slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

अलवर में इस बार पानी-सफाई समस्या मुद्दों पर वोट:लोग बोले- पहले वादे, बाद में सुनवाई नहीं; चार वार्डों की ग्राउंड रिपोर्ट में दिखा जनता का मूड

अलवर नगर निगम चुनाव में इस बार वार्डों के स्थानीय मुद्दे चुनावी चर्चा के केंद्र में हैं। पानी, सफाई, नालियों की बदहाली और सड़कों जैसे मुद्दों को लेकर मतदाता खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अलवर शहर के चार वार्ड 21, 24, 26 और 32 के लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि कई मतदाता इस बार पार्टी से ज्यादा प्रत्याशी और उसके काम को देखकर वोट देने की बात कह रहे हैं। कुछ वार्डों में नए चेहरों और निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर भी माहौल बनता नजर आ रहा है। मतदाताओं ने कहा- हर चुनाव में नेता कुछ दिनों के लिए वादे करते हैं। चुनाव के बाद लोगों की सुनवाई नहीं होती। वार्ड 24: पानी-सफाई की समस्या पर जताई नाराजगी वार्ड 24 में भाजपा के पूर्व पार्षद लोचन यादव की पत्नी पुष्पा चुनावी मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस से श्वेता शेखावत प्रत्याशी हैं। यहां सड़क किनारे कचरे में गायें मुंह मारती नजर आ रही हैं। कॉलोनी की केसर देवी ने कहा- नालियां समय पर साफ नहीं होतीं और पानी भी नियमित नहीं आता। टैंकर मंगवाकर पानी की जरूरत पूरी करनी पड़ती है। उन्होंने कहा- इस बार पार्टी नहीं, नया चेहरा देखकर वोट देने का मन है। नई वोटर भारती सैनी ने भी कहा- जो वार्ड का विकास करवाएगा, वोट उसी को मिलेगा। यहां त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं। वार्ड 32: 15 साल से समस्याओं की शिकायत वार्ड 32 में अनूप शेखावत ने कहा- मेरे यहां रहते 15 साल हो गए, लेकिन हर चुनाव में नेता कुछ वादे करते हैं। चुनाव के बाद लोगों की सुनवाई नहीं होती। उनका आरोप है कि बजट पास होने के बावजूद वार्ड में काम दिखाई नहीं देता। महेंद्र सिंह ने कहा- इस बार ईमानदार और नए चेहरे को वोट देने का मन है। इस वार्ड में छह प्रत्याशी मैदान में हैं। पूर्व पार्षद धीरज जैन के नगर निगम के ठेकेदार रहने का भी स्थानीय लोग जिक्र कर रहे हैं और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। निर्दलीय रविराज चौहान दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को चुनौती दे रहे हैं। वार्ड 21: निर्दलीय को मौका देने की चर्चा वार्ड 21 में भाजपा से किरण नागर और कांग्रेस से मनीषा गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। मनोज कुमार ने कहा- पूर्व पार्षद बीनू गुप्ता सभापति भी रही थीं, लेकिन रिश्वत लेते ट्रैप होने की घटना के बाद लोग इस बार अलग सोच रहे हैं। उन्होंने कहा- इस बार किसी पार्टी के बजाय ईमानदार निर्दलीय प्रत्याशी को जिताने का मन है। ऐसे में यहां भी मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना जताई जा रही है। वार्ड 26- पानी की समस्या बड़ा मुद्दा वार्ड 26 में भाजपा से किरण बैरवा और कांग्रेस से भानुप्रताप आमने-सामने हैं। भूपेंद्र सिंह नरूका ने कहा- पहले के पार्षद चुनाव के समय वोट मांगने आए, लेकिन बाद में वार्ड में दिखाई नहीं दिए। उन्होंने श्मशान में पंखा तक नहीं होने और सड़कें तोड़कर दोबारा नहीं बनाने की समस्या बताई। वहीं जीतू ने कहा- वार्ड में पानी की समस्या इतनी गंभीर है कि लोगों को रात 2 बजे उठकर पानी भरना पड़ता है। हालांकि यहां भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। ग्राउंड रिपोर्ट का संकेत यही है कि इस बार वार्डों में पार्टी से ज्यादा स्थानीय समस्याएं और प्रत्याशी की छवि मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सकती है।

