slndigital.in

Filters

Channels
Topics
Other Filters

बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस का मामला:7 पुलिसकर्मी मुल्जिम लेकर ट्रेन में चढ़े, टिकट मांगा तो धमकाया; यूनियन का आरोप- टिकट नहीं... फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

ट्रेन में बिना टिकट यात्रियों को पकड़ने वाला टीटीई इस बार पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। सात पुलिसकर्मी एक मुल्जिम को लेकर ट्रेन में सफर कर रहे थे। टीटीई ने टिकट या यात्रा प्राधिकार मांगा तो आरोप है कि पुलिसकर्मी भड़क गए। अभद्रता की और मारने की धमकी तक दे डाली। मामला बढ़ा तो दौसा स्टेशन पर आरपीएफ बुलाई गई। चेकिंग स्टाफ का आरोप है कि आरपीएफ अधिकारी ने उनका मेमो ही फेंक दिया और पुलिसकर्मियों को जाने दिया। घटना 6 अक्टूबर की बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-6 कोच की है। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एंप्लॉइज यूनियन ने सीनियर डीसीएम भूपेश यादव को शिकायत की जांच और कार्रवाई की मांग की है। ऐसे बढ़ा विवाद.; जयपुर से चली ट्रेन में टीटीई आलोक निर्मल बी-3 से बी-6 कोच में टिकट जांच करते हुए पहुंचे। बी-6 में 7 पुलिस कर्मचारी एक मुल्जिम को साथ लेकर सफर करते मिले। टीटीई ने पुलिसकर्मियों और मुल्जिम का टिकट/रेलवे से मान्य यात्रा दस्तावेज मांगा। यहीं से विवाद शुरू हो गया। चेकिंग स्टाफ ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी और दौसा में आरपीएफ बुलाई। मौके पर पहुंचे आरपीएफ अधिकारी को चेकिंग स्टाफ ने मेमो दिया, लेकिन आरोप है कि अधिकारी ने मेमो फेंक दिया और पुलिसकर्मियों को जाने दिया। मुल्जिम का भी यात्रा प्राधिकार जरूरी पुलिसकर्मी सरकारी ड्यूटी पर हों या किसी आरोपी को हिरासत में लेकर जा रहे हों, ट्रेन में यात्रा के लिए रेलवे से मान्य टिकट, वारंट या आरोपी का अधिकृत यात्रा प्राधिकार जरूरी होता है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर रेलवे नियमों के अनुसार किराया और अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है।

शहर में 165 जगह लगेंगे 468 एआई कैमरे:संदिग्ध चेहरे पहचानेंगे और ऑडियो रिकॉर्ड करेंगे, रॉन्ग साइड वाहन भी नजर में होंगे

शहर में अपराधियों पर शिकंजा कसने और यातायात व्यवस्था को हाईटेक करने के लिए 165 चिह्नित स्थानों पर 468 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कैमरे लगाने की तैयारी है। एएसपी उमेश ओझा ने इन पॉइंट्स की सूची नगर निगम को भेज दी है, जिसका बजट डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से जारी होगा। ये कैमरे सवीना, हिरणमगरी, प्रतापनगर, बड़गांव, अंबामाता, सुखेर, डबोक, नाई और गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, पुलिया, रोड कट, अस्पताल, स्कूल और बाजारों में लगेंगे। वर्तमान में शहर का सीसीटीवी नेटवर्क अभय कमांड सेंटर से ऑपरेट होता है, लेकिन इस प्रोजेक्ट के तहत सभी कैमरे संबंधित 9 थानों के कंट्रोल रूम से सीधे जुड़ेंगे। कैमरे में कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखते ही थानों की गश्ती टीम बिना किसी सूचना का इंतजार किए तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी। चेहरे से पहचान, अलर्ट और स्पीकर से चेतावनी देंगे इन एआई कैमरों में वांछित अपराधियों का डेटाबेस फीड रहेगा। संदिग्ध व्यक्ति के सामने आते ही सिस्टम तुरंत थानों को अलर्ट भेजेगा, जिससे वारदात के बाद भाग रहे आरोपी की लोकेशन और रूट ट्रैक करना आसान होगा। ये कैमरे वीडियो के साथ ऑडियो भी रिकॉर्ड करेंगे। कैमरों में लगे स्पीकर के जरिए पुलिसकर्मी कंट्रोल रूम से ही जाम या विवाद की स्थिति में लोगों को सीधे निर्देश दे सकेंगे। वहीं, आईटीएमएस तकनीक से रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों की नंबर प्लेट पहचानकर ऑटोमैटिक ई-चालान बनाने में मदद मिलेगी। कहां कितने कैमरे थाना क्षेत्रों के हिसाब से कैमरे सुखेर में सबसे ज्यादा 95 कैमरे लगेंगे, हाईवे कनेक्टिविटी व वीआईपी मूवमेंट पर फोकस 1: सुखेर (सर्वाधिक 95 कैमरे): कुल कैमरों का करीब 21% हिस्सा सुखेर क्षेत्र में रहेगा। यहां ओपेरा गार्डन, मेवाड़ हॉस्पिटल, खेल गांव रोड, रघुनाथपुरा कट, रूपसागर, सुखेर घाटी, 200 फीट रोड कट और अंबेरी पुलिया सहित 15 प्रमुख पॉइंट्स पर 4-4 कैमरे लगेंगे। 2: नाई (रामपुरा चौराहा): रामपुरा चौराहा शहर की इकलौती ऐसी जगह है, जहां सुरक्षा और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए एक साथ सर्वाधिक 6 कैमरे लगाए जाएंगे। 3: डबोक (सबसे कम 10 कैमरे): डबोक चौराहा, एयरपोर्ट और खाखल बावजी मंदिर सहित सभी 10 चिह्नित स्थानों पर 1-1 कैमरा लगेगा। 4: सवीना व बड़गांव : सवीना में सेक्टर-11, 13, नेला तालाब, रेलवे ओवरब्रिज, तीतरड़ी तिराहा व धोल की पाटी पुलिया। बड़गांव में एडीएम ऑफिस, साइफन चौराहा, बस स्टैंड, नारायण सेवा संस्थान और बेदला पुलिया पर निगरानी रहेगी। 5: प्रतापनगर व हिरणमगरी : देबारी, मादड़ी, प्रतापनगर चौराहा, एफसीआई गोदाम रोड, नेहरू हॉस्टल, आजाद चौक व सेक्टर-4 चौराहा कवर होंगे।

