slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

भरतपुर की दोनों मेयर प्रत्याशी करोड़पति:1 पहली बार पार्षद बनीं, भाजपा की अनुराधा 41 वोट से जीतीं थीं; क्रॉस वोटिंग की संभावना

भरतपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए 3 आवेदन भरे गए हैं। जिसमें वार्ड नंबर 17 की पार्षद विचित्रा सिंह ने निर्दलीय तौर पर 2 आवेदन भरे और बीजेपी की तरफ से वार्ड नंबर 61 की पार्षद अनुराधा सिंह ने 1 आवेदन भरा। आज तीनों आवेदन की स्क्रूटनी की जाएगी। मेयर पद की प्रत्याशी विचित्रा सिंह पहली बार की पार्षद हैं। वहीं बीजेपी से प्रत्याशी अनुराधा सिंह 2 बार पहले पार्षद रह चुकी हैं। मेयर पद के 3 नॉमिनेशन 41 वोट से जीतकर पार्षद बनीं शुरुआत में अनुराधा सिंह का नाम मेयर पद की दौड़ में नहीं चल रहा था। 15 सितंबर से अनुराधा सिंह के नाम की मेयर पद के लिए चर्चा होने लगी। जिसके बाद कल उन्होंने बीजेपी से मेयर पद के लिए आवेदन किया। इसके अलावा बीजेपी के किसी भी प्रत्याशी ने मेयर पद के लिए आवेदन नहीं किया। पति, सीएम के करीबी अनुराधा सिंह के पास 1 करोड़ 75 लाख की संपत्ति है। वह साल 2014 में और 2019 में वार्ड नंबर 62 से पार्षद रह चुकी हैं। अनुराधा सिंह के पति हजारी सिंह बीजेपी में जिला उपाध्यक्ष और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह सीएम भजन लाल शर्मा के साथ काफी लंबे से जुड़े हुए हैं। पूर्व मेयर की पत्नी निर्दलीय के रूप में वार्ड नंबर 17 से विचित्रा सिंह ने 2 नामांकन भरे। विचित्रा सिंह पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट की पत्नी हैं। फिलहाल वह कांग्रेस की बाड़ेबंदी में शामिल हैं। विचित्रा सिंह पहली बार पार्षद बनी हैं। विचित्रा सिंह के पास 95 करोड़ की संपत्ति है। क्रॉस वोटिंग होने की संभावना माना जा रहा है कि पार्टी जाट वोट बैंक को साधने के लिए मेयर पद पर किसी जाट को बैठाना चाहती थी। इसलिए उन्होंने अनुराधा सिंह नाम आगे किया है। इसके साथ ही प्रत्याशी ऐसे थे। जो मेयर पद के दावेदार थे लेकिन, वह चुनाव नहीं जीत सके। कई नाम ऐसे भी थे। जो मेयर पद की दौड़ में थे लेकिन, उनका नाम आगे नहीं किया गया। इसलिए क्रॉस वोटिंग होने की पूरी संभावना है।

एसआई भर्ती री-एग्जाम-2021 के एडमिट कार्ड अपलोड:2.18 लाख कैंडिडेट्स, 11 जिलों में 666 सेंटर; 20 दिन में मिलेगा रिजल्ट

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से सब-इंस्पेक्टर/ प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी री एग्जाम-2021 का आयोजन 20 सितम्बर को होगा। इसके लिए कैंडिडेट्स के एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए गए है। इसमें 2.18 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, 11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग प्रशासन का प्रयास है कि इस एग्जाम का रिजल्ट 20 दिन में जारी कर दिया जाए। 11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें कुल 2 लाख 18 हजार 131 रजिस्टर्ड अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए अजमेर में 74, अलवर में 48, भरतपुर में 58, बीकानेर में 47, हनुमानगढ़ में 23, जयपुर में सर्वाधिक 187, जोधपुर में 81, कोटा में 58, श्रीगंगानगर में 10, टोंक में 16 और उदयपुर में 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन दो पारियों में किया जाएगा। प्रथम पारी में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सामान्य हिंदी का पेपर होगा, जबकि द्वितीय पारी में दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान की परीक्षा ली जाएगी। भर्ती में 7 लाख 97 हजार कैंडिडेट ने किया था आवेदन उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2021 का विज्ञापन 3 फरवरी 2021 को जारी किया गया था। इस भर्ती के लिए पहले हुई परीक्षा में 7 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी पिछली परीक्षा (13 से 15 सितंबर 2021) में शामिल हुए थे। पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई। जब री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया गया, तब 8 मई 2025 को पहले केवल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ही मौका दिया गया था। बाद में सभी अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में शामिल होने की छूट दे दी गई। लेकिन एग्जाम की सहमति 2.18 लाख कैंडिडेट्स ने दी। ​केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचना होगा, 60 मिनट पहले बंद होंगे प्रवेश द्वार परीक्षा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बायोमेट्रिक जांच, मेटा ग्लासेस और हाईटेक डिवाइसेज पर पैनी नजर परीक्षा में किसी भी प्रकार की जालसाजी, नकल या डमी अभ्यर्थी को रोकने के लिए थंब इंप्रेशन और फेस रिकॉगनीशन का उपयोग करते हुए सघन बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण लागू किया गया है। प्रवेश के दौरान HHMD और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी। इसके अतिरिक्त मेटा ग्लासेस और ब्लूटूथ डिवाइसेज जैसे हाईटेक उपकरणों की रोकथाम के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

