांच के दौरान आरोपियों को दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस दिए गए थे। कर्णावट ने दावा किया कि दस्तावेज फर्जी होने के कारण पुलिस पर दबाव बनाने के लिए टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि विवादित जमीन प्राइम बिल्ड होम प्राइवेट लिमिटेड ने साल 2005 में रजिस्ट्री के जरिए खरीदी थी और भुगतान चेक से किया था। कर्णावट ने कहा- अचरोल गृह निर्माण सहकारी समिति ने कभी 'जगदीश धाम' नाम से कोई योजना नहीं बनाई। इसका उल्लेख JDA के रिकॉर्ड और सहकारी समिति की सरकारी ऑडिट रिपोर्ट में भी होने का दावा है। उनके अनुसार साल 1976 से 2005 तक समिति ने जयपुर में कोई जमीन नहीं खरीदी। वहीं उसकी आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं थी कि वह विवादित जमीन खरीद सके। उन्होंने बताया कि 'जगदीश धाम योजना' के फर्जी पट्टों को लेकर 2022 की FIR पर पहले से जांच चल रही है। कर्णावट ने दावा किया कि जांच में देशराज बैरवा के बयानों में भी सामने आया है कि उसने खातेदारों से समिति के पक्ष में कोई एग्रीमेंट नहीं किया और न ही 'जगदीश धाम योजना' के पट्टे जारी किए थे। यह खबर भी पढ़ें... जयपुर में 3 महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ीं:डिप्टी मेयर समेत चार लोगों पर लगाए आरोप, पुनीत कर्णावट बोले- ये सोची समझी साजिश जयपुर में 3 अगस्त 2025 को सुबह तीन महिलाएं और तीन पुरुष पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। वे श्री जगदीश धाम योजना में भूखंड मालिक हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

उदयपुर में बादलों की गर्जना के साथ हल्की बारिश:गर्मी से राहत, सुबह से दोपहर तक तेज धूप-उमस का दौर रहा, यलो अलर्ट जारी

उदयपुर में लंबे समय के बाद देर शाम को हल्की बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। हालांकि, रविवार सुबह से ही तेज धूप खिली हुई थी। लोग गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। शाम को अचानक मौसम बदला और तेज बादलों की गर्जना के साथ 15 से 20 मिनट तक हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बता दें, उदयपुर में करी​ब 3 सप्ताह से बारिश नहीं हुई थी। हालांकि, पिछले दिनों से रोज मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कभी धूप तो कभी बादल छा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण उदयपुर संभाग में 7 सितंबर को बारिश की संभावना जताई है। जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज का तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट का बहिष्कार जारी:राजस्थान हाईकोर्ट में कल से नियमित काम शुरू करने का फैसला

राजस्थान हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट के बहिष्कार के बीच कल से नियमित कामकाज शुरू करने का फैसला किया गया है। हालांकि, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा। हाईकोर्ट में अन्य अदालतों में नियमित सुनवाई और न्यायिक कामकाज शुरू करने को लेकर निर्णय लिया गया है। रविवार को राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर की ओर से संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में न्यायिक कार्य से दूर रहने के अपने पहले के फैसले को खत्म करने का निर्णय लिया गया। दोनों एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से तय किया कि सोमवार, 7 सितंबर से एडवोकेट सभी अदालतों में नियमित रूप से उपस्थित होकर न्यायिक कार्य करेंगे। हालांकि, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की अदालत से अधिवक्ता स्वेच्छा से दूर रहेंगे। यानी, उनकी कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा। 31 अगस्त को लिए गए अपने पिछले निर्णय की समीक्षा की एसोसिएशन ने 31 अगस्त को लिए गए अपने पिछले निर्णय की समीक्षा की। उस समय दोनों एसोसिएशन ने 6 सितंबर तक व्यक्तिगत या वर्चुअल रूप से अदालतों में उपस्थित न होकर न्यायिक कार्य से दूर रहने का फैसला किया था। इस दौरान 3 और 5 सितंबर को धरनास्थल पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं, महिला अधिवक्ताओं, बार काउंसिल सदस्यों और युवा अधिवक्ताओं ने भी अपनी बात रखी थी। बैठक में बताया गया कि 31 अगस्त को उठाई गई प्रमुख मांगों में से दो पर अब महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने राजस्थान हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की सिफारिश कर दी है। साथ ही, हाईकोर्ट प्रशासन ने 2 सितंबर को टार्गेटेड फाइल सिस्टम/एक्शन प्लान फेज-6 से जुड़ा आदेश वापस ले लिया है। एक्टिंग सीजे की कोर्ट का स्वैच्छिक बहिष्कार जारी रखने का फैसला हालांकि, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के प्रशासनिक आचरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश को लिखे गए तीन पत्रों में उठाई गई आपत्तियों पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। अधिवक्ताओं ने इसी मुद्दे पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट का स्वैच्छिक बहिष्कार जारी रखने का फैसला किया है। इस बैठक में दोनों एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