चितौड़गढ़ के जवान का असम में हार्टअटैक से निधन:25 दिन बाद होने वाला था प्रमोशन; आज पैतृक गांव लाया जाएगा पार्थिव शरीर

चित्तौड़गढ़ के रहने वाले सेना के जवान जितेन्द्र सिंह चौहान (41) का असम में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जितेन्द्र सिंह 629 साटा बैटरी यूनिट में आरटी हवलदार के पद पर तैनात थे। 25 दिन बाद उनका प्रमोशन होने वाला था। ड्यूटी के दौरान ऑक्सीजन का स्तर कम होने के बाद हार्ट अटैक आने की जानकारी परिवार को दी गई है। जवान का पार्थिव शरीर को गुरुवार को पैतृक गांव गंगरार क्षेत्र का सूरत सिंह जी का खेड़ा लाए जाने की संभावना है। ड्यूटी के दौरान आया हार्ट अटैक गंगरार एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया - परिवार को सेना की तरफ से जवान के निधन की मौखिक सूचना दी गई है। परिजनों को बताया गया कि ड्यूटी के दौरान ऑक्सीजन का स्तर कम होने के बाद जितेन्द्र सिंह को हार्ट अटैक आया था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे असम में पोस्टमॉर्टम के बाद सेना की जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी और पार्थिव शरीर राजस्थान रवाना किया जाएगा। पार्थिव शरीर एयर एम्बुलेंस से लाया जा सकता है। इसके बाद नसीराबाद छावनी की टीम पार्थिव शरीर को लेकर पैतृक गांव पहुंचेगी। गुरुवार शाम तक पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की संभावना है। सेना की ओर से पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। हालांकि अभी तक सेना या सैनिक कल्याण विभाग की ओर से प्रशासन को कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। जून 2004 में जॉइन की थी सेना जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र सिंह ने जून 2004 में भारतीय सेना जॉइन की थी। उन्होंने करीब 22 साल 4 महीने तक देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवाएं दीं। 1 नवंबर को उनका प्रमोशन होने वाला था। वे हवलदार से नायब सूबेदार बनने वाले थे। गांव के लोगों के अनुसार, छुट्टी पर घर आने पर वे युवाओं को सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित करते थे। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बेटियां जितेन्द्र सिंह के परिवार में माता-पिता, पत्नी और 2 बेटियां है। बड़ी बेटी कीर्तिराज और छोटी बेटी सौम्या (1) साल की है। छोटा भाई ललित सिंह राजस्थान पुलिस में है।

उदयपुर में 11.76 करोड़ की गांजे की खेती की तबाह:9 बीघा में उगा रहे थे 7 हजार पौधे; सरकार ने पटवारियों पर तय की जिम्मेदारी

