slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

राजनीतिक पार्टी के खाते में ठगी के रुपए जमा:डोनेशन के नाम पर 16.16 लाख ट्रांसफर करवाए; आरोपी गिरफ्तार

साइबर ठगी की रकम को राजनीतिक पार्टी के खाते में जमा करवाने और बाद में उसे निकालने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार- आरोपी ने पार्टी फंड में डोनेशन के नाम पर शिकायतकर्ता के राजनीतिक पार्टी के खाते में 16 लाख 16 हजार 500 रुपए जमा करवाए। रकम जमा होने के बाद बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया। जानकारी जुटाने पर सामने आया कि खाते में जमा करवाई गई रकम साइबर ठगी से जुड़ी थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी शंभू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपेंद्र सिंह रावत उर्फ दीपु (23) निवासी वार्ड 1, गांव लाडपुरा, थाना गेगल, जिला अजमेर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि साइबर ठगी की रकम किस खाते से आई और उसे निकालने के बाद किन लोगों तक पहुंचाया गया। पार्टी फंड के नाम पर खाते में डलवाई रकम पीड़ित मुकेश रावत निवासी लाडपुरा ने पुलिस को बताया कि उसके पास अखिल भारतीय राजनीतिक पार्टी के नाम से बैंक खाता है। इस खाते में चुनाव के दौरान पार्टी फंड के रूप में राशि आती है और इसका उपयोग प्रचार-प्रसार और अन्य राजनीतिक कार्यक्रमों में किया जाता है। पीड़ित के अनुसार- गांव का ही दीपेंद्र उर्फ दीपु रावत उसे झांसे में लेकर इस खाते में रकम जमा करवाने के लिए ले गया। आरोपी ने पार्टी फंड में डोनेशन के नाम पर खाते में कुल 16,16,500 रुपए जमा करवाए। इसके बाद खाते से राशि निकाल ली गई। अकाउंट फ्रीज होने पर ठगी की रकम का पता चला रकम जमा होने के बाद बैंक खाता फ्रीज हो गया। पीड़ित ने इसकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि दीपेंद्र की ओर से खाते में जमा करवाई गई रकम साइबर ठगी से जुड़ी थी। इसके बाद परिवादी ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार- आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने किसके कहने पर खाते में रकम जमा करवाई, रकम किस साइबर फ्रॉड से संबंधित थी और खाते से रकम निकालकर किन लोगों को दी गई। मामले में जांच जारी है।

नरेश मीणा का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी:किसानों की खाद मांग और थर्ड फ्रंट के उम्मीदवारों का किया ऐलान

बारां में खाद की मांग को लेकर किसान नेता नरेश मीणा का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। वे अपने समर्थकों के साथ रातभर कलेक्ट्रेट परिसर में डटे रहे। अनशन शुरू करने से पहले उन्होंने मिनी सचिवालय के बाहर पंचायतीराज और विधानसभा चुनाव को लेकर थर्ड फ्रंट की रणनीति का ऐलान किया। जिला प्रमुख और प्रधान के लिए नाम घोषित नरेश मीणा ने पंचायतीराज चुनाव में थर्ड फ्रंट के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की। उन्होंने जिला प्रमुख और प्रधान पदों के लिए उम्मीदवारों के नाम भी बताए। छबड़ा प्रधान बृजभूषण शर्मा को छबड़ा प्रधान पद के लिए, बारां प्रधान के लिए कांग्रेस के पूर्व विधायक शिवनारायण नागर की भतीजी ममता नागर और जिला प्रमुख पद के लिए पूर्व प्रधान संदीप शर्मा को उम्मीदवार बताया। मीणा ने कहा कि थर्ड फ्रंट कमजोर, लेकिन जनसमर्थन वाले युवाओं को चुनाव में मौका देगा। विधानसभा चुनाव के लिए भी चेहरे सामने रखे विधानसभा चुनाव को लेकर भी नरेश मीणा ने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। किशनगंज-शाहाबाद से रामहेत मीणा, अंता से पूर्व सभापति कमल राठौर और छबड़ा से खुद नरेश मीणा के चुनाव लड़ने की बात कही। कई कांग्रेस नेताओं के थर्ड फ्रंट से जुड़ने का दावा नरेश मीणा के अनुसार कई कांग्रेस नेता भी थर्ड फ्रंट के साथ जुड़े हैं। इनमें अटरू प्रधान वंदना नागर, उनके पति रामेश्वर नागर, बामला से निर्मल नागर और उनकी पत्नी ममता नागर शामिल हैं। पूर्व प्रधान रामहेत मीणा और संदीप शर्मा पहले से ही थर्ड फ्रंट में हैं।

