slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

जयपुर से ओवैसी-बेनीवाल की नई सियासी पारी:AIMIM-RLP का गठबंधन, हनुमान बोले- BJP-कांग्रेस के सामने तैयार करेंगे तीसरा विकल्प

राजस्थान में निकाय चुनाव के बीच नई सियासी तस्वीर उभरती दिखाई दे रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने जयपुर में एक मंच साझा कर भाजपा और कांग्रेस के सामने तीसरा राजनीतिक विकल्प खड़ा करने का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने साफ संकेत दिए कि यह गठबंधन केवल निकाय चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा। निकाय चुनाव से शुरू हुआ यह राजनीतिक साथ आगे विधानसभा चुनाव तक जारी रह सकता है। ओवैसी ने इसे राजस्थान की राजनीति में तीसरे विकल्प की शुरुआत बताया, जबकि हनुमान बेनीवाल ने कहा कि जयपुर की धरती से नई राजनीति का आगाज हो रहा है। ओवैसी बोले- BJP-कांग्रेस के बीच फंसी रही राजस्थान की राजनीति असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लंबे समय से राजस्थान की राजनीति भाजपा और कांग्रेस के इर्द-गिर्द घूमती रही है। अब जनता के सामने तीसरा विकल्प देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने 11 सितंबर को होने वाले निकाय चुनाव को मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जहां आरएलपी के प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, वहां जनता उन्हें समर्थन दे। ओवैसी ने भाजपा पर हिंदू-मुस्लिम के नाम पर तनाव और राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश में शिक्षा, सरकारी स्कूलों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा। बेनीवाल बोले- जयपुर से नई राजनीति की शुरुआत वहीं आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने ओवैसी के साथ राजनीतिक गठजोड़ को राजस्थान की राजनीति में नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि जाट और मुस्लिम समुदाय पहले भी राजनीतिक रूप से साथ रहे हैं और आगे भी यह साथ बना रहेगा। बेनीवाल ने सरकार को पेपर लीक, किसानों की समस्याओं, अग्निवीर योजना और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि गठबंधन केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि इन मुद्दों को लेकर संघर्ष करने के लिए भी आगे आएगा। निकाय चुनाव से विधानसभा तक साथ चलने का दावा जयपुर के भट्टा बस्ती के वार्ड 146 में दोनों नेताओं का एक मंच पर आना सिर्फ चुनावी सभा तक सीमित नहीं माना जा रहा। ओवैसी और बेनीवाल के बयानों से साफ है कि दोनों दल निकाय चुनाव के बाद भी राजनीतिक गठजोड़ को आगे बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। राजस्थान की राजनीति लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के बीच दो ध्रुवों में बंटी रही है। ऐसे में AIMIM और RLP का यह गठबंधन तीसरे विकल्प के तौर पर खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ओवैसी का मुस्लिम वोट बैंक और बेनीवाल का जाट और किसान राजनीति पर प्रभाव क्या राजस्थान में कोई नया राजनीतिक समीकरण बना पाएगा। ऐसे में निकाय चुनाव इस गठबंधन की पहली परीक्षा होगा। इसके बाद यह तय होगा कि जयपुर से शुरू हुई ओवैसी-बेनीवाल की यह नई सियासी दोस्ती विधानसभा चुनाव तक कितनी मजबूत रहती है और भाजपा-कांग्रेस की पारंपरिक राजनीति को कितनी चुनौती दे पाती है।

राजस्थान हाईकोर्ट की बिल्डिंग निर्माण में खामियों का मामला:CS के विजिट के बाद पुलिस की कार्रवाई, मामले में निर्माण करने वाली कंपनी के 4 आरोपी पकड़े