उदयपुर के आदिवासी बाहुल्य कोटड़ा इलाके में पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने ड्रग्स माफिया के खिलाफ कार्रवाई की। नयावास गांव में पहाड़ों और खेतों के बीच करीब 9.4 बीघा जमीन पर अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) जोधपुर, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) राजस्थान और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा तो अधिकारी हैरान रह गए। खेतों में गांजे की हरी-भरी फसल लहलहा रही थी। टीम ने गांजे के 7,577 पौधों को उखाड़कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार- इन पौधों से करीब 2,273 किलो गांजा तैयार होना था, जिसकी इंटरनेशनल मार्केट में कीमत करीब 11.76 करोड़ रुपए आंकी गई। NCB जोधपुर के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया- मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अब पटवारियों की होगी सीधी जिम्मेदारी कार्रवाई के बाद राजस्थान सरकार भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। सरकार ने प्रदेश में मादक पदार्थों की अवैध खेती को जड़ से खत्म करने के लिए नए और बेहद कड़े नियम जारी किए हैं। अब अपने इलाके में गांजे या अफीम की अवैध खेती को रोकने की सीधी जिम्मेदारी स्थानीय पटवारियों की होगी। लापरवाही की तो नपेंगे अधिकारी, 48 घंटे में देनी होगी रिपोर्ट नए सरकारी आदेश के मुताबिक- पटवारियों को गिरदावरी (फसल निरीक्षण) के दौरान अपने क्षेत्र के हर खेत पर पैनी नजर रखनी होगी। दिसंबर 2027 तक का है बड़ा लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार ने नारकोटिक्स नियंत्रण के विजन दस्तावेज के तहत राष्ट्रीय लक्ष्य तय किया है। इसके तहत दिसंबर 2027 तक देश के सभी चिन्हित इलाकों से अवैध गांजे और अफीम की खेती को पूरी तरह से खत्म करना है। इसके लिए अब जिला कलेक्टरों को भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

MLSU में पीजी एडमिशन का काउंसलिंग शेड्यूल जारी:एडमिशन की काउंसलिंग 15 और 16 अक्टूबर को; देखें पूरा शेड्यूल

उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी (MLSU) के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय (आर्ट्स कॉलेज) में पीजी एडमिशन कॉलेज ने सत्र 2026-27 के लिए पीजी फर्स्ट सेमेस्टर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में एडमिशन का काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है। कॉलेज के अधिष्ठाता (डीन) प्रो. नीरज शर्मा ने बताया- एडमिशन की पहली अस्थायी वरीयता सूची (प्रोविजनल मेरिट लिस्ट) 8 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे जारी की जाएगी। अगर किसी छात्र को इस लिस्ट पर कोई आपत्ति है तो वह 9 और 10 अक्टूबर को अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्तियों के निपटारे के बाद 12 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे फाइनल मेरिट लिस्ट यूनिवर्सिटी की वेबसाइट और पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके बाद ऑफलाइन काउंसलिंग शुरू होगी। काउंसलिंग का समय: ऑफलाइन काउंसलिंग 15 और 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित विभागों में होगी। एडमिशन के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें

अजमेर में आज 4 घंटे तक बिजली बंद:10 से ज्यादा इलाकों में शटडाउन रहेगा, पढ़ें पूरा शेड्यूल

टाटा पावर ने गुरुवार के लिए बिजली शटडाउन का शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 10 से ज्यादा इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली सप्लाई बंद रहेगी। सबसे लंबा शटडाउन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक 4 घंटे का रहेगा। आगे पढ़ें कब कहां बिजली बंद रहेगी सुबह 6:30 से 8 बजे तक ट्रांसपोर्ट नगर और आसपास के क्षेत्र में 1.5 घंटे बिजली बंद रहेगी। सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक सियाराम नगर, जवाहर की नदी, हरिओम कॉलोनी, प्रगति नगर, अमरावती कॉलोनी, A ब्लॉक सीवी नगर, कृष्णा कॉलोनी, नव दुर्गा कॉलोनी, सीवी नगर टेम्पो स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में 4 घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी।

कलेक्टर ने की पंचायत चुनाव और डीएपी वितरण की समीक्षा:अधिकारियों को निर्देश- डीएपी वितरण में किसानों की सुविधा का रखें ध्यान; जिले में कहीं भी ट्यूबवेल खुला नहीं रहे