पोती ने दादी से की मारपीट, VIDEO:बीच बचाव करती दिखी मां, दादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज किया केस

सिरोही जिले में एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में शेयर हो रहा है, जिसमें एक पोती अपनी दादी के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। वीडियो में उसकी मां दादी को बचाने के लिए आती दिखाई दे रही है, जबकि एक युवक भी दादा-दादी से उलझता नजर आ रहा है। वीडियो पालड़ी एम थाना क्षेत्र के उत्थमन गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना घरेलू विवाद के चलते हुई। दादा-दादी से मारपीट का आरोप पालड़ी एम थाना अधिकारी टीकमाराम ने बताया कि छगन कुमार पत्नी भभूत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी पोती मुन्ना कुंवर पुत्री सवाई सिंह, गुलाब कंवर पत्नी सवाई सिंह और महेंद्र सिंह पुत्र सवाई सिंह ने उनके साथ मारपीट की और चोटें पहुंचाईं। पुलिस ने दर्ज किया मामला शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े तथ्यों और मारपीट की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

कोटा में अलग-अलग जगह दो लोगों की मौत:एक घायल को डॉक्टर ने मृत घोषित किया, युवक का MBS अस्पताल के गार्डन में शव पड़ा मिला

कोटा शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नयापुरा और भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर अज्ञात व्यक्ति मृत हालत में मिले। दोनों को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान और परिजनों की तलाश में जुटी है। घायल मिले व्यक्ति की मौत भीमगंजमंडी थाने के एएसआई हरदेव सिंह ने बताया कि करीब 45 साल का एक अज्ञात व्यक्ति स्टेशन क्षेत्र की राम मंदिर गली में घायल हालत में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर उसे एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। यहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है। परिजन मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उन्हें सौंपा जाएगा। एमबीएस अस्पताल के गार्डन में मिला शव वहीं दूसरा मामला नयापुरा थाना क्षेत्र का है। एमबीएस अस्पताल के गार्डन में एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल कर्मचारियों की मदद से उसे चेक करवाया। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। नयापुरा थाने के एएसआई देवव्रत सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 साल है। उसकी भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। दोनों मामलों में पुलिस मृतकों की पहचान के साथ उनके परिजनों की तलाश कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पंचायतीराज चुनाव का आज होगा ऐलान, घोषणाओं-ट्रांसफर पर लगेगी रोक:जयपुर में सबसे ज्यादा और जैसलमेर में सबसे कम वोटर; महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण

प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों की घोषणा आज 3 बजे होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने दोपहर 3 बजे पंचायतीराज चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव बैलेट से होंगे। पंचायत समिति मेंबर और जिला परिषद मेंबर के चुनाव ईवीएम से होंगे। महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण है। पंचायतीराज चुनाव में प्रदेश के 4.03 करोड़ ग्रामीण वोटर वोट डालेंगे, इनमें से 2.08 करोड़ पुरुष और 1.94 करोड़ महिला वोटर और 167 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। प्रदेश में 51.82% पुरुष और 48.18% महिला वोटर हैं। 41 जिलों में जयपुर में सबसे ज्यादा 18.99 लाख वोटर और जैसलमेर में सबसे कम वोटर 4.36 हैं। ग्रामीण इलाकों में उद्घाटन,शिलान्यास नहीं होंगे आयोग के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही ग्रामीण इलाकों में आचार संहिता लग जाएगी। तबादलों पर पाबंदी लग जाएगी। मंत्री अब अपने इलाकों में सरकारी गाड़ी से नहीं जा सकेंगे और सरकारी गेस्ट हाउस व डाक बंगलों में नहीं ठहर सकेंगे। सरकार नई योजनाओं और कार्यक्रमों की घोषणा नहीं कर सकेगी। पहले से चल रहे काम जारी रह सकेंगे, जिन टेंडरों का काम पहले से प्रक्रिया में है, उन पर रोक नहीं होगी। आचार संहिता में ऐसी कोई सरकारी घोषणा नहीं हो सकती जिससे वोटर प्रभावित हो। 1.69 लाख नए पंचायतीराज जनप्रतिनधि चुने जाएंगे इन चुनावों में 1.69 लाख नए पंचायतीराज जनप्रतिनधि चुने जाएंगे। 1403 जिला परिषद मेंबर और 8245 पंचायत समिति मेंबर के चुनाव ईवीएम से होंगे। 14403 ग्राम पंचायतों में सरपंच-उपसरपंच और 1.30 लाख वार्ड पंचों के चुनाव बैलेट के जरिए होने हैं। पंचायत समिति मेंबर मिलकर 457 पंचायत समितियों में प्रधानों का चुनाव करेंगे। 80 हजार से ज्यादा महिलाएं पंचायतीराज जनप्रतिनिधि बनेंगी पंचायतीराज चुनावों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण है। 1.69 लाख में से आधी महिलाएं चुनकर आएंगी। 14403 ग्राम पंचायतों में 7200 महिला सरपंच, 7200 म​हिला उपसरपंच और 65 हजार महिला वार्ड पंच बनेंगी। सरपंचों में एसटी के 3058, एससी के 2493 और ओबीसी के लिए 1961 पद आरक्षित ​है। वार्ड पंचों के 1.30 लाख पदों में से 21,962 वार्ड एससी, 19117 एसटी और 15 हजार वार्ड ओबीसी के लिए आरक्षित हैं। पंचायतीराज चुनाव सरकार और विपक्ष दोनों के लिए सियासी चुनौती पंचायतीराज चुनाव का रिजल्ट सरकार और विपक्ष दोनों के लिए सियायी चुनौती है। सत्ताधारी बीजेपी के सामने कांग्रेस से ज्यादा वार्ड जीतने की चुनौती रहेगी। निकाय चुनाव की तरह ही बीजेपी के सामने पंचायत समितियों और जिला परिषदों में ज्यादा वार्ड जीतने ​की चुनौती है। गांवों में आमतौर पर कांग्रेस आगे रहती आई है, इसलिए इसे चुनौती माना जा रहा है। सत्ताधरी बीजेपी ने इस बार विधानसभा चुनावों की तर्ज पर माइक्रो मैनेजमेंट से रणनीति बनाई है, उस रणनीति की असली परीक्षा पंचायतीराज चुनावों से होगी। प्रधान, प्रमुखों में जोड़तोड़ चलेगी लेकिन असली पर्सेप्शन वार्डों की जीत से बनेगा जिला परिषदों और पंचायत समितियों में कौन ज्यादा वार्ड जीतता है, उससे असली पर्सेप्शन बनेगा। जिला परिषद मेंबर मिलकर जिला प्रमुख और पंचायत समिति मेंबर मिलकर प्रधान का चुनाव करते हैं। निकाय की तरह पंचायतीराज चुनावों में भी दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होता इसलिए प्रधान और जिला प्रमुख बनाने में खूब सियासी जोड़तोड़ चलता है। जिस पार्टी के जितने ज्यादा जिला परिषद मेंबर, पंचायत समिति मेंबर जीतेंगे उससे ही जनमत का रुझान तय हो जाएगा। 41 जिलों में जिला परिषद मेंबर, पंचायत समिति मेंबर और वोटर्स का गणित ….. चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में 221 महिलाएं बनेंगी प्रधान:जयपुर-जोधपुर में सबसे ज्यादा, 4 जिलों में केवल एसटी कैटेगरी से होगा प्रधान; देखें- 41 जिलों की लिस्ट राजस्थान में बुधवार को पंचायतराज चुनावों के लिए 457 प्रधानों की लॉटरी निकाली गई। प्रदेश में 221 महिलाएं प्रधान बनेंगी। जयपुर की 22 पंचायत समितियों में केवल 4 सीट अनारक्षित है। पूरी खबर पढ़िए…

