slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

बस ने मामा-भांजी को कुचला,बच्ची का दिल सड़क पर गिरा:हरियाणा रोडवेज ने बाइक को मारी टक्कर; 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मामा-भांजी की मौत हो गई। उनके शवों के चीथड़े उड़ गए। बच्ची के दिल समेत कई अंग सड़क पर बिखर गए। बच्ची की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को सचखंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां से जयपुर रेफर कर दिया गया। मामा-भांजी के शव को नीमराना के गवर्नमेंट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतकों की पहचान खैरथल-तिजारा के भुगंडा अहीर निवासी सचिन शर्मा (34) पुत्र प्रेमप्रकाश शर्मा और उनकी भांजी तान्या शर्मा (8) के रूप में हुई है। हादसा नीमराना थाने के पास जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ।बाइक को टक्कर मारने के बाद रोडवेज बस सर्विस लाइन में खड़ी निजी बस से टकरा गई। पहले देखें हादसे से जुड़े PHOTOS… बहन को ससुराल छोड़ने जा रहा था नीमराना एसएचओ सुरेंद्र यादव ने बताया- सचिन शर्मा अपनी बहन कविता शर्मा (32) और भांजी तान्या शर्मा पुत्री लक्ष्मीनारायण शर्मा को उनके गांव कोटपूतली-बहरोड़ के भगवाड़ी खुर्द छोड़ने जा रहे थे। तीनों बाइक से भुगंडा अहीर से करीब 10 किमी दूर नीमराना थाने के पास पहुंचे थे। यहां सर्विस लाइन पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान जयपुर से दिल्ली की तरफ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कविता तो उछलकर साइड में गिर गई और सचिन व तान्या बस के नीचे फंस गए। बस करीब 50 मीटर तक दोनों को घसीटते हुए ले गई और सर्विस लाइन पर खड़ी निजी बस से टकराकर रुक गई। बच्ची के दिल समेत कई अंग सड़क पर बिखरे हादसा इतना भीषण था कि सचिन और तान्या की मौके पर ही मौत हो गई। तान्या के दिल समेत कई अंग सड़क पर बिखर गए। वहीं, कविता गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार में अकेला लड़का था सचिन सचिन अपने परिवार में इकलौता पुत्र था। सचिन शर्मा अविवाहित था और नीमराना की निजी कंपनी में काम करता था। सचिन के पिता प्रेम प्रकाश शर्मा सीटीसी ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। वहीं, तान्या के पिता लक्ष्मीनारायण शर्मा किसान हैं।

भाजपा के विजय जुलूस में पार्षद नदारद, एक तरफ अंत्येष्टि तो दूसरी तरफ जुलूस

भाजपा के विजय जुलूस में पार्षद नदारद, एक तरफ अंत्येष्टि तो दूसरी तरफ जुलूस सागवाड़ा। डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा नगर पालिका में भाजपा ने 35 में से 23 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया था। इसके बाद आशा पाटीदार के अध्यक्ष और योगेश जैन के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद आज उपखंड कार्यालय से भाजपा की ओर से विजय जुलूस निकाला गया।   विजय जुलूस में नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष आशा पाटीदार, उपाध्यक्ष योगेश जैन, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष यशवंत गवारिया एवं पूर्व प्रधान रेखा देवी सहित अन्य लोग शामिल हुए। हालांकि, इस दौरान 23 पार्षदों वाली भाजपा की बहुमत वाली नगर पालिका के कई पार्षद विजय जुलूस में नजर नहीं आए। इसके चलते विजय जुलूस के बीच पार्षदों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी। वहीं, इसी दिन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन भाई गोवाडिया के निधन के बाद उनकी अंत्येष्टि भी हो रही थी। ऐसे में एक तरफ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष की अंतिम विदाई और दूसरी तरफ नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का विजय जुलूस देखने को मिला। गौरतलब है कि सागवाड़ा नगर पालिका में भाजपा के 23, कांग्रेस के 8 और BAP के 4 पार्षद निर्वाचित हुए हैं।    अब सवाल यह है कि विजय जुलूस में भाजपा के निर्वाचित पार्षदों की गैरमौजूदगी की वजह क्या रही?