अस्पताल जा रहे पिता-पुत्र को पिकअप ने टक्कर मारी, मौत:बड़े बेटे ने हत्या का शक जताया; कहा- बाइक से गिरने पर कुचलने की कोशिश की

प्रतापगढ़ जिले में बाइक पर अस्पताल जा रहे पिता-पुत्र को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। उनको इलाज के लिए प्रतापगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। बेटे को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। बड़े बेटे ने आरोप लगाया कि यह सामान्य सड़क हादसा नहीं है। बाइक से गिरने पर दोनों को कुचलने की कोशिश की गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बड़े बेटे ने जताया हत्या का शक थाना अधिकारी शंभू सिंह झाला ने बताया- रविवार दोपहर करीब 2 बजे थाना इलाके में बसाड़ चौराहे पर सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोखमपुरा (प्रतापगढ़) निवासी शाहबाज खान (60) और उनके बेटे शोयब खान (25) के रूप में हुई है। शाहबाज के बड़े बेटे जावेद खान ने रिपोर्ट देकर हत्या का शक जताया है। उसने बताया- पिता की तबीयत खराब थी। छोटा भाई शोयब उनको 15 किलोमीटर दूर प्रतापगढ़ जिला अस्पताल लेकर जा रहा था। बसाड़ चौराहे से पहले पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जावेद ने शिकायत में गोरधनपुरा निवासी एक युवक पर हत्या का शक जताया है। दोनों पक्षों के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। 1 महीने पहले धमकी देने को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। थाना अधिकारी ने कहा- परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। पढ़ाई के साथ फाइनेंस कंपनी में काम करता था शोयब जानकारी के अनुसार, शोयब पढ़ाई करने के साथ प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करता था। शोयब का 2 साल का बेटा है। शाहबाज खान खेती करते थे। … यह खबर भी पढ़ें जयपुर में तेज रफ्तार एक्टिवा हूपर से टकराई,पिता-पुत्र की मौत:स्कूटी के परखच्चे उड़े; घायल पत्नी अस्पताल में पति-बेटे के बारे में पूछती रही जयपुर में तेज रफ्तार एक्टिवा आगे चल रहे कचरा संग्रहण हूपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक्टिवा सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)

निकाय चुनाव में बूथों पर कड़ी निगरानी:जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की ट्रेनिंग हुई, कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी के बारे में बताया

खैरथल-तिजारा जिले में नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन जुटा है। रविवार को जिला कलेक्टर सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण हुआ। इसमें अधिकारियों को मतदान से जुड़ी जिम्मेदारियां और व्यवस्थाएं समझाई गईं। प्रशिक्षण में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने इलाकों में मतदान केंद्रों का पहले से निरीक्षण करने को कहा गया। उन्हें बिजली, पीने का पानी, छाया, सुरक्षा और दूसरी जरूरी सुविधाओं की जांच करने के निर्देश मिले। साथ ही मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति का भी जायजा लेने को कहा गया। मतदान दलों के साथ तालमेल बनाने के निर्देश अधिकारियों को मतदान दलों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मतदान के दिन कोई भी समस्या आने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। आकस्मिक स्थिति की जानकारी तुरंत बड़े अधिकारियों तक पहुंचाने और मतदान प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के जारी रखने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण में ईवीएम चलाने का तरीका, मतदान प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, कानून-व्यवस्था और शिकायतों को जल्दी निपटाने की जानकारी दी गई। निर्वाचन से जुड़े फॉर्म और रिपोर्टिंग के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने और आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश मिले। प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करने को कहा जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों से चुनाव आयोग के निर्देशों और तय प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करने को कहा। अतुल प्रकाश ने निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान के लिए गंभीरता से काम करने का आह्वान किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट के साथ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

उपभोक्ता आयोग ने सर्विस-सेंटर पर लगाया 54 हजार का जुर्माना:700 किलोमीटर दूर मनाली जाते समय बाइक के इंजन में आई थी खराबी; सर्विस में हुई थी लापरवाही