हनुमानगढ़ में 32 किलो डोडा-पोस्त के साथ युवक गिरफ्तार:पंजाब का रहने वाला है आरोपी, श्मशान में 1570 प्रतिबंधित कैप्सूल भी मिले

हनुमानगढ़ जिले की टाउन थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ 2 कार्रवाई की हैं। एक कार्रवाई में पंजाब के रहने वाले एक आरोपी को 32 किलो से ज्यादा अवैध डोडा-पोस्त के साथ पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई में श्मशान भूमि में लावारिस हालत में पड़े 1570 प्रतिबंधित प्रीगाबलिन कैप्सूल जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पहली कार्रवाई उप निरीक्षक रामकेर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम मेगा हाईवे रोड, चक-3 एलके रोही, लखुवाली एचएम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरोपी सुखचैन सिंह उर्फ चैना को संदिग्ध हालत में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 32 किलो 130 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त चूरा मिला। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखचैन सिंह उर्फ चैना (36) पुत्र हरबंश सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के बठिंडा जिले की नथाना तहसील के चक रामसिंहवाला का रहने वाला है। पुलिस ने हनुमानगढ़ टाउन मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी है। दूसरी कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक भूपसिंह की टीम ने की। टीम चक ज्वालासिंहवाला की श्मशान भूमि पर पहुंची, जहां उन्हें लावारिस हालत में 157 पत्ते मिले। जांच करने पर इन पत्तों में कुल 1570 प्रतिबंधित प्रीगाबलिन कैप्सूल पाए गए। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।

बारां कलेक्टर ने शाहबाद का लिया जायजा:भारी बारिश के अलर्ट के बीच किया दौरा, जलभराव वाले इलाकों में ​निगरानी के निर्देश

बारां जिले में लगातार जारी भारी बारिश के चलते जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा रविवार को शाहबाद उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ क्षेत्र की बरसाती नदियों के बढ़ते जलस्तर की समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शाहबाद में सिंचाई विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से नदियों के वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। निचले इलाकों में बसे लोगों को एहतियात के तौर पर पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी पूरी रखी जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें। नदी-नालों के किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को नदी क्षेत्र में नहीं जाने के लिए पाबंद किया जाए। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमों को हर स्थिति के लिए तैयार रखा जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। इस निरीक्षण दौरे के दौरान उपखंड अधिकारी शाहबाद, तहसीलदार सहित सिंचाई, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नारनौल में वायर चोरी के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार:मौके से टेंपो भी बरामद; राजस्थान के सीकर का रहने वाला

हरियाणा के नारनौल में नीरपुर फ्लाईओवर के नीचे आग लगाकर वायर जलाने की सूचना पर डायल-112 टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को मौके से काबू कर लिया। प्रारंभिक जांच में बरामद वायर के चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सिटी थाना नारनौल के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:10 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि नीरपुर फ्लाईओवर के नीचे एक व्यक्ति प्लास्टिक और वायर जलाकर उसमें से धातु निकालने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम करीब 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। मालवाहक वाहन में मिले जले हुए वायर मौके पर पुलिस ने एक व्यक्ति को आग जलाकर वायर जलाते हुए पकड़ा। उसके पास एक छोटा मालवाहक वाहन भी खड़ा था, जिसमें जले हुए वायर मिले। प्रारंभिक जांच में वायर चोरी से जुड़े होने की आशंका के चलते पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान पवन कुमार निवासी सापला की ढाणी, जिला सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। उसे आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सिटी थाना नारनौल भेज दिया गया। चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वायर कहां से लाए गए थे और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में ईएसआई ऋषि प्रकाश, एसपीओ महेश कुमार और एचकेआरएन चालक करनैल सिंह शामिल रहे। डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में संदिग्ध गतिविधि में शामिल व्यक्ति को पकड़ लिया गया।

गोलूवाला में हुई चोरी का आरोपी गिरफ्तार:सोना-चांदी के गहने और 3.50 लाख रुपए नकद बरामद, आरोपी पर पहले से 9 केस दर्ज

