slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

2 भाइयों समेत 3 बच्चों की डूबने से मौत:1 को ग्रामीणों ने बचाया; पैर फिसलने से डिग्गी में गिरा लड़का, बचाने उतरे थे साथी

हनुमानगढ़ जिले में कुंभाराम आर्य लिफ्ट कैनाल से जुड़ी पानी की डिग्गी में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई। 1 बच्चे को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मरने वालों में 2 सगे भाई शामिल है। जानकारी के अनुसार, पैर फिसलने से 1 बच्चा डिग्गी में गिर गया था। उसे बचाने के लिए बाकी तीनों भी पानी में कूद गए। गहरे पानी और बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण 3 बच्चे डूब गए। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण दौड़कर आए और 1 बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया। ग्रामीण 3 बच्चों को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसा रावतसर थाना इलाके के बरमसर गांव में हुआ। मृतक बच्चों के परिजनों से मिले एसपी सूचना मिलने पर एसपी बी आदित्य रावतसर हॉस्पिटल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। सकुशल बाहर निकाले गए बच्चे से भी एसपी ने मुलाकात की और मृतकों के परिजनों से भी मिले। इस दौरान रावतसर सीओ विक्रम चौहान और थानाधिकारी अजय कुमार उनके साथ मौजूद थे। पैर फिसलने से गिरा 1 बच्चा, 3 बचाने के लिए कूदे एसपी बी. आदित्य ने बताया- बरमसर गांव के 4 बच्चे रामचन्द्र (14) पुत्र सीताराम गोस्वामी, बजरंग (18), उसका भाई कंवरपाल (15) पुत्र श्योनारायण गोस्वामी और सुनील (14) पुत्र जयपाल गोस्वामी रविवार शाम को करीब 4 बजे भेड़ चराने गए थे। इसी दौरान वे कुंभाराम आर्य लिफ्ट कैनाल से जुड़ी बीएसआर-11 की सिंचाई वाली पानी की डिग्गी के किनारे पहुंच गए। इस दौरान पैर फिसलने से 1 बच्चा पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बाकी 3 बच्चे भी डिग्गी में कूद पड़े। हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रामचंद्र को सुरक्षित निकाल लिया। ग्रामीणों ने बजरंग, सुनील और कंवरपाल को पानी से निकाला और गंभीर हालत में रावतसर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। 7 बहनों का इकलौता भाई था सुनील रावतसर थानाधिकारी अजय कुमार ने बताया- हादसे में जान गंवाने वाले बजरंग और कंवरपाल सगे भाई थे। अब परिवार में 3 बहनें रह गई हैं। सुनील 7 बहनों का इकलौता भाई था। गांव में 3 किशोरों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। डिग्गी के आसपास सुरक्षा इंतजाम नहीं 3 बच्चों की मौत के बाद डिग्गी के आसपास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का मुद्दा एक बार फिर उठा है। जिले में खेतों की खुली डिग्गियों में डूबने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को चराने के लिए भेजा जाता है, लेकिन पानी के बड़े टैंकों के किनारे कोई बाड़ या चेतावनी बोर्ड नहीं होते, जिससे हादसे होते रहते हैं।

एथलेटिक्स विजेता खिलाड़ियों ने जसोल धाम में किए दर्शन:हरिशचंद्र सिंह जसोल ने शुभकामनाएं दीं, खेलों को बताया व्यक्तित्व निखारने का तरीका

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की विभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बाड़मेर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता खत्म होने के बाद ये सभी खिलाड़ी जसोल स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान पहुंचे। यहां खिलाड़ियों और उनके साथ आए आचार्यों ने श्री राणीसा भटियाणीसा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। टीम ने श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी और श्री काला-गौरा भैरूजी के मंदिरों में भी दर्शन किए। इसके बाद खिलाड़ियों और आचार्यों ने श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान के प्रवक्ता हरिशचंद्र सिंह जसोल से मुलाकात की। जसोल ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक सहित कई पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। व्यक्तित्व को निखारने का मजबूत जरिया खेल हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि खेल छात्रों के पूरे व्यक्तित्व को निखारने का एक मजबूत जरिया हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि बाड़मेर जिले के खिलाड़ियों ने विभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपने स्कूल, परिवार और इलाके का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और आचार्यों व प्रशिक्षकों के लगातार मार्गदर्शन का अच्छा नतीजा है। विद्या भारती शिक्षा, संस्कार, खेल एवं राष्ट्रभाव के समन्वय के माध्यम से भावी पीढ़ी के सर्वांगीण निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। युवा प्रतिभाओं को समुचित अवसर, प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन मिलने से वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित कर सकती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण करवाया बता दें. आदर्श विद्या मंदिर, माजीवाला में श्री राणीसा भटियाणीसा की असीम कृपा से श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल द्वारा विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने एवं उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण करवाया गया है। संस्थान शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों के विकास तथा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर सहयोग प्रदान करता रहा है। आदर्श विद्या मंदिर, माजीवाला में आयोजित विभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बाड़मेर, जैसलमेर एवं बालोतरा जिलों के अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में सहभागिता की। बाड़मेर जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक सहित विभिन्न पदक जीते। जसोल धाम पहुंचे दल के साथ बाड़मेर जिला खेल संयोजक लाखाराम, आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय चौहटन के प्रधानाचार्य उगम सिंह, बाड़मेर से कोच दलपत सिंह तथा चौहटन से बालिका शारीरिक शिक्षक एवं कोच सहित अन्य आचार्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांप के काटने से दो बहनों की मौत:बच्चियों के रोने पर मां ने देखा तो सांप भाग रहा था, राखी पर ननिहाल आई थीं