जोधपुर में स्थित राजस्थान हाई कोर्ट के भवन निर्माण में गड़बड़ियों के मामले में पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस पूरे मामले में हाई कोर्ट की बिल्डिंग बनाने वाले कंपनी के प्रतिनिधि सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दे की साल 2024 में हाईकोर्ट में भवन निर्माण की गड़बड़ियों को लेकर एक मामला दर्ज किया गया था। जिसमें आरएसआरडीसी के अधिकारी और कंपनी के कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में प्रोजेक्ट ऑफिसर रहे RSRDCl के जितेंद्र शर्मा, नवीन राय, रामेश्वर दयाल खंडेलवाल, गोपाल खंडेलवाल को गिरफ्तार किया गया। एसीपी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि हाईकोर्ट में बिल्डिंग निर्माण में खामियों को लेकर एक मामला साल 2024 में दर्ज किया गया था। इसी मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सूनेमकान से सोने-चांदी के जेवर और कैश चोरी:अलमारी और लोहे की पेटी के ताले टूटे मिले; रिश्तेदारी में गया था परिवार, पीछे से हो गई वारदात

सोजत शहर में चोर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। रविवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर घर में घुसे चोर अलमारी और लोहे की पेटी से करीब 70 हजार रुपए नकद और लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। वारदात के समय मकान मालिक दंपती रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक और उनकी पत्नी रविवार सुबह रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए गांव गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। दोपहर करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच मकान मालिक की मां, जो पास के खेत में काम कर रही थीं, उन्होंने घर के बाहर एक युवक को देखा। महिला तुरंत खेत से घर पहुंचीं और युवक से वहां खड़े होने का कारण पूछा। युवक घबरा गया और "भाई से मिलने आया था" कहकर मोटरसाइकिल से वहां से फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि युवक अकेला नहीं था। उसके साथ 2 से 3 अन्य संदिग्ध भी हो सकते हैं, जो मकान के अंदर ताले तोड़कर चोरी कर रहे थे। महिला ने घर के अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। गोदरेज की अलमारी और लोहे की पेटी के ताले भी टूटे मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार, अलमारी और पेटी में रखे करीब 70 हजार रुपए नकद के अलावा लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल रमेश जाजड़ा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, वारदात के दौरान देखी गई संदिग्ध मोटरसाइकिल के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।

रामदेवरा के लिए रेलवे की मेला स्पेशल ट्रेनें:जानें ट्रेनों के जाने-आने का समय; कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस का बदला समय

जोधपुर से रामदेवरा के बीच चल रही नियमित ट्रेनों ने श्रद्धालुओं के इस आस्था-सफर को आसान बना दिया है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- मेले में बढ़ते यात्री भार को देखते हुए नियमित ट्रेनों के साथ मेला स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया जा रहा है। जोधपुर से रामदेवरा के लिए सुबह से रात तक नियमित ट्रेनों के विकल्प हैं। ट्रेन संख्या 12249 शकूरबस्ती-जैसलमेर स्वर्णनगरी एक्सप्रेस सुबह 4 बजे जोधपुर से रवाना होकर 7:01 बजे रामदेवरा पहुंचती है। वहीं ट्रेन संख्या 20492 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट सुबह 6:10 बजे चलकर 9:07 बजे रामदेवरा पहुंचती है। इसी तरह दोपहर में ट्रेन संख्या 74844 भगत की कोठी-जैसलमेर डेमू दोपहर 2 बजे जोधपुर से रवाना होकर 5:25 बजे रामदेवरा पहुंचती है। दोपहर में ही ट्रेन 20486 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट जोधपुर से दोपहर 2.50 बजे रावण होकर शाम 6.25 बजे रामदेवरा, जबकि शाम को ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस और 25014 काठगोदाम-जैसलमेर कॉर्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस शाम 5 बजे रवाना होकर करीब 8 बजे रामदेवरा पहुंचती हैं। ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस शाम 7:40 बजे जोधपुर से रवाना होती है, जो रात 11:20 बजे रामदेवरा पहुंचा देती है। साप्ताहिक ट्रेन के रूप में ट्रेन संख्या 22931बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर सुपरफास्ट प्रत्येक शनिवार को सुबह 3:50 बजे जोधपुर से रवाना होकर 6:40 बजे रामदेवरा पहुंचती है। दर्शन के बाद वापसी की भी राह आसान ट्रेन संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस सुबह 4:55 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 8:20 बजे जोधपुर पहुंचती है, जबकि ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट सुबह 7.53 बजे चलकर 11.30 बजे जोधपुर पहुंचती है। वहीं 74843 जैसलमेर-भगत की कोठी डेमू सुबह 9:10 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 1:10 बजे जोधपुर पहुंचती है। 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट शाम 5:35 बजे चलकर रात 9 बजे और 12250 जैसलमेर-शकूरबस्ती स्वर्णनगरी एक्सप्रेस शाम 6.21 बजे चलकर रात 9.50 बजे जोधपुर पहुंचती है। इसी प्रकार रात में ट्रेन संख्या 14088 जैसलमेर-दिल्ली रुणिचा एक्सप्रेस 8.24 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 11.40 बजे जोधपुर पहुंचती है। वहीं ट्रेन संख्या 22932 जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट प्रत्येक शनिवार रात 8.10 बजे रामदेवरा से चलकर 11.30 बजे जोधपुर पहुंचती है। मेला स्पेशल से बढ़े विकल्प मेले में बढ़ते यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने नियमित सेवाओं के अलावा मेला स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया है। इससे श्रद्धालुओं को रामदेवरा पहुंचने और दर्शन के बाद लौटने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल रहे हैं। लखनऊ में 15 मिनट पहले पहुंचेगी कामाख्या एक्सप्रेस कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस के लखनऊ स्टेशन पर संचालन समय में बदलाव किया जाएगा। रेलवे ने ट्रेन के आगमन और प्रस्थान समय को 15 मिनट पहले कर दिया है। नया समय छह नवंबर से कामाख्या से रवाना होने वाली ट्रेन से लागू होगा। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार- ट्रेन संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस अब लखनऊ स्टेशन पर रात 12:40 बजे पहुंचेगी और 12:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन जो भगत की कोठी से प्रस्थान करेगी, उसके संचालन समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। फिलहाल ट्रेन का लखनऊ स्टेशन पर रात 12:55 बजे आगमन और 1:05 बजे प्रस्थान का समय निर्धारित है। नई समय-सारणी के तहत दोनों समय में 15 मिनट का बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से 6 नवंबर से बदले हुए समय के अनुसार यात्रा की योजना बनाने और स्टेशन पर समय से पहुंचने की अपील की है।