4 दिन से युवक लापता, छोटे भाई को मैसेज भेजा:मैं गलत नहीं हूं, दोनों फिर मिलेंगे; पिता को दिल्ली जाने का शक

अलवर शहर से 21 साल का युवक चार दिन से लापता है। 15 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे युवक के पिता बाथरूम जाने के लिए उठे तो बेटा कमरे में नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने गली-मोहल्लों के अलावा शहर के प्रमुख स्थानों, बस स्टैंड और रेलवे जंक्शन तक तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच युवक के छोटे भाई के व्हाट्सअप पर लापता भाई का मैसेज आया। युवक ने मैसेज में लिखा- वह कुछ काम से गया है, जिसके बारे में अभी नहीं बता सकता। उसने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह वापस आएगा और भाई से माफी मांगते हुए लिखा कि वह गलत नहीं है और दोनों भाई फिर मिलेंगे। चार साल पहले भी घर से गया था युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा करीब चार साल पहले भी घर से दिल्ली चला गया था और तीन दिन बाद मिला था। इस बार भी परिजनों उसके दिल्ली जाने का शक है। पिता के अनुसार- बेटा अपने जरूरी दस्तावेज भी साथ लेकर गया है। युवक सेकंड ईयर का छात्र है। परिजनों ने अखेपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है और उसकी तलाश की जा रही है।

जोधपुर नगर निगम के वार्ड-50 में भाजपा जीती:अब सभी सीटों पर तस्वीर साफ, BJP 45, कांग्रेस 44, निर्दलीय 10 और 1 सीट आरएलपी के पास

जोधपुर के वार्ड-50 की मतगणना आज हुई। भाजपा के कैंडिडेट ने कांग्रेस कैंडिडेट को हरा दिया। 14 सितंबर को ईवीएम खराब होने से यहां बुधवार को रि-पोलिंग कराई गई थी। दोबारा वोटिंग की आज हुई मतगणना के बाद जोधपुर निगम की सभी सीटों पर अब तस्वीर साफ हो गई है। जोधपुर नगर निगम में अब भाजपा को 45, कांग्रेस को 44 सीटें मिली हैं। वहीं 10 सीट पर निर्दलीय और एक सीट पर आरएलपी जीती है। गौरतलब है कि काउंटिंग के दौरान वार्ड 50 के 338 बूथ की ईवीएम 14 सितंबर को खराब हो गई थी। इस दौरान रिजल्ट भी काफी देर तक रोका गया। आ​खिर में यहां दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया गया। यहां करीब 1025 मतदाता हैं। इसके लिए बुधवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (सेक्टर-7) कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड (दायां भाग) में दोबारा वोटिंग हुई। कल वोटिंग के बाद काउटिंग आज की गई। इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हेमाराम चौधरी 1,725 वोट प्राप्त कर 83 वोटों के अंतर से विजयी रहे। इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी युवराज को 1,642 वोट मिले।। 72.39 प्रतिशत हुआ था मतदान बुधवार को हुई रि-पोलिंग में शाम 6 बजे तक इस बूथ पर 72.39 प्रतिशत तक मतदान हुआ। इस दौरान 1025 में से 742 मतदाताओं ने मतदान किया। सुबह से ही बूथ पर लंबी लाइन लगी हुई रही। यहां फर्जी वोटिंग के शक में पुलिस ने पूछताछ की और डॉक्यूमेंट चेक किए। इसके बाद संदिग्ध को थाने ले गई थी। वहीं वार्ड नंबर 50 के बूथ पर हुई वोटिंग के परिणाम के बाद शहर के 100 वार्डों पर स्थिति क्लियर हो गई। निगम में भाजपा को 45 और कांग्रेस को 44 वार्डों में जीत हासिल हुई है। वहीं, 10 निर्दलीय और 1 आरएलपी प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी समेत पांच प्रत्याशी थे मैदान में वार्ड 50 से पांच प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें भाजपा से हेमाराम, कांग्रेस से युवराज, आरएलपी से दीपक जांगिड़ समेत देशराज सिंह और रिंकू मेवाड़ा चुनावी मैदान में उतरे। इनमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हेमा राम चौधरी 1725,कांग्रेस के प्रत्याशी युवराज को 1,642,निर्दलीय प्रत्याशी रिंकू मेवाड़ा को 540, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी दीपक जाँगिड़ को 155 और निर्दलीय प्रत्याशी देशराज सिंह को 113 वोट मिले। 82 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।

