slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

हर 100 घरेलू ओवरनाइट यात्राओं में 8 राजस्थान के नाम:देश में तीसरा स्थान, पर्यटक 9.7 प्रतिशत बढ़कर 25.25 करोड़

देश में कम से कम एक रात घर से बाहर ठहरने वाली हर 100 घरेलू यात्राओं में 8 का गंतव्य राजस्थान है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के जुलाई 2025 से जून 2026 के घरेलू पर्यटन खर्च सर्वे के मुताबिक, एक साल की घरेलू ओवरनाइट विजिटर ट्रिप में राजस्थान की हिस्सेदारी 8% रही। ऐसी यात्राओं में उत्तर प्रदेश 15.7% के साथ पहले और तमिलनाडु 13.4% के साथ दूसरे स्थान पर और राजस्थान तीसरे नंबर पर है। दूसरी ओर, पर्यटन मंत्रालय के अनुसार 2025 में राजस्थान में 25.25 करोड़ घरेलू पर्यटक आए, जो 2024 के मुकाबले 9.7% ज्यादा थे। सर्वे में एक साल की ओवरनाइट यात्राओं को चार सेगमेंट- छुट्टियां और मनोरंजन, धार्मिक और तीर्थयात्रा, स्वास्थ्य और इलाज तथा शॉपिंग के आधार पर देखा गया। कुल यात्राओं में 47.7% धार्मिक-तीर्थ यात्रा, 29.6% स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, 22.1% मौज-मस्ती व मनोरंजन और 0.6% शॉपिंग के उद्देश्य से की गईं। 15-24 वालों की 45.3% यात्राएं धार्मिक, 60+ की 32.3% यात्राएं इलाज के लिए 40% यात्राएं 2-3 रात रुकने वाली चार साल में राजस्थान में घरेलू पर्यटकों की संख्या 133% बढ़ी मेडिकल यात्रा ₹32,167, धार्मिक यात्रा का खर्च ₹7,694 मेडिकल यात्रा में ठहरने का खर्च ₹3,471, धार्मिक में ₹1,020 पर्यटकों का ठहराव बढ़े तो स्थानीय कारोबार को फायदा देश में करीब 40% घरेलू ओवरनाइट यात्राएं 2-3 रात और लगभग 80% यात्राएं 5 दिन या इससे कम की हैं। जयपुर, अजमेर-पुष्कर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर को जोड़कर 2-3 रात की यात्रा को 4-5 रात के सर्किट में बदलें। इससे पर्यटकों का ठहराव और हस्तशिल्प, कपड़े, आभूषण जैसे स्थानीय उत्पादों पर खर्च बढ़ेगा, जिसका फायदा कारोबारियों-कारीगरों को मिलेगा। गजेंद्र लुनीवाल, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ राजस्थान होटल एसोसिएशन

निकाय चुनाव में हार के अगले दिन कांग्रेस में घमासान:सुनील शर्मा, अमीन कागजी और रफीक खान पर टिकट मनमानी के आरोप; पीसीसी पर धरना