बूसी में दो दिवसीय स्वामी नारायण सत्संग पारायण संपन्न:योगीप्रेमदास स्वामी ने दी जीवन की सीख, धर्म को ही सुखद जीवन का मार्ग बताया

सोमेसर कस्बे के बूसी स्थित श्रीराम हनुमान मंदिर धर्मशाला परिसर में चातुर्मास के पावन पर्व पर आयोजित दो दिवसीय स्वामी नारायण सत्संग पारायण का रविवार शाम समापन हुआ। योगीप्रेमदास स्वामी और दिव्येश मुनि स्वामी (बीएपीएस अक्षरधाम मंदिर, जोधपुर) के पावन सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में हरिभक्त और धर्मप्रेमी शामिल हुए। सत्संग पारायण के दूसरे दिन हरिभक्तों को संबोधित करते हुए योगीप्रेमदास स्वामी ने कहा कि धर्म ही सुखद जीवन जीने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि धर्म के साथ आध्यात्मिक भक्ति करने से ही परमात्मा की प्राप्ति संभव है। उन्होंने धर्म में भक्ति की पहली कड़ी व्यसनमुक्त जीवन को बताया। स्वामी ने उपस्थित हरिभक्तों से किसी भी प्रकार के व्यसन से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही सनातन धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और सनातन परंपराओं को बनाए रखने की सीख दी। आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन सत्संग के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर प्रवचन हुए। अंत में स्वामी नारायण भगवान की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और दो दिवसीय सत्संग पारायण का विधिवत समापन हुआ। बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी हुए शामिल कार्यक्रम में मांगीलाल मेवाड़ा, पूनमसिंह राजपुरोहित बूसी, कालूराम बैरवा सोमेसर, शेष कुमार रानी, पूनमसिंह राठौड़, कैलाश प्रजापति, अशोक निम्बाडा, हरिश कुमावत फालना, कल्पेश सैन, राजेंद्र मीणा, नथाराम मेघवाल, हरिसिंह पाली, कुलदीप, शैतानसिंह राजपुरोहित, प्यारेलाल जैन, गणपत सोनी, मनोहरसिंह राठौड़, मांगीलाल मालवीय, किशोर राठौड़, मांगीलाल सैन, मोहन चौधरी, खींमाराम माली धामली और गणपत मेवाडा सहित सोमेसर सत्संग मंडल के सदस्य मौजूद रहे। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सत्संग में भाग लिया।