आम का जाहिरा ग्रिड पर फ्यूज जोड़ते समय संविदाकर्मी झुलसा:करंट से हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त, जयपुर रेफर; ग्रामीणों ने सड़क की जाम

करौली के गुढ़ाचन्द्रजी के आम का जाहिरा स्थित 33 केवी बिजली ग्रिड पर शुक्रवार को हादसा हुआ। 11 केवी लाइन का फ्यूज जोड़ते समय संविदाकर्मी धर्म सिंह मीना करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे में धर्म सिंह का एक हाथ गंभीर रूप से खराब हो गया। करंट लगने के बाद वह बेहोश हो गया। साथी उसे दौसा अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आर्थिक मदद और इलाज के खर्च की मांग पर गुढ़ाचन्द्रजी-गुढ़मोरा-दौसा मार्ग पर जाम लगा दिया। धर्म सिंह परिवार में अकेला कमाने वाला है। सहायक अभियंता अशोक मीना, कनिष्ठ अभियंता रामेश्वर मीना, अधीक्षण अभियंता रामहेत मीना और तहसीलदार शैलेन्द्र शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने इलाज व आर्थिक मदद का भरोसा दिया, पर ग्रामीण अड़े रहे। हादसे के बाद ग्रिड से जुड़े 11 केवी फीडरों की बिजली सप्लाई बंद रही। आम का जाहिरा समेत दर्जनों गांवों में सुबह 11 बजे से देर शाम तक बिजली नहीं थी।

BDK में ICU-ट्रॉमा सेंटर की सुविधाएं बेहतर होंगी:जांचों के लिए भी अब एक ही जगह मिलेगी फैसिलिटी, स्टाफ भी बढ़ेगा

झुंझुनूं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल BDK में अब जल्द ही मरीजों को इलाज की कई आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। नई हॉस्पिटल बिल्डिंग और आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। बहुमंजिला भवन का स्ट्रक्चरल काम लगभग पूरा हो चुका है और ट्रॉमा सेंटर भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य है कि मार्च 2027 तक पूरा प्रोजेक्ट तैयार कर मरीजों के लिए शुरू कर दिया जाए। इसका सबसे बड़ा फायदा जिले के आम मरीजों को होगा। गंभीर बीमारी, दुर्घटना और इमरजेंसी की स्थिति में बेहतर उपचार के लिए मरीजों को हर बार जयपुर या दिल्ली की ओर दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। BDK में ही उपचार की सुविधाओं का विस्तार होने से जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और मजबूत होगा। अब BDK में ये सुविधाएं मिलेगी मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य BDK अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू के अनुसार नई हॉस्पिटल बिल्डिंग का स्ट्रक्चरल काम लगभग पूरा हो चुका है। अब निर्माण कार्य अगले चरण में है। नई बिल्डिंग में मरीजों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नया ट्रॉमा सेंटर भी लगभग तैयार है और अंतिम चरण की फिनिशिंग का काम चल रहा है। पूरे प्रोजेक्ट को मार्च 2027 तक पूरा कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य है। भवन ही नहीं, इलाज की क्षमता भी बढ़ेगी नई बिल्डिंग के तैयार होने का मतलब केवल अस्पताल को नया भवन मिलना नहीं है। इसका असली फायदा तब सामने आएगा, जब इसमें प्रस्तावित चिकित्सा सुविधाएं पूरी क्षमता के साथ संचालित होंगी। आधुनिक उपकरणों के साथ विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता रहेगी।