नगर निगम चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनने के अगले ही दिन कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई सड़क पर आ गई। वरिष्ठ और पूर्व पार्षदों समेत नाराज शहर कांग्रेस नेताओं ने शहर कांग्रेस ​अध्यक्ष सुनील शर्मा और विधायकों अमीन कागजी व रफीक खान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। टिकट वितरण से चुनाव संचालन तक सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस से दिल्ली में पार्टी हाईकमान तक शिकायत ले जाने का ऐलान किया। बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए गए। पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बाहर धरना, फिर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी तक मार्च और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जयपुर कांग्रेस की ‘हकीकत’ जनता और पार्टी नेतृत्व के सामने रखने की बात कही गई। नेताओं ने कहा कि वे कांग्रेस के साथ थे, हैं और रहेंगे, लेकिन पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों की शिकायत राहुल गांधी तक पहुंचाई जाएगी। संगठन सृजन नहीं, ‘संगठन तोड़ो अभियान’ था पूर्व पार्षदों ने आरोप लगाया कि संगठन सृजन अभियान के नाम पर पुराने कार्यकर्ताओं को किनारे किया गया। पूर्व डिप्टी मेयर असलम फारूकी ने अमीन कागजी और रफीक खान पर अपने ही कार्यकर्ताओं को ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया। डॉ. दीपाली ने आरोप लगाया कि महिला कांग्रेस को एक भी टिकट नहीं दिया, जबकि नेताओं की पत्नियों को टिकट मिले। पूर्व पार्षद वसीम खान ने कहा कि पार्टी तोड़ने वालों को टिकट दिए गए। आरआर तिवारी ने चुनाव से पहले अमीन कागजी और रफीक खान के कई वार्डों के टिकट वितरण पर प्रभाव का आरोप लगाया था। डोटासरा को पत्र: ‘टिकट नीति थी, चुनाव रणनीति नहीं’ मित्रोदय गांधी समेत कई नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र भेजकर शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा की भूमिका पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि फोकस टिकट वितरण पर रहा, जबकि चुनाव संचालन की ठोस रणनीति नहीं बनी। रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने, चुनाव संचालन समिति को सक्रिय करने और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद की बजाय अपने प्रभाव में लेने पर जोर रहा। जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा, “मेरे या कांग्रेस विधायकों अथवा पार्टी के खिलाफ बात करने वाले वे लोग हैं, जिन्होंने कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ा। जो पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़े हैं, उनके विरोध पर क्या ध्यान देना।”

सुंदेलाव में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

सुंदेलाव में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता की जानकारी दी गई। सीआई रतनसिंह जोधा ने खानपान एवं पौष्टिकता पर विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ अध्यापक गणपत लाल ने पोषण एवं स्वास्थ्य के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।कार्यक्रम में गायत्री कंवर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरण कंवर, आशा सहयोगिनी संतोष, सावित्री, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय तलवारबाजी में सैयद अरबाब का चयन

शहर के कचहरी क्षेत्र निवासी सैयद अरबाब अली का 14वीं मिनी एवं 8वीं बाल राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप 2026-27 के लिए चयन हुआ है। प्रतियोगिता जम्मू विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में आयोजित गई। अंडर 10 आयुवर्ग में अरबाब राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान से प्रतिनिधित्व कर रहा है। चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1 हजार से अधिक युवा तलवारबाज भाग ले रहे हैं। भारतीय फेंसिंग एसोसिएशन (एफएआई) के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर फेंसिंग एसोसिएशन (जेकेएफए) की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में लड़कों और लड़कियों के लिए अंडर-12 और अंडर-10 वर्ग में मुकाबले हो रहे हैं। अरबाब के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन से टोंक के खेल प्रेमियों में उत्साह है।

रोटरी क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, प्रतिभाओं का किया सम्मान

रोटरी क्लब टोंक, डिस्ट्रिक्ट 3056 की सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को डाइट रोड स्थित एक निजी स्कूल में हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ एजाजी सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं बोर्ड सदस्यों ने पद एवं सेवा की शपथ ली। वक्ताओं ने रोटरी क्लब के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाते हुए समाज को रचनात्मक दिशा देने का आह्वान किया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, चिकित्सा को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन दीपक सुखाड़िया रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. केसी शर्मा ने की। रोटेरियन केआर खान ने क्लब की ओर से किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। मोइनुद्दीन निजाम, रोटरी क्लब बनास के बादल साहू, अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ एजाजी, सचिव बीएल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन शिवानी सिंह ने किया। कवयित्री ममता जाट ने अपनी गजल से नवाजा। सत्र 2026-27 के लिए मोहम्मद यूसुफ एजाजी को अध्यक्ष, बीएल वर्मा को सचिव, अशोक कक्कड़ एवं मोहम्मद उमर अंसारी को उपाध्यक्ष तथा रविन्द्र जैन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मोइन निजाम को क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर और अरविंद विजय को क्लब ट्रेनर की जिम्मेदारी दी गई है। शैलेन्द्र गर्ग संयुक्त सचिव तथा ब्रिज मोहन बंसल सार्जेंट एट आर्म्स होंगे। आगामी सत्र में पौधरोपण, निशुल्क चिकित्सा शिविर, जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य जांच और प्याऊ संचालन जैसे सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। समारोह में क्लब के सदस्य और कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