हनुमानगढ़ पुलिस ने गोलूवाला में हुई चोरी का खुलासा किया। पुलिस ने तकनीकी और खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी को पकड़ा और चोरी का सारा सामान भी बरामद कर लिया। आरोपी पहले से ही कई मामलों में शामिल रहा है। एसपी बी. आदित्य ने बताया कि थानाधिकारी रजदीप कौर की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की जांच की और अहम जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने अनिल कुमार (34) पुत्र दलीप, निवासी वार्ड नंबर 10 गोलूवाला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी के सोने-चांदी के गहने और नकद रुपए भी बरामद किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी अनिल कुमार नशे का आदी है और वह लगातार चोरियां करता रहा है। उसके खिलाफ श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में एनडीपीएस, चोरी और मारपीट के कुल 9 मामले पहले से दर्ज हैं। पीड़ित विष्णु (58) पुत्र मोहनलाल, निवासी वार्ड नंबर 2 गोलूवाला ने 28 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6 बजे जब वे सोकर उठे तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर ने संदूक का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और करीब 3.50 लाख रुपए नकद चुरा लिए थे। इस शिकायत के बाद ही पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस कार्रवाई में एएसआई भगवान, हेड कॉन्स्टेबल पवन कुमार, कॉन्स्टेबल दीनदयाल और महिला कॉन्स्टेबल ममता शामिल थे। एएसआई भगवान और हेड कॉन्स्टेबल पवन कुमार ने इसमें खास भूमिका निभाई।

चावंड में सरकारी जमीन पर अवैध खनन, जेसीबी जब्त:वैध डॉक्यूमेंट्स नहीं दिखा सका मालिक, सराड़ा प्रशासन ने की कार्रवाई

सरकारी जमीन पर बिना अनुमति मिट्टी और पत्थर की कटाई की सूचना मिली थी। इस पर सराड़ा तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए खनन में लगी एक जेसीबी मशीन जब्त कर ली। एसडीएम बिंदु बाला राजावत के निर्देश पर तहसीलदार रमेश चंद्र के साथ एक प्रशासनिक टीम चावंड गांव पहुंची। यहां सरकारी जमीन पर मिट्टी और पत्थर की कटाई की शिकायत मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन और चल रहे खनन काम की जांच की। जांच में सामने आया कि यह जमीन सरकारी है। प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद जेसीबी संचालक से जमीन पर खनन करने की वैध अनुमति और जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा। लेकिन जेसीबी मालिक खनन से संबंधित कोई वैध अनुमति या जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका। दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने मौके की वीडियोग्राफी करवाई। इसके बाद अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही जेसीबी मशीन जब्त कर ली गई। जब्त जेसीबी को आगे की कार्रवाई के लिए सराड़ा पुलिस थाने को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने साफ किया कि सरकारी जमीन पर बिना वैध अनुमति मिट्टी, पत्थर या कोई भी खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जगी है।

नाथद्वारा में भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी को दिया समर्थन:बोले- मैं जीत भी जाऊंगा तो मेरी सुनवाई नहीं होगी

नाथद्वारा निकाय चुनाव के मतदान से महज 3 दिन पहले वार्ड 23 में भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रजापत ने चौंकाने वाला बयान दिया है। प्रजापत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें अपने सामने चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी अजय गुर्जर को समर्थन देने का ऐलान किया। दिनेश प्रजापत ने अजय गुर्जर को अच्छे व्यक्तित्व वाला और जमीनी स्तर से जुड़ा प्रत्याशी बताते हुए कहा कि वे जनता की समस्याओं को समझने के साथ उन्हें उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने का दम रखते हैं। प्रजापत ने कहा, "मैं जीत भी जाऊंगा तो मेरी सुनवाई नहीं होगी।" हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भाजपा के हैं और भाजपा के ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि नाथद्वारा का विकास मंदिर मंडल और नगर पालिका, दोनों के संयुक्त प्रयासों से बेहतर तरीके से हो सकता है। जब प्रजापत से पूछा गया कि क्या वे किसी दबाव में आकर यह बयान दे रहे हैं, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वे किसी के दबाव में नहीं हैं, बल्कि "श्रीजी बावा के प्रभाव में हैं।" भाजपा प्रत्याशी से जब पूछा गया कि पार्टी में रहते हुए क्या वे भाजपा का प्रचार करेंगे, तो उन्होंने कहा कि वे भाजपा का प्रचार नहीं, बल्कि अच्छे व्यक्तित्व वाले प्रत्याशी अजय गुर्जर के समर्थन में प्रचार करेंगे। मतदान से ठीक पहले भाजपा प्रत्याशी के इस बयान के बाद वार्ड 23 में इसके संभावित राजनीतिक असर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नामांकन के दौरान भी गरमाया था माहौल नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को दिनेश प्रजापत उपखंड कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई थी। माहौल गर्माने पर पुलिस दिनेश प्रजापत को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गई थी। इस घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने दिनेश प्रजापत को उपखंड कार्यालय जाने से रोका, जबकि भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि दिनेश प्रजापत को छिपाकर रखा गया था और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच अब दिनेश प्रजापत के कांग्रेस प्रत्याशी अजय गुर्जर को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