भीलवाड़ा जिले में सांप के काटने से दो बहनों की मौत हो गई। कृष्णा (5) और भावना (2) मां ज्ञानी के साथ राखी पर ननिहाल आई थीं। रात को कमरें में सो रही थीं। सुबह 5 बजे बेटियों के रोने पर मां उठी तो बच्चियों के शरीर पर सांप के काटने के निशान थे। परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चियों को इलाज के लिए रायपुर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने भावना को मृत घोषित कर दिया।कृष्णा को इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही कृष्णा ने भी दम तोड़ दिया। मामला रायपुर थाना क्षेत्र के मोखमपुरा गांव का रविवार सुबह का है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। ननिहाल आई हुई थी दोनों जानकारी के अनुसार, कांजी खेड़ा निवासी जगदीश गुर्जर की पत्नी ज्ञानी अपनी दोनों बेटियों कृष्णा (5) और भावना (2) के साथ राखी पर अपने पीहर मोखमपुरा (रायपुर) आई हुई थी। शनिवार रात को खाना खाने के बाद मां और दोनों बेटियां एक ही कमरे में सो रही थीं। रविवार सुबह 5 बजे अचानक दोनों बच्चियों के रोने की आवाज सुनकर मां ज्ञानी देवी की नींद खुली।उन्होंने देखा कि दोनों बेटियों के शरीर पर सांप के काटने के निशान थे। सांप भी वहां से निकल रहा था। दोनों बहनों की मौत मासूम के पिता जगदीश गुर्जर ने बताया- ज्ञानी ने परिवार के दूसरे सदस्यों को उठाया और परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चियों को इलाज के लिए सीएचसी रायपुर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद भावना को मृत घोषित कर दिया। कृष्णा को इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी रास्ते दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मासूमों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए।

उदयपुर नगर निगम का चुनाव लड़ रहे 11 दागी चेहरे:कांग्रेस के 7,BJP के 4 उम्मीदवारों पर आपराधिक रिकॉर्ड, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज

उदयपुर नगर निगम चुनाव के चुनावी समर में इस बार मुख्य मुकाबला 'बेदाग' छवि और 'दागी' बैकग्राउंड के बीच भी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। शहर की सरकार चलाने के लिए दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा उतारे गए 160 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों की जब गहराई से पड़ताल की गई, तो कई चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। हालांकि, इस चुनावी मैदान में 93 प्रतिशत से ज्यादा यानी 149 उम्मीदवार पूरी तरह साफ-सुथरी छवि के साथ जनता के बीच हैं, लेकिन 11 प्रत्याशी ऐसे भी हैं जिनके दामन पर कानूनी मुकदमों के दाग लगे हुए हैं। सबसे खास बात यह है कि इस मामले में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों की सूची में दागदार चेहरों की संख्या भाजपा से ज्यादा नजर आ रही है। चुनावी हलफनामों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के कुल 7 उम्मीदवारों पर विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सत्ताधारी भाजपा खेमे से केवल 4 प्रत्याशी ही कानूनी मामलों और पुलिस रिकॉर्ड में उलझे हुए हैं। दोनों दलों के बीच टिकट वितरण के इस आंकड़े ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। वार्ड 45 से कांग्रेस प्रत्याशी पर धोखाधड़ी, मारपीट के दो केस दर्ज कांग्रेस के जिन 7 प्रत्याशियों पर शिकंजा कसा है, उनमें वार्ड 45 से पंकज सुखवाल सबसे आगे हैं, जिनके नाम धोखाधड़ी और मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वार्ड 5 से राघव सुखवाल पर मारपीट, वार्ड 22 से हिदायत उल्ला पर पारिवारिक प्रकरण, वार्ड 46 से कुलदीप मालवीय पर मारपीट, वार्ड 64 से जोगेंद्र सिंह शक्तावत, वार्ड 66 से सत्येंद्र चौधरी पर तोड़फोड़ व मारपीट और वार्ड 80 से योगेश पुष्करणा पर धारा 190 व 132 के तहत केस दर्ज है। कांग्रेस के इन प्रत्याशियों पर लगे आरोपों में मारपीट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। जोगेन्द्र सिंह शक्तावत जो वार्ड 64 से चुनाव लड़ रहे हैं। वे बीएन यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष और एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। वहीं बीएन ओल्ड बॉयज एसोसिएशन में ज्वॉइंट सेक्रेटरी रहे हैं। साथ ही वर्तमान में पदेन सदस्य हैं। दूसरी तरफ, भाजपा के 4 दागी प्रत्याशियों की बात करें तो उनके मामले अपेक्षाकृत अलग प्रकृति के हैं। वार्ड 2 से लक्ष्मण मालवीय पर आंदोलन से जुड़ा मामला है, वार्ड 3 से गिरीश श्रीमाली पर संपत्ति विवाद, वार्ड 19 से कुंदन चौहान पर वाहन दुर्घटना और वार्ड 80 से प्रताप सिंह राठौड़ पर धारा 188, 269 और 270 जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज है। स्पष्ट है कि भाजपा उम्मीदवारों पर दर्ज अधिकांश मामले राजनीतिक आंदोलनों या प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े हैं। जनता के सामने इस बार साफ-सुथरे विकल्पों की कोई कमी नहीं है, क्योंकि दर्जनों वार्ड ऐसे हैं जहां दोनों दलों के उम्मीदवार पूरी तरह बेदाग हैं। लेकिन चुनावी मैदान में उतरे इन दागी चेहरों का यह सफर जनता के बीच बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है।