शहरी सरकार का चुनाव:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले- डबल इंजन की सरकार है, तीसरा भी जुड़ेगा

अजमेर में निकाय चुनाव के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा- कांग्रेस के कई ऐसे नेता हैं, जिनका गणित बड़ा कमजोर है। कई ऐसे जादूगर हैं, जिन्हें अपने समय का भ्रष्टाचार नहीं दिख रहा। हम कांग्रेस का बैंड बजाकर रहेंगे। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा- राजस्थान में डबल इंजन की सरकार है, इसमें तीसरा इंजन जुड़ेगा। वीडियो देखने के लिए कवर इमेज पर क्लिक करें।

शहरी सरकार का चुनाव:प्रचार के दौरान बुजुर्गों के सामने दंडवत हो गईं प्रत्याशी और उनके पति

कोटा नगर निगम के चुनाव प्रचार के दौरान कई अलग तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। यहां जनता के बीच जा रहे प्रत्याशी कोई दावे-वादे करने के बजाय कह रहे हैं हमारा ध्यान रखना। वार्ड 56 से बीजेपी प्रत्याशी सोमा अहलूवालिया को जब प्रचार के दौरान बड़े बुजुर्ग नजर आए तो वह और उनके पति पूर्व पार्षद योगेश दंडवत हो गए। पूरा वीडियो देखने के लिए कवर इमेज पर क्लिक करें।

डीएसपी बोले- डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज नहीं:ऑनलाइन गेमिंग की बजाय फिजिकल एक्टिविटी करें; साइबर अवेयरनेस के लिए हुई मैराथन

सीकर में DYSP विनोद श्योराण ने कहा- डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रोविजन कानून में नहीं है। यदि आपके पास डिजिटल अरेस्ट के नाम पर कोई भी वीडियो कॉल या कॉल आता है तो उसे इग्नोर करें। उसकी सूचना साइबर पुलिस को दें, जिससे जल्द ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो। साइबर अवेयरनेस के लिए साइबर थाना पुलिस ने रविवार को मैराथन की। इस मैराथन में सीकर की कई डिफेंस अकेडमी के स्टूडेंट और राजस्थान पुलिस के सिपाही मौजूद रहे। यह मैराथन सीकर के पुलिस टाइम ग्राउंड से शुरू हुई, जो कल्याण सर्किल सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान चलाया जा रहा साइबर थाना DYSP विनोद श्योराण ने कहा- वर्तमान में साइबर अवेयरनेस के लिए साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान चलाया जा रहा है। साइबर अवेयरनेस को लेकर यह आयोजन किया गया। इस आयोजन से मैसेज दिया गया है कि लोग ऑनलाइन गेमिंग की बजाय फिजिकल एक्टिविटी में ज्यादा फोकस करें। इससे वह किसी तरह की साइबर ठगी का शिकार होने से बचें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी प्राइवेट जानकारी किसी को शेयर ना करें।

बासंवाड़ा में सुबह 4 बजे बाइक चुरा ले गए बदमाश:मुंह पर रुमाल बांधकर घुसे, मिनटों में लेकर फरार हुए, CCTV फुटेज से तलाश शुरू

शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की मुस्लिम कॉलोनी में रविवार तड़के बाइक चोरी हो गई। वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन बदमाश बाइक को उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। तीनों ने अपने चेहरे पर काला रुमाल बांध रखा था। वहीं, एक बदमाश के हाथ में लोहे का सरिया भी नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, मुस्लिम कॉलोनी निवासी बिलाल मोहम्मद ने अपनी हीरो सीडी डीलक्स ब्लैक कलर की बाइक रविवार रात करीब 2 बजे घर के बाहर पार्किंग क्षेत्र के पास खड़ी की थी। इसके बाद सुबह करीब 5 बजे उठकर देखा तो बाइक गायब थी। आसपास तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग बाइक गायब मिलने के बाद पीड़ित ने आसपास के क्षेत्र, घरों, दुकानों और पड़ोस में काफी तलाश की, लेकिन बाइक नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई और वाहन बरामद करने की मांग की। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक को लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और चोरी हुई बाइक की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