मोतीडूंगरी गणेश जी का 348 किलो पंचामृत से होगा अभिषेक:3 हजार किलो घी से बनेंगे मोदक; फल-सब्जी-फूलों की सजेंगी झांकियां, कल से शुरू होगा उत्सव

जयपुर के मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी उत्सव 9 दिन चलेंगे। इसकी शुरुआत 7 सितंबर से होगी। नौ दिन चलने वाले उत्सव में भगवान गणेशजी के दरबार का रोज अलग स्वरूप नजर आएगा। 14 सितंबर को भगवान गजानन का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। वहीं 15 सितंबर को गणेशजी नगर भ्रमण पर निकलेंगे। उत्सव में भव्य झांकियाें के साथ संगीत, कथक, ध्रुपद कार्यक्रम भी होंगे। मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया- 7 सितंबर को कलश यात्रा और जलाभिषेक के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। 8 सितंबर को पुष्य नक्षत्र पर 348 किलो पंचामृत से गणेशजी का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद मोदक, फल, सब्जी, फूल और मेहंदी की रोज अलग-अलग विशेष झांकियां सजेंगी। 14 सितंबर को चांदी के सिंहासन पर विराजित गणेशजी महाराज स्वर्ण मुकुट और नौलखा हार के विशेष श्रृंगार में भक्तों को दर्शन देंगे। 7 सितंबर को कलश यात्रा से शुरुआत उत्सव का शुभारंभ 7 सितंबर को सुबह 9 बजे कलश यात्रा और जलाभिषेक के साथ होगा। मंदिर में भगवान गणेशजी के लिए रोज अलग-अलग भोग और झांकी सजाई जाएगी। भक्तों को इस दौरान अलग-अलग स्वरूपों में गणेशजी के दर्शन होंगे। 8 सितंबर को 348 किलो पंचामृत से होगा अभिषेक मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में 8 सितंबर को पुष्य नक्षत्र पर भगवान गणेशजी का 348 किलो पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसमें 251 किलो दूध, 50 किलो दही, 25 किलो बूरा, 11 किलो शहद और 11 किलो घी शामिल होगा। इसी दिन केले की विशेष झांकी और भगवान के छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। शाम 6 बजे ध्रुपद गायन की प्रस्तुति होगी। 9 सितंबर को हजारों मोदकों की सजेगी झांकी 9 सितंबर को मंदिर में मोदकों की झांकी सजाई जाएगी। इसमें 251-251 किलो के दो विशाल मोदक, 51-51 किलो के पांच और 21-21 किलो के 21 मोदक शामिल होंगे। इसके अलावा 1.25 किलो के 1100 मोदक और हजारों छोटे मोदक भी सजाए जाएंगे। इन्हें बनाने में करीब 3 हजार किलो घी, 3 हजार किलो बेसन, 9 हजार किलो शक्कर और 1000 किलो सूखे मेवों का इस्तेमाल होगा। भक्त सुबह 5 बजे से मोदक झांकी के दर्शन कर सकेंगे। इस दिन मंदिर में बाहर से लाया गया प्रसाद नहीं चढ़ाया जाएगा। भगवान को 21, 108 और 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे। शाम 6 बजे सुगम संगीत और कथक की प्रस्तुति होगी, जबकि शाम 7 बजे निशुल्क प्रसाद वितरण किया जाएगा। 10 से 12 सितंबर तक फल, सब्जी और फूलों की झांकी मंदिर में 10 सितंबर को फलों, 11 सितंबर को सब्जियों और 12 सितंबर को फूलों की विशेष झांकी सजाई जाएगी। इन झांकियों के जरिए प्रकृति और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। तीनों दिन शाम 6 बजे कथक की प्रस्तुति होगी। वहीं 8 से 12 सितंबर तक ध्रुपद, सुगम संगीत और कथक कलाकार गणेशजी को अपनी कला समर्पित करेंगे। 13 सितंबर को 3500 किलो मेहंदी से होगा सिंजारा 13 सितंबर को मोतीडूंगरी गणेशजी का मेहंदी पूजन और सिंजारा होगा। सोजत की करीब 3500 किलो मेहंदी गणेशजी को धारण कराई जाएगी। पूजा के बाद रात 7:30 बजे पांच स्थानों से मेहंदी प्रसाद बांटी जाएगी। महिलाओं और कन्याओं के लिए मेहंदी की अलग व्यवस्था की जाएगी। इसी दिन गणेशजी का साल में केवल गणेश चतुर्थी पर धारण कराया जाने वाला स्वर्ण मुकुट पहनाया जाएगा। चांदी के सिंहासन पर विराजित गणेशजी विशेष पोशाक और नौलखा हार में नजर आएंगे। मोती, सोना, पन्ना और माणक से सजे इस हार को महंत परिवार ने करीब तीन महीने में तैयार कराया है। 