slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

लापता भाजपा पार्षद प्रदीप काबरा 1 दिन बाद घर लौटे:बेटा बोला- पिताजी की जान को खतरा; जोधपुर से नाथद्वारा के लिए रवाना हुए थे

नाथद्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले बुधवार को भाजपा के पार्षद एवं जिला महामंत्री प्रदीप काबरा के लापता होने की सूचना से राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए उपखंड कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिवार के अनुसार काबरा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने जोधपुर से नाथद्वारा आ रहे थे, लेकिन रास्ते में उनसे संपर्क टूट गया। हालांकि पुलिस ने अपहरण की पुष्टि नहीं की थी। गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे प्रदीप काबरा समेत चारों पार्षद नाथद्वारा पहुंच गए और अपने-अपने घर चले गए, जिसके बाद लापता होने और अपहरण की आशंका समाप्त हो गई। जोधपुर से रवाना हुए थे काबरा बेटे धर्मेंद्र काबरा के अनुसार प्रदीप काबरा बुधवार सुबह करीब 6 बजे जोधपुर से नाथद्वारा के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने परिवार को नामांकन की तैयारियां रखने के लिए कहा था। सुबह 9.28 बजे उनसे आखिरी बार बात हुई। उस समय उन्होंने करीब 11.15 बजे तक नाथद्वारा पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद देसूरी के आसपास उनका मोबाइल बंद आने लगा। परिवार के अनुसार काबरा के साथ संदीप श्रीमाली और वार्ड नंबर 1 के प्रस्तावक चंद्रप्रकाश जोशी भी थे, उनसे भी संपर्क नहीं हो रहा था। परिजनों ने शुरू किया धरना संपर्क नहीं होने के बाद काबरा के परिजन और समर्थक उपखंड कार्यालय के बाहर जुट गए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू किया। परिजनों ने कहा कि जब तक काबरा और उनके साथ गए लोगों की जानकारी नहीं मिलती, धरना जारी रहेगा। हंगामे के बीच नाथद्वारा विधायक विश्व राज सिंह मेवाड़ और सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने SP हेमंत कलाल से मोबाइल पर बातचीत कर जल्द कार्रवाई की मांग की। भाजपा पार्षद के ससुर की मौत से माहौल तनावपूर्ण इसी दौरान भाजपा पार्षद हीना पुरोहित के ससुर सुरेश पुरोहित की हार्ट अटैक से मौत की खबर सामने आई। परिजनों ने अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्यों को तत्काल छोड़ने की मांग की। इस घटनाक्रम से मौके का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। गुरुवार सुबह चारों पार्षद नाथद्वारा पहुंचे गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे प्रदीप काबरा, वार्ड 1 के चंद्रप्रकाश जोशी, वार्ड 15 की हीना पुरोहित और वार्ड 17 के महेश दवे नाथद्वारा पहुंच गए। चारों अपने-अपने घर पहुंचे। जिसके बाद परिजनों में व्याप्त लापता होने और अपहरण की आशंका समाप्त हो गई। भाजपा के 20, कांग्रेस के 19 पार्षद नाथद्वारा पालिका के चुनाव परिणाम में भाजपा के 20, कांग्रेस के 19 और एक निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। पूरे घटनाक्रम ने अध्यक्ष पद के नामांकन से पहले नाथद्वारा की राजनीति को गरमा दिया है। काबरा के लापता होने को लेकर लगाए गए अपहरण के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब अध्यक्ष पद का मामला और अधिक रोचक स्थिति में पहुंच गया है।

अलवर कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने किया रक्तदान:बोलीं- कॉलेज के बाद ब्लड डोनेशन करने का अब मौका मिला; CEO और OSD भी जुड़े

विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत अलवर कलेक्टर डॉ अर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान किया। कॉलेज लाइफ के बाद करीब 10 साल में यह उनका दूसरा रक्तदान था। जांच के दौरान कलेक्टर का हीमोग्लोबिन 12.5 दर्ज किया गया। कलेक्टर के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस पहल में हिस्सा लिया। जिला परिषद के सीइओ यक्ष चौधरी और ओएसडी इलेक्शन अदिति वैष्णव ने भी ब्लड बैंक में रक्तदान किया। जिलेभर में महीनेभर चलेंगे ब्लड डोनेशन कैंप कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने बताया कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पूरे सितंबर/महीने जिले में विशेष रक्तदान शिविर लगेंगे। इसका उद्देश्य जिले में ब्लड की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना ताकि जरूरतमंद और आपातकालीन मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। तैयारी: केवल जिला अस्पताल ही नहीं, बल्कि जिले की सभी सीएचसी (CHC) और पीएचसी (PHC) स्तर पर भी रक्तदान की व्यवस्था की गई है। 'दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आएं' कलेक्टर ने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैंने पहली बार अपने कॉलेज के दिनों में ब्लड डोनेट किया था। करीब 10 साल बाद आज दोबारा यह सेवा करने का मौका मिला है।" उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। इसलिए अधिक से अधिक लोग आगे आकर मिसाल कायम करें। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. तरुण यादव सहित चिकित्सा विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

जयपुर- ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:टकराने के बाद उछलकर दूर जा गिरा, जीआरपी ने SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया शव

जयपुर में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। ट्रेन से टकराने पर वह उछलकर दूर जा गिरा। जीआरपी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। पुलिस ने बताया- जयपुर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर शाम करीब 5:30 बजे युवक की लाश पड़ी मिली। शव मिलने की सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की ओर से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ट्रेन से टकराने पर उछलकर दूर जा गिरा ट्रेन से टक्कर लगने से वह कुछ दूरी पर उछलकर गिरा है। पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। मृतक की नहीं हुई पहचान पुलिस का कहना है- मृतक की उम्र करीब 30 साल है। उसने नीले कलर का हाफ बाजू शर्ट और क्रीम कलर की पेंट पहन रखी है। गले में लाल कलर का धागा पहने हुए है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

सीकर में आज हो सकती है हल्की बारिश:तीन दिन बाद होगी मानसून की विदाई, इस बार सामान्य बरसात भी नहीं हुई

सीकर में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना के बीच उमस तेज है। इस साल मानसून के सीजन में औसत बारिश भी नहीं हुई है। सीकर से 3 दिन बाद मानसून की औपचारिक विदाई हो रही है। आज बादलों की आवाजाही के बीच हवा भी कमजोर है। धूप कम है लेकिन उमस बनी हुई है। सीकर के तापमान में भी लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में अगले 2 दिनों बाद मौसम में फिर बदलाव होने की संभावना है। अब तक 10 प्रतिशत कम बारिश हुई सीकर जिले के मानूसन की बात करें तो इस बार अब तक औसत से भी 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ऐसे में जिले में कई जगहों पर फसलें भी काफी प्रभावित हुई हैं। बाजरे की अगेती फसल जरूर ठीक हुई लेकिन सभी पछेती फसलों पर बारिश नहीं होने का प्रभाव देखने को मिल रहा है। इस साल मूंगफली के दाम भी बढ़ने की संभावना है। 21 सितंबर को मानसून की विदाई संभव जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूरे राजस्थान में मानसून की विशेष गतिविधियां देखने को नहीं मिलेंगी। 21 सितंबर को मानसून की विदाई संभव है। हालांकि लौटते मानसून से राजस्थान के कुछ उत्तरी व दक्षिणी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। इस साल प्रदेश के 20 जिलों में औसत या इससे कम बारिश हुई है।

डूंगरपुर सभापति चुनाव में सुशीला गुप्ता को भाजपा का टिकट:प्रभु पंड्या निर्दलीय प्रत्याशी बने, बहुमत के बावजूद बढ़ी खींचतान