दौसा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने बुधवार को उपखंड अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक कर पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों, रबी सीजन के लिए डीएपी उर्वरक की वितरण व्यवस्था सहित कई बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी करने तथा किसानों को डीएपी उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूरी की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों से संबंधित तैयारियों, निर्वाचन सामग्री, कानून एवं व्यवस्था सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कमी नहीं रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव तैयारियों की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान करने तथा आवश्यक सूचनाओं एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। किसानों को डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश बैठक में कलेक्टर ने रबी सीजन में फसल बुवाई के लिए किसानों को आवश्यक डीएपी उर्वरक की उपलब्धता एवं फील्ड में वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुव्यवस्थित हो तथा वितरण स्थलों पर अनावश्यक भीड़ नहीं हो। इसके लिए किसानों को टोकन वितरित कर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कलेक्टर ने मंडावर, लालसोट, बांदीकुई, दौसा एवं सिकराय क्षेत्र में क्रय-विक्रय सहकारी समितियों के माध्यम से डीएपी वितरण व्यवस्था की संबंधित उपखंड अधिकारियों से विशेष रूप से समीक्षा की तथा आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। दुरुस्त करें पेयजल बंदोबस्त कलेक्टर ने खराब पड़े एवं खुले ट्यूबवेलों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी खराब पड़ा ट्यूबवेल खुला नहीं रहे। ऐसे ट्यूबवेलों को सुरक्षित तरीके से बंद करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना नहीं रहे। इस अवसर पर एडीएम अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के सीईओ बिरदीचंद गंगवाल, एसडीएम संजू मीणा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रामराज मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, कानून एवं व्यवस्था तथा ईवीएम संचालन की ट्रेनिंग पंचायत चुनाव के सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन के लिए बुधवार को पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दौसा में सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। ट्रेनिंग में पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों ने भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया एवं अपने दायित्वों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण प्रकोष्ठ एवं एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सेक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सेक्टर अधिकारियों को आवंटित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित कराने के साथ मतदान दलों के कार्य की निगरानी एवं आवश्यक सहयोग, मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कराने तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी होती है। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से प्राप्त करने तथा निर्वाचन के दौरान अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान प्रक्रिया, भयग्रस्त मतदाताओं की पहचान एवं उनकी सुरक्षा के उपाय, अपराध से संबंधित धाराओं तथा निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ईवीएम के संचालन एवं उससे संबंधित तकनीकी बारीकियों का भी गहन प्रशिक्षण दिया गया, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने पर सेक्टर अधिकारी आवश्यक स्तर पर कार्रवाई कर सकें। सहायक प्रभारी प्रशिक्षण प्रकोष्ठ डॉ. मदन लाल शर्मा एवं राजीव शर्मा ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों, निर्वाचन दायित्वों के बेहतर निर्वहन, जनसंवाद तथा लोक सेवकों के लिए लागू आचार संहिता के संबंध में जानकारी प्रदान की। बैजूपाड़ा एवं मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समितियों के लिए आरओ एवं एआरओ नियुक्ति में संशोधन दौसा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने आगामी पंचायतीराज चुनाव में पंचायत समितियों के सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों के लिए बैजूपाड़ा एवं मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समितियों में निर्वाचन अधिकारी (आरओ) एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) की नियुक्ति में संशोधन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत समिति बैजूपाड़ा के लिए सहायक कलक्टर बांदीकुई को रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार बैजूपाड़ा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा मनोहरपुर खेड़ला के लिए तहसीलदार महवा को रिटर्निंग अधिकारी एवं उप तहसीलदार खेड़ला बुजुर्ग को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं।

नरेश मीणा का जयपुर कूच, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका:मांगों पर सहमति के बाद आंदोलन वापस लिया, समर्थकों के साथ लौटे; ढाई घंटे बाद जाम खुला

खाद की किल्लत को लेकर जयपुर कूच के लिए निकले नरेश मीणा को पुलिस ने बुधवार शाम 6 बजे शिवदासपुरा टोल पर रोक लिया। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कूच को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर दी। मौके पर वाटर कैनन, STF और RAC के सैकड़ों जवान तैनात किए गए। कई इंस्पेक्टर और RPS अधिकारी मौके पर लगाए गए। रास्ता रोकने के कारण टोंक रोड पर 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कृषि विभाग के आयुक्त नरेश कुमार गोयल, ADM ईस्ट जयपुर नरेंद्र कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और नरेश मीणा से बात की। किसानों की सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद नरेश मीणा ने रात करीब 8:30 बजे आंदोलन वापस ले लिया और समर्थकों के साथ लौट गए। इसके बाद जाम खुल गया। राजस्थान में डीएपी और यूरिया की कमी, खाद की तय कीमत और किसानों को खाद के साथ अन्य सामान लेने के लिए मजबूर किए जाने के आरोपों को लेकर नरेश मीणा ने आंदोलन शुरू किया और जयपुर की तरफ कूच किया था। देखिए सड़क जाम की तस्वीरें… चाकसू में सभा के बाद जयपुर की तरफ बढ़े थे नरेश मीणा ने खाद की किल्लत को लेकर बारां से जयपुर कूच किया था। बुधवार सुबह निवाई से जयपुर रवाना हुए। रास्ते में उनके समर्थक जुड़ते गए। चाकसू में सभा के बाद जयपुर की तरफ बढ़े। नरेश मीणा ने कहा- किसानों की खाद संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह किसानों को खाद देने के नाम पर महंगा सामान लेने के लिए भी मजबूर किया जा रहा है। खाद की उपलब्धता बना बड़ा मुद्दा राजस्थान में रबी सीजन की तैयारियों के बीच किसानों के लिए डीएपी और यूरिया की समय पर उपलब्धता अहम है। सरकार की ओर से राज्य में खाद का पर्याप्त स्टॉक होने की बात कही गई है, जबकि दूसरी ओर कई जगह किसान कतार और उपलब्धता की समस्या की शिकायत कर रहे हैं। सरकार के दावे और किसानों की शिकायतों के बीच का अंतर अब आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बन गया है। --------- ये खबर भी पढ़ें... कलेक्टर टीना डाबी बोलीं- जिले में खाद की कमी नहीं:नरेश मीणा ने कहा- किसानों को डीएपी का कट्टा बिना अटैचमेंट के मिलना चाहिए खाद की किल्लत को लेकर बारां से जयपुर कूच कर रहे नेता नरेश मीणा से टोंक कलेक्टर टीना डाबी ने फोन पर बात की। कलेक्टर ने कहा- जिले में DAP की कमी नहीं है। खरीफ फसल का करीब 650 मैट्रिक टन DAP बचा हुआ है। (पूरी खबर पढ़ें)