14 सितंबर को जन्मोत्सव, 19 घंटे होंगे दर्शन गणेश चतुर्थी के दिन 14 सितंबर को भगवान गजानन का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 5 बजे मंगला आरती से रात 11:40 बजे शयन आरती तक दर्शन होंगे। विशेष पूजन सुबह 11:20 बजे, श्रृंगार आरती 11:30 बजे, भोग आरती दोपहर 2:15 बजे और संध्या आरती शाम 7 बजे होगी। भोग के दौरान दोपहर 1:30 से 2 बजे तक मंदिर के पट मंगल रहेंगे। 15 सितंबर को नगर भ्रमण पर निकलेंगे गणेशजी नौ दिवसीय उत्सव का समापन 15 सितंबर को गणेशजी के नगर भ्रमण के साथ होगा। गणेशजी महाराज शाम को मोतीडूंगरी मंदिर से रवाना होकर एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार और नाहरगढ़ रोड होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेंगे। नगर भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जन्मोत्सव पर आरती का ये रहेगा समय 14 सितंबर को मंगला आरती सुबह 5 बजे, श्रृंगार आरती सुबह 11:30 बजे, भोग आरती दोपहर 2:15 बजे और संध्या आरती शाम 7 बजे होगी। शयन आरती रात 11:40 बजे होगी। भोग के दौरान दोपहर 1:30 से 2 बजे तक दर्शन बंद रहेंगे। इसके बाद भक्त फिर दर्शन कर सकेंगे। 72 कैमरों से होगी निगरानी, 14 मेटल डिटेक्टर और 500 स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर प्रबंधन ने इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में मैटल डिटेक्टर 6 डीएफएमडी और 6 एचएसएमडी लगाए जाएंगे। 72 नए क्लोज सर्किट कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी होगी और 30 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी। दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश की 6 लाइनें और वापसी की 8 लाइनें रहेंगी, जबकि एक लाइन पास के जरिए प्रवेश के लिए होगी। एमडी रोड, जेएलएन मार्ग और तख्तेशाही रोड से होगी एंट्री गणेश चतुर्थी के दिन श्रद्धालुओं के लिए एमडी रोड, जेएलएन मार्ग और तख्तेशाही रोड से मंदिर की ओर प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। निःशक्तजनों और बुजुर्गों के लिए राउंड द क्लॉक 100 ई-रिक्शा चलाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 4 इलेक्ट्रिक लो-फ्लोर बसें भी उपलब्ध रहेंगी। व्यवस्था संभालने के लिए करीब 500 स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। मंदिर के आसपास रहेगी बैरिकेडिंग व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए जेडीए सर्किल से मंदिर तक और एमडी रोड पर भैरव पथ से बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा रिजर्व बैंक से मंदिर तक भी बैरिकेडिंग की व्यवस्था रहेगी। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के दौरान अपने साथ कैमरा और अनावश्यक सामान लेकर नहीं आएं, ताकि प्रवेश और सुरक्षा जांच में परेशानी न हो। गणेशजी के नगर भ्रमण के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा 15 सितंबर को गणेशजी के नगर भ्रमण के दौरान जुलूस के मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। मोतीडूंगरी मंदिर से एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार और नाहरगढ़ रोड की ओर जाने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्गों पर यातायात सामान्य किया जाएगा।