राजसमंद में 57% कम बारिश, खरीफ की फसलें सूखने लगी:बाघेरी नाका बांध में सिर्फ 1 महीने का पानी बचा

राजसमंद जिले में इस साल मानसून की बेरुखी अब किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है। अक्टूबर तक जिले में औसतन महज 407 मिमी बारिश हुई है, जबकि पिछले साल 948 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार बारिश करीब 57 प्रतिशत कम है। मानसून की वापसी का समय नजदीक आने के साथ अब अच्छी बारिश की उम्मीद भी कम होती जा रही है। कम बारिश का सीधा असर जिले के जलस्रोतों पर पड़ा है। रामदरबार बांध में पानी की आवक नहीं होने से गौमती नदी सूखी पड़ी है। वहीं कुंभलगढ़ क्षेत्र में भी बारिश कम होने से बनास नदी में पानी नहीं आया। इसके चलते बाघेरी का नाका और नंद समंद बांध भी पर्याप्त पानी की आवक का इंतजार कर रहे हैं। राजसमंद झील में भी नहीं पहुंचा पानी राजसमंद शहर की लाइफलाइन राजसमंद झील में पानी की आवक के दो प्रमुख स्रोत गौमती नदी और खारी फीडर हैं। गौमती नदी पहले से सूखी है, जबकि खारी फीडर से पानी तभी पहुंचता है जब नंद समंद बांध ओवरफ्लो होता है। इस बार बनास नदी में पानी नहीं आने से नंद समंद का जलस्तर भी नहीं बढ़ पाया। ऐसे में झील के पानी से सिंचाई व पेयजल व्यवस्था करना चुनौती पूर्ण रहेगा। जिले के 25 प्रमुख बांधों में इस बार पानी की आवक नहीं हुई। राजसमंद झील की कुल भराव क्षमता 3786 एमसीएफटी है, जबकि वर्तमान में 1986.50 एमसीएफटी पानी मौजूद है। झील का पूर्ण भराव गेज 30 फीट है, जबकि वर्तमान जलस्तर 19.05 फीट है। नंद समंद और बाघेरी नाका की स्थिति भी चिंताजनक नंद समंद बांध की कुल भराव क्षमता 786 एमसीएफटी है और वर्तमान में इसमें 153.40 एमसीएफटी पानी है। इसका वर्तमान गेज 13.30 फीट है, जबकि ओवरफ्लो गेज 32 फीट है। बाघेरी नाका बांध में भी जल स्तर कम बाघेरी नाका बांध से जिले के 264 गांवों में पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन इस बार पानी की आवक नही हुई है। बाघेरी नाका बांध परियोजना के एईएन कुलदीप बरोड़ के अनुसार बाघेरी नाका बांध से अब महज 1 महीने का पेयजल उपलब्ध है। बाघेरी नाका बांध की कुल क्षमता 311.68 एमसीएफटी है। वर्तमान में इसमें 106.28 एमसीएफटी पानी बचा है। बांध का पूर्ण भराव गेज 32.80 फीट है, जबकि वर्तमान गेज 14.80 फीट है। बाघेरी नाका बांध के पानी का पूरा उपयोग पेयजल के लिए ही होता है और इससे 264 से अधिक गांवों में पानी की सप्लाई की जाती है। खेतों में खड़ी खरीफ की फसलें सूखने लगी बारिश की कमी का असर अब खेतों में भी दिखाई देने लगा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से खड़ी फसलें सूखने लगी हैं। किसानों को उत्पादन प्रभावित होने और फसलें खराब होने की आशंका सताने लगी है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में इस बार 88 हजार हेक्टेयर से ज्यादा में खरीफ फसल की बुवाई की गई थी। जिसमें मक्का की बुवाई 60 हजार से 65 हजार हेक्टेयर में की गई है। इसके अलावा 7 से 8 हजार में ज्वार, 700 से 800 हैक्टेर बाजरा, 1200 हैक्टेर में उड़द और 1200 हेक्टेयर के करीब मूंग, 3500 हेक्टेयर में कपास व शेष में चारा व सब्जियां उगाई गई है। इसमें 20 से 30 प्रतिशत फसल सूख चुकी है।