आशा पाटीदार बनी नगर पालिका अध्यक्ष भारत आदिवासी पार्टी ने नहीं किया मतदान

आशा पाटीदार बनी नगर पालिका अध्यक्ष भारत आदिवासी पार्टी ने नहीं किया मतदान  डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा नगर पालिका अंतर्गत नगर पालिका अध्यक्ष को लेकर इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई आज हुए मतदान में बाडाबंदी में बंद सभी भारतीय जनता पार्टी के 23 पार्षद उपखंड कार्यालय कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे वहीं कांग्रेस के 8 पार्षद भी कांग्रेस नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी भूमिका पांचाल के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे मतदान शुरू होने के बाद लगभग 2:00 बजे तक भारत आदिवासी पार्टी के चार पार्षदों का इंतजार किया गया लेकिन मतदान के लिए नहीं पहुंचे इसके बाद आधिकारिक तौर पर निर्वाचन अधिकारी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए भारतीय जनता पार्टी की आशा पाटीदार को नगर पालिका अध्यक्ष घोषित करते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई इस अवसर पर सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव प्रभारी गोपीचंद मीणा विधायक शंकारलालड़ेचा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत दादा पाठक भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष अशोक पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे

70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह डूंगरपुर। जिले में 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को विभिन्न केंद्रों पर हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में अंडर-17 वर्ग के क्रिकेट मुकाबले सीमलवाड़ा, शतरंज, तैराकी एवं लॉन टेनिस धंबोला, फुटबॉल बिछीवाड़ा, नेटबॉल आसपुर, कुश्ती, राइफल शूटिंग एवं हैंडबॉल साबला तथा टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं पादरा में प्रारंभ हुईं। इधर अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ डूंगरपुर स्थित स्पोर्ट्स क्लब, सुभाष नगर मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनिया चौक के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईबीईओ विमल जी ने की, जबकि मुख्य अतिथि सीबीईओ निशा परमार रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में रितेश जोशी, विद्यालय की प्रधानाचार्य रचना चौबीसा एवं मुख्य निर्णायक राहुल भामावत उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में जिले के निजी एवं राजकीय विद्यालयों की 46 बालक और 36 बालिका टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन 270 छात्र एवं 170 छात्राओं ने खिलाड़ी के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। उद्घाटन के बाद लीग मुकाबलों का दौर शुरू हुआ। सागवाड़ा के किड्स केयर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों तन्मय खटीक और मयूराज सिंह ने अपनी टीम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए माथुगामड़ा, डूंगरपुर की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। विद्यालय के टीम प्रभारी ललित उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने पहली बार प्रतियोगिता में भाग लिया है और पहली ही जीत से बच्चों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी भी आवश्यक है। कड़े अभ्यास, आत्मविश्वास और टीम भावना के बल पर खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। वहीं विद्यालय की क्रिकेट टीम ने भी अपना पहला मुकाबला जीतकर शानदार शुरुआत की है।

म्हारा कीर्तन में रस बरसाओ आओ जी गजानन आओ.....

म्हारा कीर्तन में रस बरसाओ आओ जी गजानन आओ.....  सनातन मंडल के द्वारा स्थापित गणपति मंडल पांडाल में हुआ सुंदरकांड पाठ सागवाड़ा- मानस मंडल सेवा संस्थान की ओर से प्रति शनिवार को आयोजित होने वाला 802 वा संगीतमय सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या का भव्य आयोजन कंसारा चौक में सनातन मंडल के बैनर के सान्निध्य में गणपति पांडाल में हुआ। यजमान सनातन मंडल के सदस्यों ने गणपति पूजन करने के पश्चात सरस्वती वंदना के बाद रामजी ओर हनुमानजी की तस्वीर पर तिलक व माल्यार्पण द्वारा पूजा अर्चना की। जितेन्द्र कलाल ने हनुमान जी का आव्हान किया गया। सर्व प्रथम राष्ट्र भक्ति को सर्वोच्च मानते हुए उपस्थित श्रद्धालुओ ने राष्ट्रगान करने के पश्चात सुंदरकांड पाठ की चौपाइयों का संगीतमय भजनों के स्वर पर भरत भट्ट व राहुल भगत ने गायन किया गया।कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष किशोर भावसार ने इस जगत सराय में मुसाफिर रहना दो दिन का.... जुगल किशोर सोनी ने है दुःख भंजन केसरी नंदन सुन लो मेरी पुकार.... चेतन गोगरोत ने म्हारा कीर्तन में रस बरसाओ आओ जी गजानन आओ....राहुल भगत ने मुझे दास बनाकर रख लेना भगवान तुम अपने चरणों में....नकुल गोगरोत ने हर घर में अब एक ही नाम एक ही नारा जय श्री राम...जितेन्द्र कलाल ने दुनिया में देव हजारों है बजरंगबली का क्या कहना...सहित एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत करने के साथ ही डैनी के द्वारा ऑर्गन की मधुर धुन ओर विनायक के द्वारा ढोलक की थाप से भक्तिरस एवं महिलाओं द्वारा गरबा रास किया।विभिन्न वाद्ययंत्रों पर कर्मवीरसिंह राठौड़, जगदीश सुथार, खेमराज भाटिया,कमलेश रावल उत्तम पंचाल,नीलकंठ गोगारोत, अर्श भट्ट, धार्मिक पंचाल ने संगत दी। अंत में हनुमान चालीसा का पाठ नरेश भट्ट शिवलहरी द्वारा करने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा आरती उतार कर प्रसाद वितरित किया गया। गणपति मंडल के नागेंद्र शर्मा ने मानस मंडल का शब्द सुमन द्वारा अभिनंदन करते हुए कहा कि यह धार्मिक व सनातनी कार्य अनवरत चलता रहे ताकि नगर ही नई अपितु पूरे वागड़ में घर घर में संस्कारों की अलख ज्योत जलती रहे। इस अवसर पर महेश सोनी,धर्मेंद्र शर्मा, नंदलाल सोनी,पंकज स्वर्णकार,हरीश सोनी, अनिल सोनी,दीपक स्वर्णकार,हार्दिक जैन, धर्मेंद्र जैन, दिलीप जैन,पीयूष रावल,अमित सोनी,विमल पालीवाल,चंद्रकांत सोनी, धर्मेश स्वर्णकार,भूपेश राठौड़,सावन,संभव दर्जी, सहित आसपास के गांवों से कई धर्मप्रेमी मौजूद थे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली विशाल वाहन रैली का सागवाड़ा में भव्य स्वागत

सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली विशाल वाहन रैली का सागवाड़ा में भव्य स्वागत   सागवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी और गुजरात के बड़नगर से निकली विशाल वाहन रैली शनिवार को सागवाड़ा पहुंची। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के बैनर तले गोल चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा कर रैली का अभिनंदन किया गया और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।   सोशल मीडिया जिला संयोजक प्रदीप गामोट ने बताया कि रैली के सागवाड़ा आगमन पर विभिन्न सेवा और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रैली के प्रतिभागियों के लिए गुरुकुल कॉलेज में सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कमलेश भाई शास्त्री मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने सेवा, स्वच्छता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।   सभा के बाद स्वच्छता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं गौसेवा के उद्देश्य से स्थानीय गौशाला में गोग्रास कार्यक्रम भी रखा गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।   कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती, कार्यक्रम संयोजक भावेश चौबीसा, अनिलसिंह शक्तावत, जिग्नेश पाटीदार, नयन कटारा, ईश्वरलाल सेवक, राधेश्याम राठौड़, पंकज पाटीदार, विनोद गिरी गोस्वामी, मोहनलाल भट्ट, महेश पाटीदार, मयूराजसिंह चौहान, जगदीश मोची, युवा नेता मुकेश पाटीदार (जोगपुर), संतोष पाटीदार (दीवड़ा), श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह खुमाणपुरा सहित संगठन एवं युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।   सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली इस वाहन रैली के स्वागत और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों ने सागवाड़ा में विशेष उत्साह का वातावरण बनाया।

वर्षों से उपेक्षित पड़े कुएं को युवाओं ने किया साफ, जल संरक्षण की अनूठी पहल

वर्षों से उपेक्षित पड़े कुएं को युवाओं ने किया साफ, जल संरक्षण की अनूठी पहल भासोर। डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के भासोर गांव में युवाओं ने जल संरक्षण और स्वच्छता का प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए वर्षों से गंदगी से अटे पड़े प्राचीन कुएं की सफाई का अभियान शुरू किया। गांव का यह पुराना कुआं, जिसे स्थानीय लोग “गड़गड़ी वाव” के नाम से जानते हैं, कभी आसपास के कई परिवारों के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत हुआ करता था, लेकिन समय के साथ उपेक्षा और कचरे के कारण इसकी स्थिति खराब हो गई। गांव के युवा एवं आमजन युवा शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार ने इस जलस्रोत को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया और अपने 7 वर्षीय भतीजे वेदांश जोशी के साथ स्वयं सफाई कार्य में जुट गए। उनकी पहल को देखकर मोहित दवे, प्रकाश दवे, सुशील जोशी और कमलेश पंड्या भी अभियान से जुड़ गए। सभी युवाओं ने करीब चार घंटे तक लगातार मेहनत कर कुएं से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य कचरा बाहर निकाला। सफाई अभियान के बाद कुएं का बड़ा हिस्सा साफ हो गया और वर्षों से गंदगी में दबा यह प्राचीन जलस्रोत फिर से नजर आने लगा। ग्रामीणों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया। मुकेश कुमार ने बताया कि लंबे समय से गंदगी जमा होने के कारण कुएं के पानी से दुर्गंध आने लगी थी। अब अगले चरण में कुएं का पानी बाहर निकालकर अंदर की पूरी सफाई की जाएगी तथा पानी की गुणवत्ता की जांच कर इसे दोबारा उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि यह पहल न केवल एक पुराने जलस्रोत को नया जीवन देगी, बल्कि लोगों को अपने आसपास के पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित करेगी।