22 जनवरी से शुरू होगा JEE-Main सेशन:28-30 जनवरी को भी होगी एग्जाम, 6 दिन तक चलेगी; NTA ने जारी किया 2026-27 का परीक्षा कैलेंडर

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें मार्च 2027 में होने वाली परीक्षाओं की संभावित तारीखों की जानकारी दी गई है। इस कलैंडर के आधार पर छात्र और कोचिंग संस्थान अपनी आगे की कार्ययोजना और तैयारी समय पर पूरा कर सकेंगे। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम जेईई-मेन 2027 के जनवरी सेशन का आयोजन 22 जनवरी से शुरू होगा। इसमें परीक्षा 22 से 24 जनवरी और 28 से 30 जनवरी तक होगी। परीक्षा कुल 6 दिनों तक आयोजित की जाएगी, लेकिन एग्जाम कितनी शिफ्टों में होगी। फिलहाल इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। वहीं एनटीए ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जामिनेशन की तारीख भी तय कर दी है। परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी को तय किया गया है। देव शर्मा ने यह भी बताया कि एनटीए ने नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई सभी डेटस पूरी तरह संभावित हैं। प्रशासनिक, शैक्षणिक या अन्य कारणों से इनमें जरूरी बदलाव किए जा सकते हैं।

देवास बांधों से आज पिछोला-फतहसागर में छोड़ा जाएगा पानी:सीसारमा नदी में बढ़ेगा जल प्रवाह, लोगों से दूर रहने की अपील

वर्तमान वर्षा ऋतु में पिछोला और फतहसागर झील में पानी की आवक नगण्य रहने के कारण उदयपुर शहर की पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए देवास प्रथम और देवास द्वितीय से दोनों झीलों में पानी पहुंचाया जाएगा। जल संसाधन विभाग ने इसके लिए अकोदड़ा और मादड़ी बांध में उपलब्ध पानी का अपवर्तन करने का निर्णय लिया गया है। खाली झीलों को भरने के लिए लिया फैसला जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता की ओर से 13 सितंबर को भेजे गए पत्र के बाद जल संसाधन विभाग ने इस संबंध में निर्णय लिया। इसके तहत देवास प्रथम व द्वितीय के आकोदड़ा और मादड़ी बांध में उपलब्ध पानी को पिछोला और फतहसागर झील में अपवर्तित करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से वार्ता के बाद आज की तारीख तय की गई है। पानी को छोड़ने के दौरान सीसारमा नदी और नांदेश्वर टैंक के बहाव क्षेत्र में जल प्रवाह बढ़ सकता है। इसे देखते हुए संबंधित क्षेत्र के लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन की ओर से उस क्षेत्र में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे जल प्रवाह के दौरान नदी-नालों में नहीं जाएं और अपने मवेशियों को भी बहाव क्षेत्र से दूर रखें, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हो। पेयजल संकट टालने देवास के बांधों से छोड़ा जाएगा पानी दरअसल, झीलों का जलस्तर नहीं बढ़ने से जलापूर्ति के लिए पानी का संकट होने की स्थिति होने लगी है इससे पहले ही पीएचईडी और जल संसाधन विभाग ने मिलकर यह तकनीकी प्लान तैयार किया है। देवास परियोजना के बांधों में अभी पर्याप्त पानी उपलब्ध है, जिसे टनल के जरिए झीलों की ओर मोड़ा जाएगा। उदयपुर की झीलें यहां के पर्यटन जगत और आम जनता में खुशी की लहर है। खाली होती झीलों को देखकर होटल व्यवसायी और बोटिंग संचालक चिंतित थे, क्योंकि पर्यटन पूरी तरह झीलों की खूबसूरती पर टिका है। अब लबालब झीलें देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर खींचेंगी, जिससे स्थानीय बाजार और रोजगार को भी बड़ा बूस्ट मिलेगा। अब दीपावली पर टूरिज्म सीजन की भी तैयारियां है। दीपावली के बाद से गुजराती टूरिस्ट बड़ी संख्या में यहां रहते है।

कोटा संभाग में आज भी बारिश का यलो अलर्ट:पारा 33 डिग्री पहुंचा, हल्के बादल छाए; तीन दिन बाद मानसून की विदाई