पुलिस से बचने के लिए वॉकी-टॉकी यूज करते थे चोर:ई-मित्र में चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार, दिन में रेकी करते थे

पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र के आखरिया चौक स्थित ई-मित्र दुकान के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने ब्यावर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी वारदात के दौरान मोबाइल नेटवर्क और पुलिस की लोकेशन ट्रैकिंग से बचने के लिए आपस में वॉकी-टॉकी से बातचीत करते थे। मामले में पुलिस एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। दुकान में की थी चोरी SP मोनिका सैन ने बताया कि खिंवाड़ा निवासी मनोज पुत्र मोतीलाल ने 9 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि आखरिया चौक स्थित उनकी ई-मित्र दुकान के ताले तोड़कर चोर नगदी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। मामले की जांच के लिए बाली डीएसपी रतनाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी बलभद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। कॉन्स्टेबल बलराम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद पुलिस ने ब्यावर जिले में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान खरवा निवासी साहिल खान (24) पुत्र मोहम्मद हारून को उसके गांव से तथा अरनाली में रूपनगर निवासी किशोर सिंह (23) पुत्र श्रवण सिंह को रूपनगर से गिरफ्तार किया गया। दिन में रेकी, रात में चोरी पुलिस पूछताछ में आरोपियों के वारदात करने का तरीका सामने आया। आरोपी दिन में गांवों में घूमकर दुकानों और घरों की रेकी करते थे। रात में मौका मिलते ही ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस की मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग से बचने के लिए वारदात के दौरान मोबाइल फोन से बातचीत नहीं करते थे। इसके बजाय आपस में संपर्क बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल करते थे। इस मामले में पुलिस पाली के राणावास निवासी माणक पुत्र भंवरलाल को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

जमीन पर पड़े तारों से लगा करंट, 2 की मौत:5 घंटे तक पड़े रहे शव, पास में कटर पड़ा था, चोरी की आशंका

बीकानेर में 11 KV की लाइन की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों की शव बुरी तरह झुलसे हुए थे। एक का हाथ और कमर तो दूसरे का पूरा पैर काला पड़ा था। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को दोनों के शवों के पास एक कटर भी मिला है। अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों यहां हाई वोल्टेज के तार चुराने आए थे। इसके बाद इसका बंडल बनाते हुए करंट आया है। हालांकि दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से युवकों की पहचान के प्रयास में मदद करने की अपील की है। मामला लूणकरणसर थाना सोढ़वाली-बिंझरवाली गांव का देर रात करीब 1 बजे का है। ग्रामीणों ने सुबह 6 बजे शव पड़े देखे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों के शव करीब 5 घंटे तक ऐसे ही पड़े रहे। थानाधिकारी महावीर विश्नोई ने कहा- दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे और इनके पास से एक कटर भी बरामद हुआ है। ग्रामीण यहां पहुंचे तो दोनों युवकों के शव तारों पर ही पड़े थे। एक का पैर बुरी तरह झुलस गया था तो दूसरे का हाथ और कमर का हिस्सा झुलसा हुआ था।

आंखें बंद कर साध्वी ने शब्द रिकॉल किए:हॉल में बैठे लोगों के शब्दों को दोहराया, ध्यान कर सटीक उत्तर दिए