झूलती चट्टान पर रील बनाने वाले 2 युवक गिरफ्तार:एक हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर जान जोखिम में डालकर बनाया था वीडियो

सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए 1 हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर हवा में झूलती चट्टान के पास जान जोखिम में डालकर रील बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। छाण पुलिस हरकत में आई और दोनों युवकों जितेंद्र सैनी और नरेंद्र सैनी को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को एसडीएम कोर्ट खंडार में पेश किया। भास्कर की खबर के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की: शनिवार को दैनिक भास्कर डिजिटल ने ‘रील बनाने के लिए एक हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर लटका युवक’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में मामले की चर्चा तेज हो गई। इसे गंभीरता से लेते हुए छाण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और रील बनाने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जरा सी चूक हो सकती थी जानलेवा: छाण चौकी प्रभारी दौलत सिंह ने बताया कि रील बनाने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सुमनपुरा निवासी जितेंद्र सैनी और छाण निवासी नरेंद्र सैनी के रूप में हुई है। दोनों युवक 1 हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर हवा में झूलती चट्टान के पास पहुंचकर खतरनाक तरीके से रील बनाते नजर आए थे। जिस जगह दोनों ने वीडियो बनाया, वहां जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती थी। लाइक-व्यूज के लिए जिंदगी दांव पर: सोशल मीडिया पर कम समय में लोकप्रिय होने और ज्यादा लाइक-व्यूज हासिल करने की चाह में युवा कई बार अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं। इस मामले में भी दोनों युवक खतरनाक जगह पर पहुंचकर रील बनाते नजर आए। पहाड़ी की ऊंचाई और हवा में झूलती चट्टान को देखते हुए यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। छाण पुलिस चौकी के कांस्टेबल मुकेश सैनी ने बताया कि युवाओं को सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाते समय अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। खतरनाक जगहों पर स्टंट या जोखिम भरी गतिविधियां करने से बचना जरूरी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खतरनाक तरीके से रील बनाने वाले युवाओं में हड़कंप है।

नारनौल में बिजनेसमैन ने दान किए ₹2 करोड़:गुर्जर भवन के विकास और शिक्षा के लिए सहयोग; डिजिटल लाइब्रेरी भी बनेगी

हरियाणा में नारनौल के नांगल चौधरी में एमआरडीएस ग्रुप के चेयरमैन एवं समाजसेवी मातादीन पनिहार ने वीर गुर्जर भवन के विकास और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 2 करोड़ 51 हजार रुपए के सहयोग की घोषणा की। उन्होंने भवन में अपने दादा और पिता की स्मृति में अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कराने का भी ऐलान किया। समारोह से पहले जयपुर निवासी मातादीन पनिहार का शहर में घोड़ी-बग्गी, डीजे और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। जुलूस के रूप में उन्हें वीर गुर्जर भवन लाया गया, जहां उन्होंने भगवान देवनारायण की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर विधायक मंजू चौधरी भी मौजूद रही। मंच से ही सौंपा ₹1 करोड़ 51 हजार का चेक कार्यक्रम के दौरान वीर गुर्जर भवन प्रबंधन समिति ने भवन निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए सहयोग की मांग रखी। इस पर मातादीन पनिहार ने मंच से ही 1 करोड़ 51 हजार रुपए का चेक भवन निर्माण के लिए सौंप दिया। साथ ही बाकी राशि भी उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। दादा-पिता की स्मृति में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी मातादीन पनिहार ने कहा कि वीर गुर्जर भवन में उनके दादा और पिता की याद में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। लाइब्रेरी का नाम भी उनके नाम पर रखा जाएगा और उनकी स्मृति में विशेष शिलापट्ट लगाया जाएगा। मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान समारोह में 10वीं, 12वीं, आईआईटी, एनआईटी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में गुर्जर समाज और वीर गुर्जर भवन प्रबंधन समिति ने मातादीन पनिहार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग समाज के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