प्रत्याशी की रैली में शामिल ट्रैक्टर महिलाओं पर चढ़ा, 2-घायल:एक महिला का पैर टूटा, दूसरे का कंधा उतरा; भाजपा नेता बोले- ड्राइवर नशे में था

बाड़मेर नगर निकाय चुनाव प्रचार रैली में चल रहे ट्रैक्टर ने दो महिलाओं के ऊपर से निकलते हुए घर में घुस गया। इससे दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। इनमें एक महिला का पैर टूट गया, जबकि दूसरी महिला का कंधा उतर गया। दोनों हॉस्पिटल में भर्ती है। सूचना मिलने पर आरएलपी, बीजेपी और कांग्रेस के नेता मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। घटना बाड़मेर शहर के वार्ड संख्या 13 करमूजी की गली मोहल्ले शाम करीब 5 बजे की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर कोतवाली में खड़ा करवाया है। फिलहाल परमिशन समेत डॉक्यूमेंट की जांच की जा रही है। घायल की ओर से अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। ट्रैक्टर पर म्यूजिक सिस्टम लगाकर कर रहे थे प्रचार बाड़मेर नगर परिषद वार्ड संख्या 13 में आरएलपी प्रत्याशी नवीन कुमार जैन, बीजेपी प्रत्याशी कैलाश कोटड़ियां, कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र चुनावी मैदान में है। इन दिनों सभी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार चरम पर है। आरएलपी ट्रैक्टर पर म्यूजिक सिस्टम लगाकर प्रचार-प्रसार कर रहे है। रविवार को वार्ड संख्या 13 में आरएलपी प्रत्याशी समर्थकों के साथ वार्ड में रैली निकाल रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर में वीडियो और रील बनाने के दौरान ड्राइवर से ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। आगे चल रही दो महिलाओं के पैर व कंधे के ऊपर से निकल गया। इससे झमुदेव (52) पत्नी गौतमचंद और पपुदेवी पत्नी मूलचंद निवासी जैन न्याति न्योरा गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने गंभीर घायलों को प्राइवेट गाडी से हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां पर दोनों का इलाज चल रहा है। हॉस्पिटल आरएलपी, बीजेपी, कांग्रेस के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां पर बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में ट्रैक्टर चला रहे थे। पूर्व विधायक बोले- संकरी गलियों में ट्रैक्टर से प्रचार सही नहीं, जांच होनी चाहिए पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने कहा- दोनों महिलाओं के सीटी स्कैन, एक्सरे करवाया है। दोनों महिलाओं की हालत गंभीर है। शहर के गलियों संकरी है। इसमें ट्रैक्टर से प्रचार करना सही नहीं है। प्रशासन व पुलिस को जांच करनी चाहिए।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:पत्नी से झगड़े के बाद फंदे पर लटका युवक; खाने में कॉकरोच की शिकायत पर टूरिस्ट को पीटा; धौलपुर-दौसा में मकान ढहे