पाली के नवलखा मंदिर स्थित आराधना भवन में आयोजित ‘त्रिशतावधान’ महाप्रयोग के दौरान साध्वी नम्रयशाश्री ने अपनी स्मरणशक्ति और साधना का प्रदर्शन किया। इस आयोजन को देखने के लिए पंडाल जैन समाज के श्रद्धालुओं और शहरवासियों से भरा रहा। 300 अलग-अलग शब्द बोले महाप्रयोग के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं में से एक-एक कर लोगों ने अपनी इच्छा से अलग-अलग शब्द बोले। किसी ने ‘बेंच’, ‘मोबाइल’, ‘क्रेडिट कार्ड’ और ‘500 का नोट’ जैसे शब्द कहे तो किसी ने ‘बेल्ट’, ‘अंगूठी’ और ‘कड़ा’ जैसे शब्द बताए। वहीं श्रद्धालुओं ने ‘शिवा देवी’, ‘नाभिराजा’, ‘सिद्धार्थ’, ‘चिंतामणि’, ‘घंटाकर्ण’ और ‘यंत्र’ जैसे धार्मिक नाम भी बोले। इसके अलावा ‘बेंगलुरु’ और ‘महाराष्ट्र’ जैसे स्थानों के नाम भी शामिल किए गए। इस तरह श्रद्धालुओं की ओर से 300 अलग-अलग और विविध शब्द बोले गए। मंच के पास लगे बोर्ड पर इन सभी शब्दों को उसी क्रम में लिखा जाता रहा। 300 शब्द पूरे होने के बाद पंडाल में गहरी खामोशी छा गई। साध्वी नम्रयशाश्री ने आंखें बंद कर मां सरस्वती का ध्यान किया और बिना किसी डायरी, स्क्रीन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की सहायता के एक बार सुने गए सभी 300 शब्दों को उसी क्रम में दोहराकर सुना दिया। सटीक उत्तर दिए इसके बाद पंडाल में मौजूद प्रबुद्धजनों ने रैंडम क्रम से शब्द पूछे। 46वें, 137वें और 258वें स्थान पर बोले गए शब्दों के बारे में पूछे जाने पर साध्वीजी ने तत्काल सटीक उत्तर दिए। उनकी इस अद्भुत स्मरण शक्ति और साधना को देखकर श्रद्धालु चकित हो गए।

उदयपुर में यूडीए ने हनुमान मंदिर पर चलाया बुल्डोजर:विरोध में जुटे लोग, विधायक फूलसिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे

उदयपुर में जोगी तालाब स्थित वैदेही विहार में उदयपुर विकास प्राधिकार द्वारा हनुमान जी का मंदिर तोड़े जाने के बाद माहौल गर्मा गया। यूडीए ने आज सुबह करीब 6 बजे जेसीबी की मदद से मंदिर के पक्के निर्माण और दीवार को ढहा दिया। कुछ लोग वहां पहुंचे लेकिन तब तक यूडीए टीम कार्रवाई करके रवाना हो चुकी थी। बाद में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और विरोध जताते हुए यूडीए के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा मौके पर पहुंचे और लोगों की बात सुनी। उन्होंने लोगों से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं, मामले में यूडीए के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें आसपास पडोस के ही कुछ लोगों ने लिखित शिकायत दी थी कि रिजर्व लेंड पर पक्का निर्माण कर मंदिर बनाया गया है। इसे लेकर पहले नोटिस भी दिया। जिसमें कहा कि वे स्वेच्छा से मंदिर हटा लें या फिर दूसरी जगह शिफ्ट कर लें। ऐसा नहीं करने पर सरकारी भूमि से पक्के निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। आसपास मंदिर नहीं था, इ​सलिए स्थापित की मूर्ति क्षेत्रवासी मोहन दशोरा ने बताया कि रिजर्व लेंड पर हम क्षेत्रवासियों ने करीब सालभर पहले हनुमानजी की मूर्ति स्थापित की थी। क्योंकि आसपास कोई मंदिर नहीं था। पक्का निर्माण कर दीवार बनवा दी और छत बनाना बाकी था लेकिन यूडीए ने मंदिर तोड़ दिया। जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