रॉयल एनफील्ड बाइक की सर्विस के बाद इंजन में आई खराबी के मामले में जयपुर की उपभोक्ता अदालत ने उपभोक्ता के हक में फैसला सुनाया है। जिला उपभोक्ता आयोग ने विपक्षी कंपनी आयशर मोटर्स और उसके ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर केनिथ मोटर्स को उपभोक्ता सेवा में कमी का दोषी मानते हुए कुल 54 हजार 130 रुपए अदा करने के आदेश दिए। आयोग ने यह आदेश परिवादी अभिषेक शर्मा के परिवाद पर सुनवाई करते हुए सुनाया। परिवादी के अधिवक्ता अब्दुल हनीफ ने बताया- 9 मई 2023 को जयपुर स्थित आयशर मोटर्स के अधिकृत सर्विस सेंटर केनिथ मोटर्स पर बाइक की सर्विस कराई गई थी। सर्विस के बाद जयपुर से मनाली जाते समय करीब 700 किलोमीटर चलने के बाद बाइक के इंजन में खराबी आ गई। ऑयल फिल्टर गलत तरीके से लगाया था परिवादी अभिषेक शर्मा ने कुल्लू में कंपनी के दूसरे अधिकृत सर्विस सेंटर पर बाइक की जांच कराई। जांच में सामने आया कि जयपुर में सर्विस के दौरान बाइक का ऑयल फिल्टर गलत तरीके से लगाया गया था। इसके कारण पिस्टन, बैरल सहित इंजन के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा था। परिवादी ने उपभोक्ता आयोग में परिवाद दर्ज कर बाइक में हुए नुकसान, मानसिक पीड़ा और अतिरिक्त खर्च की भरपाई की मांग की। मामले की सुनवाई के बाद उपभोक्ता आयोग ने सेवा में कमी की दलील को स्वीकार करते हुए परिवादी के पक्ष में फैसला सुनाया। साथ ही कुल 54 हजार 130 रुपए हर्जाना और खर्च के रूप में अदा करने के आदेश दिए।

करौली से भर्तृहरि महाराज की 16वीं पदयात्रा शुरू:विधायक ने किया रवाना, 11 सितंबर को महाआरती और भंडारे से होगा समापन

करौली में भर्तृहरि महाराज भक्त मंडल की ओर से रविवार को 16वीं निःशुल्क पदयात्रा शुरू हुई। यह यात्रा तीन बड़ स्थित जगदम्बा मंदिर से रवाना हुई। करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। यात्रा में महिला-पुरुष श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते और भर्तृहरि महाराज के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। इससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यात्रा शुरू होने से पहले तीन बड़ स्थित जगदम्बा मंदिर में भक्त मंडल ने पूजा-अर्चना की। मुख्य अतिथि करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर और विशिष्ट अतिथि कमलेश शर्मा का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया। भामाशाहों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद भर्तृहरि महाराज के रथ और ध्वज का पूजन कर आरती की गई। फिर विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भक्त मंडल के अध्यक्ष भूरीलाल प्रजापति ने बताया कि पदयात्रा का तीन बड़ और मासलपुर चुंगी सहित कई जगहों पर फूलों की बारिश कर स्वागत किया गया। गुड़ला पहाड़ी में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। यह पांच दिवसीय यात्रा है, जिसका समापन 11 सितंबर को भर्तृहरि महाराज के दरबार में होगा। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु अलग-अलग जगहों पर रात में रुकेंगे। पहले दिन नृसिंह मंदिर बांधुआ में रात्रि विश्राम होगा। दूसरे दिन धौला कुआं खेड़ला, तीसरे दिन राजकीय विद्यालय भूड़ा और चौथे दिन डाबला विद्यालय में रात रुकेंगे। पांचवें दिन 10 सितंबर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माधौगढ़ में रात्रि विश्राम होगा। 11 सितंबर को सुबह 7 बजे भर्तृहरि महाराज के दरबार में महाआरती की जाएगी। इसके बाद सुबह 8 बजे से भक्तों के लिए भंडारे में प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। यात्रा के शुभारंभ पर दक्ष प्रजापति विकास संस्थान के संयोजक छीतर लाल प्रजापति, सचिव गंगाराम प्रजापत, भर्तृहरि भक्त मंडल के संरक्षक रामेश्वर ठेकेदार, अध्यक्ष भूरीलाल प्रजापति, संयोजक राधेश्याम बाड़, रथ व्यवस्थापक प्रेमसिंह बझेड़ा, रमेश प्रजापत, लखन ठेकेदार, पप्पू प्रजापत, रमेश महू, कोषाध्यक्ष रमेश प्रजापत, राधे, दिनेश प्रजापत, डॉक्टर सीताराम मीना, गोविंद प्रजापत, किस्तूर चंद सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