गणपति विसर्जन और रथ रेवाड़ी पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, सागवाड़ा में हुई शांति समिति की बैठक

गणपति विसर्जन और रथ रेवाड़ी पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, सागवाड़ा में हुई शांति समिति की बैठक सागवाड़ा। आगामी गणपति विसर्जन एवं रथ रेवाड़ी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सागवाड़ा थाना सर्कल अंतर्गत सभी मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन तथा आपसी समन्वय पर चर्चा की। बैठक में उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण, वृत्ताधिकारी हेरंब जोशी तथा सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंडल अध्यक्षों से पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने, जुलूस एवं विसर्जन कार्यक्रमों को अनुशासित ढंग से आयोजित करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछित गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान गणपति विसर्जन मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रशासन ने सभी आयोजकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।

जसोल धाम में राणीसा भटियाणीसा जन्मोत्सव:आज रात होगा रात्रि जागरण, 18 सितंबर को होगा ध्वजारोहण

जसोल धाम में लोक आस्था की देवी श्री राणीसा भटियाणीसा का जन्मोत्सव 17 और 18 सितंबर को मनाया जाएगा। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल यह आयोजन कर रहा है। दो दिन चलने वाले इस जन्मोत्सव में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मालाणी की लोक-संस्कृति और परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। मंदिर संस्थान के प्रवक्ता हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बताया कि जन्मोत्सव की शुरुआत 17 सितंबर को रात 9 बजे भव्य रात्रि जागरण से होगी। भक्तिमय जागरण के बीच रात 12 बजे श्री राणीसा भटियाणीसा की विशेष मध्यरात्रि आरती की जाएगी। 18 सितंबर को यज्ञशाला में विशेष पूजा पाठ उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को सुबह 5:30 बजे मंगला आरती के साथ मुख्य धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। सुबह 6 बजे भोजन प्रसादी भोग और सुबह 6:30 बजे छप्पन भोग चढ़ाया जाएगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे कन्या पूजन होगा। सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक यज्ञशाला में विशेष पूजा-पाठ और हवन होगा। इसके बाद सुबह 10:35 बजे विधि-विधान से ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह 10:45 बजे फल प्रसाद बांटा जाएगा। सुबह 11 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण शुरू होगा। लोक-कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखेगी हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के साथ जन्मोत्सव में मालाणी की लोक-कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी दिखेगी। भोजन प्रसादी भोग, छप्पन भोग और ध्वजारोहण के समय ढोलियों (दमामियों) द्वारा पारंपरिक ढोल-थाली बजाई जाएगी। मालाणी सांस्कृतिक कला केंद्र, जसोल द्वारा गैर नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। पुष्कर के नगारची कलाकार नगाड़ा वादन और घुड़ नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां देंगे। ढोल-थाली और नगाड़ों की गूंज के बीच लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से मालाणी की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं को दिखाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जसोल धाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए संस्थान द्वारा सुगम एवं सुव्यवस्थित दर्शन, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रसाद एवं महाप्रसादी वितरण सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। संस्थान प्रवक्ता हरिशचंद्र सिंह जसोल ने समस्त श्रद्धालु भक्तों से श्री राणीसा भटियाणीसा जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जसोल धाम पधारकर दर्शन करने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सम्मिलित होने तथा श्री राणीसा भटियाणीसा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया।

धौलपुर में 44 गांवों के 1711 घरों को मिलेगी बिजली:डिस्कॉम ने विद्युतीकरण कार्य तेज किया; बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा में काम जारी