रामेश्वर डूडी की पहली पुण्यतिथि पर बीकानेर में श्रद्धांजलि सभा:डोटासरा-जूली होंगे शामिल; उदयरामसर-नोखा रोड स्थित समाधि स्थल पर होगी

बीकानेर में दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। उदयरामसर-नोखा रोड स्थित डूडी के समाधि स्थल पर होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोनों नेता पहुंचे बीकानेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के अनुसार, दोनों नेता सुबह करीब 11:15 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। डोटासरा के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वे सीधे डूडी के समाधि स्थल पहुंचेंगे और दोपहर 1 बजे वहां से रवाना होंगे। इसके बाद उनका शाम करीब 3:30 बजे सीकर पहुंचने का कार्यक्रम है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी सुबह करीब 11:15 बजे समाधि स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

ट्रेन में बुजुर्ग महिला का फोन चुराकर भागे:खाते से 1 लाख रुपए निकाले,  श्रीगंगानगर से जयपुर आ रहीं थीं

श्रीगंगानगर में 71 साल की बुजुर्ग महिला का ट्रेन से मोबाइल चोरी हो गया। जिससे चोरों ने लाखों रुपए की साइबर ठगी भी की है। श्रीगंगानगर के विनोबा बस्ती निवासी महिला अपने पति के साथ 23 सितंबर को श्रीगंगानगर से जयपुर जाने वाली ट्रेन में थी। इसी दौरान उनका मोबाइल चोरी हो गया। महिला और उसके पति ने ट्रेन के डिब्बो में चोर की काफी तलाश की लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उनके फोन से 1 लाख 9 हजार रुपए साइबर ठगी से निकाल लिए गए। घटना के बाद महिला ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने कल शाम को मामले में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल एएसआई जगराम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जोधपुर में ठगों ने पुलिसकर्मी से 16 लाख कराए ट्रांसफर:ऑनलाइन सामान आर्डर करने पर 20 प्रतिशत कमीशन का लालच दिया, वॉट्सएप पर भेजा था लिंक

जोधपुर शहर के माता का थान थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक पुलिसकर्मी को ही अपना शिकार बना लिया। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर तैनात लिखमाराम (46) के साथ 16.42 लाख रुपए की ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर माता का थान पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस तरह जाल में फंसाया वॉट्सएप पर आया लिंक: फरवरी महीने में पीड़ित एएसआई के मोबाइल पर अनजान नंबर से वॉट्सएप मैसेज आया। उसमें इन्वेस्टमेंट के नाम से एक लिंक भेजा गया। ठगों ने ऑनलाइन शॉप समर कलेक्शन नाम से खुलवाई और दावा किया कि शॉप पर सामान का ऑर्डर आने पर 20% कमीशन सीधे वॉलेट/खाते में मिलेगा। शुरुआत में पीड़ित ने 16,029 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद कुछ कमीशन दिखाकर उनका विश्वास जीता गया। जब पैसे निकालने का प्रयास किया गया, तो ठगों ने जीएसटी, सर्विस टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर लगातार पैसे जमा करवाने शुरू करवा दिए। अलग-अलग खातों में कराए ट्रांसफर पीड़ित के अनुसार, 12 फरवरी 2026 से 02 सितंबर 2026 के बीच आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने अपने, अपने बेटे समरजीत और परिचित कुणाल गोयल के बैंक खातों के माध्यम से करीब 15,58,521 रुपए अलग-अलग यूपीआई आईडी और बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुल मिलाकर पीड़ित से 16,42,964 रुपए की ठगी की गई। परेशान होकर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद माता का थान थाने में मामला दर्ज किया गया।