कोटा संभाग में आज भी बारिश का यलो को अलर्ट है। शहर में सुबह से हल्की धूप खिली है और हवा चल रही है। मौसम विभाग ने 19 सितंबर तक संभाग में बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को भी दोपहर तक धूप और शाम होते-होते बादल छा गए। नयापुरा इलाके में हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 33.9 व न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- मानसून सीजन में अब तक औसत से 26% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 16 सितंबर तक औसत 712.5 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 525 मिमी बारिश हुई है। बांधों की स्थिति गांधी सागर- मध्य प्रदेश के मंदसौर तहसील में बना गांधी सागर चंबल नदी का बड़ा बांध है। इस बांध की क्षमता 1312 फ़ीट है। 17 सितंबर सुबह 8 बजे तक गांधी सागर 1301.71 फ़ीट भरा है। राणा प्रताप सागर- चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 1157 फ़ीट है। 17 सितंबर सुबह 8 बजे तक राणा प्रताप सागर 1143.44 फ़ीट भरा है। जवाहर सागर बांध- बूंदी जिले के तालेड़ा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 980 फ़ीट है। 17 सितंबर सुबह 8 बजे तक जवाहर सागर 972.7 फ़ीट भरा है। कोटा बैराज- कोटा बैराज की क्षमता 854 फ़ीट है। 17 सितंबर सुबह 8 बजे तक कोटा बैराज 852.30 फ़ीट भरा है।

देवीसिंह सुसाइड मामले में चार मांगों पर प्रशासन सहमत:तीसरे दिन किया धरना समाप्त, विधायक ने 10 लाख की घोषणा की

बाड़मेर में देवीसिंह सुसाइड मामले में मृतक के परिजन तीन दिनों से मॉर्च्युरी के बाहर चार सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। रात करीब 9 बजे प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद चार मांगों पर सहमति बनी। प्रशासन की ओर से मांगें मानने के बाद तीसरे दिन धरना समाप्त कर दिया गया। इसके बाद आज मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया। तीसरे दिन भी मॉर्च्युरी के बाहर धरना जारी रहा देवीसिंह के सुसाइड मामले में मृतक के परिजन तीन दिनों से जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर चार सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। तीसरे दिन सुबह भजन गायक छोटूसिंह रावणा, रावणा राजपूत समाज के जिलाध्यक्ष भाखरसिंह सोनड़ी, महिला जिलाध्यक्ष मधु परिहार, अनीता चौहान, हरीश सिंह राठौड़, सुरेंद्र सिंह समेत युवा और महिलाएं धरना स्थल पर पहुंचीं। मृतक के परिजन और समाज के लोग मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे। मामले को शांत करवाने के लिए बाड़मेर एसडीएम और डिप्टी बुद्धाराम विश्नोई धरना स्थल पर पहुंचे। प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता अधिकारियों ने समाज के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की। रात करीब 9 बजे प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। इसके बाद देर रात मांगों को लेकर प्रशासन और समाज के लोगों के बीच सहमति बनी। प्रशासन की ओर से मांगें मानने के बाद तीसरे दिन धरना समाप्त कर दिया गया। सहमति बनने के बाद परिजन मृतक के पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। चार मांगों पर प्रशासन ने दी सहमति मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे परिजनों और समाज के लोगों के साथ अधिकारियों ने रात में दोबारा वार्ता की। इसमें प्रशासन ने चार मांगों पर सहमति जताई। पहली मांग के तहत पुलिस थाना सदर में दर्ज करवाई गई एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। दूसरी मांग के अनुसार इलाके में जब कभी भी भूमिहीनों को जमीन आवंटित की जाएगी, उस समय इस परिवार को प्राथमिकता दी जाएगी। तीसरी मांग के तहत परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दी जाएगी। चौथी मांग के तहत एमएलए प्रियंका चौधरी ने 10 लाख रुपए के सभा भवन की घोषणा की। चार मांगें मानने के बाद परिजन मृतक के पोस्टमॉर्टम के लिए सहमत हुए। एसडीएम भवानीसिंह ने बताया- चार मांगों पर सहमति बनी एसडीएम भवानीसिंह ने बताया कि जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर बैठे मृतक के परिजनों से वार्ता की गई। उनकी ओर से रखी गई मांगों में से चार मांगों पर सहमति हुई। मांगें मानने के बाद आज सुबह मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया। सोमवार को साली से मिलने पत्नी के साथ गया था देवीसिंह सदर थाना एएसआई दादूराम ने बताया कि देवीसिंह (44) पुत्र कबीराराम निवासी गंगासरा, हाल बाड़मेर गादान, सोमवार को पत्नी के साथ साली से मिलने के लिए उनके घर गया था। कुछ देर बाद देवीसिंह बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद पत्नी ने इधर-उधर देखा और उन्हें ढूंढते हुए खेत की तरफ गईं। खेत में देवीसिंह का शव रोहिड़ के पेड़ से लटका हुआ मिला। जमीन को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप इस मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जमीन को लेकर देवीसिंह को प्रताड़ित किया जा रहा था। जमीन को लेकर देवाराम, हिंदूसिंह, गजेसिंह समेत अन्य लोगों पर देवीसिंह को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। अब परिजन इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ….. यह खबर भी पढ़ें… साली के घर आए जीजा ने पेड़ से फंदा लगाया:परिजन बोले- जमीन को लेकर विवाद में जान दी; धरने पर बैठे बाड़मेर में एक युवक के रोहिड़े के पेड़ से लटक कर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। युवक अपनी पत्नी के साथ साली के घर पर गया था। (पूरी खबर पढ़ें)