डूंगरपुर नगर परिषद सभापति पद को लेकर भाजपा में चल रहा सस्पेंस गुरुवार को खत्म हो गया। भाजपा ने पूर्व सभापति एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर केके गुप्ता की पत्नी सुशीला गुप्ता को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। वहीं, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या को पार्टी का सिंबल नहीं मिलने से वे अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। नगर परिषद में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद पंड्या के निर्दलीय मैदान में रहने से पार्टी के भीतर खींचतान की स्थिति बन गई है। बंद लिफाफे ने बनाए रखा सस्पेंस सभापति पद के लिए भाजपा से प्रभु पंड्या और सुशीला गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया था। दोनों ने पार्टी और संगठन के आदेश पर नामांकन भरने का दावा किया था। बुधवार को भाजपा के सह संगठन प्रभारी ने करीब 2.30 बजे निर्वाचन अधिकारी को पार्टी का सिंबल बंद लिफाफे में सौंप दिया, लेकिन अधिकृत प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई। इसके बाद पूरे दिन भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को लेकर सस्पेंस बना रहा। शाम करीब 3 बजे निर्वाचन विभाग ने भी सूचना बोर्ड पर भाजपा के दो और कांग्रेस के एक नामांकन की जानकारी चस्पा की। इसके बाद गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान बंद लिफाफा खोला गया और सुशीला गुप्ता को भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया। सिंबल नहीं मिलने के कारण प्रभु पंड्या निर्दलीय प्रत्याशी हो गए। भाजपा के पास बहुमत से ज्यादा पार्षद डूंगरपुर नगर परिषद में कुल 40 वार्ड हैं। इनमें भाजपा ने दो निर्विरोध समेत 24 वार्डों में जीत दर्ज की है। इसके अलावा वार्ड 31 से भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव जीते सुनील जैन ने भी भाजपा को समर्थन दिया है। ऐसे में भाजपा के पास सभापति बनाने के लिए पर्याप्त संख्या है। हालांकि, प्रभु पंड्या ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया तो भाजपा के सामने अपने ही खेमे से निकले निर्दलीय प्रत्याशी की चुनौती रहेगी। ऐसे में बहुमत होने के बावजूद सभापति चुनाव में पार्टी के अंदरूनी समीकरण महत्वपूर्ण हो सकते हैं। कांग्रेस-बीएपी मिलकर भी बहुमत से दूर सभापति पद के लिए कांग्रेस की ओर से भरत नागदा ने नामांकन दाखिल किया है। डूंगरपुर निकाय में कांग्रेस के 12 पार्षद हैं, जबकि बीएपी के पास 3 पार्षद हैं। दोनों दलों के आंकड़े को जोड़ने पर भी संख्या 15 ही होती है। इसलिए सभापति पद के चुनाव में भाजपा के बहुमत को चुनौती देने के लिए कांग्रेस और बीएपी के पास पर्याप्त संख्या नहीं है। केके गुप्ता के अनुभव का सुशीला को मिला फायदा सुशीला गुप्ता पूर्व सभापति और प्रदेश में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर रहे केके गुप्ता की पत्नी हैं। सुशीला गुप्ता पार्टी में सक्रिय चेहरा नहीं रही हैं, लेकिन केके गुप्ता के नगर परिषद के पूर्व सभापति के रूप में अनुभव को उनके टिकट के पीछे अहम माना जा रहा है। केके गुप्ता के कार्यकाल में डूंगरपुर नगर परिषद को स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में कई पुरस्कार मिले थे। छोटे शहरों की श्रेणी में डूंगरपुर नगर परिषद लगातार पांच साल तक शीर्ष पर रहा। ऐसे में स्वच्छता के क्षेत्र में गुप्ता की पहचान और नगर परिषद का अनुभव सुशीला गुप्ता के पक्ष में महत्वपूर्ण रहा। 40 साल का संगठनात्मक अनुभव, फिर भी पंड्या को टिकट नहीं प्रभु पंड्या करीब 40 वर्षों से भाजपा और संगठन से जुड़े हुए हैं। वे भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिलाध्यक्ष, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जैसे पदों पर रह चुके हैं। आरएसएस से उनके जुड़ाव के कारण भी संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती रही है। सभापति पद के लिए उनका नाम मजबूत दावेदारों में माना जा रहा था। लेकिन पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में सुशीला गुप्ता के नाम की घोषणा के बाद अब पंड्या निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में डूंगरपुर नगर परिषद का सभापति चुनाव भाजपा के स्पष्ट बहुमत के बावजूद पार्टी के अंदरूनी समीकरणों के लिहाज से खासा दिलचस्प हो गया है।