जोधपुर शहर में साढ़े 4 घंटे बिजली बंद:शटडाउन के चलते रहेगा पावरकट; जानें कौनसे इलाके होंगे प्रभावित

जोधपुर डिस्कॉम की ओर से बिजली लाइनों के रख-रखाव और मेंटेनेंस को लेकर गुरुवार को शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती होगी। सुबह 7 बजे से शटडाउन शुरू हो जाएगा। तय समय के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इन इलाकों में रहेगी बिजली कटौती सुबह 7:00 से 11:30 बजे तक बेरा फीडर से संबंधित गुजराती कॉलोनी, शुभम हॉस्पिटल, महिला पीजी कॉलेज, ऐश्वर्या कॉलेज, आदर्श स्कूल, अरिहंत नगर, गोकुल विहार, गोपी कृष्णा विहार, महावीर जैन कॉलोनी, गुरों का तालाब, तुलसी कॉलोनी, घन-शाहिदा दरगाह, दाधीच किराना स्टोर, कायलाना चौराहा, सांखला की बस्ती, तुलछाराम की स्कूल, गर्ल्स स्कूल के पीछे, कच्छवाहा बस्ती और रूपावतों का बेरा के आसपास का संपूर्ण क्षेत्र। सुबह 8:00 से 11:30 बजे तक 33/11 केवी सब-स्टेशन बीकेटी से संबंधित 11 केवी फीडर बॉम्बे मोटर, बाबा रामदेव बी रोड, बलदेव नगर, पंचमुखी बालाजी, 12वीं बी रोड, भाटों का बास, हरिसिंह मार्केट, बापू कॉलोनी, विशाल मेगामार्ट, किसान भोजनालय, कुम्हारों की बगेची, सुभाष मार्ग, राव कॉलोनी, रेजीडेंसी रोड, मणिधारी हॉस्पिटल, चिल्ड्रन पार्क, हरिजन बस्ती, दल्लेखां चक्की, यूआईटी कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती और गोयल हॉस्पिटल के आसपास का क्षेत्र । सुबह 8:00 से दोपहर 12:30 बजे तक फिल्टर हाउस बिजलीघर से संबंधित महावीरपुरम सिटी, चौपासनी स्कूल, विनायक विहार, नाकोड़ा नगर, रामदेव नगर, मारवाड़ नगर, आदेश्वर नगर, राज नगर, गंगा-श्री रूप वाटिका और डाली बाई चौराहे के आसपास का संपूर्ण क्षेत्र । खेमे का कुआं, एचआईजी फ्लैट और 33/11 केवी चौहाबो-द्वितीय से सेक्टर 18, 19, 23 से 25, 17ई, 18ई, पाल पंप, पीपली चौराहा, बीआर बिरला और फिल्टर हाउस फीडर से अशोक उद्यान के आसपास, चौहाबो थाना, नहर रोड, कृष्णा नगर, भट्टी की बावड़ी, सोम विहार, पाल पंप, श्रीराम नगर, विजय नगर, हरिओम नगर, हरिओम विस्तार, सूरज नगर, कृष्णा नगर और चौहाबो सेक्टर-8 बिजलीघर से संबंधित सेक्टर 1 से 20, प्रथम पुलिया से पांचवीं पुलिया, सुथला, ज्वाला विहार, दाऊजी जी पोल, शिवनाथ नगर, हिंगलाज नगर, वुडलैंड के आसपास, अवध विहार, सेंट्रल एकेडमी स्कूल, एसबीआई बैंक, सेक्टर-12 के आसपास, मारवाड़ अपार्टमेंट। इसी प्रकार, 33/11 केवी गायत्री नगर से गायत्री नगर, कुशल नगर, जेके नगर, दिग्विजय नगर, शोभावतों की ढाणी, हनुमान नगर, एम्स रोड तथा 33/11 केवी सब-स्टेशन फिल्टर हाउस से तगारी फैक्ट्री, आनंद भवन, सिद्धनाथ रोड और 33/11 केवी तिलवाड़िया सबस्टेशन से संबंधित चौपासनी गांव, चौखा, लहरिया, गवर्नमेंट नर्सरी और 33 केवी फीडर नं. 9 तख्त सागर (कायलाना) से संबंधित संपूर्ण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक 11 केवी राम नगर फीडर से संबंधित राम नगर, शंकर नगर सेक्टर-ए व सी और आदिनाथ नगर तथा 11 केवी नेहरू मार्केट फीडर से संबंधित माणक चौक, धान मंडी, कपड़ा बाजार, मेहता मार्केट, चांदी हॉल, तेल गली व अचलनाथ मंदिर के आसपास और 11 केवी तापी फीडर से संबंधित मेडिकल मार्केट, राजदान मेंशन, कबूतरों का चौक, जालप मोहल्ला, गैरचौक, नृसिंह दड़ा, गर्ल्स स्कूल के पास, सर प्रताप स्कूल के सामने, भाटी चाय, हाथी चौक, तापी बावड़ी और भीमजी की हथाई के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा। इसी प्रकार, 11 केवी केशर बाग फीडरसे संबंधित केशर बाग, आर्य समाज, सेंट्रल जेल, पुलिस लाइन, शिव रोड, फन रेजीडेंसी, बंद बेरा, सुभाष चौक और 33/11 केवी मगजी घाटी जीएसएस के 11 केवी फीडर मंडोर गार्डन से संबंधित निर्माण कॉलोनी, सुलभ कॉम्प्लेक्स, जूनी बस्ती, मंडोर गार्डन, मंडोर रेलवे स्टेशन, पेंतलाव नाड़ी, ग्राम सेवक प्रशिक्षण केंद्र, कृषि विश्वविद्यालय, निंबा नीमड़ी, शिव नगर, नीलकंठ नगर, इंदा फार्म, वृद्धाश्रम के पीछे का क्षेत्र, गऊ घाटी के आसपास का संपूर्ण क्षेत्र भी प्रभावित रहेगा।