जाना शहीद बाबा व बहादुर शहीद बाबा की दरगाह पर चादर चढ़ाकर दुआ मांगी

मूंडवा मूंडवा में धधाणी नाड़ी स्थित जाना शहीद बाबा की दरगाह में रविवार को नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष अल्का कंदोई की ओर से देग का आयोजन किया गया। इस दौरान जाना शहीद बाबा एवं बहादुर शहीद बाबा की दरगाह पर चादर चढ़ाकर अमन, शांति व भाईचारे की दुआ मांगी गई। अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष कंदोई के नेतृत्व में नगरवासी मदीना मस्जिद से जुलूस के रूप में रवाना होकर नागौरी फल्लसा होते हुए दरगाह पहुंचे। सुभाष कंदोई, लक्ष्मीनारायण मूंडेल सहित पार्षदों व जनप्रतिनिधियों ने चादर व अकीदत के फूल पेश किए। वक्ताओं ने नगरवासियों का आभार जताते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। दरगाह कमेटी ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर अनेक लोग मौजूद रहे।

ग्यारहवीं शरीफ की नियाज दिलाई 120 किलो देग बनाकर वितरण की

नागौर हरसौर कस्बे के वार्ड संख्या 6 में रजा बिल्डिंग पर सरकार गोसें आज़म की ग्यारहवीं शरीफ की नियाज़ रविवार को दिलाई गई। अब्दुल गफ्फार ने बताया कि सरकारी गौसे पाक के महीने में अपनी शक्ति अनुसार हर बंदे को नियाज़ दिलाना चाहिए। इस अवसर पर 120 किलो की देग बनाकर मौलाना दीन मोहम्मद शेरानी आबाद की सदारत में फातिया लगाकर वितरण की गई। मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर दिलदार ख़ान, गफ्फार रिज़वी, हबीब खां, चांद मोहम्मद, शौकत मौलाना, नवाज़ी खां चौहान, बशीर खां, हसन अमीन भकरी, अमीरुद्दीन मुल्तानी, यूनुस मोहम्मद, सलीम, अमीन ठेकेदार, हुसैन एंबुलैंस, सुल्तान मोहम्मद, गुलजार, अनवर, अज़ीज़ चिश्ती, जियाउद्दीन ख़लीफा सहित गूज परिवार के अन्य छोटे-बड़े सभी सदस्य मौजूद रहे। नागौर. कार्यक्रम में मौजूद लोग।

अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

नागौर नागौर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार निर्वाचन आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों और चुनावी अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस जिला इकाई प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम 29 सितम्बर मंगलवार सुबह 11 बजे जिला मुख्यालय पर होगा। विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़े सवालों को लेकर यह विरोध दर्ज कराया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध जताने की घोषणा की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जिला मुख्यालय पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से भाग लेने की अपील की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह कदम चुनाव से संबंधित कथित अनियमितताओं के मुद्दों के प्रति ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

क्रिकेट में मालनू टीम उपविजेता

धनला में आयोजित जिला स्तरीय 19 वर्षीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मालनू की टीम ने जिला में उपविजेता खिताब जीता। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उपविजेता टीम का मालनू ग्रामवासियों द्वारा डीजे, ढोल व फूल माला से पूरी टीम का स्वागत किया। प्रधानाचार्य कपूराराम मीणा ने बताया कि विद्यालय से दो बालिकाओं का राज्य स्तर पर चयन हुआ जिसमें शिल्पा कुमारी पुत्री बदा राम मीणा व दिव्या कुमारी मीणा पुत्री देवाराम मीणा है। टीम कोच प्रदीप कुमार मीणा, मनीष धोरेल, व्याख्याता पन्नालाल देवासी, व्याख्याता मीठा राम, रमेश कुमार, बाबूलाल, सकाराम मीणा सहित अध्यापक एवं ग्रामवासी उपस्थित है।