भाजपा ने झुंझुनूं नगरपरिषद चुनाव का घोषणा पत्र जारी किया:रिंग रोड, पेयजल और ट्रैफिक सुधार समेत विकास के कई वादें शामिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगर निकाय के लिए रविवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी ने शहर के विकास और मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का दावा किया। घोषणा पत्र में ट्रैफिक व्यवस्था, रिंग रोड, पेयजल, सीवरेज, पार्किंग, सफाई और बिजली लाइनों को भूमिगत करने सहित कई प्रमुख वादे किए गए। प्रेसवार्ता में निकाय चुनाव प्रभारी एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन कुमावत और राकेश वर्मा मुख्य वक्ता रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र झुंझुनूं शहर की वर्तमान जरूरतों और नागरिकों की समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यदि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनता है तो इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का वादा घोषणा पत्र में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रोड नंबर-3 पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का वादा किया गया है। साथ ही शहर के चारों ओर रिंग रोड के निर्माण की दिशा में प्रयास करने की बात कही गई है, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो सके। भाजपा ने हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने का भी वादा किया है। इसके अलावा सीवरेज लाइन के बकाया कनेक्शन जल्द पूरे कराने और शहर में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की घोषणा की गई। सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत शहर में नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का भी वादा किया गया है। घोषणा पत्र में शहर की बिजली लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत कराने का संकल्प भी शामिल है। वहीं गांधी चौक, मंडावा मोड़ और अन्य प्रमुख स्थानों पर सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने की बात कही गई है, जिससे बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो सके। सफाई व्यवस्था मजबूत होगी भाजपा ने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्य बाजारों और रिहायशी कॉलोनियों में रात्रिकालीन सफाई अभियान नियमित रूप से चलाने का वादा किया है। इसके अलावा मेडिकल बायोलॉजिकल वेस्ट के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था विकसित करने की भी घोषणा की गई। प्रेसवार्ता में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि झुंझुनूं को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में शामिल सभी बिंदु जनता की अपेक्षाओं और शहर की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

दो निर्दलीयों ने भाजपा प्रत्याशियों को दिया समर्थन:कांग्रेस के 59 और भाजपा के 64 प्रत्याशी मैदान में

पाली में वार्ड संख्या 61 से निर्दलीय प्रत्याशी अनिल राठी ने भाजपा प्रत्याशी पदमसिंह राणावत को समर्थन दिया। इसी तरह वार्ड 45 से निर्दलीय रविन्द्र सिंह सोलंकी ने भाजपा प्रत्याशी ललित शर्मा को समर्थन दिया। बीजेपी प्रत्याशी को समर्थन दिया इससे पहले शुक्रवार को वार्ड संख्या 55 से कांग्रेस प्रत्याशी राकेश प्रजापत ने भाजपा प्रत्याशी जोगेंद्रसिंह को समर्थन दिया और भाजपा ज्वांइन कर ली। इससे कही न कही भाजपा को वार्ड क्षेत्र में फायदा होगा। कांग्रेस के छह और भाजपा का प्रत्याशी का नामांकन इस बार खारिज हुआ है। कांग्रेस के 59 प्रत्याशी और भाजपा के 64 प्रत्याशी ऐसे में कांग्रेस के 59 प्रत्याशी और भाजपा के 64 प्रत्याशी इस बार चुनावी मैदान में है। कांग्रेस के 59 प्रत्याशियों में से वार्ड 55 का प्रत्याशी राकेश प्रजापत ने भाजपा को समर्थन दिया और भाजपा ज्वांइन भी कर ली।

झालावाड़ में 7 सितंबर को स्कूलों की छुट्टी:कक्षा 1 से 12वीं तक के सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे, भारी बारिश का अलर्ट

झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सोमवार (7 सितंबर) को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मौसम विभाग जयपुर ने जिले में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसे देखते हुए जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी रखने का आदेश जारी किया है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा की ओर से जारी आदेश में साफ किया गया है कि जिले में चलने वाले कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल सोमवार को छात्रों के लिए बंद रहेंगे। शिक्षा विभाग ने भारी बारिश के दौरान छात्रों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और संभावित खतरों को देखते हुए यह फैसला लिया है। बारिश के दौरान नदी-नालों में पानी बढ़ने, रास्तों पर जलभराव और आवागमन पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। टीचर और और गैर-शिक्षण कर्मचारी तय समय पर आएंगे हालांकि, स्कूलों में छुट्टी केवल छात्रों के लिए रहेगी। आदेश के अनुसार, सभी शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी अपने तय समय पर स्कूल आएंगे और अपने सरकारी काम करेंगे। स्कूल प्रशासन को भी विभाग के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। लोगों से सावधान रहने की अपील जिला प्रशासन ने जिले के लोगों से मौसम को देखते हुए सावधान रहने और बेवजह जलभराव वाले इलाकों, नदी-नालों और तेज बहाव वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन और संबंधित विभाग मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। छात्रों और अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी इमरजेंसी में प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बांधों के गेट खुले पानी की निकासी जारी जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण खानपुर खंड क्षेत्र में परवन नदी पर बने बांध के दो गेट 2.9 मीटर खोलकर 297 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। इसी प्रकार छापी बांध के दो गेट आधा-आधा मीटर खोलकर 2754 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।

एक साल से फरार 10 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:कमर्शियल क्वांटिटी गांजा तस्करी के मामले में था वांछित, ततारपुर पुलिस ने दबोचा

खैरथल-तिजारा जिले की ततारपुर थाना पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश बसंत कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजे की कमर्शियल मात्रा की तस्करी के मामले में वांछित था। ये कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह की देखरेख और किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी महावीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर रविवार को आरोपी को पकड़ लिया। एक साल से फरार था 10 हजार का इनामी पुलिस के मुताबिक, आरोपी बसंत कुमार पुत्र जगराम गुर्जर, निवासी सुंदरावली, थाना डीग के खिलाफ ततारपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी करीब एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि ये मामला गांजे की कमर्शियल मात्रा से जुड़ा होने के कारण आरोपी को गंभीर श्रेणी का फरार अपराधी माना जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी महावीर सिंह पुलिस निरीक्षक, हेड कॉन्स्टेबल राजेश और हेड कॉन्स्टेबल सत्यपाल शामिल थे। पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल राजेश की भूमिका को अहम बताया है।

नागौर में बदमाशों ने बीच सड़क ठेकेदार को पीटा:लाठी-हॉकी से वार कर हाथ-पैर तोड़े, लोग खड़े होकर वीडियो बनाते रहे

नागौर में बदमाशों ने लाठियों और हॉकी से ठेकेदार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कैंपर और स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने अपनी गाड़ी से ठेकेदार की क्रेटा कार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार बीकानेर निवासी सेंड स्टोन रॉयल्टी के ठेकेदार हेतराम को लाठियों और हॉकी से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गंभीर रूप से घायल हेतराम को स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया। घटना नेशनल हाईवे-62 पर टांकला टोल के पास रविवार शाम करीब 6 बजे की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश हॉकी और लाठी से ठेकेदार को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार हेतराम के साथ कार में एक और युवक सवार था। बदमाशों को देखकर मौके से फरार हो गया। कार रुकते ही शुरू कर दिया हमला प्रत्यक्षदर्शी राजवीर धोलिया ने बताया- स्कॉर्पियो और कैंपर सवार युवकों ने क्रेटा कार का पीछा करते हुए उसे टक्कर मारी। कार अनियंत्रित होकर पेड़ के पास जाकर रुक गई। इसके बाद दोनों गाड़ियों में सवार बदमाशों ने कार पर लाठियां बरसाना शुरू कर दी। कार चला रहे हेतराम को पकड़ लिया और उसके हाथ-पैरों पर लाठी- हॉकी से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर जोधपुर की तरफ भाग गए। राहगीरों ने टोल पर सूचना दी, एंबुलेंस से पहुंचाया हॉस्पिटल घटना के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़े हेतराम को संभाला और टांकला टोल पर सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल हेतराम को खींवसर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। रॉयल्टी ठेकेदारी से जुड़े विवाद में हमला खींवसर थाने के ASI हरेंद्र ने बताया-घायल हेतराम रॉयल्टी ठेकेदार है। जोधपुर जिले के बावड़ी क्षेत्र में रॉयल्टी ठेका चलाता है। हेतराम पर हमले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि एम्बुलेंस की मदद से घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया जा चुका था। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवाया है। प्रारंभिक जानकारी में ठेकेदारी के काम को लेकर हमला होने की बात सामने आई है। पीड़ित से पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।