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां एक प्राइवेट हॉस्पिटल में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वह पेट दर्द की शिकायत पर एडमिट हुई थी। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. कांग्रेस ने बगावत करने वाले 25 कार्यकर्ताओं को निकाला जोधपुर में कांग्रेस ने चुनाव में खड़े हुए बागी और पार्टी के खिलाफ काम करने वाले 25 कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। अजमेर में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस के लोग भ्रष्टाचारी हैं। इन्होंने प्रदेश-देश को लूटा है। हम उनका बैंड बजाकर रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें 2. कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे MLA का विरोध जयपुर नगर निगम के वार्ड 149 से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे विधायक प्रशांत शर्मा को विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग अंजलि ब्रह्मभट्ट को कांग्रेस का टिकट देने से नाराज हैं। MLA के पहुंचते ही लोग नारेबाजी करने लगे। कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी पर भी चढ़ गए। पूरी खबर पढ़ें 3. खाने में कॉकरोच की शिकायत पर टूरिस्ट को पीटा उदयपुर के मीरा रेस्टोरेंट में टूरिस्ट के खाने में कॉकरोच निकला। टूरिस्ट ने इसकी शिकायत की तो रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी भी मौजूद था, लेकिन वह मारपीट करने वालों को रोक नहीं पाया। टूरिस्ट के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट आई। पूरी खबर पढ़ें 4. राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बने संजय के. अग्रवाल छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश (सीजे) नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त को संजय के. अग्रवाल को सीजे बनाने की सिफारिश की थी। इसके बाद रविवार को राष्ट्रपति भवन ने उनके नियुक्ति ऑर्डर जारी कर दिए। पूरी खबर पढ़ें 5. धौलपुर-दौसा में मकान ढहे, चंबल-पार्वती नदी उफान पर राजस्थान में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। दौसा जिले के महवा सहित कई इलाकों में लगातार बारिश से दुकानों-घरों में पानी घुस गया। जिले के धनतुरी गांव में मकान गिर गया। धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर एक रात में 8 मीटर तक बढ़ गया है। यहां मांगरोल गांव में भी मकान भी ढह गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. तलाक की सलाह लेने पहुंचे युवक पर हमला अलवर कोर्ट में पत्नी से तलाक की कानूनी सलाह लेने पहुंचे युवक और उसकी महिला मित्र पर ससुराल वालों ने हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों को घसीटकर कार में जबरन ले जाने का प्रयास किया गया। वकीलों ने छुड़ाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की और पथराव कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. प्राइवेट हॉस्पिटल में एनेस्थिसिया देकर युवती से छेड़छाड़ जयपुर के एक हॉस्पिटल में एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वह पेट दर्द की शिकायत पर हॉस्पिटल में एडमिट हुई थी। आरोप है कि इलाज के दौरान नर्सिंगकर्मी ने एनेस्थिसिया देकर उसके साथ गलत हरकत की। पुलिस ने आरोपी नर्सिंगकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें 8. पत्नी से झगड़े के बाद फंदे पर लटका युवक कोटा के अनंतपुरा इलाके में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक ने 5 महीने पहले लव मैरिज की थी। इसके बाद वह पत्नी के साथ कोटा में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मर्ग दर्ज की है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. सब्जी मंडी से आलू-प्याज के कट्टे चोरी अजमेर में रामगंज स्थित सब्जी मंडी में दुकान के सामने रखे आलू और प्याज के कट्टे शातिर चोर चुरा ले गया। देर रात के समय अज्ञात चोर दुकान के सामने पहुंचा और मौका देखकर आलू और प्याज के 1-1 कट्टे उठाकर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. मोती डूंगरी मंदिर में गणेश चतुर्थी उत्सव की शुरुआत जयपुर के मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी उत्सव की शुरुआत 7 सितंबर से होगी। 9 दिन चलने वाले इस उत्सव में हर दिन भगवान गणेशजी के दरबार का अलग स्वरूप नजर आएगा। 14 सितंबर को भगवान गजानन का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें

कांग्रेस ने नेहरू पर मीडिया पोस्ट को लेकर शिकायत की:नगरीय चुनाव के बीच आचार संहिता का उल्लंघन बताया, हटाने की मांग

राजस्थान में नगरीय चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को लेकर एक पोस्ट पर विवाद हो गया है। कांग्रेस ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा ने जिला कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन विभाग और जिला नियंत्रण कक्ष में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग के नाम पर दी गई है। इसकी एक कॉपी मुख्य चुनाव आयुक्त को भी भेजी गई है। उनके साथ अमन राठौर, सुजल वर्मा, यजदानी, सत्यम वैष्णव भी मौजूद थे। शिकायत में कहा गया है कि जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री रहे हैं और उनका निधन 1964 में हो गया था। चुनावी अवधि के दौरान उन पर तथ्यहीन आरोपों वाली पोस्ट दिखाना गलत है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इसे हटवाकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के मुताबिक राजस्थान में 19 अगस्त 2026 को नगरीय चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी। इसके बाद 29 अगस्त को 'मोहनलाल' नाम के एक्स (ट्विटर) अकाउंट से एक पोस्ट डाली गई। इस पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू पर प्रधानमंत्री रहते हुए देश की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया है। चर्मेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में नगरीय चुनाव के कारण आचार संहिता लागू है। ऐसे में इस तरह की पोस्ट दिखाना साफ तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने चुनाव आयोग से ऐसे गलत प्रचार को रोकने और आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

झालावाड़ में हेमराज गैंग का गुर्गा गिरफ्तार:25 हजार का इनाम था घोषित, फाइनेंस वाले ट्रैक्टरों की चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाता था

झालावाड़ पुलिस ने एएनटीएफ राजस्थान के सहयोग से हेमराज गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी चन्द्रभान उर्फ मुनीम (32) पर 25 हजार रुपए का इनाम था और वह करीब 1 साल से फरार चल रहा था। वह मथुरा, उत्तर प्रदेश के खायरा गांव का रहने वाला है। चन्द्रभान फाइनेंस किए गए वाहनों को खुर्द-बुर्द करने और उनकी चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाकर बीमा राशि लेने के मामले में वांछित था। पुलिस ने उसे अपनी मोस्ट वांटेड टॉप-10 सूची में शामिल किया था। अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार एसपी अमित कुमार ने बताया कि एएनटीएफ राजस्थान जयपुर के सहयोग से पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चन्द्रभान उर्फ मुनीम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में गैंग लीडर हेमराज माली सहित अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान मथुरा, उत्तर प्रदेश में भी करवाई है। हर ट्रैक्टर पर मिलता था 10 हजार का कमीशन पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने चाचा के कहने पर राजस्थान और मध्यप्रदेश से दलालों के जरिए फाइनेंस वाले ट्रैक्टर लेता था। इसके बाद वह नोटरी के जरिए ट्रैक्टर अपने नाम करवाकर उन्हें उत्तर प्रदेश ले जाता था। वहां वह इन ट्रैक्टरों को आसपास के गांवों में बेच देता था। चन्द्रभान को प्रत्येक ट्रैक्टर की बिक्री पर करीब 10 हजार रुपए कमीशन मिलता था। आरोपी ने राजस्थान और मध्यप्रदेश से कई दर्जन ट्रैक्टर ले जाकर बेचने की बात कबूल की है।