भाई के ससुराल में युवक से मारपीट,चाकू से हमला:दोस्त को लेने गए युवक का सिर फोड़ा, बेहोश होकर गिरा; दोनों घायलों का इलाज जारी

कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग इलाकों में मारपीट और चाकूबाजी के मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाओं में दो युवक घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों मामलों में घायलों की ओर से गुमानपुरा थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। भाई के ससुराल वालों ने की मारपीट पहली घटना छावनी के रामचंद्रपुरा इलाके की है। यहां 35 वर्षीय अकरम अपने छोटे भाई के ससुराल गया था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान उसके भाई के चाचा ससुर और साले ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। अकरम के सिर में चोट लगी। घटना के बाद परिजन उसे एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज जारी है। आपसी कहासुनी में पत्थर से युवक के सिर पर हमला दूसरी घटना वल्लभबाड़ी इलाके के घोसी मोहल्ले की है। यहां अयान अपने दोस्त को लेने कॉलोनी में गया था। आरोप है कि इसी दौरान सद्दाम अब्बासी से उसका विवाद हो गया। झगड़े के दौरान सद्दाम ने कॉलोनी में पड़ा पत्थर उठाकर अयान के सिर पर मार दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अयान बेहोश हो गया। खून निकलता देख उसके दोस्त और परिजन उसे एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

हनुमानगढ़ एसपी ने टिब्बी थाने में सुनी आमजन की समस्याएं:शिकायतों के जल्द निपटारे के दिए निर्देश

हनुमानगढ़ में अब थाना स्तर पर भी जनसुनवाई कार्यक्रम होंगे। यह फैसला आम लोगों की शिकायतों के जल्द और सही निपटारे के लिए लिया गया है। इसी कड़ी में पुलिस थाना टिब्बी में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इस दौरान एसपी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियम के हिसाब से जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में संगरिया के वृत्ताधिकारी शंकरलाल छाबा, अपराध सहायक पुलिस इंस्पेक्टर मोनिका बिश्नोई और टिब्बी थानाधिकारी राकेश सांखला सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। इनके अलावा सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक और वार्ड सीएलजी सदस्य भी शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने अपनी अलग-अलग समस्याओं को लेकर शिकायतें दीं। एसपी ने सभी शिकायतों को ध्यान से सुना और जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने लोगों को जिले में नशा तस्करी और अवैध कामों को रोकने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के बारे में बताया। साथ ही, अपराध रोकने के लिए 'सेफ सिटी अभियान' की भी जानकारी दी। आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 87645-31201, महिला हेल्पलाइन 87648-76051 और सेफ सिटी पोर्टल इस्तेमाल करने का तरीका भी बताया गया। जनसुनवाई में लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए भी जागरूक किया गया। उन्हें डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, KYC अपडेट, बैंक और UPI फ्रॉड, OTP और PIN मांगकर धोखाधड़ी जैसे ऑनलाइन ठगी के तरीकों से सावधान रहने की अपील की गई। लोगों को समझाया गया कि वे अपना OTP, ATM PIN, CVV और UPI PIN किसी के साथ शेयर न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल करने से भी बचने को कहा गया। साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने 'राजकोप सिटीजन ऐप' और इमरजेंसी मदद के लिए 112 हेल्पलाइन के बारे में भी बताया। वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, स्पीड लिमिट का ध्यान रखने और नशे में गाड़ी न चलाने की भी समझाइश की गई।

नोहर में दो लोग अवैध देसी कट्टे के साथ पकड़े:एक पर पहले से आर्म्स एक्ट का केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