शहरी सरकार का चुनाव:वार्ड में प्रचार के दौरान कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी ने हाथ मिलाया

कोटा नगर निगम के वार्ड 54 में चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों की एक अच्छी तस्वीर सामने आई है। बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी वार्ड में कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार पर निकले। इस दौरान दोनों एक जगह पर मिले तो हाथ मिलाया। एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं से भी हाथ मिलाया और फिर प्रचार के लिए आगे बढ़ गए। पूरा वीडियो देखने के लिए कवर इमेज पर क्लिक करें।

शहरी सरकार का चुनाव:बीजेपी प्रत्याशी ने सड़क किनारे ठेले पर मूंगफली सेंकी

कोटा नगर निगम के वार्ड नंबर 64 से बीजेपी प्रत्याशी प्रतिभा सुमन चुनाव प्रचार के दौरान सड़क किनारे लगे मूंगफली के ठेके पर पहुंचीं और दुकानदार से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वहां खडे़ होकर मूंगफली सेंकी। पूरा वीडियो देखने के लिए कवर इमेज पर क्लिक करें।

शहरी सरकार का चुनाव:कांग्रेस कैंडिडेट ने बीजेपी प्रत्याशी को आशीर्वाद दिया

सीकर में वार्ड 15 में प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सभापति जीवण खां और भाजपा प्रत्याशी सिमरन एक जगह मिले, तब जीवण खां ने सिमरन के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। लोगों ने पूर्व सभापति को हाथ जोड़ने की बात कही। इस पर पूर्व सभापति ने कहा- यह मेरी बेटी है। बेटी के सामने कोई पिता हाथ जोड़ता है क्या। पूरा वीडियो देखने के लिए कवर इमेज पर क्लिक करें।

21 लाख रुपए मुआवजे पर बनी सहमति:सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल प्लांट में चल रहा धरना 22 घंटे बाद समाप्त, शव का पोस्टमार्टम

सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट के कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) के तीसरे चरण स्थित क्रशर हाउस में करंट लगने से हुई श्रमिक की मौत के मामले में रविवार को चार दौर की वार्ता के बाद मुआवजे पर सहमति बन गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान चक 3 एनएम नाहरांवाली, अनूपगढ़ निवासी मुमताज (30) पुत्र उम्मेद कुमार के रूप में हुई थी। शनिवार को क्रशर हाउस में लाइट लगाने का कार्य करते समय वह करंट की चपेट में आ गया था। आरोप है कि बिजली कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और श्रमिक नेताओं ने मुआवजे की मांग को लेकर मोर्चा संभाला। रविवार को किसान नेता राकेश बिश्नोई, इंटक प्रदेश महामंत्री श्याम सुंदर शर्मा, कांग्रेस नेता ओमप्रकाश गेदर, सूरतगढ़ विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन इंटक महामंत्री लक्ष्मीलाल सुथार सहित मृतक के परिजनों की परियोजना प्रशासन और ठेका कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ चार दौर की वार्ता हुई। वार्ता में परियोजना के अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीके सिंह, युवराज मदान, कोल हैंडलिंग प्लांट के अधीक्षण अभियंता श्रवण कड़वासरा, नायब तहसीलदार नीरज वर्मा और ठेका कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर पालेंद्र सिंह मौजूद रहे। वार्ता के बाद 17 लाख 50 हजार रुपए का चेक, 1 लाख रुपए नकद तथा परियोजना प्रशासन की ओर से ढाई लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने पर सहमति जताई और पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। करीब 22 घंटे बाद धरना समाप्त होने से पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल इंटक प्रदेश महामंत्री श्यामसुंदर शर्मा ने ठेका कंपनी और थर्मल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सीएचपी में निर्धारित संख्या से कम श्रमिक लगाए जाने से काम का दबाव बढ़ रहा है। साथ ही आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी संसाधन उपलब्ध नहीं करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस और थर्मल प्रशासन की ओर से समझाइश का दौर जारी है।