झुंझुनूं के वार्ड-38 में अपनों से घिरी कांग्रेस, भाजपा बाहर:चार निर्दलीय बिगाड़ रहे जीत के समीकरण, प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला

नगर परिषद चुनाव में वार्ड-38 इस बार सबसे चर्चित सीट बन गया है। भाजपा के चुनाव मैदान से बाहर रहने के बाद भी यहां प्रत्याशियों में कड़ी टक्कर है। कांग्रेस ने पूर्व पालिकाध्यक्ष तैय्यब अली को प्रत्याशी बनाया है, लेकिन उन्हें चुनौती कांग्रेस की ही राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े निर्दलीय प्रत्याशियों से मिल रही है। कांग्रेस प्रत्याशी तैय्यब अली के सामने पूर्व कांग्रेस जिला प्रवक्ता एडवोकेट शहबाज फारूकी निर्दलीय मैदान में हैं। इनके अलावा एडवोकेट इरशाद फारूकी, कांग्रेस से जुड़े आजम भाटी की बहू कोमल निर्बान और रिजवाना भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। कुल पांच प्रत्याशियों के मैदान में होने से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। निवर्तमान सभापति नगमा बानो का निर्वाचन क्षेत्र वार्ड-38 इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह निवर्तमान सभापति नगमा बानो का निर्वाचन क्षेत्र रहा है। इस बार नगमा बानो चुनाव नहीं लड़ रही हैं। सभापति का पद सामान्य वर्ग के लिए खुलने के बाद कांग्रेस ने उनके ससुर और पूर्व पालिकाध्यक्ष तैय्यब अली पर भरोसा जताया है। पार्टी को उनके राजनीतिक अनुभव, पुराने जनाधार और संगठन में पकड़ का लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, तैय्यब अली के लिए राह आसान नहीं मानी जा रही है। उनके सामने मैदान में उतरे कई निर्दलीय प्रत्याशियों की जड़ें कांग्रेस की राजनीति से जुड़ी रही हैं। ऐसे में मुकाबला केवल पार्टी के चुनाव चिह्न का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत जनाधार, संपर्क और स्थानीय प्रभाव का भी बन गया है। दो वार्डों के हिस्सों को मिलाकर बनाया नया वार्ड 38 परिसीमन के बाद वार्ड-38 का सियासी गणित भी पूरी तरह बदल गया है। पहले यह क्षेत्र वार्ड-34 और वार्ड-40 में बंटा हुआ था। दोनों वार्डों के हिस्सों को मिलाकर नया वार्ड-38 बनाया गया है। पुराने वार्ड-34 से कांग्रेस की जुबेदा पार्षद थीं, जबकि वार्ड-40 से नगमा बानो निर्वाचित हुई थीं। अब दोनों क्षेत्रों के एक वार्ड में आने से पुराने समीकरण भी नए सिरे से बन रहे हैं। भाजपा ने नहीं उतारा अपना प्रत्याशी अल्पसंख्यक बहुल इस वार्ड में भाजपा ने इस बार प्रत्याशी नहीं उतारा है। ऐसे में चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से कांग्रेस प्रत्याशी और कांग्रेस की पृष्ठभूमि वाले निर्दलीय चेहरों के बीच दिखाई दे रहा है। भाजपा के मैदान से बाहर रहने से मुकाबले का पूरा फोकस इन्हीं प्रत्याशियों पर केंद्रित हो गया है। 2211 मतदाताओं वाले वार्ड में बिरादरी का गणित करीब 2211 मतदाताओं वाले वार्ड में बिरादरी का गणित भी चुनाव परिणाम में अहम भूमिका निभा सकता है। चोपदार समाज से कोमल निर्बान और रिजवाना, जबकि पीरजादगान समाज से एडवोकेट शहबाज फारूकी और एडवोकेट इरशाद फारूकी मैदान में हैं। ऐसे में बिरादरी के वोटों का बंटवारा किस तरह होता है, यह चुनाव परिणाम को प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण पहलू रहेगा। वार्ड में 1121 पुरुष और 1090 महिला मतदाता हैं। पांच प्रत्याशियों में कांग्रेस का एक और चार निर्दलीय हैं, जबकि भाजपा का कोई प्रत्याशी नहीं है। राजनीतिक पृष्ठभूमि, बदले परिसीमन और बिरादरी समीकरणों के चलते वार्ड-38 के नतीजे पर पूरे नगर परिषद चुनाव के दौरान खास नजर रहेगी।

फलोदी में बीजेपी की विजय संकल्प सभा:बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- कार्यकर्ता और प्रत्याशी बेहतर तालमेल रखें