हनुमानगढ़ की नोहर पुलिस ने गश्त के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाई में दो लोगों को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पहली कार्रवाई में, थानाधिकारी जगदीश प्रसाद की टीम ने नोहर से सोती रोड पर महेंद्र सिंह (30) को पकड़ा। महेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय सोहनलाल, वार्ड नंबर 07, सोती बड़ी, तहसील नोहर का रहने वाला है। उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने महेंद्र सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी नोहर थाने में आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है। इस मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर भूराराम कर रहे हैं। दूसरी कार्रवाई में, थानाधिकारी जगदीश प्रसाद की टीम ने नोहर से साहवा बाईपास रोड पर साजिद (22) को गिरफ्तार किया। साजिद पुत्र अदरीश, भानीपुरा मोहल्ला नोहर का निवासी है। उसके पास से भी एक अवैध देसी कट्टा मिला। पुलिस ने साजिद के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच भी सब-इंस्पेक्टर भूराराम कर रहे हैं। पहली कार्रवाई में हेडकॉन्स्टेबल जगदीश प्रसाद, पवन कुमार और कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार शामिल थे। दूसरी कार्रवाई में एएसआई प्रमोद कुमार, हेडकॉन्स्टेबल आत्माराम और कॉन्स्टेबल रामहरि शामिल रहे।

रसोई में खाना बनाते समय झुलसी महिला:बचाने आए पति का हाथ भी जला; प्रेशर कुकर धमाके से फटा

अलवर जिले में बुधवार को रसोई घर में खाना बनाते समय दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे हो गए। खैरथल के खातीवाला मोहल्ले में गैस रिसाव के कारण लगी आग में 25 साल की महिला 90 प्रतिशत तक झुलस गई। महिला को बचाने में उसके पति का हाथ भी जल गया। अरावली विहार थाना क्षेत्र के रूपबास में सब्जी बनाते समय अचानक प्रेशर कुकर फटने से 30 साल की महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घायलों को अलवर के जिला सामान्य हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। हादसा 1: बर्नर खुला रहने से फैली आग, 4 बच्चों की मां झुलसी खैरथल थाना क्षेत्र के खातीवाला मोहल्ला निवासी जितेंद्र जाटव की पत्नी सरोज (25) बुधवार शाम रसोई में खाना बनाने गई थी। बर्नर खुला रहने के कारण रसोई में गैस भरी हुई थी। महिला ने जैसे ही माचिस की तीली जलाई, अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार सुनकर पति जितेंद्र ने आग बुझाकर पत्नी को बचाने की कोशिश की, जिसमें उसके हाथ भी झुलस गए। परिजनों ने महिला को पहले स्थानीय हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके 90% झुलसने की पुष्टि की। हालत नाजुक होने पर उसे अलवर रेफर कर दिया गया। दंपती के चार छोटे बच्चे हैं। हादसा 2: सब्जी बनाते समय फटा प्रेशर कुकर अरावली विहार थाना क्षेत्र के रूपबास में किराए के मकान में रहने वाली पूनम (30) पत्नी गोविंद प्रजापत बुधवार रात रसोई में कुकर में सब्जी बना रही थी। इसी दौरान अचानक प्रेशर कुकर धमाके के साथ फट गया। कुकर फटने से निकली तेज भाप और गर्म सब्जी गिरने से पूनम गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने तुरंत पूनम को अलवर के राजकीय सामान्य हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

हनुमानगढ़ में नाकाबंदी के दौरान 50 किलो डोडा पोस्त पकड़ा:ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार सवार दो आरोपी गिरफ्तार