किशनगढ़-हनुमानगढ़ हाईवे पर कार-बाइक भिड़ंत, दो लोग गंभीर घायल:सुरसुरा के पास हुआ हादसा, अस्पताल में भर्ती

किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर रविवार देर शाम एक कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा सुरसुरा के पास घसवां की ढाणी के पास हुआ। टक्कर में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल हादसे की खबर मिलते ही बीट कॉन्स्टेबल दीपेंद्र तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए दोनों घायलों को एक निजी गाड़ी से वाईएन अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को इलाज मिल सका। वाहनों की आवाजाही को कराया सुचारू हादसे की जानकारी मिलने पर डीओ नवरत्न और हेड कॉन्स्टेबल फिरोज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की और हादसे से जुड़ी जानकारी इकट्ठा की। उन्होंने जरूरी कार्रवाई भी शुरू की। टक्कर के बाद हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही पर असर पड़ा था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ठीक किया। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा किन वजहों से हुआ और कार-बाइक की टक्कर का असली कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है। अभी दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

महवा पुलिस ने निकाय चुनाव से पहले निकाला फ्लैग मार्च:शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान की अपील, शहर के मुख्य रास्तों से गुजरा

महवा कस्बे में रविवार शाम को पुलिस ने भयमुक्त मतदान के लिए फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च आगामी 9 सितंबर 2026 को होने वाले नगर निकाय चुनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के मकसद से निकाला गया। निष्पक्षता और बिना डरे वोट डालने की अपील महवा सीओ अनूप सिंह आरपीएस के नेतृत्व में पुलिस ने यह फ्लैग मार्च किया। सीओ ने बताया कि इसका मकसद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का हाल जानना, बदमाशों और अपराधियों में कानून का डर बनाए रखना था। साथ ही, आम मतदाताओं को यह विश्वास दिलाना था कि वे बिना किसी डर या दबाव के आजादी और निष्पक्षता से अपने वोट का इस्तेमाल कर सकें। पोलिंग बूथों की चेकिंग की यह फ्लैग मार्च कस्बा महुआ की सब्जी मंडी, मेन मार्केट, सराफा बाजार, गुर्जर मोहल्ला, तहसील रोड और बस स्टैंड से होकर गुजरा। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले पोलिंग बूथों को भी चेक किया गया। फ्लैग मार्च में सीओ अनूप सिंह, थाना अधिकारी महेंद्र सिंह यादव, सलेमपुर थानाधिकारी संत चरण अपने पुलिस बल के साथ मौजूद थे। इनके अलावा, नगर पालिका महुआ के जूनियर इंजीनियर पृथ्वीराज भी साथ थे।

लालसोट में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च:भयमुक्त मतदान का दिया संदेश, ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील

लालसोट में नगर निकाय चुनाव में निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। रविवार शाम को लालसोट एडिशनल एसपी विनोद सीपा के नेतृत्व में मंडावरी और लालसोट कस्बे में पुलिस जवानों के साथ यह मार्च निकाला गया। कई अधिकारी रहे मौजूद इस दौरान डिप्टी एसपी सत्यनारायण यादव, मंडावरी थाना अधिकारी जगदीश प्रसाद, लालसोट थाना अधिकारी हरलाल मीणा, झाँपदा थाना अधिकारी सतीश कुमार और रामगढ़ पचवारा थाना अधिकारी सहित सर्किल के कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। बिना डरे मतदान का दिया संदेश एडिशनल एसपी विनोद सीपा ने बताया कि आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर लोगों को ज्यादा से ज्यादा और बिना डर के मतदान करने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कोशिश करेगी कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी हों। इसके लिए पुलिस सभी स्तर पर निगरानी कर रही है। साथ ही, ज्यादा से ज्यादा लोगों से मतदान का इस्तेमाल करने की अपील भी की जा रही है। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाया कि चुनाव के दौरान किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। अगर कहीं भी कोई घटना या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को बताएं।

जयपुर में सैनी समाज ने किया निकाय चुनाव का बहिष्कार:सिविल लाइंस-किशनपोल विधानसभा में 45 हजार मतदाता नहीं डालेंगे वोट