जयपुर- 3 मंजिला बिल्डिंग में आग,6-घंटे से धधक रहीं दुकानें:अंदर रखे थे 5 गैस सिलेंडर; आसमान में छाया धुएं का गुबार, आसपास के बाजार बंद

जयपुर में त्रिपोलिया बाजार के मणिहारों का कटला में 3 मंजिला सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह 7 बजे भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर चूड़ियों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। धीरे-धीरे 25 दुकानें आग की चपेट में आ गईं। इनमें कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान, कॉस्मेटिक आइटम और चूड़ियों की दुकानें हैं। जहां आग लगी, वहां से कुछ दूरी पर माणक चौक थाना है। धुआं उठता देख पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। सुबह 8 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। करीब 30 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। 18 दुकानों में आग पर काबू पा लिया है। इलाके की बिजली बंद कर दी है। बिल्डिंग में 5 कॉमर्शियल LPG सिलेंडर भी रखे थे, जिन्हें तुरंत हटाया गया। घटना स्थल के पास में पुरोहितजी का कटला सहित आसपास की दुकानें नहीं खुली हैं। प्रत्यक्षदर्शी गार्ड विक्रम सिंह ने बताया कि छोटू भाई के मणिहारी के सामान के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। उस समय गोदाम में मैं और 3 सफाईकर्मी थे। हम ताला तोड़कर शटर ऊंचा करके बाहर निकले और जान बचाई। शटर गर्म होने के कारण मेरा हाथ भी जल गया। बिल्डिंग मालिक आनंद सेठी है। बिल्डिंग में फायर सेफ्टी के लिए लगे इक्विपमेंट्स बंद पड़े हैं। आग लगने के बाद उठा धुआं सुभाष चौक से चांदपोल तक फैल गया। इससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन होने लगी है। पहले देखिए, आग से जुड़ी 2 PHOTOS… 4 KM का एरिया प्रभावित, जाम लगा आग लगने से करीब 4 किलोमीटर का एरिया प्रभावित है। बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार में जाम के हालात हैं। आग के कारण पास की दुकान की दीवार टूटकर गिर गई। बिल्डिंग में बनाया जा रहा अवैध रेस्टोरेंट-होटल स्थानीय व्यापारी अनीस चंदवानी ने बताया कि सेठी कॉम्प्लेक्स में टॉप पर मालिक आनंद सेठी अवैध रूप से रेस्टोरेंट और होटल बनवा रहे हैं। इसके चलते यहां सुबह वेल्डिंग का काम किया जाता है। इसका स्थानीय लोग और व्यापारी पहले भी विरोध कर चुके हैं, लेकिन निगम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। MLA बोले- पौने तीन साल में एक बार भी फायर सिस्टम चेक नहीं किया किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने कहा कि सरकार की देखरेख में अवैध कब्जे हो रहे हैं। इन्होंने हमारे हेरिटेज के स्वरूप को भी बिगाड़ दिया। प्रशासन ने पौने तीन साल में एक बार भी फायर सिस्टम को चेक नहीं किया। विधायक बालमुकुंद बोले- कांग्रेस राज में स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों दिए हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य ने फायर सिस्टम फेल होने के बावजूद एनओसी देने के सवाल पर पिछली कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा- कांग्रेस के शासन में करोड़ों रुपए स्मार्ट सिटी के नाम पर दिए गए। उस समय कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस का नगर निगम था। उस समय के अधिकारियों ने पैसा कहां-कैसे लगाया, उसकी जांच होनी चाहिए। एनओसी की जांच की जाएगी माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। यहां ज्यादातर कपड़े की दुकानें हैं। बरामदों में रखा कपड़े का सामान आग की चपेट में आ गया। फायर एनओसी की जांच की जाएगी। आग की घटना की अन्य तस्वीरें… … पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…

सीकर में पिपराली रोड पर चला बुलडोजर:नई पुलिया के नीचे दोनों साइड बनेगा सर्विस रोड; नगर परिषद की टीम और पुलिस रही मौजूद