घर में आग लगने से जिंदा जले दिव्यांग बुजुर्ग:काम पर गए थे बेटे; ग्रामीणों ने लपटें देखी तो दौड़कर आए,25 मिनट में पाया काबू

बालोतरा जिले में घर में आग लगने से दिव्यांग बुजुर्ग की जिंदा जलने से मौत हो गई। एक हाथ-पैर काम नहीं करने के कारण बुजुर्ग घर से बाहर नहीं निकल पाए। बुजुर्ग के तीनों बेटे काम पर गए थे। आग की लपटें दिखने पर ग्रामीण दौड़कर आए और करीब 25 मिनट में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोविंदराम (65) की मौत हो गई। आग से घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। हादसा मोकलसर गांव में दोपहर 12:30 बजे हुआ। घर में अकेले थे बुजुर्ग, काम पर गए थे तीन बेटे सिवाना थाना अधिकारी चंद्र सिंह ने बताया- घटना के समय गोविंदराम अपनी झोपड़ी में अकेले थे। गोविंदराम का राइट साइड में एक हाथ और पैर काम नहीं करता था। दोपहर में ग्रामीणों ने गोविंदराम के घर से आग की लपटें उठती देखी तो मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी के टैंकर बुलाकर आग बुझाने की कोशिश की और करीब 25 मिनट में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक गोविंदराम की मौत हो गई थी। थाना अधिकारी ने बताया- गोविंदराम के चार बेटे हैं। एक बेटा सोहनलाल जेल में है, जबकि 3 बेटे देवाराम, किशन और दिनेश काम के लिए बालोतरा गए थे। आग लगने के कारणों का पता लगा रही पुलिस सिवाना थाना अधिकारी चंद्र सिंह ने बताया- शव को सिवाना उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। … ये खबर भी पढ़ें हाईवे पर केमिकल का टैंकर पलटा, ड्राइवर जिंदा जला:100 मीटर तक एसिड फैलने से मचा हड़कंप, आधा घंटे तक जाम रहा डूंगरपुर जिले में नेशनल हाईवे- 48 पर एसिड से भरा टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई और ड्राइवर जिंदा जल गया। जबकि एक अन्य युवक बुरी तरह से झुलस गया। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)

जिस जेल में जेलर थी, अब वहीं पर बंदी:महिला कैदियों से घर पर काम करवाया, निलंबित इंचार्ज गिरफ्तार; दो महीने से फरार चल रही थी