मॉडल स्कूल रोहट की 10 प्रतिभाएं राज्य स्तर पर हुई चयनित

स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल रोहट के 10 छात्र छात्राओं का भिन्न खेलों में राज्य स्तर पर चयन हुआ है। 17 वर्षीय ताइक्वांडो में पूर्वी आंजणा, निष्का गड़वी , मोनिका सुथार एवं दिव्यांशु ,17 वर्षीय सॉफ्टबॉल में देवांग आंजणा,17 वर्षीय सेपक टकरा में भरत पटेल , आर्यन एवं चंचल आचार्य, 17 वर्षीय शतरंज में दीक्षा लखारा एवं अनीता का चयन हुआ। ये खिलाड़ी अपने अपने खेलों में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणामस्वरूप राज्य स्तर प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं। प्रधानाचार्य हेमन्त दवे ने खिलाड़ियों एवं संबंधित कोच को शानदार एवं सराहनीय प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।

मॉडल स्कूल में ‘हनुमान वाटिका’ का किया लोकार्पण

स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, मूंडवा में नागौर पुलिस की जनसेवा, अपराध नियंत्रण एवं युवा संरक्षण को समर्पित ‘हनुमान वाटिका’ का लोकार्पण हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी व विशिष्ट अतिथि खींवसर थानाधिकारी सुरेश कुमार चौधरी ने पौधारोपण कर वाटिका का शुभारंभ किया। एसपी ने विद्यार्थियों को अनुशासन व सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने पुलिस थाना व पुलिस लाइन के शैक्षणिक भ्रमण के लिए भी प्रेरित किया। सुरेश कुमार चौधरी ने युवाओं को कुसंगति, अनावश्यक मोबाइल उपयोग व खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। मशक वादक श्रवण शंखवास ने प्रस्तुति दी। प्राचार्य भंवरलाल ने आभार जताया।

आचार संहिता समाप्त : नागौर सहित जिले की नौ निकायों में अब फिर शुरू होंगे अटके काम

नागौर निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आदर्श आचार संहिता समाप्त हो गई है। अब नागौर नगर परिषद सहित जिले की अन्य नौ नगरीय निकायों, हाउसिंग बोर्ड और पीडब्ल्यूडी सहित सरकारी विभागों में चुनाव के कारण रुके काम फिर गति पकड़ेंगे। चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रभावित आम लोगों से जुड़े काम अब सामान्य हो सकेंगे। नागौर शहर में ही एक हजार से अधिक घरेलू पट्टे के आवेदन पेंडिंग चल रहे हैं, जिन पर अब प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। लीज डीड, विकास कार्यों से संबंधित प्रक्रियाएं और अन्य स्वीकृतियां, जो आचार संहिता के कारण अटकी थीं, संबंधित स्तर पर आगे बढ़ सकेंगी। इससे इन कामों के लिए इंतजार कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।जिले की विभिन्न सरकारी एजेंसियों और नगरीय निकायों में चुनाव के कारण प्रभावित कामकाज अब सामान्य होगा। जिन कार्यों में नए निर्णय, स्वीकृति या प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर रोक थी, उनमें संबंधित विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर सकेंगे।

कांच की बोतलों का उपयोग कर टीम दे रही पर्यावरण संरक्षण का संदेश

साइकिल यात्रा का इन्होंने किया नेतृत्व व भागीदारी सुरेश सोनी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में सोहनलाल गोदारा, हुक्मीचंद, मोहन प्रकाश गोदारा, डॉ. मनफूल पूनिया, दिनेश मिर्धा, जगदीश तांडी, दिनेश कटानिया, डॉ. जी.एल. कुमावत, कैलाश डूकिया, प्रेम, ओमप्रकाश बोराणा, नवीन भाकल और पंकज जांगू ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि टीम ने पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है। सफर के दौरान प्लास्टिक की बोतलों के स्थान पर कांच की बोतलों का उपयोग किया गया। पैरावा पूनिया फार्म हाउस पर आयोजित सभा में सदस्यों ने संकल्प लिया कि भविष्य की हर साइकिलिंग गतिविधि में वे प्लास्टिक का त्याग कर कांच की बोतलों का ही उपयोग करेंगे। नागौर. साइकिलिंग यात्रा में शामिल प्रतिभागी। भास्कर न्यूज | नागौर पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की अलख जगाने वाला टीम ब्लू का कारवां अब जनचेतना का रूप ले चुका है। कभी एक छोटी सी लौ के रूप में शुरू हुआ यह ग्रुप आज मशाल बनकर उभर रहा है, जिसमें लगातार नए लोग जुड़ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को टीम के संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत नागौर से झोरड़ा धाम स्थित हरिराम बाबा मंदिर तक लगभग 100 किलोमीटर की साइकिल यात्रा की गई। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य और संदेश साफ था हरित नागौर, फिट नागौर, साइकिल का उपयोग करें, प्रदूषण से राहत पाएं। यात्रा के दौरान टीम के सदस्यों ने झोरड़ा धाम पहुंचकर धोक लगाई और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। टीम ब्लू ने आमजन से अपील की है कि बदलाव की शुरुआत हमेशा स्वयं से होनी चाहिए। दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें।