धौलपुर जिले के जनजातीय इलाकों में बिजली पहुंचाने का काम तेज कर दिया गया है। यह काम धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के तहत हो रहा है। इसके जरिए बाड़ी, बसेड़ी और सरमथुरा तहसील के 44 गांवों में कुल 1711 घरों को नए बिजली कनेक्शन मिलेंगे। योजना में बिजली का ढांचा बनाने, सर्विस लाइन डालने और जरूरी उपकरण लगाने का काम चल रहा है। इस योजना के तहत बाड़ी उपखंड के 11 गांवों में 521, बसेड़ी उपखंड के एक गांव में 52 और सरमथुरा उपखंड के 32 गांवों में 1138 नए घरेलू कनेक्शन दिए जाएंगे। इनमें 1099 सर्विस लाइन कनेक्शन और 612 जॉब के तहत कनेक्शन दिए जाएंगे। यह काम वेदप्रकाश को सौंपा गया है। DA-JGUA के बिजली वाले हिस्से को रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) से भी जोड़ा गया है। इससे नए कनेक्शन देने के साथ-साथ बिजली सप्लाई की क्वालिटी और भरोसेमंद होने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। बिजली मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घर के काम, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के मौके बढ़ने की उम्मीद है। जयपुर डिस्कॉम धौलपुर के SE विवेक शर्मा ने बताया कि योजना के तहत चुने गए परिवारों को तय प्रक्रिया के हिसाब से कनेक्शन देने का काम चल रहा है। जिन लोगों के पास अभी बिजली कनेक्शन नहीं है, उनसे आवेदन घर-घर जाकर लिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें आसानी से बिजली मिल सके। मंजूर किए गए कामों को समय पर पूरा करने के साथ उनकी लगातार निगरानी भी की जा रही है।

अब्दुल्ला अगवान के नामांकन पर आपत्ति जताई:भाई को परिषद में ठेकेदार बताया; SDM ने सबूत लाने को कहा; कांग्रेसी बोले- भाजपा दबाव बना रही

नगर परिषद झुंझुनूं के सभापति पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान के नामांकन पर आपत्ति आई है। आपत्तिकर्ता विपुल कुमार ने रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम रामकरण सिंह को आपत्ति पेश करते हुए अब्दुल्ला अगवान के नामांकन की वैधता पर सवाल उठाए हैं। आपत्ति में प्रत्याशी के भाई के नाम नगर परिषद से जुड़े ठेकों होने का हवाला देते हुए नामांकन निरस्त करने की मांग की गई है। आपत्ति प्राप्त होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम रामकरण सिंह ने आपत्तिकर्ता को संबंधित दस्तावेज और साक्ष्यों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में नोटिस जारी किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दबाव बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने विधायक राजेंद्र भांबू पर भी प्रशासन पर दबाव बनाने के आरोप लगाए। सिर्फ रिश्तेदारी नहीं, ‘हित’ साबित करना होगा एक्सपर्ट के अनुसार, नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 24(1)(xv) है। इस प्रावधान में नगरपालिका सदस्य के लिए अयोग्यता की स्थिति तब बनती है, जब प्रत्याशी स्वयं या उसके परिवार के सदस्य, साझेदार, नियोक्ता या कर्मचारी के माध्यम से नगरपालिका के आदेश से किए गए किसी काम या आपूर्ति अथवा नगरपालिका के साथ किसी अनुबंध या रोजगार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष शेयर या हित रखता हो। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया कांग्रेस की ओर से इस आपत्ति पर जवाब देते हुए कहा गया है कि केवल प्रत्याशी के भाई का नगरपालिका से ठेका होना अपने आप में प्रत्याशी को अयोग्य नहीं बनाता। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि कानून के तहत वास्तविक प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हित का परीक्षण जरूरी है। इस संदर्भ में कांग्रेस की कानूनी राय में सुप्रीम कोर्ट के गुलाम यासीन खान बनाम Sahebrao Yashwantrao Walaskar मामले का हवाला दिया जा रहा है। 17 जनवरी 1966 के इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट के सामने नगरपालिका चुनाव में प्रत्याशी के बेटे के नगर पालिका में रोजगार के आधार पर अयोग्यता का सवाल था। कोर्ट ने केवल पारिवारिक संबंध के आधार पर नगर पालिका के रोजगार में प्रत्याशी का हित मान लेने को पर्याप्त नहीं माना था। नगर परिषद के बाहर जुटी भीड़, नारेबाजी नामांकन पर आपत्ति की खबर सामने आने के बाद नगर परिषद परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मौके पर नारेबाजी भी हुई। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष खलील बुडाना सहित कांग्रेस नेताओं ने मामले को लेकर भाजपा और प्रशासन पर सवाल उठाए। पुलिस मुस्तैद, स्थिति पर नजर नगर परिषद के बाहर भीड़ जुटने और नारेबाजी को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मौके पर मुस्तैद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। SDM रामकरण सिंह ने कहा कि तथ्यों की जांच के लिए नगर परिषद के कमिश्नर को लिखा गया। वह मामले की जांच कर रहे। तथ्यों के आधार पर सही फैसला होगा। एडवोकेट बोले- कानून में भाई परिवार का सदस्य नहीं माना जाता एडवोकेट मोहम्मद फारूक ने कहा कि भाई के नाम ठेकेदारी का लाइसेंस है, लेकिन कानून में भाई परिवार का सदस्य नहीं माना जाता। राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 21 के Explanation-2 में परिवार की परिभाषा में केवल पति-पत्नी, बच्चे और साथ रहने वाले माता-पिता आते हैं — भाई नहीं। एडवोकेट फारूक ने कहा कि यूसुफ अगवान बरसों से अब्दुल्ला से अलग रह रहे हैं। दोनों का जन आधार अलग है, राशन कार्ड अलग है और व्यापार में कभी कोई साझेदारी नहीं रही। यह सारा रिकॉर्ड आज रिटर्निंग अधिकारी के सामने पेश किया गया। फारूक ने साफ कहा — धारा 24(1)(xv) के तहत अयोग्यता तभी बनती है जब उम्मीदवार का खुद ठेके में आर्थिक हित हो। यहां ऐसा कुछ नहीं है। शिकायत कानूनी रूप से टिकती नहीं। ये खबर भी पढ़ें कांग्रेस को बोर्ड बनाने के लिए 1 पार्षद की जरूरत:निर्दलीय को प्रस्तावक बनाया; भाजपा को 16 मनाने होंगे; देखें प्रत्याशियों की प्रोफाइल झुंझुनूं में सभापति के 3 नॉमिनेशन, कांग्रेस ने 2 भरवाए:भाजपा से मनु धनकड़ पहुंचे, कांग्रेस से अब्दुल्ला अगवान का नाम भाजपा के बागी ने कांग्रेस से चेयरमैन का फॉर्म भरा:7 पार्षदों के साथ शामिल हुए, समर्थन का आंकड़ा 12 पहुंचने का दावा