भाजपा ने आगामी नगरपरिषद चुनाव के लिए रविवार को फलोदी में विजय संकल्प सभा की। इस सभा से पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को तेज किया। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, चुनाव सह प्रभारी जोगेंद्र सिंह सिलोर, जिला अध्यक्ष ज्योति जाणी और विधायक पब्बाराम विश्नोई इसमें मौजूद रहे। भाजपा के सभी 40 वार्डों के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की जीत का संकल्प लिया। कार्यकर्ता और प्रत्याशियों में तालमेल का दिया संदेश प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों से कहा कि वे आपसी तालमेल से बूथ स्तर पर चुनाव का बेहतर प्रबंधन करें। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। सभी वार्डों के प्रत्याशी रहे मौजूद जिला अध्यक्ष ज्योति जाणी ने बताया कि भाजपा संगठन पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रहा है। विधायक पब्बाराम विश्नोई ने प्रत्याशियों से कहा कि वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों से लगातार संपर्क में रहें। उन्होंने हर वार्ड में मजबूत जन समर्थन जुटाने पर जोर दिया। सभी 40 वार्डों के प्रत्याशी सभा में मौजूद थे, जिससे चुनावी माहौल साफ दिखा। ये रहे मौजूद इस मौके पर जिला महामंत्री सुखराम विश्नोई, मेघराज कल्ला, जयप्रकाश बोहरा, डॉ. माधु सिंह देवड़ा, संयोजक माणकलाल सुथार, जिला उपाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह आमला, रमेश थानवी, जानकीलाल शर्मा, सुनील व्यास और देवकिसन सोनी भी मौजूद थे। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गवरा देवी समेत कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सभा में शामिल हुए।

दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए 3 चोर:सोने के जेवरात, कैश और पीतल की मूर्तियां ले गए

श्रीगंगानगर में एक दुकान में चोरी करने का मामला सामने आया है। चोर दुकान के ताले तोड़कर सोने के जेवरात, कैश, पीतल की मूर्तियां व धार्मिक सामान चोरी कर ले गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें तीन चोर दिखाई दे रहे हैं। मामला जवाहर नगर थाना क्षेत्र का है। दुकान खोलने के लिए आए तो चोरी का पता चला पुलिस को दी रिपोर्ट में एस्ट्रोलॉजर संजय सोनी (40) निवासी इंद्रा कॉलोनी गली नंबर-4 सरकारी स्कूल के सामने (श्रीगंगानगर) ने बताया कि उनकी दुकान राधा कृष्ण धाम में लड्डू गोपाल और अन्य धार्मिक सामान बिकता है। 4 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह करीब 10:26 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो बाहर से दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा हुआ था। दुकान से चोरी हो चुकी थी। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात जिसके बाद आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि तीन चोर रात के करीब 3:50 बजे दुकान के आस-पास आते-जाते दिख रहे हैं। इसके बाद चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखे 82,600 कैश, ठाकुरजी की 7 ग्राम की सोने की बाली, सोने की चेन, पीतल का सामान और मूर्तियां चोरी कर ले गए। मामला दर्ज, जांच शुरू गल्ले में रखा कैश जन्माष्टमी से एक दिन पहले लड्डू गोपाल की मूर्तियां और सामान बेचने से कलेक्ट हुआ था। घटना के बाद एस्ट्रोलॉजर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने एस्ट्रोलॉजर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई गुरदीप सिंह कर रहे हैं। चोरों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

करौली में महिला सशक्तिकरण का संदेश गूंजा:नारी जागरण सम्मेलन में सैकड़ों महिलाओं ने लिया हिस्सा, गायत्री परिवार ने किया आयोजन

करौली में अखिल विश्व गायत्री परिवार ने रविवार को गायत्री शक्तिपीठ में नारी जागरण सम्मेलन और कन्या कौशल शिविर का आयोजन किया। 'सशक्त नारी, सुसंस्कृत परिवार और समुन्नत राष्ट्र' की थीम पर हुए इस सम्मेलन में करौली के साथ हिंडौन, सपोटरा, नदबई, अलवर और भरतपुर क्षेत्र से सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिलाओं और बेटियों को जागरूकता, आत्मनिर्भरता, संस्कार, कौशल विकास और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ. लीना शर्मा, अर्चना शर्मा और डॉ. मिथिलेश गुप्ता ने गायत्री माता के चित्र के सामने दीप जलाकर की। इस दौरान महिला सशक्तिकरण और बेटियों के कौशल विकास से जुड़े अलग-अलग विषयों पर चर्चा हुई। गायत्री परिवार की सदस्य रेखा वर्मा और रेखा गोयनका ने बताया कि शांतिकुंज से आईं मुख्य वक्ता गायत्री कचोलिया ने भजनों और प्रेरणादायक बातों से महिलाओं और बेटियों को जागरूक, आत्मनिर्भर और संस्कारवान बनने का संदेश दिया। मानसरोवर जयपुर स्थित वेदना निवारण केंद्र से आईं ललिता ने सनातन धर्म, यज्ञ और पारिवारिक संस्कारों से जुड़ने की अपील की। वहीं, जयपुर से आईं ममता बंसल ने बलिवैश्वदेव यज्ञ के जरिए परिवार में सुख, शांति और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के बारे में बताया। गायत्री शक्तिपीठ की प्रांत प्रभारी रेखा वर्मा ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य मकसद महिलाओं को जागरूक करना और बेटियों के कौशल विकास को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को परिवार और समाज के विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। इस सम्मेलन में अलग-अलग क्षेत्रों से आईं महिलाओं ने जोश के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का समापन एक प्रेरणादायक माहौल में हुआ।