ऑनलाइन लॉक करने से पहले 2 बार जांच जरूरी,फॉर्म लॉक होने के बाद नहीं मिलेगा संशोधन का मौका

नागौर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने कक्षा 5 की प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन और कक्षा 8 की प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र परीक्षा-2027 के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन 24 सितंबर से शुरू हुए हैं। सरकारी, सरकारी संस्कृत, मूक-बधिर, दृष्टिबाधित, निजी स्कूल और मदरसों के संस्थाप्रधान शाला दर्पण के परीक्षा पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों के आवेदन भरवाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर रात 11.59 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन भरने से पहले कक्षा 5 और 8 के सभी विद्यार्थियों की जानकारी स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार जांचकर सही करना सुनिश्चित करें। पोर्टल पर जानकारी का मिलान करने के बाद ही आवेदन जमा और लॉक किया जाएगा। विभाग ने फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। दोनों फाइलों का आकार 5 से 50 किलोबाइट के बीच होना चाहिए और फोटो व हस्ताक्षर जेपीजी या जेपीईजी प्रारूप में ही अपलोड किए जा सकेंगे। आवेदन भरने के बाद उसका प्रारूप डाउनलोड कर दोबारा जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अंतिम आवेदन लॉक करने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। आवेदन तभी जमा माना जाएगा, जब उस पर आवेदन क्रमांक दर्ज हो। विभाग ने स्कूलों को आवेदन की स्थिति जांचने और आवेदन क्रमांक वाले प्रपत्र सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

बिना दौड़े ही बच्चों का एनसीसी में चयन कैसे कर दिया गया?: बांता

नागौर जिला मुख्यालय स्थित बीआर मिर्धा कॉलेज में एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के आरोपों को लेकर मामला गरमा गया है। कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष वासुदेव बांता और एनसीसी प्रभारी प्रेम सिंह बुगासरा के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एनसीसी चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली और बिना ग्राउंड दौड़े विद्यार्थियों के चयन के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसी बीच, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष बांता ने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर एनसीसी भर्ती प्रक्रिया की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एनसीसी प्रभारी बांता : "सर, कुछ बच्चे दौड़े भी नहीं और उनका सलेक्शन कैसे हो गया, इसकी रिकॉर्डिंग बच्चों के पास है। प्रभारी : पुराना मुद्दा क्यों छेड़ रहो हो। पुरानी सूची से क्या करना है और मुझे उलझाएंगे क्या? बांता : आप हमारे गुरु हैं, आपको क्यों उलझाएंगे? आप हमें लिस्ट बता दो, हम कुछ नहीं करेंगे। प्रभारी : जो नाम गलत जुड़े थे, उन्हें शिकायत के बाद जांच कर उसी समय हटा दिए थे। आप ही मेरे साथ बैठे मेरे खिलाफ आंदोलन करोगे, मैंने सोचा नहीं। बांता : लड़के कह रहे हैं कि प्रेम सिंह प्रभारी ने घोटाला किया है। बच्चे तो सीबीआई से भी ज्यादा इन्वेस्टिगेशन कर रहे हैं और नेताओं के पास जाने की कह रहे हैं। प्रभारी : मैं तो जो भी करता हूं, छात्र और बच्चों के हित में ही करता हूं। पुरानी बात को छोड़ो, गड़े मुर्दे उखाड़ने से क्या फायदा है। बांता : आपकी सैलरी सबसे ज्यादा और पेट बड़ा हो गया, तभी इतने दौड़ रहे हो। प्रभारी : तुम तो बड़े नेता बन गए, अब राजनीति करनी है तो कर लो।