हनुमानगढ़ की पीलीबंगा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 50 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। थानाधिकारी रायसिंह ने बताया कि सब इंस्पेक्टर चैनदान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने रोही जाखड़वाली में नाकाबंदी के दौरान कार सवार दिनेश कुमार और सीताराम को पकड़ा। उनके पास से 50 किलो 700 ग्राम डोडा पोस्त और एक कार (HR 05 AH 0226) जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच गोलूवाला थानाधिकारी रजनदीप कौर कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार (25) पुत्र इमीलाल, निवासी वार्ड नंबर 2, अयालकी, थाना गोलूवाला, जिला हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी का नाम सीताराम (19) पुत्र लाधूराम ओड है, जो वार्ड नंबर 4, लोंगवाला, थाना गोलूवाला, जिला हनुमानगढ़ का रहने वाला है। पुलिस टीम में सब इंस्पेक्टर चैनदान, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण, कांस्टेबल विकास कुमार, मनीष और चालक कांस्टेबल रविदर्शन शामिल थे। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ सेक्टर की जिला विशेष टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।

नागौर में मानसून की विदाई से पहले फिर बदला मौसम:खींवसर में 5 और रियाबड़ी में 44 MM बारिश, किसानों की चिंता बढ़ी

मानसून की विदाई का दौर नजदीक आ गया है, लेकिन इससे पहले नागौर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 और 18 सितंबर को जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इससे पहले पिछले दो दिनों में खींवसर और रियाबड़ी क्षेत्र में बारिश हुई। खींवसर में 5 MM और रियाबड़ी में 44 MM बारिश दर्ज की गई। अचानक हुई बारिश से खेतों में खड़ी और कटाई के बाद खेतों में रखी फसलें प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों पर दोहरी मार इस बार किसानों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। बारिश की कमी के कारण पहले ही फसलों की पैदावार प्रभावित हुई। अब कई खेतों में फसलें पककर तैयार हैं। ऐसे में बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई कर खुले में रखी फसल भी बारिश से खराब होने की स्थिति में है। किसानों का कहना है कि फसल उत्पादन कम होने से पहले ही लागत निकालना मुश्किल हो रहा है। अब बारिश से बची हुई फसल को भी नुकसान पहुंचने का डर बना हुआ है। 19 सितंबर के बाद मानसून की विदाई मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर के आसपास राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी से कमी आने की संभावना है। इसके बाद मानसून की विदाई का दौर शुरू हो जाएगा। हालांकि इस दौरान कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश होने के आसार बने रह सकते हैं। मूंग की पैदावार 2.5 क्विंटल से घटकर 50 किलो तक पहुंची अहमदपुरा निवासी किसान दिनेश जाट ने बताया कि सामान्य तौर पर एक बीघा में मूंग की पैदावार करीब 2 से 2.5 क्विंटल तक होती है। इस बार उत्पादन घटकर महज करीब 50 किलो रह गया है। इसी तरह बाजरे की पैदावार भी सामान्य तौर पर करीब 2 क्विंटल तक होती है, लेकिन इस बार इसमें करीब 70 प्रतिशत तक गिरावट आई है। किसान के अनुसार उत्पादन कम होने से खेती में लगाया गया खर्च तक निकालना मुश्किल हो रहा है। अब बारिश से बची फसल को नुकसान होने का खतरा किसानों की चिंता और बढ़ा रहा है।

सलूंबर कांग्रेस ने पंचायत चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किए:7 पंचायत समितियों में जिम्मेदारी बांटी, हर वार्ड से 3 नामों का पैनल बनेगा

सलूंबर पंचायत राज चुनाव-2026 को लेकर सलूंबर जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक तैयारियों को गति दे दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परमानंद मेहता ने जिले की सात पंचायत समितियों के लिए प्रभारी, सहप्रभारी एवं सदस्यों की नियुक्ति की है। कांग्रेस ने नियुक्त पदाधिकारियों को पंचायत समिति क्षेत्रों में संगठन के समन्वय और संभावित प्रत्याशियों की पहचान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक वार्ड से 3 नामों का पैनल तैयार करने के निर्देश जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता के निर्देशानुसार नियुक्त प्रभारी एवं सहप्रभारी संबंधित पंचायत समिति क्षेत्र में ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों के साथ वरिष्ठ एवं युवा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करेंगे। इसके अलावा पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानों के साथ संपर्क बनाकर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पदाधिकारियों को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के संभावित उम्मीदवारों की जानकारी जुटाने और प्रत्येक वार्ड के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार करने को कहा गया है। चुनाव आयोग की ओर से लॉटरी के माध्यम से आरक्षण निर्धारण होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में प्रत्येक पद के लिए पैनल तैयार कर संगठन को उपलब्ध कराया जाएगा। सात पंचायत समितियों में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