गहलोत बोले-कोई सीएम पहली बार निकाय-चुनाव में रोड-शो कर रहा:सरकार ने राजस्थान क्रिकेट को बर्बाद कर दिया; जातिगत जनगणना पर नीयत साफ नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- यह सोचने वाली बात है कि मुख्यमंत्री को रोड शो करने की नौबत क्यों आई? यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री स्थानीय निकाय चुनावों में रोड शो कर रहा है। यह उनके लिए कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि उनकी सबसे बड़ी नाकामी है। रोड शो करके उन्होंने खुद सिद्ध कर दिया कि ढाई साल से सरकार कैसे चल रही है और जनता में कितना भारी आक्रोश है। टूटी सड़कों और खराब सीवरेज व्यवस्था से शहर बर्बाद हो रहे हैं। विकास का कोई काम नहीं हो रहा है। गहलोत ने कहा- जातिगत जनगणना के मामले में सरकार की नीयत साफ नहीं है। जिस प्रणाली के जरिए इसे आगे बढ़ाया जा रहा है, वह गलत है। उन्होंने कहा- मौजूदा सरकार ने प्रदेश के क्रिकेट ढांचे को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। पिछले करीब पौने तीन साल से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव नहीं हुए और जयपुर में बन रहे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का काम भी रुका हुआ है। अशोक गहलोत रविवार को जयपुर के एक निजी होटल में मथुरा दास क्रिकेट अवार्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे। दूसरे राज्यों के मंत्री-नेता आ रहे गहलोत ने कहा- हमारी सरकार के समय 'प्रशासन शहरों के संग' अभियान में हमने 12 लाख पट्टे बांटे थे। पिछले ढाई-पौने तीन साल में इन्होंने कितने पट्टे दिए हैं? मुश्किल से एक लाख भी नहीं दिए होंगे। इसी घबराहट और बौखलाहट में दिल्ली, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से इनके मंत्री और हाईकमान के नेता यहां आ रहे हैं। आखिर स्थानीय चुनाव को इतना बड़ा टारगेट बनाकर क्यों चलाया जा रहा है? इसका साफ मतलब है कि इन्हें जनता के आक्रोश का पता चल गया है और अब ये जनता को भ्रमित करने आ रहे हैं। गलत सिस्टम अपनाया तो फिर पैदा होंगी लाखों जातियां जातिगत जनगणना के मुद्दे पर गहलोत ने कहा- सरकार की नीयत साफ होती तो वह सही और वैज्ञानिक प्रणाली अपनाती। यूपीए सरकार के समय घर-घर जाकर सर्वे किया गया था, लेकिन नाम और जातियों की स्पेलिंग में हुई गलतियों के कारण डेटा में भारी गड़बड़ियां सामने आईं। अगर किसी व्यक्ति के नाम या जाति की स्पेलिंग अलग-अलग तरीके से दर्ज हो गई तो उसे अलग एंट्री के रूप में दर्ज कर लिया गया। इसी तरह गोत्रों के अलग-अलग दर्ज होने से आंकड़ों में लाखों जातियों जैसी स्थिति बन गई। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से भारत में सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना (SECC) का पूरा डेटा व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल नहीं हो पाया। उसके दस्तावेज दबे रह गए। गहलोत बोले- लोगों का भ्रम टूट चुका पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनावी वादों पर कहा- हर साल दो करोड़ नौकरियां देने, अच्छे दिन लाने, किसानों की आय दोगुनी करने, काला धन वापस लाने और खातों में 15 लाख रुपए आने जैसे वादों पर जनता अब सवाल पूछ रही है। अब लोगों का भ्रम टूट चुका है। गहलोत ने कहा- मौजूदा सरकार की खेलों में रुचि नहीं है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव पिछले करीब तीन साल से नहीं कराए गए। जब हमारी सरकार थी, तब जयपुर में दुनिया के बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक बनाने का सपना देखा गया था। इस प्रोजेक्ट के लिए उस समय हिंदुस्तान जिंक के अनिल अग्रवाल से बातचीत हुई थी। स्टेडियम निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग का भरोसा मिला और काम भी शुरू हो गया। लेकिन अब प्रोजेक्ट अधूरा पड़ा है। उसका काम बंद हो गया है। प्रदेश में कई इमारतें बनकर तैयार हैं, लेकिन सरकार उन्हें जनता को समर्पित तक नहीं कर रही है। CM Gen Z की भावना समझें, RCA चुनाव कराएं गहलोत ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि क्रिकेट को लेकर युवा पीढ़ी और खासकर Gen Z की भावनाओं को समझना चाहिए। लाखों युवा, बच्चे, बुजुर्ग और क्रिकेट प्रेमी जयपुर में बन रहे स्टेडियम के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में स्टेडियम का काम रोकना और RCA के चुनाव नहीं कराना प्रदेश के क्रिकेट हित में नहीं है। राजनीति हर जगह है, लेकिन लक्ष्मण रेखा पार नहीं होनी चाहिए गहलोत ने कहा- राजनीति हर जगह होती है। खेल संघों में भी राजनीति होती है और अब तो न्यायपालिका में भी राजनीति होने की बात सामने आती है। राजनीति होनी चाहिए, लेकिन उसकी एक लक्ष्मण रेखा होती है। उसे पार नहीं किया जाना चाहिए। राजस्थान में सरकार राजनीतिक कारणों से ही पिछले करीब तीन साल से RCA के चुनाव नहीं करा रही है। राजस्थान का रणजी इतिहास भी याद दिलाया गहलोत ने कहा कि रणजी ट्रॉफी में राजस्थान का अपना एक गौरवशाली इतिहास रहा है। मेरे मुख्यमंत्री रहने के दौरान राजस्थान की टीम ने दो बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। ऐसे में प्रदेश में क्रिकेट के लिए मजबूत माहौल और ढांचा बनाने की जरूरत है।