जयपुर नगर निगम चुनाव से पहले माली-सैनी समाज ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। समाज ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व की कथित अनदेखी के विरोध में सिविल लाइंस और किशनपोल विधानसभा क्षेत्रों में मतदान बहिष्कार का ऐलान किया है। समाज का दावा है कि इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में करीब 45 हजार सैनी(माली) समाज के मतदाता हैं, जो चुनाव में वोट नहीं डालेंगे। माली समाज के मतदाताओं की इतनी संख्या होते हुए भी इस बार नगर निगम चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों समाज के एक भी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया है। इससे नाराज समाज ने अब चुनाव से दूरी बनाने और मतदान बहिष्कार का अभियान चलाने का फैसला किया है। बहिष्कार के ऐलान से निकाय चुनाव के समीकरण पर असर पड़ने की संभावना है। समाज की ओर से यह भी अपील की गई है कि अगर कोई मतदाता मतदान करना चाहता है तो वह किसी प्रत्याशी या राजनीतिक दल के पक्ष में वोट देने के बजाय NOTA का विकल्प चुनकर विरोध दर्ज कराए। 2020 में 5 टिकट, इस बार खाता भी नहीं खुला माली-सैनी समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि 2020 के नगर निगम चुनाव में सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने समाज को चार टिकट दिए थे, जबकि बीजेपी ने एक टिकट दिया था। यानी दोनों प्रमुख दलों ने कुल 5 उम्मीदवार माली-सैनी समाज से उतारे थे। लेकिन इस बार हालात पूरी तरह बदल गए। समाज का आरोप है कि इतने बड़े वोट बैंक के बावजूद बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ने एक भी टिकट नहीं दिया। यही बात अब समाज के गुस्से की सबसे बड़ी वजह बन गई है। समाज के नेताओं का कहना है कि पिछले चुनाव में जिस समाज को पांच टिकट मिले, उसे इस बार पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। ऐसे में राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर समाज में नाराजगी बढ़ गई है। सिविल लाइंस में 30 हजार, किशनपोल में 15 हजार वोटर्स का दावा बैठक में मौजूद समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में माली-सैनी समाज के करीब 30 हजार मतदाता हैं। वहीं किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में करीब 15 हजार मतदाता बताए गए हैं। इस तरह दोनों विधानसभा क्षेत्रों में समाज के करीब 45 हजार वोट होने का दावा किया गया है। नगर निगम चुनाव में कई वार्डों में जीत-हार का अंतर काफी कम रहने की स्थिति में इतने बड़े वोट बैंक की नाराजगी बीजेपी और कांग्रेस, दोनों के लिए चुनावी गणित बिगाड़ सकती है। दरअसल, मतदान बहिष्कार का फैसला स्वेज फार्म, सोडाला स्थित होटल अक्षरधाम में हुई माली-सैनी समाज की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी अशोक कुमार पुष्प ने की। इसमें सिविल लाइंस और किशनपोल विधानसभा क्षेत्रों के समाज के वरिष्ठजन, समाजसेवी, भामाशाह और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को जयपुर जिला माली-सैनी समाज संस्था और राजस्थान प्रदेश सैनी-माली महासभा का भी समर्थन मिलने का दावा किया गया है। बैठक में राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई और विस्तृत चर्चा के बाद सिविल लाइंस और किशनपोल विधानसभा क्षेत्रों में मतदान बहिष्कार का फैसला किया गया। 200 और गली-मोहल्लों में लगाएंगे होर्डिंग-बैनर लगाए माली-सैनी समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान बहिष्कार के संदेश वाले करीब 50 होर्डिंग और बैनर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा गली-मोहल्लों में करीब 200 और होर्डिंग-बैनर लगाने की तैयारी है। ऐसे में चुनाव प्रचार के बीच अब सिविल लाइंस और किशनपोल के कई इलाकों में प्रतिनिधित्व नहीं तो वोट नहीं का संदेश दिखाई दे सकता है। हर वार्ड में 10-10 कार्यकर्ताओं की टोली, घर-घर पहुंचेंगे समाज ने मतदान बहिष्कार के संदेश को हर मतदाता तक पहुंचाने के लिए वार्ड स्तर पर भी रणनीति बनाई है। जिसके तहत वार्ड में 10-10 युवा कार्यकर्ताओं की टोली बनाई जाएगी। ये कार्यकर्ता घर-घर और गली-मोहल्लों में जनसंपर्क कर समाज के लोगों से मतदान बहिष्कार की अपील करेंगे। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि राजनीतिक दलों को यह संदेश दिया जाएगा कि बड़ी संख्या में वोट होने के बावजूद किसी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