सीकर में आज नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी विभाग ने पिपराली रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नए ओवरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस लेन के लिए अतिक्रमण हटाया गया। एहतियातन पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले सभी संबंधित दुकानदारों, मकान मालिकों व संबंधित लोगों को निजी स्तर पर पक्के निर्माण तोड़ने के लिए नोटिस भी दिए गए थे। आज ओवरब्रिज के उत्तरी व दक्षिणी हिस्से में एमबीए चाय वाला, श्रीनाथ टिंबर्स, सीएलसी कोचिंग, गणेशम् मॉल समेत आसपास के अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया गया। बाउंड्री में आ रहे निर्माण हटाए नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि पीडब्ल्यूडी से मिले लैटर में रोड बाउंड्री में आ रहे निर्माण को हटाया गया है। गौरतलब है कि नए ओवरब्रिज पर करीब डेढ़ महीने पहले ट्रायल के तौर पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी। दोनों साइड पानी निकालने के लिए बनेंगे नाले अब ओवरब्रिज के दोनों तरफ की टूटी सड़क को सर्विस लेन के रूप में नए सिरे से बनाया जा रहा है। जिसमें दोनों सर्विस लेन के दोनों साइड पानी निकासी के नाले भी बनाए जाएंगे। पीडब्लूडी के आरओ प्रमोद सोनी ने बताया कि पीडब्लूडी की अनुशंषा की अनुपालना की गई है।

विधायक के भाई मारपीट मामले में FIR दर्ज:कांग्रेस प्रत्याशी का सिंबल जमा कर लौट रहे थे, 20 हजार रुपए और दस्तावेज लूटे

पाली नगर निगम में कांग्रेस प्रत्याशी के नाम का सिंबल जमा करवाकर लौट रहे पाली विधायक भीमराज भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण भाटी को बीच रास्ते रोककर कुछ लोग मारपीट कर 20 हजार रुपए और आवश्यक दस्तावेज लूटकर ले गए। घटना को लेकर उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। स्कूटी को लात मारकर गिराया, फिर मारपीट की कोतवाली थाने में दी रिपोर्ट में पाली के घांचियों का बड़ा बास निवासी लक्ष्मीनारायण पुत्र पूनमचंद्र भाटी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:32 बजे वे नगर निगम से स्कूटी से घर जा रहे थे। कुम्हारों की बगेची के सामने SBI बैंक के पास पहुंचने पर तीन-चार बाइक पर सवार लोग उनका पीछा करते हुए आए। लक्ष्मीनारायण ने रिपोर्ट में श्रीचंद हिंगड़, सोहनलाल पारख सहित 4-5 अन्य लोगों पर रास्ता रोकने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक आरोपियों ने स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया और लात-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद स्कूटी में पैर के पास रखी थैली जबरन ले गए। थैली में 20 हजार रुपए नकद, कुछ जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान था। मारपीट में पैर में फ्रैक्चर मारपीट में लक्ष्मीनारायण के हाथ की कोहनी, पीठ और घुटने पर चोटें आईं। आरोप है कि सड़क पर गिरने के बाद भी उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान अब्दुल करीब निवासी नवलखा रोड, राजेश पुत्र दलपतराज घांची निवासी भैरूघाट सहित 2-3 अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। लक्ष्मीनारायण को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मारपीट में उनके पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है। विधायक भीमराज भाटी घायल भाई से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे। विधायक का आरोप- तीन घंटे थाने में बैठाए रखा मामले में विधायक भीमराज भाटी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उनका भाई रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली थाने गया था। विधायक का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में करीब तीन घंटे लगा दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस दबाव में थी और रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही थी। विधायक के मुताबिक, उनके फोन करने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस अब रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंची भाजपा प्रत्याशी:कांग्रेसियों ने जताया विरोध, नारेबाजी की; भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात

नगर निगम में मेयर की कुर्सी के लिए अब मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस ने वार्ड 57 की पार्षद किरण गढ़वाल और भाजपा ने वार्ड 3 की पार्षद अनामिका शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। आज नामांकन की जांच हो रही है। 21 सितंबर को पार्षद मतदान कर मेयर चुनेंगे। इसी दिन परिणाम भी घोषित होगा। मेयर चुनाव में सबसे अहम ‘41’ का गणित है। निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और निर्दलीय 11 पार्षद हैं। बहुमत के लिए 41 वोट चाहिए। यानी कांग्रेस बहुमत से 4 और भाजपा 9 वोट दूर है। ऐसे में 11 निर्दलीय पार्षद दोनों खेमों के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं। आपत्ति दर्ज कराने पहुंची अनामिका अजमेर नगर निगम में मेयर पद के नामांकन की जांच के बीच भाजपा की दावेदार अनामिका शर्मा ने कांग्रेस की दावेदार किरण गढ़वाल के खिलाफ आपत्ति दर्ज करवाने पहुंची है। अनामिका शर्मा का आरोप है कि किरण गढ़वाल के गढ़वाल पैलेस पर निगम की 19 लाख 18 हजार 628 रुपए की राशि वर्ष 2018 से बकाया है और इसके नोटिस भी जारी हो चुके हैं। शर्मा ने निगम अधिनियम की धारा 24 का हवाला देते हुए नामांकन में बकाया राशि की जानकारी छुपाने का आरोप लगाया है। शिकायत देने के दौरान भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, अन्य कार्यकर्ता और अनामिका शर्मा की ओर से अधिवक्ता भी मौजूद है। इस दौरान पुलिस जाब्ता भी तैनात है और कांग्रेसियों ने नारेबाजी भी की। यह खबर भी पढ़ें....... हिंगोरानी-रश्मि पर सहमति नहीं बनी,तो किरण का नाम तय हुआ:* कांग्रेस ने 37 पार्षदों से की रायशुमारी; भाजपा में प्रदेश नेतृत्व से आया अनामिका का नाम