भीलवाड़ा नगर निगम में निर्विरोध मेयर बनना तय:जोधपुर में री-पोलिंग के बाद भाजपा सबसे बड़ी पार्टी, अजमेर में कांग्रेस कैंडिडेट पर आरोप

राजस्थान निकाय चुनाव में आज 7 नगर निगम सहित 305 निकाय में मेयर, चेयरमैन और सभापति के इलेक्शन के लिए आए आवदेनों की स्क्रूटनी होगी। कल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इधर गुरुवार सुबह आए 9 वार्ड के री-पोलिंग रिजल्ट के बाद जोधपुर में भाजपा 45 पार्षद के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। हालांकि, यहां निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में है। भीलवाड़ा में मेयर के लिए दावेदारी जता रही है निर्दलीय पार्षद को संतोष कंवर को भाजपा ने मना लिया है। इसलिए अब दावा किया जा रहा है कि भाजपा कैंडिडेट जसवंत कंवर का निर्विरोध मेयर बनना तय है। अजमेर नगर निगम में भाजपा कैंडिडेट अनामिका शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के खिलाफ निगम का बकाया नहीं चुकाने का आरोप लगाया है। वे आज उनके नॉमिनेशन पर आपत्ति दर्ज कराने भी पहुंचीं। जयपुर नगर निगम में बीजेपी के विजयी 78 पार्षदों को आज कलेक्टर जीत का सर्टिफिकेट देंगे। यह सर्टिफिकेट लेने के लिए दोपहर बाड़ेबंदी से सभी पार्षदों को कलेक्ट्रेट लाया जाएगा। निकाय चुनाव के बड़े अपडेट्स मेयर-डिप्टी मेयर की इलेक्शन डेट का इंतजार: री-पोलिंग के कारण जयपुर, कोटा और जोधपुर नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। पहले यहां भी अन्य निकायों की तरह इलेक्शन 21 और 22 सितंबर को होने थे। आज आए री-पोलिंग रिजल्ट के बाद जल्द ही तीन निगम और सुकेत नगर पालिका मेयर और सभापति के चुनाव की घोषणा हो सकती है। विवाद बढ़ने की आशंका, पुलिस तैनात: अजमेर भाजपा कैंडिडेट का आरोप है कांग्रेस कैंडिडेट के गढ़वाल पैलेस पर निगम की 19 लाख 18 हजार 628 रुपए की राशि साल 2018 से बकाया है। इसके नोटिस भी जारी हो चुके हैं। इसकी जानकारी कांग्रेस प्रत्याशी ने मेयर के नामांकन के दौरान छुपाई है। विवाद बढ़ने की आशंका के चलते निगम में पुलिस की तैनाती की गई है। जयपुर में 4 वार्ड में भाजपा की हार: जयपुर मेयर के चुनाव में भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। उसके पास 78 पार्षद हैं। जबकि, बहुमत का आंकड़ा 76 ही है। गुरुवार को आए 4 वार्ड के री-पोलिंग रिजल्ट में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली है। पार्टी की ओर से जयपुर मेयर के लिए पद के दावेदारों में सुनील कोठारी और पुनीत कर्नावट का नाम सबसे आगे है। -- ये खबर भी पढ़िए- BJP विधायक नहीं चाहते उनके क्षेत्र से मेयर बने:जयपुर में रोचक बना महापौर का चुनाव; मेयर और डिप्टी मेयर के लिए अलग-अलग लॉबिंग