कांग्रेस कहती थी-‘काकाजी’ भी वन स्टेट-वन इलेक्शन नहीं करवा पाएंगे:CM बोले-‘काकाजी’ ही करवा रहे हैं; संगठन पदाधिकारियों की बैठक ली

निकाय चुनाव को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा आज जोधपुर दौरे पर रहें। वन स्टेट-वन इलेक्शन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। CM ने कहा कि कांग्रेस कहती थी कि ‘काकाजी’ भी वन स्टेट-वन इलेक्शन नहीं करवा पाएंगे, लेकिन अब ‘काकाजी’ ही इसे करवा रहे हैं। रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जालोरी गेट से रोड शो की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे। शहर की भीतरी गलिायों से निकले इस रोड शो में बड़ी संख्या में शहरवासी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लोगों ने छतों और बालकनियों से फूलों की बारिश कर स्वागत किया। इधर, रोड शो के बाद रातानाड़ा स्थित जन उपयोगी भवन में सीएम के नेतृत्व में संगठनात्मक बैठक ली गई। बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा ने 16 पदाधिकारियों और 108 कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के फोन भी बंद करवा दिए गए थे। बैठक में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, शहर विधायक अतुल भंसाली, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता ओर पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं सीएम ने रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा- कांग्रेस सरकार में दो-दो साल तक चुनाव चलते रहते थे। हमारी सरकारी आई तो हमनें वन स्टेट-वन इलेक्शन का फैसला लियाा। तब कांग्रेसी कहते थे-काकाजी भी वन स्टेट-वन इलेक्शन नहीं करवा पाएंगे। सीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा- अब काकाजी ही करवा रहे हैं। वहीं सीएम ने पिछले निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान में यहां का प्रभारी था। यहां की एक-एक गलियां और वार्डों में घूमा। लेकिन, जोधपुर की जनता का जोश और ताकत पिछली बार की तुलना में बढ़ गया है। इससे पूर्व रोड शो को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जालोरी गेट पहुंचे हैं। देशभक्ति के गानों पर डांस करते हुए नजर आए। देखें रोड शो की फोटो… सीएम बोले- निकाय और पंचायत चुनाव के बाद तीसरा इंजन लग जाएगा रोड शो के दौरान सीएम ने संबोधित करते हुए कहा-पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। युवाओं के सपनों को कुचलने का काम गहलोत सरकार ने किया है। वे हमसे जवाब मांग रहे हैं, जवाब तो उन्हें देना चाहिए। हमनें विधानसभा में कहा था- पांच साल बनाम दो साल के काम की तुलना कर लिजिए। लेकिन, इनके लोग मैदान छोड़कर चले गए। वे बोले- संकल्प पत्र में 78 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। ​विधायकों ने जितना मांगा उन्हें उतना बजट दिया है। ढाई साल में विधायकों को 28 करोड़ देने का काम किया है। उन्होंने कहा - निकाय का संकल्प पत्र को भी पीएम के नेतृत्व में पूरा करेंगे। निकाय और पंचायत के बाद इसमें तीसरा इंजन लग जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए कहा- जोधपुर में हमेशा भाजपा विजयी होती है। इस बार यहां की जनता रिकॉर्ड भी तोड़ेगी। हमारे जनप्रतिनिधि जो कहेंगे वो हम करेंगे। जालोरी गेट से शुरू हुआ रोड शो जालोरी गेट से शुरू हुआ रोड शो शहर की भीतरी गलियों से निकला। इस दौरान रोड शो आड़ा बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार, कटला बाजार से होकर गुजरा। शहरवासियों ने भी फूलों की बारिश कर स्वागत किया। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने भी सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी बाइक के साथ बड़ी संख्या में शामिल हुए। सीएम ने ली बैठक इस रोड शो के बाद सीएम भजनलाल शर्मा संगठन के पदाधिकारियों की बैठक ली। न्यू पॉवर रोड हाउस पर स्थित लघु उद्योग भारती भवन में संगठनात्मक बैठक ली।