अजमेर सेंट्रल जेल की दो महिला कैदियों से घर पर काम कराने वाली निलंबित जेलर दिव्या चौधरी को बुधवार को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार किया है। महिला जेलर दो महीने से फरार चल रही थी। वहीं मामले में महिला प्रहरी सोनिया की तलाश जारी है। आज ही महिला जेलर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया। इसमें रोचक बात ये है कि जिस जेल की दिव्या चौधरी जेलर थी, अब वहीं पर बंदी बनकर पहुंची। डीएसपी उत्तर शिवम जोशी ने बताया- हत्या के मामले में किरण और सना उम्रकैद की सजा काट रही है। 12 जुलाई 2026 को दिव्या चौधरी बिना कोर्ट की अनुमति और जेल रिकॉर्ड में एंट्री किए दोनों महिला कैदियों को निजी गाड़ी से जेल से बाहर ले गई थी। जेलर ने दोनों महिला कैदियों से अजमेर के एआरजी सिटी स्थित निजी फ्लैट की सफाई करवाई। मामला सामने आने के बाद जेलर दिव्या चौधरी और उसका साथ देने वाली महिला प्रहरी सोनिया चौधरी को सस्पेंड कर दिया गया था। निलंबन के बाद दिव्या चौधरी का मुख्यालय बीकानेर और प्रहरी सोनिया चौधरी का मुख्यालय जोधपुर किया गया था। दोनों लंबे समय से एब्सेंट चल रही रही थीं और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गईं। इसके बाद 5 अगस्त 2026 को अजमेर के सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। साइबर सेल ने लोकेशन ट्रेस की, कोटा में फ्लैट से पकड़ा एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी हिमांशु जांगिड़ और डीएसपी शिवम जोशी के सुपरविजन में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दिव्या चौधरी की लोकेशन ट्रेस की। तकनीकी साक्ष्यों और डेटा के आधार पर पुलिस टीम को दिव्या चौधरी के कोटा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोटा स्थित एक आवासीय फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया। गेट पर तैनात महिला स्टाफ को धमकाया था पुलिस के अनुसार दिव्या चौधरी ने महिला प्रहरी सोनिया चौधरी के साथ मिलकर जेल में बंद दो महिला बंदियों को बाहर ले जाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि मेन गेट पर ड्यूटी तैनात महिला कर्मचारियों ने विरोध किया तो दोनों ने उन्हें डराया-धमकाया था। डीएसपी शिवम जोशी ने बताया कि दोनों महिला कैदी सजा काट रही थीं और उन्हें बिना निर्धारित अनुमति व प्रक्रिया के जेल से बाहर ले जाया गया था। घटना सामने आने के बाद दोनों बंदियों को वापस जेल दाखिल करवाया गया और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई। --- ये खबर भी पढ़ें… हत्या की आरोपी महिला कैदियों को जेल से बाहर घुमाया: पुलिसकर्मी ही बिना परमिशन बाहर लेकर गई; अब FIR दर्ज अजमेर सेंट्रल जेल से दो महिला बंदियों को कोर्ट की अनुमति के बिना बाहर ले जाया गया। दोनों हत्या के मामले में जेल में बंद है। जांच में सामने आया कि तत्कालीन महिला जेलर महिला प्रहरी ही दोनों को बाहर लेकर गई थी। ऐसे में दोनों महिला पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। (पूरी खबर पढ़ें)

5वीं-8वीं परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की होगी मॉनिटरिंग:21 अक्टूबर तक हर पात्र स्टूडेंट्स का आवेदन करवाना होगा पूरा

प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र परीक्षा कक्षा 8वीं एवं प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा 5वीं, 2027 के ऑनलाइन आवेदन को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बरतते हुए प्रभावी मॉनिटरिंग एवं प्रबोधन के निर्देश दिए हैं। कार्यालय पंजीयक, शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान, बीकानेर की ओर से राज्य के सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। दोनों परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर तक की गई है। रजिस्ट्रार शीशराम कुलहरि ने निर्देश दिए हैं कि क्षेत्राधिकार के सभी राजकीय, राजकीय संस्कृत, मूक-बधिर, अंध विद्यालयों सहित निजी विद्यालयों एवं मदरसों में अध्ययनरत कक्षा 5वीं एवं 8वीं के सभी पात्र एवं नियमित विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से करवाए जाएं। आवेदन की समीक्षा प्रतिदिन होगी अधिकारियों को अपने लॉगिन पर विद्यालय और ब्लॉक आवेदन की स्थिति की रिपोर्ट का प्रतिदिन मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। कम आवेदन वाले विद्यालयों से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संस्था प्रधानों को लगातार प्रेरित करने के लिए कहा गया है। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन एवं परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए शिक्षा विभाग की वेबसाइट तथा शाला दर्पण/पीएसपी वेबपोर्टल का नियमित अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं। महत्वपूर्ण सूचनाओं एवं नए निर्देशों को तत्काल ई-मेल, व्हॉट्सऐप अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से संबंधित संस्था प्रधानों तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया है। समस्या आने पर श्रेणीवार रिपोर्ट तैयार होगी ऑनलाइन आवेदन में विद्यालय की मान्यता, पोर्टल पर पंजीकरण, विद्यार्थियों के तृतीय भाषा विषय की मैपिंग सहित किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित संस्था प्रधानों से रिपोर्ट लेकर डाईट स्तर पर श्रेणीवार समस्याओं का समेकन किया जाएगा। इसके बाद इन समस्याओं को पीएसपी/शाला दर्पण हेल्पडेस्क अथवा पंजीयक कार्यालय के ई-मेल के माध्यम से उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। नवीन मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर भी नजर सत्र 2026-27 में नवीन मान्यता प्राप्त ऐसे निजी विद्यालय, जो परीक्षा पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके पंजीकरण एवं पोर्टल पर प्रदर्शित करवाने के लिए स्थानीय एडीपीसी कार्यालय से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। नए जिलों की जिम्मेदारी पुराने डाईट को राज्य में नवगठित सात जिलों में डाईट संस्थानों के पूर्ण रूप से स्थापित एवं कार्यशील नहीं होने की स्थिति में संबंधित नए जिलों की परीक्षा आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा परिणाम घोषित होने एवं अंकतालिकाओं के वितरण तक की प्रक्रिया में पूर्व जिला डाईट एवं संबंधित सीबीईओ कार्यालय प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण करेंगे। पात्र विद्यार्थियों के आवेदन तत्काल करवाने की मांग शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने विभाग के निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि कक्षा 5वीं एवं 8वीं के किसी भी पात्र विद्यार्थी का आवेदन तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आवेदन प्रक्रिया की नियमित समीक्षा के साथ-साथ पोर्टल संबंधी तकनीकी समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतिम तिथि के समय संस्था प्रधानों एवं विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सलावद ने कहा कि आगामी पंचायत आम चुनाव, राज्य समान परीक्षा एवं मध्यावधि अवकाश को देखते हुए विभाग ने संस्था प्रधानों को समय रहते आवेदन पूर्ण करवाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारी एवं संस्था प्रधान अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पात्र विद्यार्थियों के आवेदन तत्काल पूर्ण करवाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हित में आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं निर्बाध बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों का विभागीय पोर्टल पर सही डेटा उपलब्ध है, उनके ऑनलाइन आवेदन किसी विशेष समय अथवा अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल पूर्ण करवाए जाएं तथा पूरी प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।

कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष शेर अली खान का सागवाड़ा में सम्मान

सागवाड़ा में नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए शेर अली खान के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शेर अली खान का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक प्रत्याशी कैलाश रोत, गुजरात कांग्रेस ऑब्जर्वर दिनेश खोडनियां, कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष राजू भाई, नगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित पांचाल, पार्षद नूरा भाई, मुस्तकीम, रईस मकरानी सहित कांग्रेस के पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूती देने और चुनाव में मिलकर काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शेर अली खान के साथ एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे।

खिलाड़ियों ने वुशु में जीते 4 स्वर्ण समेत 8 पदक:स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया

श्रीगंगानगर में 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली वुशु प्रतियोगिता में जालोर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य समेत कुल 8 पदक जीते। प्रतियोगिता का आयोजन स्पैंगल पब्लिक स्कूल, श्रीगंगानगर में किया गया। जालोर के 8 खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। कोच प्रीतम सिंह ने बताया- प्रतियोगिता में हिमानी पुत्री दिनेश कुमार, निशा चौधरी पुत्री राकेश कुमार, इशिता चौधरी पुत्री विनोद चौधरी और उपेंद्र सिंह बालोत पुत्र पीर सिंह बालोत ने स्वर्ण पदक हासिल किए। सोनाक्षी पुत्री ओमप्रकाश सोलंकी ने रजत पदक जीता। वहीं प्रियांशु गहलोत पुत्र राजू गहलोत, मयंक पुत्र अनिल सोलंकी और यश वर्धन सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद शनिवार को खिलाड़ियों के जालोर पहुंचने पर नगर परिषद के सामने खेलप्रेमियों, अभिभावकों और शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों को माला और साफा पहनाकर सम्मानित किया गया व मिठाई खिलाकर खुशी जताई गई। स्वागत समारोह में पीर सिंह बालोत मालपुरा, उमेद सिंह राठौड़ नागौर, डॉ. रमेश वैष्णव, ओमप्रकाश सोलंकी, मुक्केबाज गणपत गहलोत, सुनीता चौधरी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी छवि चौधरी और सुरेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई खेलप्रेमी एवं अभिभावक मौजूद रहे।

लेब्रा डॉग और कोबरा की फाइट,VIDEO:3 दिन से घर में घुसा था सांप, कुत्ते के भौंकने पर पता चला

अलवर शहर के कटोरी वाला तिबारा स्थित एक घर में 4 फीट का कोबरा घुस गया, जिसे घर के पालतू डॉग लेब्रा ने फाइट कर भगा दिया। लेब्रा करीब 1 मिनट तक डॉग से फाइट करता रहा, हालांकि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। कुछ देर की फाइट के बाद कोबरा दीवार के पास घुस गया, जिसे शिवम चौहान ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे कटोरी वाला तिबारा निवासी नीरज सैनी के घर की है। रेस्क्यू करने वाले युवक शिवम चौहान ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचकर कोबरा का रेस्क्यू किया, वह कमरे के फ्लेक्स के नीच चला गया, जिसे रेस्क्यू कर बाला किला के जंगल में छोड़ दिया। शिवम ने बताया कि मेरे वहां पहुंचने से पहले उनके पालतू लेब्रा डॉग ने कोबरा पर अटैक कर दिया, हालांकि कोबरा ने भी कुत्ते पर जवाबी हमला किया और यह फाइट करीब 1 मिनट तक चलती रही। परिवार के लोगों ने बताया कि कोबरा दो-तीन दिन से घर के परिसर के आसपास ही दिख रहा था। लेकिन पकड़ में नहीं आया। जब भी कोबरा दिखता तो डॉग भौंकने लगता। डॉग के भौंकने पर ही कोबरा पकड़ में आ सका है। शिवम ने कहा कि कोबरा खतरनाक था।