जलभराव में जान बचाने वाले 26 'जल-वीर' सम्मानित:झालावाड़ में जिला कलेक्टर ने किया सम्मान, नागरिकों के सहयोग को बताया अहम

झालावाड़ जिले में 10 और 11 अगस्त को हुई भारी बारिश के दौरान जलभराव में फंसे लोगों को बचाने और राहत कार्यों में सहयोग करने वाले 26 नागरिकों को ‘जल-वीर सम्मान’ से नवाजा गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सभी जल-वीरों को सम्मान-पत्र प्रदान किए। इन नागरिकों में कामखेड़ा, रायपुर, झालरापाटन, सुनेल और मनोहरथाना क्षेत्र के लोग शामिल हैं। बारिश में स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा भारी बारिश के बाद जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। ऐसे समय में कई स्थानों पर प्रशासन और पुलिस टीमों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने जलभराव में फंसे बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। स्थानीय लोगों के इस सहयोग से राहत और बचाव कार्यों में तेजी आई। कलेक्टर ने सराहा साहस और सेवा भावना जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जल-वीरों के साहस और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय स्थानीय नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी होता है। मौके पर मौजूद लोग स्थिति को देखकर तत्काल निर्णय लेकर प्रभावित लोगों की मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जल-वीरों का सम्मान उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही समाज में मानवता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। दूरदराज इलाकों में स्थानीय मदद बनी सहारा जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि तेज बारिश के दौरान दूरदराज के इलाकों में बचाव दल को पहुंचने में समय लग सकता है। ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों की समझदारी और तत्परता काफी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने अगस्त में सुनेल में हुई घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां स्थानीय लोगों ने बच्चों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कई क्षेत्रों के नागरिक हुए सम्मानित इसी तरह सुनेल कस्बे, कचराखेड़ी रायपुर, बोरखेड़ी गुर्जरान झालरापाटन, कामखेड़ा और झिकनी-मनोहरथाना सहित कई स्थानों पर नागरिकों ने जलभराव में फंसे लोगों की मदद की। सम्मानित 26 जल-वीरों ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ प्रशासन और पुलिस टीमों के राहत कार्यों में भी सहयोग किया। प्रशासन ने उनके योगदान को आपदा के समय सामुदायिक सहभागिता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

गणेश मेले के बाद रणथंभौर जंगल में सफाई अभियान:गाइडों समेत ​विभिन्न संगठनों ने कचरा इकट्ठा कर दिया स्वच्छता का संदेश

त्रिनेत्र गणेश लक्खी मेले के समापन के बाद वन विभाग की ओर से रणथंभौर वन क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के सहयोग से वन क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया। विभिन्न संगठनों ने चलाया अभियान क्षेत्रीय वन अधिकारी आरओ पीटी (रेंज ऑफ प्रोजेक्ट टाइगर) अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया- 16 सितंबर को वनपाल नाका शेरपुर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें वन विभाग के स्टाफ के साथ रणथंभौर नेचर गाइड, वाहन चालक एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, हॉकर, मिशन बीट प्लास्टिक, गणेश मंदिर ट्रस्ट और ईडीसी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहयोग किया। इस दौरान गणेशधाम गेट से सिंहद्वार तक, सिंहद्वार से जोगीमहल गेट व पार्किंग क्षेत्र, अमरेश्वर गेट से मंदिर तक तथा जोन नंबर 6 में सफाई की गई। अभियान के दौरान वन क्षेत्र में जगह-जगह जमा कचरा और प्लास्टिक सामग्री एकत्रित की गई। वनपाल नाका जोगीमहल क्षेत्र में चलाया अभियान इसी क्रम में 17 सितंबर को वनपाल नाका जोगीमहल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत परिक्रमा मार्ग, संपूर्ण फोर्ट क्षेत्र, शोलश्वर तिराहा एवं शोलश्वर मंदिर तथा गाड़ावास से सिंहद्वार तक सफाई की गई। वन विभाग की ओर से मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बाद वन क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए यह अभियान चलाया गया। अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ वॉलंटियर और ईडीसी श्रमिकों ने भी भाग लिया। विभाग ने विभिन्न संस्थाओं से भविष्य में भी वन क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