भीलवाड़ा में पहली बार निर्विरोध महिला मेयर बनना तय:पार्टी ने निर्दलीय को मनाया; नगर निगम में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत

भीलवाड़ा नगर निगम महापौर के प्रत्याशियों के नामांकन में BJP की प्रत्याशी जसवंत कंवर के सामने निर्दलीय महापौर प्रत्याशी संतोष कंवर दावेदारी जता रहीं थी। पार्टी ने उन्हें मना लिया है। जसवंत कंवर का भीलवाड़ा नगर निगम की पहली निर्विरोध महिला महापौर बनना तय है। 2165 वोट से जीत कर आई जसवंत वार्ड नंबर 9 से पार्षद जसवंत कंवर (37) पोस्ट ग्रेजुएट (MA) पास हैं। पहली बार चुनावी मैदान में उतरी जसवंत ने वार्ड नंबर 9 से खुशबू शर्मा को 2165 वोट से हराकर भीलवाड़ा में दूसरी बड़ी एकतरफा जीत हासिल की। इस वार्ड में सिंबल गड़बड़ी के चलते कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं था। जसवंत कंवर बिलिया ठिकाने के भूपेंद्र सिंह (39) की पत्नी है। भूपेंद्र वर्तमान में भाजपा जिला प्रवक्ता हैं और जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के करीबी माने जाते हैं। प्रत्याशी के नाम 8 लाख का गोल्ड लोन रिकॉर्ड के मुताबिक जसवंत कंवर के पास 15 लाख 72 हजार और पति के पास 4 लाख 90 की संपत्ति है। गुंदडी गांव में करीब 10 बिस्वा जमीन है जिसकी बाजार मूल्य 2 लाख रुपए है। जसवंत कंवर पर एसबीआई बैंक से 8 लाख का गोल्ड लोन और पति के नाम बजाज फाइनेंस से 1 लाख का लोन है। भाजपा से टिकट मांगा था, नहीं मिला तो निर्दलीय खड़ी हुई वार्ड नंबर 10 संतोष कंवर ने निर्दलीय महापौर प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। संतोष कंवर ने भी भाजपा से टिकट मांगा था लेकिन जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और BJP की सविता जोशी को 699 वोटो के अंतर से हराया। सविता को 466 वोट मिले जबकि निर्दलीय संतोष कंवर को 1165 वोट मिले। पति प्रॉपर्टी कारोबारी, भाजपा से जुड़े हैं संतोष कंवर पिछले बोर्ड में पार्षद रह चुकी हैं पिछली बार 2021 में इन्होंने टिकट मांगा लेकिन नहीं मिला तो निर्दलीय मैदान में उतरकर भाजपा प्रत्याशी को हराया था। इस बार भी उन्होंने पार्टी से टिकट मांगा लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीती। संतोष कंवर के पति गजेन्द्र सिंह प्रॉपर्टी कारोबारी हैं और भाजपा संगठन से लंबे समय से जुड़े हैं साथ ही पूर्व महापौर के करीबी है अब देखें नामांकन भरने की तस्वीरें…

जोधपुर में ड्यूटी पर पहुंचे कॉन्स्टेबल को कैंपर ने कुचला,मौत:टक्कर के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने हॉस्पिटल पहुंचाया, डॉक्टर्स ने मृत घोषित किया