ट्रक ने ट्रैक्टर-कार को मारी टक्कर,बच्चे सहित 2 की मौत:मां-बेटे समेत 4 घायल; रामदेवरा के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार

बीकानेर में ट्रक ने पहले ट्रैक्टर और फिर कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार में बैठे बच्चे सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग घायल हैं। इनमें 2 लोग कार में थे और 2 युवक ट्रैक्टर पर सवार थे। हादसा बीकानेर-श्रीडूंगरगढ़ रोड पर सिजराल होटल के पास बुधवार देर रात 2 बजे हुआ। कार एक तरफ से पिचक गई। दोनों शव बुरी तरह फंस गए थे। श्रीडूंगरगढ़ SHO कश्यप सिंह राघव ने बताया- कार सवार निशा (18) पुत्री जुगलाल कस्वां और विकास (13) पुत्र संजय पाल की मौत हुई है। निशा का भाई कपिल कुमार कस्वां (22) और मां राजबाला (40) घायल हैं। ये सभी चूरू जिले के साहवा के रहने वाले हैं। यह परिवार रामदेवरा (जैसलमेर) के दर्शन के लिए जा रहा था। विकास (मृतक) इस परिवार का परिचित था। ट्रैक्टर पर सवार भादरा (हनुमानगढ़) निवासी सतवीर (22) पुत्र देवीलाल और ड्राइवर सुनील (20) पुत्र दौलतराम घायल हुए। कार में फंसे शवों को निकाला हादसे के बाद मौके पर लोग इकट्‌ठा हो गए थे। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पहले घायलों को श्रीडूंगरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकालने में मदद की। शवों को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मौके पर वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक बीकानेर की तरफ से श्रीडूंगरगढ़ आ रहा था।

महिला पार्षद के ससुर का आरोप-परिवार को बंदी बनाकर रखा:देर रात एयरपोर्ट थाने पहुंचे कांग्रेस नेता, बोले-हमारे बने हुए बोर्ड को बिगाड़ रही बीजेपी

जोधपुर नगर निगम के पार्षद चुनावों का परिणाम आने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस ने निर्दलियों पार्षदों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी थी। वार्ड नंबर 76 की महिला पार्षद के गायब होने का मामला बुधवार देर रात थाने पहुंच गया। महिला पार्षद निर्मला नायक के ससुर लक्ष्मण नायक ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधु के साथ बेटे और उनकी पोती समेत परिवार को बंदी बनाकर रखा गया है। वे दो दिन से घर भी नहीं आए। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा, राजेंद्र सोलंकी और पूर्व विधायक मनीषा पंवार समेत कई कांग्रेसी नेता थाने पहुंचे और शिकायत दी। उनका कहना था कि पुलिस इस मामले में एफआईआर नहीं कर रही है। इधर, पुलिस का कहना था कि शाम को सोहनलाल आए थे, उनकी शिकायत पर परिवाद दर्ज कर लिया था और मामले की जांच की जा रही है। ससुर का आरोप-बिना इच्छा के परिवार को ले गए महिला पार्षद निर्मला नायक के ससुर लक्ष्मण नायक ने शिकायत में बताया कि उनकी पुत्रवधु ने वार्ड नंबर 76 से चुनाव लड़ा था। 14 सितंबर को रिजल्ट आने के बाद परिवार के लोग जश्न मना रहे थे। इसी दौरान गर्मी ज्यादा होने की वजह से तबीयत खराब होने लगी। इस पर दो लोग उनके बेटे, पुत्रवधु और उनकी पांच साल की बेटी को कार में बैठाकर ले गए। इसके बाद देर शाम तक नहीं लौटे। इसके बाद शाम को कॉल आया और बताया कि परिवार उनके पास ही है। वहीं 15 सितंबर को दोबारा बेटे का कॉल आया और बताया कि वे जल्द ही जोधपुर आएंगे। उन्होंने परिवाद में आरोप लगाया ​कि उनके परिवार को बंदी बनाकर रखा गया है। इस परिवाद में सोहनलाल नायक ने भाजपा नेताओं पर भी आरोप लगाया। मामले को लेकर थानाधिकारी भारत ने बताया- आज शाम को लक्ष्मण नायाक आए थे। उन्होंने लिखित में शिकायत दी थी। प्रारंभिक सबूतों के आधार पर परिवाद दर्ज किया है। लोकेशन के बारे में पता लगा रहे हैं। कांग्रेस नेता बोले- जीती हुई पार्षद गायब हुईं, हमारे बने हुए बोर्ड को बिगाड़ रहे हैं इधर, इस मामले को लेकर देर रात कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा, राजेंद्र सोलंकी और पूर्व विधायक मनीषा पंवार समेत कई कांग्रेस नेता एयरपोर्ट थाने पहुंचे। कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा ने बताया- निर्मला नायक हमारे पूर्व पार्षद लक्ष्मण नायक की पुत्रवधु हैं। उनका बेटा, बहू और बच्ची गायब हैं। वे नहीं मिले तो हम थाने आए। उन्होंने बताया कि सीआई से हमने रिक्वेस्ट की है कि जीती हुई पार्षद गायब हैं। एफआईआर दर्ज नहीं की है। लेकिन, उन्होंने बताया कि परिवाद दर्ज कर रहा हूं। वे बोले- मैं पहले भी कहते आया हूं जोधपुर का लोकतंत्र खतरे में है। हमें वोट प्रतिशत ज्यादा मिल रहा है। हमारे बने हुए बोर्ड को बीजेपी वाले बिगाड़ रहे हैं। हम एफआईआर दर्ज नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कुछ भी करके बोर्ड बनाना चाहती है। इसके बाद मैंने निर्वाचन आयोग से भी बात की है। सोलंकी बोले- हमारे जहां प्रत्याशी रुके हैं, वहां से ले जा रहे हैं वहीं कांग्रेस नेता राजेंद्र सोलंकी ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे प्रत्याशी जहां भी होटलों में रुके हुए हैं, ये वहां से भी ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने इनका साथ नहीं दिया। बीजेपी की जो गुंडागर्दी और तानाशाही चल रही है, वो अब नहीं चलेगी। उन्होंने कहा यदि सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे। इधर, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान लक्ष्मण नायक की भी देर रात तबीयत बिगड़ी, जिन्हें मथुरादास माथुर हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उनसे मिलने कांग्रेस के नेता भी पहुंचे। ...