लूटेरी दुल्हन, दलाल समेत 3 आरोपी गिरफ्तार:युवक से शादी के नाम पर 1.91 लाख की ठगी, कोर्ट ले जाते समय दुल्हन को भगाया

सदर थाना पुलिस ने शादी के नाम पर गुजरात के एक युवक से 1.91 लाख रुपए ठगने के मामले में लूटेरी दुल्हन और दलाल समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को शादी करवाने के नाम पर कोर्ट ले जाते समय रास्ते में ही दुल्हन को भगा लिया था। सदर थानाधिकारी संगीता बंजारा ने बताया कि आरोपियों ने पहले युवक को युवती का फोटो दिखाया और शादी का रिश्ता तय किया। शादी के लिए 1.71 लाख रुपए नकद लेने के बाद दुल्हन और उसकी बहन को युवक की गाड़ी में बैठाकर डूंगरपुर कोर्ट के लिए भेजा। कोर्ट से करीब 2 किलोमीटर पहले बिना नंबर की बोलेरो में सवार एक युवक लाठी लेकर पहुंचा और दूल्हे को धमकाया। इसके बाद दोनों युवतियां बोलेरो में बैठकर चली गईं। इस घटना के बाद दलाल ने भी अपना मोबाइल बंद कर लिया और भाग गया। पुलिस ने इस मामले में बारो का शेर निवासी अमित बामणा (25), पालवडा निवासी लालशंकर डामोर (52) और टेंगरवाड़ा निवासी लूटेरी दुल्हन पीनल घाटिया (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। फोटो देखकर परिवार के साथ डूंगरपुर आया था युवक पुलिस के मुताबिक गुजरात के गांधीनगर जिले के डभोडा थाना क्षेत्र निवासी पिजेश पटेल (36) ने 4 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि शादी के लिए उसकी मुलाकात कमलेश नाम के व्यक्ति से हुई थी, जो शादी करवाने का काम करता था। कमलेश ने उसे पीनल का फोटो दिखाया। इसके बाद पिजेश 26 अगस्त को परिवार के साथ डूंगरपुर आया। मोतली मोड़ पर कमलेश और अमित बाइक से उन्हें लेने पहुंचे और टाड़ी ओबरी गांव में फूला नाम के व्यक्ति के घर ले गए। यहां पीनल, उसकी बहन, मां, भाई अमित, पिता और दलाल कमलेश से मुलाकात कराई गई। बातचीत के बाद शादी की तारीख 31 अगस्त तय हुई। आरोपियों ने शादी के लिए 2 लाख रुपए मांगे, लेकिन बातचीत के बाद 1.71 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। 1.71 लाख नकद दिए, दलाल ने 5 हजार अलग लिए 31 अगस्त को पिजेश परिवार के साथ टाड़ी ओबरी पहुंचा। यहां उसने पीनल, उसके भाई अमित और दलाल कमलेश को 1.71 लाख रुपए नकद दिए। इसके अलावा कमलेश ने 5 हजार रुपए अलग से लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने कहा कि पीनल और उसकी बहन यमुना को अपनी गाड़ी में बैठाकर डूंगरपुर कोर्ट ले जाओ। वे बाइक से पीछे आएंगे और कोर्ट में दोनों की शादी करवा देंगे। कोर्ट से 2 किमी पहले बोलेरो ने रोका पिजेश दोनों युवतियों को गाड़ी में बैठाकर कोर्ट के लिए रवाना हुआ। कोर्ट से करीब 2 किमी पहले सदर थाना क्षेत्र के रास्ते में बिना नंबर की बोलेरो आकर रुकी। उसमें से एक व्यक्ति लट्ठ लेकर उतरा और गाड़ी का दरवाजा खोलकर पिजेश को धमकाने लगा। इसी दौरान पीनल और यमुना गाड़ी से उतरकर बोलेरो में बैठ गईं। बोलेरो वहां से रवाना हो गई। पिजेश ने कमलेश से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह मौके पर नहीं आया। बाद में उसका मोबाइल भी बंद हो गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को रिपोर्ट देकर करीब 1.91 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने टीम गठित कर तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने टाड़ी ओबरी, बोलादरा, पालदेवल, बारों का शेर, पालवड़ा, टेंकरवाड़ा तलैया और बिछीवाड़ा समेत कई स्थानों पर तलाश की। पुलिस ने अमित बामणा, लालशंकर डामोर और पीनल घाटिया को डिटेन कर पूछताछ की। देवल चौकी प्रभारी एएसआई गिरिराज सिंह ने बताया कि तीनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