जालोर में बेकाबू पिकअप डिवाइडर पर चढ़ी:पंचायत समिति के सामने हुआ हादसा, हाइड्रोलिक क्रेन की मदद उतारी गाड़ी

शहर में रविवार सुबह पंचायत समिति के सामने एक अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान कोई अन्य वाहन या राहगीर पिकअप की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी। टक्कर के बाद वाहन का अगला हिस्सा डिवाइडर के दूसरी ओर लटक गया, जबकि पिछला हिस्सा डिवाइडर पर ही फंस गया। हादसा देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। पिकअप के डिवाइडर पर फंसने के कारण सड़क पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में हाइड्रोलिक क्रेन को मौके पर बुलाया गया। क्रेन की सहायता से पिकअप को सावधानीपूर्वक डिवाइडर से नीचे उतारा गया, जिसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है। हादसे के समय आसपास अधिक भीड़ नहीं होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लोगों ने बताया कि यदि हादसे के समय सड़क पर अधिक आवाजाही होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

अजमेर-निगम में भाजपा के 36-साल पर कांग्रेस का ब्लैक पेपर:धर्मेंद्र राठौड़ बोले- सीएम जिस सड़क से निकले, वहीं शहर की बदहाली देख लेते

अजमेर नगर निगम चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी वार-पलटवार तेज हो गया है। रविवार को जयपुर रोड स्थित निजी होटल में अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा के नगर निगम में 36 साल के कार्यकाल को लेकर ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया। कांग्रेस ने इसमें भाजपा पर भ्रष्टाचार, कुशासन, स्मार्ट सिटी के करोड़ों रुपए के दुरुपयोग, टूटी सड़कों, बदहाल सीवरेज और शहर की समस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए। कांग्रेस के ब्लैक पेपर में ‘अजमेर नगर निगम में 36 साल काला अध्याय’ शीर्षक के साथ सवाल उठाए गए हैं। पोस्टर में शहर की सड़कों, सीवरेज, आनासागर, सेवन वंडर्स, फूड कोर्ट, कचरा प्रबंधन और यातायात सहित कई मुद्दों को तस्वीरों के साथ उठाया गया है। कांग्रेस ने जनता से इस बार नगर निगम में बदलाव का आह्वान किया। राठौड़ बोले- सीएम जिस सड़क से निकले, वहीं शहर की बदहाली देख लेते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अजमेर में रोड शो पर निशाना साधते हुए पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री का अजमेर आना स्वागत योग्य है, लेकिन सरकार के करीब ढाई-तीन साल के कार्यकाल में अजमेर और पुष्कर के विकास के लिए क्या किया गया, इसका जवाब जनता चाहती है। उन्होंने कहा- जिस सड़क से मुख्यमंत्री का रोड शो निकला, उसकी हालत और बाजारों की सीवरेज व्यवस्था देखकर ही शहर की स्थिति समझी जा सकती है। मुख्यमंत्री को अजमेर की जनता से माफी मांगनी चाहिए कि उनके कार्यकाल में शहर के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ। सेवन वंडर्स और फूड कोर्ट पर भी सवाल कांग्रेस ने ब्लैक पेपर में सेवन वंडर्स और फूड कोर्ट के निर्माण पर खर्च हुए करोड़ों रुपए को लेकर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि जनता के पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हुआ। एनजीटी में प्रभावी पैरवी नहीं होने के कारण परियोजनाओं को नुकसान हुआ। कांग्रेस ने पूछा कि इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं पर क्या कार्रवाई हुई? कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी परियोजना, आनासागर और शहर के अन्य विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा से जवाब मांगा है। ब्लैक पेपर में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुविधाओं तथा रोजगार के मुद्दे भी उठाए गए। जयपाल बोले- सीएम का रोड शो फ्लॉप, बाहर से भीड़ जुटाने का आरोप शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि नगर निगम में भाजपा का 36 साल का कार्यकाल जनता के लिए ‘काला अध्याय’ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के रोड शो को फ्लॉप बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की अपेक्षित भागीदारी नहीं थी। जयपाल ने दावा किया कि नरेगा मजदूरों, देहात क्षेत्र के लोगों और अर्ध-सरकारी कर्मचारियों की मदद से भीड़ जुटाई गई। उन्होंने प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि रोड शो के दौरान व्यापारियों से दुकानें बंद कराई गईं। ‘कांग्रेस को डीजे की अनुमति नहीं, भाजपा के रोड शो में कई डीजे’ जयपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता के दौरान कांग्रेस को डीजे की अनुमति नहीं दी जा रही, जबकि भाजपा के रोड शो में कई डीजे बजाए गए। इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए शिकायत किए जाने की बात कही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा को नगर निगम में 36 साल का मौका मिल चुका है। अब जनता को कांग्रेस को पांच साल का मौका देना चाहिए, ताकि शहर की बदहाल व्यवस्था में सुधार हो सके।