प्रधान, पंच-सरपंच के आरक्षण की लॉटरी 23-24 सितंबर को:26 तक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा संभव; पहले 2 बार हो चुकी है स्थगित

राज्य सरकार ने पंचायतीराज संस्थाओं में आरक्षण की स्थगित की गई लॉटरी की नई तारीखों की घोषणा कर दी है। अब प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के आरक्षण की लॉटरी 23 सितंबर को निकाली जाएगी। पंच और सरपंच के आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर निकाली जाएगी। पंचायतीराज आयुक्त जोगाराम ने बुधवार देर रात सभी कलेक्टरों को लेटर भेजकर 23 और 24 सितंबर को आरक्षण की लॉटरी निकालने के आदेश दिए हैं। पहले प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर और पंच, सरपंच की लॉटरी 18 सितंबर को निकाली जानी थी। लेकिन 15 सितंबर को इसे स्थगित कर दिया था। इसे स्थगित करने का कारण शहरी निकाय प्रमुखों का चुनाव बताया था। इससे पहले 16 अगस्त को भी पंचायत चुनाव की लॉटरी को स्थगित कर दिया गया था। तब 18 अगस्त को सरंपचों और वार्ड पंचों की लॉटरी निकाली जानी थी। लॉटरी के बाद पंचायतीराज चुनाव कार्यक्रम की घोषणा आरक्षण की लॉटरी के बाद राज्य निर्वाचन आयोग प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों के कार्यक्रम की कभी भी घोषणा कर सकता है। आयोग की तैयारियों के अनुसार 26 सितंबर के आसपास चुनाव कार्यक्रम की घोषणा संभव है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लग जाएगी। हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार नवंबर तक स्थानीय निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव करवाने हैं। पंचायतीराज आयुक्त के आदेश में भी निकाय प्रमुखों के चुनाव की तारीखों का हवाला दिया गया है। इसके अनुसार निकाय अध्यक्षों के चुनाव 21 और उपाध्यक्षों के चुनाव 22 सितंबर तक पूरे हो जाएंगे। ऐसे में पंचायतीरज आरक्षण की लॉटरी 23 और 24 सितंबर को करवाने को कहा है। … यह खबर भी पढ़ें… प्रधान, पंच-सरपंच की लॉटरी दूसरी बार स्थगित:दो दिन बाद होनी थी, विभाग का तर्क- कलेक्टरों ने मांग की थी राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर होने वाली जिला परिषद सदस्य, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच और पंच की लॉटरी को सरकार ने स्थगित कर दिया है। यह लॉटरी 17 और 18 सितंबर को होनी थी। लेकिन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने मंगलवार को आदेश निकाले। (पूरी खबर पढ़ें)