लॉयड्स ऑफ लंदन की ओल्ड लाइब्रेरी में गूंजी भारतीय गजल:जयपुर के रंजीत रजवाड़ा ने पहले भारतीय गायक के रूप में दी प्रस्तुति

जयपुर के प्रसिद्ध गायक रंजीत रजवाड़ा ने लॉयड्स ऑफ लंदन की ऐतिहासिक ओल्ड लाइब्रेरी में प्रस्तुति दी। वहां प्रस्तुति देने वाले गायक रंजीत रजवाड़ा पहले भारतीय गायक बने हैं। दक्षिण एशियाई विरासत माह के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में रंजीत रजवाड़ा ने भारतीय संगीत और गजलों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। लॉयड्स ऑफ लंदन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के परिसर में पहली बार किसी भारतीय गायक की गजल प्रस्तुति को भारतीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। रंजीत रजवाड़ा का ‘यूके टूर 2026 – ए जर्नी थ्रू गजल्स’ 14 दिनों तक चला। 14 दिनों में चार शहर, सात म्यूजिक प्रोग्राम रंजीत रजवाड़ा का ‘यूके टूर 2026-ए जर्नी थ्रू गजल्स’ 14 दिनों तक चला। इस दौरान उन्होंने लंदन, चेल्म्सफोर्ड, ब्रिस्टल और बर्मिंघम सहित चार शहरों में कुल सात म्यूजिक प्रोग्राम में प्रस्तुति दी। दौरे के दौरान 1500 से अधिक संगीत प्रेमियों ने उनकी गजलों का आनंद लिया। वहीं उनकी टीम ने इस संगीत यात्रा के दौरान करीब 2000 मील का सफर तय किया। चेल्सी थिएटर से शुरू हुई संगीत यात्रा रंजीत रजवाड़ा के यूके दौरे की शुरुआत लंदन के चेल्सी थिएटर में आयोजित ‘महफिल-ए-इंडीबेदी’ से हुई। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी गजल गायकी से दर्शकों को प्रभावित किया। इसके बाद चेल्म्सफोर्ड में ‘एन इवनिंग विद रंजीत राजवाड़ा’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। ईस्ट लंदन स्थित लायंस क्लब में उनकी प्रस्तुति हुई। वहीं दक्षिण एशियाई विरासत माह के अवसर पर लॉयड्स बिल्डिंग में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी ऐतिहासिक मंच पर रंजीत रजवाड़ा ने भारतीय गजलों की प्रस्तुति दी। इसके बाद ब्रिस्टल में आयोजित कॉरपोरेट कार्यक्रम, लंदन के हैरो आर्ट्स सेंटर में सोलजैम की ओर से आयोजित कार्यक्रम और बर्मिंघम के ओल्डबरी में आयोजित ‘एन इवनिंग ऑफ गजल्स विद रंजीत रजवाड़ा’ के साथ पूरी हुई। ‘प्रिंस ऑफ गजल्स’ के नाम से पहचाने जाने वाले रंजीत राजवाड़ा का उद्देश्य गजल के माध्यम से भारतीय संगीत और संस्कृति को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाना है। रंजीत रजवाड़ा के इस अंतरराष्ट्रीय दौरे के प्रमोटर एवं प्रबंधक हंसदीप सिंह और सिफत इवेंट्स रहे।