जोधपुर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल को कैंपर गाड़ी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने कैंपर गाड़ी के ड्राइवर को पकड़ लिया। इधर पुलिस के आला अधिकारी भी एम्स हॉस्पिटल पहुंच गए। पुलिस के अनुसार नागौर जिले के जारोड़ा निवासी कॉन्स्टेबल सुरेश मुण्डेल हमेशा की तरह सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी पर पहुंचे थे। यहां हाईवे पॉइंट पर तिलवाडिया फांटा के पास ड्यूटी थी, इसी दौरान एक कैम्पर ने उन्हें टक्कर मारी दी। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद उन्हें साथी पुलिसकर्मियों की मदद से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स जोधपुर लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर हादसे के बाद पुलिस ने कैंपर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सुरेश की मौत की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी एम्स हॉस्पिटल पहुंचे। जानकारी के मुताबिक सुरेश साल 2015 बैच में कॉन्स्टेबल के तौर पर पुलिस विभाग में चयनित हुए थे। उनके साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि उनका स्वभाव शांत और दोस्ताना था।

जैसलमेर में सभापति की कुर्सी के लिए 2 बिजनेसमैन आमने-सामने:हाइब्रिड दांव से मुकाबला रोमांचक हुआ; जानें- दावेदारों की पूरी प्रोफाइल

जैसलमेर नगर निकाय में सभापति की कुर्सी के लिए मुकाबला रोमांचक हो गया है। भाजपा ने जिस विजय डांगरा को वार्ड 32 में जीत के बाद सभापति पद का उम्मीदवार बनाया, उनके सामने कांग्रेस ने वार्ड चुनाव में हार चुके निर्मल पुरोहित को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने हाइब्रिड सिस्टम के तहत पुरोहित को पार्टी का सिंबल दिया है। अब 21 सितंबर को दोनों के बीच सभापति पद के लिए मतदान होगा। पढ़िए दोनों प्रत्याशियों की प्रोफाइल और राजनीतिक समीकरण वार्ड की जीत से सभापति की दावेदारी तक पहुंचे विजय डांगरा विजय डांगरा(42) ग्वार गम के बिजनेसमैन है। वार्ड 32 में उन्होंने प्रवीण सुदा को हराकर जीत दर्ज की। नामांकन शपथ पत्र के अनुसार डांगरा की चल-अचल संपत्ति 5 करोड़ रुपए से अधिक है। रामगढ़, सम, किशनघाट, जैसलमेर और कनोई में कृषि भूमि के साथ जैसलमेर और राजकोट में व्यावसायिक संपत्तियां हैं। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। वार्ड में हारे, लेकिन सभापति पद पर दावेदार हैं निर्मल पुरोहित निर्मल पुरोहित(41) पहले भी कांग्रेस के टिकट पर पार्षद रह चुके हैं। इस बार वार्ड 33 में उन्हें भाजपा के मुकेश नागौरी से हार मिली। इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें सभापति पद के लिए सिंबल देकर बड़ा दांव खेला है। पुरोहित बिजनसेमैन हैं। शपथ पत्र के अनुसार, उनकी चल-अचल संपत्ति भी 5 करोड़ रुपए से अधिक है। उनके खिलाफ भी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पार्षदों के समर्थन से तय होगी कुर्सी दोनों प्रत्याशियों की संपत्ति और कारोबारी बैकग्राउंड में ज्यादा अंतर नहीं है। हालांकि चुनाव का असली गणित पार्षदों के समर्थन और दलों की रणनीति पर निर्भर करेगा। दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि वार्ड चुनाव के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच 21 सितंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि जैसलमेर नगर निकाय की कमान किसके हाथ जाएगी। फिलहाल दोनों ने पार्षदों को साधने की तैयारी शुरू कर दी है। ……………………….. जैसलमेर निकाय चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जैसलमेर में कांग्रेस ने हारे हुए प्रत्याशी को बनाया उम्मीदवार:भाजपा के 2 दावेदारों के आवेदन जमा, सिंबल मिलने का इंतजार जैसलमेर में BJP को बहुमत, 25 वार्डों में जीती:16 पर कांग्रेस, 4 पर निर्दलीय, 45 वार्डों में नतीजे आए सामने