मेयर चुनाव में भाजपा में क्रॉस-वोटिंग की चुनौती:डिप्टी मेयर के लिए बोराणा और भट्ट में मुकाबला, पार्षदों में नाराजगी

उदयपुर में मेयर प्रत्याशी के नामांकन के बाद अब सभी की नजरें डिप्टी मेयर पर टिकी हुई हैं। 21 सितंबर को मेयर की वोटिंग के बाद 22 सितंबर को डिप्टी मेयर का नामांकन और वोटिंग होगी। भाजपा इसके लिए पंकज बोराणा या दिनेश भट्ट में से किसी एक को मौका दे सकती हैं। पंकज बोराणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के रिश्तेदार। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ब्राह्म्ण समाज का चेहरा हैं। पार्टी जैन मेयर चेहरे के बाद समाजिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से इन्हीं 2 में से किसी एक पर दांव लगा सकती हैं। जानकारी के अनुसार भट्ट भी मेयर नहीं बनने पर अब डिप्टी मेयर के लिए मन बना रहे हैं। पार्टी के संकेत के बाद वो हामी भर सकते हैं। बीजेपी को क्रॉस वोटिंग का डर दूसरी ओर, बाड़ेबंदी के बीच बदले समीकरणों में सिंघवी के मेयर प्रत्याशी बनने पर बीजेपी को क्रॉस वोटिंग का खतरा सता रहा है। हालांकि उदयपुर में अब तक वैसे निकाय चुनाव में कभी क्रॉस वोटिंग जैसी दिक्कते नहीं आई हैं। इस बार सामर और भट्ट जैसे दिग्गज चेहरों के साइडलाइन होने से कुछ पार्षदों की ओर से क्रॉस वोटिंग करने का डर है। बाड़ेबंदी के बीच पारस सिंघवी के प्रत्याशी बनाने से सन्नाटा हैं। प्रमोद सामर और दिनेश भट्ट पार्टी से नाराज प्रमोद सामर और दिनेश भट्ट किसी भी पदाधिकारी से बात नहीं करते हुए अपने रूम में रेस्ट कर रहे हैं। बुधवार शाम को सामर के बेटे और भट्ट के बेटे-पत्नी ने रिसोर्ट में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों से जमकर खरी खोटी सुनाई थी। परिजनों ने सामर को घर ले जाने की पूरी कोशिश की लेकिन पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें समझाया। पार्टी के पदाधिकारियों से भट‌्ट और सामर के परिजनों ने साफ कहा कि जब पार्टी को मौका नहीं देना था तो क्यों इन्हें चुनाव लड़वाया? बड़े चेहरों को पार्षद महज बनाकर क्यों सीमित किया। इस तरह की राजनीति से उनका मनोबल टूटा है और सामाजिक साख को ठेस पहुंची है। पारस​ सिंघवी के मेयर नामाकंन का विरोध दूसरी तरफ पारस​ सिंघवी के मेयर नामाकंन के बाद पूर्व पार्षद प्रेमसिंह शक्तावत के इस्तीफे से पार्टी पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार शक्तावत के इस्तीफे वाले पोस्ट के बाद पार्टी के कुछ प्रमुख नेता उनसे समझाइश करने उनके घर भी गए और समझाइश करने की कोशिश की। शक्तावत बुधवार शाम को सोशल मीडिया ग्रुप में प्राथमिक इस्तीफा देने की बात लिखी थी। सिंघवी के मेयर प्रत्याशी बनने के साथ कटारिया के दोनों दामाद में एक किसी के एक के भी डिप्टी मेयर बनने की संभावनाए नगण्य हो गई। जैन समाज से आने वाले सिंघवी के आने से सामाजिक समीकरण और गजपाल-ताराचंद गुट में यह संभावनाएं न के बराबर हैं। इस बार राज्यपाल कटारिया के दामाद के भाई आकाश वागरेचा और अतुल चंडालिया भी पार्षद बने हैं। दिनेश भट्ट के मेयर बनने की स्थिति में अतुल चंडालिया के डिप्टी मेयर बनने के कयास थे। --- ये खबर भी पढ़िए- सामर-भट्ट की खींचतान में पारस सिंघवी ने बाजी मारी:RSS की पसंद पर पार्टी ने लगाया दांव; नए पार्षदों से वन-टू-वन किया था संपर्क